Monday, February 23, 2026
होमलेखऋचा जैन की कलम से एक रिपोर्ताज - क्राइस्ट चर्च गेस्ट डिनर...

ऋचा जैन की कलम से एक रिपोर्ताज – क्राइस्ट चर्च गेस्ट डिनर – परंपरा, इतिहास और आत्मीयता का जीवंत प्रतीक

ऑक्सफ़ोर्ड जाना मुझे हमेशा उत्साहित करता है। इस बार लगातार दो विदेश यात्राओं से लौटने के तुरंत बाद ही जाना था — शरीर बोझिल था, ऑफ़िस का बहुत काम भी सिर पर था, लेकिन फिर भी थकन की तह के नीचे दबा जोश भरपूर हिलोरें मार रहा था। ऑक्सफ़ोर्ड का यह आयोजन विशेष था — प्रख्यात ऐतिहासिक कॉलेज क्राइस्ट चर्च के पारंपरिक गेस्ट डिनर में बेटी के अतिथि के रूप में सम्मिलित होना। बेटी इस कॉलेज में  स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसके अध्ययन के विषय राजनीतिशास्त्र, दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र हैं। इस अतिथि भोज में औपचारिक परिधान पहनने की परंपरा है। मैंने साड़ी पहनने का निर्णय लिया तो बेटी का मन भी साड़ी पहनने का हो गया।      
अपने और बेटी के लिए छोटे सूटकेस में साड़ियाँ रखीं, पीठ पर लैपटॉप टाँगा और निकल पड़ी फिंचली सेंट्रल स्टेशन की ओर। हल्की बारिश जैकेट पर थम रही थी — छाते की ज़रूरत नहीं लगी और छाता साथ था भी नहीं। वॉरन स्ट्रीट पर नॉर्दन लाइन बदलकर विक्टोरिया लाइन पकड़ी। विक्टोरिया स्टेशन पहुँची। विक्टोरिया स्टेशन से कुछ मिनट की दूरी पर ग्रॉसवेनोर गार्डन पर बस-स्टॉप 10 ए है। यहाँ से ऑक्सफ़ोर्ड ट्यूब चलती है—एक बेहद आरामदायक बस, जिसमें अंदर बाथरूम की सुविधा भी होती है। टिकट ऐप से खरीदे जा सकते हैं या बस के अंदर बस-चालक से। मैंने ऐप से रिटर्न टिकट ले लिया था। सफ़र लगभग दो घंटे का था। आँखें मूँदकर बैठी रही — नींद नहीं लगी लेकिन शरीर को अच्छा आराम मिल गया।
बस ने सीधे कॉलेज के सामने वाले स्टॉप पर उतारा। ऑक्सफ़ोर्ड विश्व-प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी टाउन है। यहाँ हर मोड़ पर इतिहास धड़कता है और भव्यता गुनगुनाती है। यहाँ का हर व्यक्ति या तो पर्यटक है या विद्यार्थी। इस अद्भुत शहर में क़दम रखते ही भीतर एक स्फूर्ति की लहर उठती है, मानो आपकी ऊर्जा तुरंत शहर की लय से तालमेल बिठा लेने को तत्पर हो। पुरानी इमारतों, जिज्ञासा जगाती गलियों और बहती नदियों के साथ यह शहर आपको अपने ही प्रवाह में खींच लेता है। आकर्षक कैफ़े और जीवंत पब्स के रौनक भरे माहौल में घुल जाना बिल्कुल सहज हो जाता है। 
बेटी को आने में थोड़ा समय था और मुझे जॉर्ज एंड डेनवर कैफ़े में बेगल खाने का मन। एक कॉफ़ी और बेगल लिया। ऑक्सफ़ोर्ड आकर इस कैफ़े में कम से कम एक बार कॉफ़ी पीना एक नियम-सा बन गया है। कारण —एक तो यह क्राइस्ट चर्च कॉलेज के एकदम सामने है, दूसरा यहाँ की ओट-मिल्क कॉफ़ी और स्मॉल लावा केक दिमाग़ की चुस्ती के लिए आज़माए हुए कारगर नुस्ख़े हैं।   
ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय लगभग 45 शैक्षणिक संस्थानों से मिलकर बना है। प्रत्येक संस्थान अपनी प्रशासनिक संरचना, परंपराओं और शैक्षणिक वातावरण के साथ स्वतंत्र इकाई की तरह कार्य करता है, जबकि सभी मिलकर ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय की व्यापक शैक्षणिक प्रणाली का हिस्सा बनते हैं। क्राइस्ट चर्च कॉलेज ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक कॉलेजों में से एक है। इसकी स्थापना सन् 1546 में किंग हेनरी अष्टम ने की, हालांकि इसकी नींव सन् 1525 में कार्डिनल थॉमस वोल्सी ने रखी थी। किन्हीं कारणों से निर्माण अधूरा रह गया था, और लगभग दो दशक बाद हेनरी अष्टम ने इसे पूरा कर कॉलेज को क्राइस्ट चर्च नाम दिया। सन् 2025 में कॉलेज ने अपनी 500वीं जयंती मनायी। 
कॉलेज का ट्यूडर डाइनिंग हॉल, जिसे प्रायः ग्रेट हॉल कहा जाता है, ऑक्सफ़ोर्ड के सबसे भव्य और ऐतिहासिक भोजन कक्षों में से एक है। 16वीं शताब्दी में निर्मित यह हॉल अपनी विशालता, लकड़ी की नक़्क़ाशीदार महराबनुमा छत, रंगीन काँच की खिड़कियों और ऐतिहासिक चित्रों के लिए प्रसिद्ध है। लगभग 300 अतिथियों की क्षमता वाला यह हॉल हैरी पॉटर फ़िल्मों के भोजन कक्ष की प्रेरणा बना। फलस्वरूप इस हॉल ने हॉगवर्टस ग्रेट हॉल के रूप में भी प्रसिद्धि पायी।   
क्राइस्ट चर्च का अतिथि भोज ऑक्सफ़ोर्ड की शैक्षणिक और सांस्कृतिक परंपरा का अत्यंत प्रतिष्ठित अंग है। यह प्रत्येक टर्म की शुरुआत और अंत में आयोजित होता है। छात्रों को बैलेट प्रणाली से टिकट मिलते हैं और वे अपने किसी प्रियजन को आमंत्रित कर सकते हैं। भोजन कॉलेज की मध्यकालीन रसोई में तैयार किया जाता है  जो सन् 1525 से निरंतर सक्रिय है। यहाँ का मुख्य भोजन मांसाहारी है लेकिन यहाँ शाकाहारी तथा अन्य विशेष आहारों जैसे ग्लूटेन फ़्री, नट-फ़्री, वीगन आदि का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। 
कैफ़े से बाहर निकलने पर मैंने बेटी को कॉलेज के प्रवेश-द्वार पर खड़ा पाया। उसके डॉर्म के कमरे में जाकर हमने गपशप की और मैं जो उपहार उसके लिए लायी थी, उसे दिए। मेरे दिए हुए कान के बुँदे उसकी साड़ी के रंग के नहीं थे लेकिन उसने पहन लिए, नए जो थे। तैयार होकर हम ग्रेट हॉल की ओर निकले — बारिश अब भी हो रही थी, इस बार छाता साथ था। 
हॉल की प्रवेश-लॉबी, जिसे ऐंटे हॉल कहा जाता है, भीतर की भव्यता का पहला संकेत देती है। एक कोने पर लोग अपने कोट्स और छाते स्टैन्ड पर टाँग रहे थे। इसी हॉल से ग्रेट हॉल तक जाती सीढ़ियाँ मानो आगंतुकों को क़दम-दर-क़दम इतिहास और गरिमा की ओर ले जाती हैं। ऐंटे हॉल में पेय की व्यवस्था थी, दो तरह के पेय पेश किये जा रहे थे। मैंने ककड़ी के स्वाद वाला पेय लिया, बहुत भाया। लोग उत्साहित थे — पेय के ग्लास हाथों में लिए बातचीत में रमे हुए। 
मैंने ध्यान दिया कि साड़ी हम दोनों ने ही पहनी थी, पर एक सज्जन स्कॉटलैंड की पारंपरिक किल्ट में थे और एक मुस्लिम महिला हिजाब में। बेटी के कुछ मित्रों ने आकर स्नेहपूर्वक बातें कीं और एक सुंदर साँझ व भोज के लिए शुभकामनाएँ दीं। छात्राएँ सजी-धजी, ईवनिंग गाउन्स में थीं, और कुछ छात्रों का चलना-फिरना व अभिवादन करने का ढंग पुरानी अंग्रेज़ी फ़िल्मों की याद दिला रहा था। एक छात्र से हाथ मिलाया तो उसके लेदर के दस्ताने का स्पर्श इतना सुरुचिपूर्ण लगा कि अगली बार मुझे भी फ़ैन्सी ग्लव्स के साथ पारंपरिक अंग्रेज़ी परिधान पहनने का मन हो गया ! तस्वीरें लेने का सिलसिला भी शुरू हो गया था। हमने भी कुछ तस्वीरें लीं। फिर एक कोने में लगे मॉनिटर में अपनी मेज़ और कुर्सी क्रमांक देखकर हॉल में प्रविष्ट हुए।    

अंदर मिशलिन स्टार चार-कोर्स भोजन की व्यवस्था थी। काँटे-छुरी की तीन-तीन जोड़ियाँ, हर कोर्स के लिए एक जोड़ी अलग। बेटी सामने थी, मेरे दायीं ओर तृतीय वर्षीय छात्रा एला थी जो भौतिकी में स्नातक कर रही है। उसने बताया उसे भौतिकी में प्रकाश और ध्वनि विषय विशेष रूप से रुचिकर लगते हैं इसलिए वह थिएटर के लाइट एण्ड साउन्ड तकनीक में अप्रेंटिसशिप करना चाहती है। एला ने बताया सबसे पहले सबसे बाहर वाले काँटे-छुरी का उपयोग करते हैं। मुख्य भोज तक आते-आते प्लेट के सबसे क़रीब वाला सेट बचता है। मेरे बायीं ओर अमेलिया थी जो गणित में स्नातकोत्तर कर रही है। डिग्री के बाद उसका पी एच डी करने का मन है। एला की अतिथि उसकी आंटी थीं और अमेलिया की, उसकी छोटी बहन।
कुछ देर बातचीत कर के मैं सिर झुकाकर एकदम शांत हो गयी। बेटी ने पूछा मम्मी क्या हुआ! मैंने कहा, ‘नॉस्टैल्जिक हो रही हूँ। इंगलैंड की पृष्ठभूमि पर आधारित जितनी भी नेटफ़्लिक्स ड्रामा सीरीज़ देखी हैं, द क्राउन, ब्रिजरटन, डाउन टॉउन ऐबी, सब याद आ रही हैं’। फिर मैंने पूछा, ‘प्राइड एण्ड प्रेजुडिस वाला बॉल नहीं होता!’ वह बोली, ‘नहीं मम्मी। अब बॉलीवुड बॉल होते हैं।’ 
हॉल की दीवारों पर कॉलेज के प्रतिष्ठित सदस्यों — जैसे डब्ल्यू. एच. ऑडेन आदि — के चित्र सजे हुए हैं। दूर वाले सिरे पर क्राइस्ट चर्च के संस्थापक हेनरी अष्टम का भव्य चित्र स्थापित है। उसी ओर स्थित मेज़ को हाई टेबल कहा जाता है, जहाँ कॉलेज के वरिष्ठ सदस्य औपचारिक भोजन करते हैं। दिन में रंगीन काँच की खिड़कियों से छनकर आता प्रकाश क्राइस्ट चर्च की समृद्ध विरासत को उजागर करता है, और रात में मेज़ों पर रखे लैंपों की पीली मद्धम रोशनी पूरे कक्ष को एक मोहक आभा से प्रदीप्त करती है। मुझे नॉस्टैल्जिक करने में इसी मद भरे उजास का हाथ था। 
भोजन लैटिन-ग्रैस (प्रार्थना) से शुरू हुआ। प्रार्थना पढ़ते समय सभी अतिथि और विद्यार्थी अपनी-अपनी जगहों पर खड़े हुए। हॉल में एकदम शांति छा गयी। भोजन के पूर्व और पश्चात प्रार्थना में ईश्वर का धन्यवाद करने की यह परंपरा सदियों पुरानी है। 
‘आमेन’ के बाद भोजन का आरंभ गरम ब्रेड और मक्खन से हुआ। मैंने शाकाहार-भोज का विकल्प चुना था तो उसका पूरा ध्यान रखा गया और मुझे प्रथम कोर्स में जेरूसलम आर्टिचोक का पाक, दूसरे कोर्स में मशरूम के साथ केसर-सुगंधित अरांचिनी, मुख्य कोर्स में सोया फ़िलेट स्टेक और आलू का परतदार पाक, और अंत में टिरामिसु जैसा एक मिष्ठान्न परोसा गया। मेरी प्लेट के पास ‘वेजिटेरिअन’ लिखा नोट रखा था। हर कोर्स में नॉन-वेजिटेरअन खाना परोसा जाने के बाद एक सेविका उस नोट को हटाकर एक दूसरा नोट रखती, जिसमें लिखा होता ‘आपके पाक के बारे में शेफ़ से विमर्श चल रहा है’, और कुछ ही मिनिटों में मेरा खाना आ जाता और नोट फिर से बदल कर पहले वाला रख दिया जाता। 
समीप बैठी एक महिला को ग्लूटन-फ़्री आहार परोसा जा रहा था। उसके साथ भी इसी तरह की प्रकिया अपनाई जा रही थी। जेरूसलम आर्टिचोक और अरांचिनी मुझे बहुत स्वादिष्ट लगे। सोया स्टेक मुझे वैसे भी पसंद नहीं, अफ़सोस कि मिशलिन-स्टार शेफ़ भी सोया स्टेक के बारे में मेरी राय नहीं बदल पाया। लेकिन साथ में परोसी गयी आलू की डिश ख़ासी स्वादिष्ट थी।
हर कोर्स के साथ एक वाइन परोसी गयी – एक बार सफ़ेद, दो बार लाल और अंतिम कोर्स के साथ कॉलेज के सेलर में बनी पोर्ट वाइन। हैरी पॉटर प्रसिद्धि के इस विराट भोजन-कक्ष में भोजन करने की मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। 
भोजन के अंत का संकेत देने के लिए गाँग बजा। यह संकेत वर्षों पुराने मठीय अनुशासन और विश्वविद्यालय परंपराओं से आया है, जहाँ घंटी या गोंग भोजन, प्रार्थना और सभा के समय को चिह्नित करते थे। गोंग बजा और हम बाहर निकले। अब माहौल अनौपचारिक हो गया था। हमने कुछ अतिथियों से बातें कीं। अर्शिया ने बताया उन्होंने हलाल का विकल्प दिया था तो उन्हें शाकाहारी खाना परोसा गया। कुछ मेहमान और छात्र कॉलेज के अंडरक्रॉफ्ट बार, जो कि अंडी बार के नाम से जाना जाता है, की ओर गए। वहाँ शाम एक अधिक जीवंत, छात्र-सरीखे अंदाज़ में आगे बढ़ती है। हमने कुछ और तस्वीरें लीं और एक अद्भुत भोजशाला में किये भोज की यादें समेटे कमरे में लौट आए।
अगले दिन बेटी ने पापा का तोहफ़ा, टेडी बीयर प्रिन्ट का गुलाबी जम्पर पहना। वह बोली, ‘पापा भी न, अब तक मेरे लिए बच्चों जैसे कपड़े खरीदते हैं’! मैंने कहा, “पापा ने अपने लिए भी एक ऐसा ही जम्पर खरीदा है, बस रंग अलग है।”
 हमने जॉर्ज एंड डेनवर में कॉफ़ी पी, बेगल खाया। और मैं वापस लंदन की ओर रवाना हुई।


RELATED ARTICLES

2 टिप्पणी

  1. सुंदर और रोचक वर्णन।इस भव्य भोज के ब्यौरे के साथ साथ फिल्म्स और इतिहास का बताया जाना एक आनंदपूर्ण स्थिति को बयां करता है।
    सारगर्भित रिपोर्ताज हेतु बधाई हो।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest