Wednesday, February 11, 2026
होमलेखरिपोतार्ज - राइजिंग राजस्थान: अनुभव और एहसास

रिपोतार्ज – राइजिंग राजस्थान: अनुभव और एहसास

राइजिंग राजस्थान का आयोजन 9, 10, और 11 दिसंबर को हुआ, जिसमें पूरे जयपुर शहर को सजाया गया था। 8 दिसंबर से ही विदेशी प्रतिनिधियों का आना शुरू हो गया था। कार्यक्रम का मुख्य स्थल जेईसीसी, सीतापुरा था, जहाँ 9 दिसंबर को सुबह 9 बजे कार्यक्रम आरंभ होना था। राजस्थान फाउंडेशन की ओर से मुझे भी मेल आया था कि मैं अपना कार्ड और किट कलेक्ट कर लूँ।

8 तारीख की सुबह, मैं कार्ड लेने पहुँची। वहाँ की व्यवस्था देखकर मैं दंग रह गई। बड़े-बड़े बैनर, हर तरफ सफाई, और राजस्थान की सांस्कृतिक झलक को देखकर ऐसा लग रहा था मानो किसी ने पूरे राजस्थान को कैनवास पर उतार दिया हो। राजस्थान फाउंडेशन और अन्य टीमों ने रंगों के आधार पर कार्ड और किट की व्यवस्था की थी। मुझे नारंगी रंग का कार्ड और एक लैपटॉप बैग मिला और 10 दिसंबर के लिये नीले रंग का जिसे लेकर मैं अगले दिन के कार्यक्रम की उत्सुकता लिए वापस आ गई।
9 दिसंबर सुबह समय से निकलने के बावजूद ट्रैफिक और रास्तों के बंद होने के कारण मैं 9 बजे की बजाय 9:15 पर पहुँची। तब तक कार्यक्रम स्थल के दरवाजे बंद हो चुके थे। पुलिसकर्मी माफी माँगते हुए कह रहे थे कि अगले सेशन तक गेट नहीं खुलेंगे। बाहर करीब 100-150 लोग खड़े थे—कुछ गुस्सा हो रहे थे, कुछ हँसी में बात टाल रहे थे, तो कुछ इसे अपनी गलती मान रहे थे।

अंदर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रीगण मौजूद थे। विदेशी मेहमानों के साथ कार्यक्रम ज़रूर शानदार रहा होगा। लेकिन बाहर खड़े हम लोगों के लिए 11 बजे तक इंतजार ही था। मुझे बहुत तेज प्यास लगने लगी , मैं नाराज़गी जता रही था तभी एक पुलिसकर्मी ने अपनी पानी की बोतल देकर हमारी प्यास बुझाई, जो उस समय किसी वरदान से कम नहीं लगा। थकान और निराशा ने मुझे और कुछ अन्य विदेशी डेलिगेट्स को घर लौटने को मजबूर कर दिया। मन में बस एक ही ख्याल था—
“बड़े बेआबरू होकर निकले राइजिंग राजस्थान के कूचे से…
शाम को रामबाग पैलेस में डिनर और सांस्कृतिक कार्यक्रम था। मैंने सोचा, यहाँ भी समय की पाबंदी होगी। समय से पहले पहुँचकर मंच के करीब कुर्सी पर बैठ गई। लेकिन यहाँ भी कार्यक्रम 1 घंटे की देरी से शुरू हुआ। हालांकि, देरी की शिकायत जल्द ही खत्म हो गई जब गायक सोनू निगम ने अपनी जादुई आवाज़ से समा बाँध दिया। एक के बाद एक शानदार गीतों ने सर्दी में भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इसके बाद, भोजन की व्यवस्था इतनी लाजवाब थी कि सुबह की सारी थकान और गुस्सा भूल गये ।राजस्थान के पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजनों ने हर किसी का दिल जीत लिया। प्रवासी बंधुओं से मिलकर और हर पल का आनंद लेते हुए, हम सबने अगले दिन फिर मिलने का वादा किया और 11:30 बजे घर लौटे।
हालांकि सुबह के अनुभव में थोड़ी निराशा हुई थी, लेकिन शाम ने उसकी भरपाई कर दी। आयोजन भव्य था और राजस्थान की संस्कृति, आतिथ्य, और गरिमा को पूरे गर्व के साथ प्रस्तुत किया गया। यह अनुभव न भूलने वाला रहा।
दूसरे दिन, यानी 10 दिसंबर, को राजस्थानी प्रवासी कॉन्क्लेव का दिन था। इस बार मैंने समय पर पहुँचने का पक्का इरादा किया और समय से पहुँच गई। वहाँ पुलिसकर्मी बड़ी शिद्दत से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। हर किसी के चेहरे पर मुस्कान थी, और वे सभी के पास जाकर सहायता की पेशकश कर रहे थे। यह देखकर मुझे पहली बार ऐसा लगा कि पुलिस का अतिथि सत्कार भी इतना अच्छा हो सकता है।
राजस्थान फाउंडेशन की टीम का उत्साह ऐसा लग रहा था जैसे किसी घर में शादी हो, और बारात के स्वागत में कोई कमी न रह जाए। अंदर चाय, कॉफी, और बिस्किट की स्टॉल्स लगी हुई थीं। हल्की सर्दी और सुबह की धूप के बीच लोग गर्म चाय-कॉफी का आनंद लेते हुए आपस में परिचय साझा कर रहे थे।

कार्यक्रम एक बड़े हॉल में आयोजित था, जहाँ कार्ड के रंग के अनुसार सीटिंग की व्यवस्था की गई थी। लेकिन, कुछ लोग आगे की सीट पाने की जुगत में लगे हुए थे, जो प्रवासी तो नहीं लग रहे थे। राजस्थान फाउंडेशन की कमिश्नर, मनीषा जी, बड़ी सादगी और गरिमा के साथ हर व्यक्ति से हाथ जोड़कर आग्रह कर रही थीं कि अपनी निर्धारित सीटों पर बैठें। जो बैठे थे उनसे पूछ रही थीं कि कोई परेशानी तो नहीं है ।उनकी यह सादगी मुझे बहुत प्रेरित कर गई ।
कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान के छोटे-छोटे गाँवों से आए 108 बच्चों के समूह ने पधारो म्हारे देश गीत की प्रस्तुति से की। इसके बाद मुख्यमंत्री, अन्य मंत्रिगण, और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच पर सभी ने राइजिंग राजस्थान और इसके भविष्य को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने हर साल 10 दिसंबर को राजस्थान प्रवासी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की, जिससे सभी के चेहरे पर खुशी छा गई।
दोपहर 2 बजे, भोजन का समय हुआ और हम सभी एक अलग हॉल में गए। वहाँ गरमागरम और स्वादिष्ट भोजन की शानदार व्यवस्था थी। इतने बड़े स्तर पर इतने लोगों के लिए इस तरह की व्यवस्था सच में सराहनीय थी। हालांकि, एक बात ने मेरा ध्यान खींचा कि विदेशी मेहमानों की तुलना में लोकल लोग ज्यादा नजर आ रहे थे। भोजन के बाद, मैंने सोचा कि प्रवासियों के लिए एक कविता सुनाऊँ, लेकिन मंच पर व्यवस्था इतनी व्यस्त थी कि यह संभव नहीं हो सका।
शाम को डिनर और सांस्कृतिक कार्यक्रम जय महल पैलेस में आयोजित था। इस बार मैं अपने जानकारों के साथ पहुँची, जो नीदरलैंड्स से अपनी पत्नी के साथ आए थे। वहाँ की सजावट, मंच, और रोशनी देखकर मन खुश हो गया। भीड़ कुछ ज्यादा थी, लेकिन कार्यक्रम समय पर शुरू हुआ। गायक रविंद्र उपाध्याय ने जय हो गाने से शुरुआत की, और शानदार प्रदर्शन ने माहौल को जीवंत बना दिया। नृत्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम समाप्त होते ही हम भोजन की ओर बढ़े, लेकिन वहाँ इतनी भीड़ देखकर हैरान रह गए। लाइन और धक्का-मुक्की के बीच, किसी तरह हमने खाना खा लिया। मेरे साथ आए जानकार की पत्नी, जो यूरोपीय थीं, इस व्यवस्था से थोड़ी नाराज हो गईं। हालांकि, हम भारतीय परिस्थितियों को समझते हैं, तो किसी तरह स्थिति संभाल ली।
खाने का स्वाद लाजवाब था, लेकिन व्यवस्था में कमी साफ नजर आ रही थी। सफाई कर्मचारी और आयोजक पूरी कोशिश में लगे थे, लेकिन मेहमानों का व्यवहार थोड़ा असभ्य था। यह देखकर गुस्सा भी आया, लेकिन ऐसे आयोजनों में कुछ कमियां होना स्वाभाविक है।
तीसरे दिन, यानी 11 दिसंबर, को मैं कार्यक्रम में शामिल नहीं हुई। लेकिन ये दो दिन मेरे लिए यादगार रहे। इस आयोजन में खट्टी-मीठी यादों के साथ, कई प्रवासी दोस्तों से मिलने का मौका मिला।
राजस्थान फाउंडेशन की पूरी टीम का आभार, जिन्होंने इतनी लगन और मेहनत से यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। उनके प्रयासों के लिए दिल से सलाम। यह अनुभव मैं हमेशा संजोकर रखूँगी। धन्यवाद, राजस्थान फाउंडेशन, हमें आमंत्रित करने और इतने शानदार अनुभव का हिस्सा बनाने के लिए।
RELATED ARTICLES

1 टिप्पणी

  1. इंदु जी !राजस्थान हमारे दिल में बसा है। आपकी इस रिपोर्ट को पढ़कर मनपसंद हो गया मानो इसे पढ़ते हुए हम भी वहाँ घूम लिये। वहाँ के आनंद को हमने महसूस किया। शुक्रिया इस महत्वपूर्ण रिपोर्ताज के लिये।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest