पटना जंक्शन के बाहर हल्की धूप थी, ऐसी किस्म की धूप जो न पूरी तरह तपाती है, न पूरी तरह राहत देती है। मैं अपना बैग कंधे पर टिकाए कैब का इंतज़ार कर रही थी। स्टेशन से बाहर आते ही शहर की धड़कन जैसे सीधे कानों में उतरती है—रिक्शों की आवाज़, ऑटो वालों की पुकार, और उसी शोर के बीच उबलती चाय की केतली से उठती भाप।
ठीक वहीं, सड़क किनारे एक छोटा-सा ठेला—एक आदमी चाय छान रहा था। सहज जिज्ञासा मुझे उसकी ओर ले गई। “एक चाय,” मैंने कहा। उसने मुस्कुराकर गिलास बढ़ाया-“मैडम, बाहर से आई हैं?”
मैंने सिर हिलाया। बातचीत की शुरुआत यहीं से हुई।
“दिल्ली में काम करता था,” उसने बताया, “अब आधा समय यहीं रहता हूँ।”
उसका नाम रमेश था—और उसकी कहानी, किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बिहार के बदलते सामाजिक-आर्थिक भूगोल की कहानी थी।
रमेश उन लाखों लोगों में से एक था, जिनके लिए कभी बिहार सिर्फ “घर” था, लेकिन “रोज़गार” नहीं। “पहले यहां रहना मुश्किल था,” वह बिना किसी नाटकीयता के कहता है, “काम नहीं, सड़क नहीं, बिजली भरोसे की नहीं… बाहर जाना ही पड़ता था।”
यह “पड़ता था” शब्द मेरे भीतर ठहर गया। विकास के विमर्श में अक्सर आंकड़े चलते हैं, लेकिन असल कहानी इन छोटे शब्दों में छिपी होती है—जहां विकल्प नहीं, केवल विवशता होती है।
मैंने चाय का एक घूंट लिया मिट्टी, दूध और पत्तियों का मिश्रण, लेकिन स्वाद में एक तरह की स्थिरता थी, जैसे यह शहर धीरे-धीरे खुद को संतुलित कर रहा हो।
“अब?” मैंने पूछा। वह थोड़ा सीधा खड़ा हुआ, जैसे यह सवाल केवल वर्तमान नहीं, आत्मसम्मान से जुड़ा हो।
“अब सड़क आ गई है गांव तक। पहले पटना पहुंचने में आधा दिन लगता था, अब 2-3 घंटे में हो जाता है। बिजली भी रहती है—लगभग पूरे दिन। बच्चे ऑनलाइन पढ़ लेते हैं।”
उसने यह सब ऐसे कहा, जैसे कोई बड़ी उपलब्धि नहीं, बल्कि सामान्य जीवन की वापसी हो।
यहां मुझे समझ आया—विकास तब सबसे गहरा होता है, जब वह “खबर” नहीं, “सामान्य” बन जाता है।
रमेश ने आगे बताया कि उसके गांव के पास अब छोटे-छोटे काम शुरू हो गए हैं—डेयरी, खेती में नई तकनीक, और कुछ लोगों ने तो किराना और सर्विस सेंटर भी खोल लिए हैं। “भाई ने गांव में ही दूध का काम शुरू किया है… ठीक चल रहा है,” वह कहता है।
मैंने अनायास पूछा—“तो अब दिल्ली नहीं जाओगे?”
वह हंसा-एक ऐसी हंसी जिसमें अनुभव और उम्मीद दोनों थे।
“जाऊंगा भी… और रहूंगा भी। अब दोनों जगह अपना काम है।”
यहीं कहानी का असली मोड़ था। यह “रिवर्स माइग्रेशन” की सरल कथा नहीं थी, बल्कि एक नए प्रकार की गतिशीलता जहां व्यक्ति शहर और गांव के बीच संतुलन बना रहा है।
यह बदलाव केवल सड़क, बिजली या योजनाओं का परिणाम नहीं, बल्कि एक मानसिक परिवर्तन भी है। जब राज्य बुनियादी सुविधाएं देता है, तो व्यक्ति जोखिम लेने लगता है। गांव अब केवल “रहने की जगह” नहीं, बल्कि “कमाने की संभावना” बनता है।
पास ही एक और ग्राहक आ गया। रमेश ने चाय बनानी शुरू की, लेकिन बातचीत जारी रही।
“पहले लगता था, यहां कुछ नहीं हो सकता… अब लगता है, थोड़ा-थोड़ा सब हो सकता है।”
उसका यह “थोड़ा-थोड़ा” किसी भी बड़े दावे से अधिक सटीक था।
मैंने चारों ओर देखा नए बने प्लेटफॉर्म, बाहर खड़ी कैब्स की कतार, डिजिटल पेमेंट का बोर्ड, और उसी के बीच यह छोटा-सा चाय का ठेला। यह विरोधाभास नहीं था, बल्कि संक्रमण का दृश्य था—जहां परंपरा और आधुनिकता टकराती नहीं, साथ चलती हैं।
मेरी कैब आ चुकी थी। मैं बैठने लगी, लेकिन नजर फिर उसी ठेले पर चली गई।
रमेश अब किसी और को चाय दे रहा था—उसी सहजता से, जैसे कोई इतिहास नहीं बदल रहा, बस दिनचर्या निभा रहा हो।
लेकिन शायद यहीं असली बदलाव छिपा है।
बिहार की कहानी अब केवल “पलायन” की नहीं रही। यह उस सूक्ष्म क्षण की कहानी है, जब एक व्यक्ति “मजबूरी” और “विकल्प” के बीच खड़ा होता है—और पहली बार उसे लगता है कि वह चुन सकता है।
कैब आगे बढ़ गई, लेकिन मेरे भीतर एक विचार स्थिर रहा—
विकास तब पूर्ण नहीं होता जब वह आंकड़ों में दिखे, बल्कि तब जब वह किसी रमेश के स्वर में उतर आए, और वह कह सके—
“अब जाना पड़ता नहीं… जाना चाहें तो जाते हैं।”
- डॉ मीना कुमारी (जांगिड़)
स्वतंत्र पत्रकार व लेखक
08800742846
