उस रात नदी ने कोई आवाज़ नहीं की थी. बस्स, जिस तरह कोई नरभक्षी तेंदुआ अपने शिकार की तरफ दबे पाँव बढ़ता जाता है और उसे अपने जबड़ों में दबोचकर अपना निवाला बना लेता है, ठीक उसी तरह नदी भी ख़ामोशी से कल-कल, झर-झर किए बग़ैर गाँव की तरफ बढ़ती जा रही थी और जो कुछ सामने आ रहा था—जीव या निर्जीव—उसे चुपचाप लीलती जा रही थी. इतनी चुपचाप कि किसी को कानों-कान ख़बर नहीं हुई कि वह गाँव के हर किवाड़ पर मौत का दस्तक देने के लिए अपनी मौज़ूदग़ी दर्ज़ कर चुकी थी. उस काली-भुजंगी रात की हवा में जैसे नींद लाने वाली कोई हैलोथेन गैस घुल गई थी जिसने सभी गाँववालों को गहरी नींद में सुलाकर उनके होशो-हवास पर कब्ज़ा कर लिया था.
पर, रामदीन तो हर दुरूह परिस्थिति में कच्ची नींद सोने का आदी था; एक हल्के से खटके से वह उठ बैठता था. चुनांचे, उस रात जब पहली बार उसकी चौखट से नदी की हहराती लहरें टकराईं, तो वह किसी अनिष्ट की आशंका से चौकन्ना हो उठा. उसने उठकर दरवाज़ा खोला तो लहरों पर पड़ने वाली लालटेन की पीली रोशनी में उसे लगा कि जैसे देहरी के बाहर असंख्य कोबरे-करैत साँप रेंग रहे हों. उसकी हिम्मत नहीं हुई कि इतने साँपों के बीच वह जा सके और आँगन के रास्ते देहरी में उतर सके. तब भयातंकित रामदीन दरवाज़े के भीतर भागा तो उसके पाँव पानी और कींचड़ में फँस गए.
वह जोर से चींखा, “अरे, क्या सभी गाँववाले मर गए हैं? कोई तो आकर इन करैत साँपों से हमें बचाए.” फिर, दूर काली रात के धुँधलके में बादल के एक टुकड़े की माफिक चाँद की चाँदनी में उसे साफ दिखा कि ये साँप नहीं, सर्पीली लहरें हैं. नदी का उफनता पानी है जो किसी बाँध के टूटने अथवा अंधाधुंध बारिश से अपने विकराल रूप में यमदूत बनकर प्रकट हुआ है.
तब, उसने किसी तरह बाहर अपने कदम बढ़ाए. पानी टखने तक था. बाहर उसके घर के पंद्रह फीट नीचे बने तबेले में कुल छ: मवेशियों में से किसी की हुँकारने की आवाज़ नहीं आ रही थी. वह घिघिया उठा, “अरे यहाँ तो हाथियों की डुबान वाला पानी भर चुका है. हमारे लिए दाना-पानी का जुगाड़ करने वाली भैंसें कहाँ बह गईं? क्या पानी का भूत उन्हें बहा ले गया या पानी में ही वे दफ़न हो गईं? हाय राम! मेरे दूध के व्यवसाय की तो ऐसी की तैसी हो जाएगी. अब इस बुड्ढे-बुढ़िया के दाना-पानी का जुगाड़ कैसे होगा?”
कुछ पल तक, वह अपनी बर्बादी का मंज़र फटी आँखों से देखता रहा. फिर, उसके भीतर का फटेहाल रामदीन चीख उठा, “अरे, बप्पा रे बप्पा…!”
इस बार उसकी जोरदार चीख सुनकर भीतर से उसकी पत्नी जमुना देवी आँखें मलती हुई दौड़ी आई; लेकिन, वह भी पानी और कींचड़ में फँसकर गिर पड़ी. वह समझ नहीं पा रही थी कि अचानक उसके साथ क्या हुआ है और उसका मनसेधू किस मुसीबत में फँसकर उसे क्यों गुहार रहा है…?
वह अपने रामदीन की कातर पुकार से विचलित हो रही थी जिससे उसके मुँह से बरबस ही तेज आवाज़ फूट पड़ी, “अरे, क्या हुआ, बिरजू के बाऊ?”
रामदीन तो अपनी बर्बादी देखकर बावला हुआ जा रहा था. उससे अपनी मेहरारू जमुनी के प्रत्युत्तर में कुछ भी बोलते नहीं बना. वह तो बस्स! उस काली-कलूटी अंधेरी रात में उफनती नदी के तांडव को विस्फरित आँखों से देखने की असफल कोशिश कर रहा था.
उसने टूट-टूट कर छितरती चाँदनी में बहुत दूर तक नदी के किनारों को देखने की कोशिश की; पर, किनारे तो जल-मग्न होकर नदी की खुराक बन चुके थे. नदी के किनारे के झरबेरी के पेड़ भी नदारद थे. अब नदी वहाँ नहीं थी, जहाँ उसे होना चाहिए था. अब नदी हर तरफ थी. नदी अपने लिए नए किनारे बनाने की जुगत में मशगूल थी. रामदीन की इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वह नदी से यह प्रार्थना कर सके कि ‘गंगा मइया! तुम ऐसा अमानवीय कृत्य करने से बाज़ आ जाओ.’ उसने प्रार्थना की भी, इंद्रदेव समेत सभी देवों की गुहार लगाई; पर, उसकी प्रार्थना हर तरफ से अनसुनी-अस्वीकृत कर दी गई. एक सहारा उसका अपना बेटा बिरजू था; अब वह भी नहीं रहा. उसे पिछले वर्ष कुछ मुस्लिमों ने बहका-फुसला कर इस्लाम कबूलवा लिया था और पता नहीं किस मुस्लिम मुल्क़ में उसे ले जाया गया था या फिदायिन बम की तरह उसे अपने बदन के चिथड़े उड़ाने के लिए मज़बूर कर दिया गया था. बहरहाल, रामदीन की पत्नी और गाँववाले अभी भी उसको ‘बिरजू का बाऊ’ ही कहकर पुकारते हैं.
रामदीन के गाँव का नाम था—बैरवा, जो नदी के किनारे बसा हुआ था और रामदीन हर साल बाढ़ का चश्मदीद रहा था. पर, जब से उसने होश सम्हाला है, उसने नदी का ऐसा विकराल रूप पहले कभी नहीं देखा था. लोगबाग हर साल नदी के बढ़ते पानी में अपनी बरक़त देखते थे. क्योंकि नदी अपने किनारों को नहीं लाँघती थी. बस, तनिक किनारे से थोड़ा आगे बढ़कर उपजाऊ कछार मिट्टी बिछा जाती थी जो खेतिहरों के लिए वरदान साबित होती थी. इसलिए, वे नदी को माँ और दुधारू गाय-माता की तरह अपना पालक-पोषक मानते थे.
लेकिन, इस वर्ष उनके कौन से पाप के चलते, नदी उनकी दुश्मन बन बैठी है? बल्कि यूँ कहिए कि उनकी रूठी हुई सौतेली माँ बन बैठी है. यह भी कोई बात हुई कि कल तक बैरवा गाँव को दुलराने वाली यह नदी मइया आज इसे थप्पड़ों और झापड़ों से नवाज़ रही है. चुनांचे, इस बार नदी का मिज़ाज कुछ और ही है. तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने उसे और भी मतवाला बना डाला है. ऊपर पहाड़ों में बाँध के फाटक शाम को ही खोल दिए गए थे—बग़ैर किसी पूर्व चेतावनी के…और यह डाईन बाढ़ गाँव के गाँव लीलती जा रही है.
हाँ, सरकारी चेतावनी आई थी, मगर गाँव में कभी-कभार काम करने वाला मोबाइल नेटवर्क अब बिल्कुल बंद था. मौसम विभाग के अधिकारियों को पता था; लेकिन, उन्हें क्या पड़ी थी कि वे गाँव पर गिरने वाले इस आसन्न बज्रपात की सूचना देने के लिए गाँव-जवार में मुनादी कराते? उन्हें तो इस आपदा में अपनी चमकती क़िस्मत दिखाई दे रही थी.
सुबह तक आधा बैरवा गाँव पानी में डूब चुका था जबकि शेष हिस्से को पानी का अजगर धीरे-धीरे निगलता जा रहा था. समय पर सरकारी अधिकारी भी आए और बीडियो साहब भी…. लेकिन, उन्होंने कोई दस-बारह मिनट तक ही दूर से इस बाढ़ का नज़ारा किया, गाँववालों की बदहाली पर ठठा-ठठा कर हँसगुल्ले छोड़े. हाँ, उनके साथ आए कर्मचारी इस बाढ़ के वीडियो बनाने में ही तल्लीन थे. कुछ मैडमें थीं और अपने चमकते ज़िस्म की नुमाइश लगाने वाली कुछ लड़कियाँ भी, जो पिकनिक मनाने के मूड में थीं. वे अपने साथ लाई गई कुछ कोल्ड ड्रिंक पी रही थीं, चिप्स और कुरकुरे खा रही थीं, थरमस में लाई गई चाय-काफी की चुस्कियाँ ले रही थीं और बादाम-काजू चबा रही थीं. थोड़ी देर बाद वे अधिकारी वहाँ खड़े ग्राम-प्रधान अज़मल खान को चंद आश्वासन देकर वापस चले गए.
उन्हें वापस जाते हुए लोगों ने देखा; फिर, वे दुपहरी तक बड़ी उम्मीद लगाए, इंतज़ार करते रहे कि हाक़िम लोग उनकी दुर्दशा तो देख ही चुके हैं; बस्स, राहत सामग्री पहुँचने में ज़्यादा देरी नहीं लगेगी. अपनी जान की हिफाज़त करने के लिए अपनी-अपनी खपड़ैली छतों पर चढ़े हुए लोग अपने नमकीन पसीने चाटते हुए अपनी भूख को बहला रहे थे. पर, बच्चे क्या करते? उन्हें खाने को चाहिए था—दूध न सही तो–कुछ भी, जैसे खेसारी की दाल के साथ सूखी लिट्टी और चटनी, तेल-नमक में सना उस्ना भात. वे घिघिया रहे थे, चीख-चिल्ला रहे थे जबकि उनकी माँएं उन्हें बहलाने-फुसलाने से ऊबकर उनकी जमकर पिटाई कर रही थीं. बाढ़ग्रस्त बैरवा गाँव में इस महाविनाश का मंज़र देखते हुए दिल हाहाकार मचा रहा था. पानी में डूबे और खूँटों से बँधे जो अधमरे मवेशी जान बचाने के ज़द्दोज़हद में रस्सियाँ तोड़कर बह जाना चाह रहे थे, वहाँ उनके पास जाकर उन्हें बचाने की हिम्मत किसी भी गाँववाले में नहीं थी; पानी का बहाव इतना तेज था कि बैलगाड़ियाँ और काठगाड़ियाँ लकड़ी के खिलौनों की तरह बह रही थीं. दो लोग सबेरे अपनी-अपनी बैलगाड़ियों को बाढ़ से बचाने की जुगत में पता नहीं कहाँ बहकर अपने प्राणों की आहुति दे चुके थे. वे वापस ही नहीं लौटे जबकि उनके माँ-बाप अभी तक जहाँ-जहाँ नदी अपना किनारा बना चुकी थी, वहाँ-वहाँ ढूढ़ रहे थे. इसलिए, अब कोई भी ऐसा दुस्साहस करने वाला नहीं था. औरतें भगवान को पुकार रही थीं. मन्नते मान रही थीं, कामाख्या और विंध्याचल देवियों से मिन्नते कर रही थीं.
तभी गाँव की बेबस, डबडबाती आँखों के सामने एक अज़ीबो-ग़रीब नज़ारा पेश आया. जो लोग अपने कच्चे घरों के गिरकर डूब जाने से बच गए थे, उनकी टेर माँ अचला देवी ने सुन ली थी. पानी की बहाव की उल्टी दिशा से, दूर आती हुई एक नाव दिखाई दी. उस नाव को रघु मल्लाह खेव रहा था. रघु जो कई महीनों पहले कोई रोज़ग़ार-धंधा करने शहर चला गया था और जिसका ख़्याल किसी भी गाँववाले के मन में नहीं आया था, आज वह, गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुलवासियों को इंद्र के कोप से बचाने वाले किशन-कन्हइया की तरह, बैरवा-वासियों को बचाने आ-धमका था. देखने वालों की आँखों से खुशी का फौव्वारा फूट रहा था. रघु तो अपनी पत्नी और बूढ़ी माँ की बस ख़बर लेने आया था. लेकिन, जब वह सुबह आते ही गाँव की सरहद पर खड़ा हुआ तो किसी ने उसे इत्तला किया कि उसकी मिट्टी की मड़ई इस सुरसा सरीखी नदी के पेट में समा चुकी है तथा उसकी माई और मेहरारू पता नहीं, कहाँ बहकर मर-खप गई हैं. यह ख़बर सुनते ही वह पगला गया; सिर पटकते हुए जमीन पर लोटने लगा. पर, अगले ही पल जब उसने बाढ़ की आसमान छूती लहरों को देखा तो एक संकल्प लिया कि अब उसे अपने गाँववालों को बचाना है. सो, वह उठ बैठा, उसने अपना सिर झटका; फिर, होश सम्हाला. तब, उसने गाँव के ही कुछ लौंडे-लफाड़ों की मदद ली और अपनी उस नाव को नदी में उतारकर, उस पर पतवार लेकर खड़ा हो गया, जिसे वह शहर जाने से पहले डीह बाबा के ऊँचे टीले पर रख आया था और जिस टीले तक पहुँचने की हिम्मत यह बौराई नदी नहीं जुटा सकी थी.
नदी के साथ याराना निभाने वाले उस जैसे दरमियाना नौजवान को देख, सेठ हरिकिशन के तो पसीने छूटने लगे. उसे लगा कि जैसे उसके होठ से लगे रबड़ीदार दूध के प्याले में कोई पखनही मक्खी आ गिरी हो. अब उसके अनाज का क्या होगा जिसे वह गाँववालों में आसमान के दाम में बेंचकर और उनके सारे गहने-गीठो गिरवी रखवाकर हड़पने वाला था? सेठ ने अपने पालतू गुर्गों को ब्लॉक प्रमुख और बीडियो के पास भेजकर रघु के आने और उसके द्वारा गाँववालों को बचाए जाने के बारे में ख़बर भिजवाई तो उधर से ज़वाब आया कि उन्हें तो अपना हिस्सा चाहिए. मतलब यह कि सेठ का अनाज बिके या न बिके, उन्हें तो उसके वादे के मुताबिक मोटी रकम चाहिए; वर्ना अवैध जमाख़ोरी के संगीन आरोप में उसे बड़ी सज़ा भुगतनी पड़ेगी. सेठ इस धमकी को सुनकर, ग्राम-प्रधान अज़मल ख़ान के पाँव पकड़ने चला गया कि इस मुसीबत से मुझे बचाओ. पर, ख़ान ने भी कोई कच्ची गोलियाँ नहीं खेली थी. मौके को रुपयों और पैसों में भुनाने का सबक वह अपने पुरखों से सीखा था. क्या उसने दिन दहाड़े कितने ही ग़रीब-गुनबों की ज़मीन-ज़ायदाद को वक़्फ की प्रॉपर्टी ऐलॉन कर उन पर कब्ज़ा नहीं जमा लिया था? उसने अपनी औरंगज़ेबी दाढ़ी सहलाते हुए कहा कि इस बाढ़ में उसकी भी बरक़त बढ़नी ही चाहिए, कईगुना बढ़नी चाहिए… उसने सेठ को आग़ाह किया, “रघु को ठिकने लगा दो.”
रघू को इस बात का बिल्कुल इल्म नहीं था कि वह जिस इंसानियत के काम में लगा हुआ है, उस पर हत्यारे गोताख़ोरों की नज़र लगी हुई है. रघु को तो पता ही नहीं चला कि गोताख़ोरों ने कई बार उसकी नाव के नीचे आकर उसकी नाव को पलटने की गुस्ताख़ी की. पर, हर बार उसकी नाव कोई ईश्वरीय चमत्कार से जल-समाधि लेने से बच जाती और नाव पर बैठे लोग जो लगातार हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे, बाल-बाल बच जाते. पता नहीं, यह कोई करिश्मा हो रहा था या विंध्याचल मइया की कृपा बरस रही थी.
तेज अंधड़-तूफान में उसने अपनी नाव में कुछ जुगाड़ करके, पाल भी डाल दी थी ताकि वह अपने पतवार से थोड़ा-सा ही जोर लगाकर नाव की गति में तेजी ला सके और भूखे-प्यासे बाढ़-पीड़ितों को अति शीघ्र किसी सुरक्षित ऊँचे टीले पर पहुँचा सके. जब वह लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाकर वापस पानी में फँसे लोगों को लेने आता तो उनके चिल्ल-पों से माहौल बुरी तरह व्याकुल हो उठता. लेकिन, नदी भी नाचते हुए मचल उठती, जैसे कि अट्टहास कर रही हो कि ‘रघु बेटा, तूँ कितना भी अपनी जान लड़ा ले, मैं अपने रास्ते से तुझे हटाकर दम लूँगी.’ बहरहाल, अम्माएं चिल्लाकर और रघु से रिरियाकर गुज़ारिश करतीं कि पहले हमारे बच्चों को बचाओ, उन्हें सुरक्षित ले जाकर, कुछ नहीं तो सत्तू की शरबत पिलाओ; वर्ना, वे भूख-प्यास से मर जाएंगे. पर, रघु का मन, उम्र और कमर से टूटे बूढ़ों और बारिश में भींगकर सर्दी-जुकाम-बुखार से बीमारों के आर्तनाद सुनकर भी पसीजता जा रहा था. वह बार-बार उन्हें ढाँढ़स देने के लिए चिल्लाता भी जा रहा था, “तुम जने तनिक भी मत घबराओ; जब तलक हमारे हाथ में पतवार चलाने का दम है और हमारी साँस चलती रहेगी, हम तुम सभी की ज़िंदग़ी बचाएंगे.”
यद्यपि हर चक्कर के साथ नाव भारी होती जा रही थी, तथापि रघु का पुरुषार्थ हार मानने को राजी नहीं था. भले ही उसकी आवाज़ थकान-खुमार से धीमी पड़ती जा रही थी और तेज खाँसी-जुकाम ने उसे जकड़ लिया था, पर वह लोगों के मनोबल को बढ़ाने के लिए चिल्लाता ही जा रहा था —“डरो मत…अगर नदी हार नहीं मानेगी तो हम भी हार नहीं मानेंगे…देखते हैं, कौन पीछे हटता है?”
रघु ने अपनी कर्मठता और दृढ़ संकल्प से बाढ़ में फँसे सभी लोगों को शनै: शनै: सुरक्षित स्थानों पर पहुँचा दिया था. शाम तक भले ही नदी सुरसा की तरह मुँह फैलाती जा रही थी; लेकिन, वह रघु के मनोबल के आगे हार गई थी और रघु जीत चुका था. आख़िरकार, उसने बाढ़-पीड़ितों की अंतिम खेप को भी टीले पर पहुँचाकर राहत की साँस ली. गाँव के कोई डेढ़ सौ लोग डीह बाबा के टीले पर मौज़ूद थे जो उसकी जाँबाज़ी की तारीफ करते हुए नहीं अघा रहे थे.
पर, कुछ ही देर बाद जबकि सूरज घटाओं के जंगल में से अपना सिर निकालकर आग बरसाने लगा था तो टीले का माहौल यक-ब-यक बेचैन हो उठा. चैन-सुकून और शांति का पंछी उड़न-छू हो गया. एक ओर लगातार बारिश की रिमझिम, दूसरी ओर सूरज की खिसियानी किरणें जिनमें गर्मी ठूँस-ठूँस कर भरी हुई थी. अचानक औरतों की घिघियाहट और बच्चों के आँऊ-आँऊ के अंधाधुंध शोरगुल से मनहूसियत दिल में समाने लगी. अब खुले आसमान के नीचे बारिश-धूप में जो लोग बैठे हुए थे, उनमें से अधिकतर या तो भूख-प्यास से तड़पने लगे थे, या लगातार बारिश में भींगने के कारण तेज बुखार और खाँसी की गिरफ्त में आ चुके थे. रघु सोच रहा था कि वह किस बुरी शाइत में अपने गाँव आया है; कुछ दिन और शहर में रह लेता तो बाढ़ उतर जाती, भले ही उसकी माँ-पत्नी स्वर्ग सिधार चुकी होतीं. कम से कम उसे ऐसी ज़िम्मेदारी का अनचाहा बोझ तो नहीं उठाना पड़ता. तब, वह फुर्सत से अपनी अम्मा और पत्नी के लिए रो-धो भी लेता. उस वक़्त, उसका एक-चौथाई मन यह भी कह रहा था कि ‘रघु, चुपके से शहर को रफू-चक्कर हो जा.’
तभी उसके कान खड़े हो गए. कुछ लोग आपस में फुसफुसा रहे थे कि जब रघु ने उन्हें बाढ़ के कहर से बचाया है तो उसे अब इस भूख से भी हमें बचाना होगा—यह उसकी ज़िम्मेदारी है, वर्ना उसे हमें बाढ़ में ही मर-खप जाने देना चाहिए था.’ सो, रघु अब बाढ़—पीड़ितों के भुखमरी का शिकार होने के आसन्न खतरे से भयातंकित हो गया. बहरहाल, ज़िंदादिली तो उसके रग-रग में समाई हुई थी. आख़िर, वह पहलवान धीमन मल्लाह का छोरा है जिसकी फराख़दिली का यह सारा गाँव कायल रहा है! ऐसे में, वह अपनी खुद्दारी से कैसे बाज़ आ सकता था? जिन लोगों को उसने अपनी जान हथेली पर रखकर बाढ़ से बचाया था, उन्हें अब भूख से मरने के लिए बेसहारा कैसे छोड़ सकता है?
तभी एक बुज़ुर्ग उसके पास आकर उसके कान में फुसफुसाया, “रघु, अब सेठ हरिकिशन से ही हमें मदद मिल सकती है. उसके गोदाम में इतना अनाज है कि उससे हम अभागों का छ: महीने तक गुजारा हो सकता है. आख़िर, उसने हम मेहनती किसानों से ही तो यह अनाज खरीदकर अपना भंडार भरा है.”
सेठ ने एक ज्योतिषी के कहने पर महीने-भर पहले ही गाँव के किसानों से सारा अनाज खरीद लिया था, ताकि आपदा के समय उसे महँगे दामों पर बेचकर मोटी कमाई की जा सके. वह कहता था कि इस मानसून में ऐसी बाढ़ आएगी जैसी कि कभी सौ-दो सौ साल पहले आई रही होगी. इस बाढ़ में हमारी क़िस्मत का पिटारा खुल जाएगा…हमारी चाँदी हो जाएगी. अनाज सोना हो जाएगा और उसके बदले में वह शहर जाकर कई किलो सोने के बिस्कुट खरीदेगा. तब, वह बैरवा गाँव का कुबेर कहलाएगा. ठकुराने के ठाकुर और कायथाना के कायथ जमींदार भी उससे आँख मिलाकर बतियाने की हिम्मत नहीं कर सकेंगे.”
सचमुच, उस ज्योतिषी की भविष्यवाणी सौ फीसदी सही साबित हुई. अस्तु, गाँव वाले उसके इस स्वार्थी मिजाज़ पर उसे लालची-कपटी और पता नहीं क्या-क्या उसके मुँह पीछे कहने लगे थे. पर, उस पर कोई असर नहीं पड़ने वाला नहीं था; वह मुस्कराता और अंगोछे से अपना मुँह ढँककर खि-खि-खि-खि हँसता. ऐसी तानाजनी करने वालों को सेठ, गधे से भी ज़्यादा बेवकूफ समझता था. वह कहता, “यह मेरा लालच नहीं, मेरी दूरदर्शिता है. ऐसे मौके बार-बार नहीं आते.”
तभी गाँवभर की चहेती गंगिया देवी अपने साथ कुछ और बुढ़िया औरतों को साथ लेकर सेठ के गेट पर जा धमकी और बेतहाशा चिल्लाने लगी, “सेठ ! थोड़ा अनाज दे दो. हम सभी भूखे हैं. बच्चों से भूख-प्यास बिल्कुल बर्दाश्त नहीं हो रही है.”
सेठ ने सोचा कि अच्छा मौका है; वह अनाज के बदले उनसे उनके बदन पर पड़े सारे गहने-गीठो उतरवा लेगा. वह बाहर आया और बोला, “पैसे लेकर आओ, तभी हम अनाज देंगे.”
गंगिया घिघिया उठी, “हमारा तो सब पैसा-कौड़ी नदी के पेट में समा चुका है. बस, अपनी जान बचा पाए हैं. अभी-अभी तो हमजने बाढ़ से लड़कर उबरे हैं. सब कुछ तो बाढ़ में स्वाहा हो गया…पैसा कहाँ से लाएँ?”
काइयाँ सेठ, बुढ़िया गंगिया की कमर में लटकती सवा सेर की चाँदी की करधनी को देखते हुए लालच से भर उठा. वह अट्टहास करते हुए बोला, “तुम सभी औरतें अपने गहने उतारकर हमारे ओसारे में रख आओ; तब मुझसे अनाज माँगो. मैं अचला देवी की क़सम खाकर कहता हूँ, मैं तुम सभी का तब तक पेट भरता रहूँगा जब तक कि अगली फसल के बाद, तुम्हारा खलिहान फिर से अनाज से नहीं भर जाता.”
गंगिया ने उसे देख, मुँह निपोरा; फिर, वह ऐंठकर बोल पड़ी, “बड़े कुरुच्छ बनिया हो; तनिक भी मोह-माया नहीं है–तेरे दिल में. तेरे बदन में कीड़े पड़ेंगे, कीड़े. हम मेहनतकशों से लूटकर जो तिमहला घर बनाया है ना, वह एक दिन शमशान बन जाएगा. हम बाढ़ से लड़कर नहीं हारे हैं, अब भूख से भी लड़कर जीतेंगे…”
सेठ बुरी तरह चिढ़ गया और एकदम से फट पड़ा, “बाढ़ से लड़कर आई हो तो अब भूख से लड़ो.”
सेठ के दरबान ने फटाक से गेट बंद कर दिया. तब, उस बुढ़िया के साथ-साथ भीड़ भी वापस लौट गई. रघु दूर से यह सब देख रहा था. वह भुनभुनाया, “कमीना सेठ बाढ़ में बरक़त ढूँढ़ रहा है.” तदनंतर, वहाँ मौज़ूद सभी बूढ़े-बच्चे, जवान-किशोर, मर्द-औरत सेठ के लिए भद्दी से भद्दी गालियाँ निकालते हुए और उसे सरापते हुए डीह बाबा की समाधि के इर्द-गिर्द बैठ गए.
रामदीन जो अभी तक रघु के साहस का गुणगान करते हुए नहीं थक रहा था और बाढ़ की भेंट चढ़ चुकी उसकी अम्मा तथा पत्नी की स्मृतियों से उसे दूर ले जाने के लिए बहलाने की कोशिश कर रहा था, अचानक वहाँ अपनी लाठी ठकठकाते हुए आ-खड़ा हुआ और बोल पड़ा, “आज इस दुर्दिन में हमें ग्राम-प्रधान अज़मल ख़ान से मदद की गुहार लगानी होगी.”
रामदीन के इस सुझाव पर सभी ने ग़ौर फरमाया और कुछ लोग उसकी सहमति में एक स्वर में बोल उठे, “चचा रामदीन सही फरमाते हैं. आख़िर हमने अज़मल ख़ान को परधानी का चुनाव जिताने में एड़ी-चोटी की कोशिश की थी.” गंगिया ने कहा, “तुम जने दिन में सितारे देख रहे हो. अज़मल ऐसा इंसान नहीं है. वह सेठ से हजारगुना काइयाँ और चंठ है. उसके आगे मान-मनुहार करना भैंस के आगे बीन बजाने जैसा है….”
तभी सभी ने ग़ौर फरमाया कि जिस ग्राम प्रधान की यह ज़िम्मेदारी बनती थी कि उसे क़ुदरत के इस महाविनाश लीला में गाँववालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राहत और बचाव में उनके साथ खड़ा होना चाहिए था, वह तो दिन में बस एक बार सरकारी अफसरों द्वारा बाढ़ का जायज़ा लेते समय नज़र आया था. उसके बाद ख़ान उस आपद काल में ऐसे ग़ायब था जैसे कि गधे के सिर से सींग.
सेठ हरिकिशन और ग्राम-प्रधान अज़मल ख़ान के कोठीनुमा मकान, गाँव के बाहर उसी टीले पर थे जहाँ रघु मल्लाह ने बाढ़-पीड़ितों को ठहराया था. पर, ख़ान को गाँववालों का उस टीले पर आश्रय लेना बेहद नागवार गुज़रा. उसके गुस्से का तो कोई पारावार ही नहीं रहा. उसने अपने आदमियों को बाढ़-पीड़ितों के पास यह कहला-भेजा कि टीले को तुरत-फुरत खाली करो; वर्ना, उन्हें मार-पीट कर बाढ़ के भुक्खड़ पेट में ही डाल दिया जाएगा. ख़ान के उस तीखे तेवर पर रघु मल्लाह ने, जिसका मनोबल उसके जाँबाज़ हिम्मत के चलते बढ़ा हुआ था, बाढ़-पीड़ितों का धीरज बँधाया कि टीला पंचायत की प्रॉपर्टी है, इसलिए किसी को भी वहाँ से टस-से-मस नहीं कराया जा सकता. जब उसने ख़ान के गुर्गों को डाँट-डपट कर वापस भेज दिया तो ख़ान अपने दल-बल समेत लाठी-बल्लम लेकर आ-धमका और लोगों को बुरी तरह डराने-धमकाने लगा. मामला संगीन होते देख, रघु अपने साथ कुछ पढ़े-लिखे लोगों को लेकर पहले ब्लॉक प्रमुख के पास गया जिसने इस मामले में कुछ कारणों से कुछ भी कार्रवाई करने साफ इंकार कर दिया; फिर उसके बाद वह बीडियो साहब के पास गया तो उन्होंने बताया कि अज़मल ख़ान ने वक़्फ़ बोर्ड की मदद से उस टीले को वक़्फ़ की प्रॉपर्टी घोषित करवा रखा है और इस मामले में कोई शासन-तंत्र भी कुछ कार्रवाई नहीं कर सकता.
इन सब बातों के बावज़ूद, रामदीन के मन में एक ख़्याल आया कि कुछ लोगों को अज़मल ख़ान का दरवाज़ा खटखटाना ही चाहिए. उसने चारो ओर नज़र घुमाई तो कोई भी ऐसा बंदा नहीं दिखा जो उसके साथ अज़मल ख़ान की कोठी तक जा सके. उसे बेहद अचरज हुआ कि अभी तक रघु उसके साथ ही था; फिर, वह कहाँ चला गया? सो, जब वह अकेले ही चल पड़ा तो गंगिया समझ गई कि रामदीन कहाँ जा रहा है. वह बोली, “रम्मू, मैं भी ख़ान के आगे अपना माथा पटकने चलूंगी.”
काफी देर के इंतज़ार के बाद, ख़ान के गेट-कीपर ने दरवाज़ा खोला तो रामदीन ने हाथ जोड़कर और जमीन पर साष्टांग लेटकर ख़ान से विनती की, “परधान जी, आप सबेरे से कहाँ ग़ुम हैं? देखते नहीं कि आपके गाँववालोँ की कितनी दुर्दशा हो गई है? हम सभी अपने घर-द्वार खोने के अलावा अपने कितने अपनों को भी गवाँ चुके हैं. ऐसी मुसीबत में, आप ही हमारे माई-बाप हैं. हमारी जान बचाइए, मदद कीजिए. रामदीन गाँव के दुधमुँहे बच्चों की यह क़सम खाकर कहता है कि अगर आप हमारे लिए राहत और खान-पान का बंदोबस्त करेंगे तो हम आपकी आजीवन ग़ुलामी करेंगे…”
पहले ख़ान कुछ पल सोचता रहा; फिर, बोला, “रामदीन देखते नहीं हो कि चौबीस घंटे से मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा है? हम ब्लॉक प्रमुख से संपर्क साधना चाहते हैं; पर, मोबाइल टुईं-टुईं करके बंद हो जा रहा है. क्या करें? क्या तुमलोग यह सोच रहे हो कि हमें तुम्हारी चिंता नहीं है?”
रामदीन फिर गिड़गिड़ा उठा, “सरकार, ब्लॉक प्रमुख की कोठी तो बस, यहाँ से डेढ़ मील ही दूर है. अगर आप हमारी मदद के लिए एक ख़त उन्हें लिखकर हमें दे दें तो हम अभी के अभी उनके पास दौड़ जाएंगे और उनसे मदद की सिफारिश लगा आएंगे.”
ख़ान ने फिर कुछ क्षण सोच-विचार किया और फिर एक पत्र लिखकर रामदीन को सौंप दिया. पत्र लेकर बूढ़ा रामदीन ऐसे भागा, जैसेकि वह मैरॉथन की दौड़ लगा रहा हो.
वह ढलती शाम रात के आँचल में कुछ ऐसे दुबक जाना चाहती थी जैसेकि किसी भूखे-प्यासे दुधमुँहे बच्चे को अचानक माँ की गोद मिल गई हो और वह उसकी छाती से दूध की आख़िरी बूँद तक चूस लेना चाह रहा हो. कोई चार घंटे के बाद, ब्लॉक प्रमुख के आगे नाक रगड़ कर जब रामदीन हाथ झाड़ता हुआ वापस लौटा तो उसे डीह बाबा का टीला बिल्कुल ख़ाली मिला. वह चिंतित हो उठा—क्या अनिष्ट घटित हुआ है कि यह स्थान श्मशान की तरह भाँय-भाँय कर रहा है! बस्स, चमगादड़ों के कई झुंड इधर-उधर मँडरा रहे हैं. उसने दूर झरबेरी के एक पेड़ के नीचे अपने ही गाँव के कुछ लोगों को घेरकर बैठे हुए देखा. पर, उसे ग्राम-प्रधान ख़ान की कोठी से कुछ आवाज़ें सुनाई दे रही थीं. वह चौकन्ना हो गया. क्या सभी गाँववालों को ख़ान ने अपने घर में आश्रय दे दिया है? अरे, यह तो उतना ही आश्चर्यजनक है, जितना कि केंचुए के सिर पर उसकी आँखें देखना! वह भागकर वहाँ पहुँचा और देखा कि ख़ान अपने बड़े-से दालान में सभी बाढ़-पीड़ितों को बैठाकर नमाज़ पढ़ा रहा है और दालान से बाहर के क्षेत्र में बड़ी-बड़ी कढ़ाइयों और भगौनों में कुछ पकाया जा रहा है.
रामदीन को गेट पर खड़े देख, ख़ान ने उसे इशारे से बुलाया, “आओ, रामदीन! तुम भी इन नमाज़ियों में शामिल हो जाओ. आज का दिन कितना बढ़िया है कि बैरवा गाँव के कोई डेढ़ सौ लोग एक-साथ ख़ुद पर ईमान ला रहे हैं. अल्लाह के इन नेक बंदों ने हिंदू धर्म की गलीच गलियों में भटकने से तौबा करके आज सच की राह पर चलना कुबूल कर लिया है…”
रामदीन को सारी बात समझने में देर नहीं लगी. उसकी ग़ैर-मौज़ूदग़ी में ख़ान ने सारे गाँववालों को खाने की चंद रोटियों का लालच देकर उनका सामूहिक धर्मांतरण करवाया है. वह वहाँ ज़्यादा देर तक खड़ा रहना बर्दाश्त नहीं कर सका. उसके दिमाग़ में कुछ अचानक विचार आया. फिर, वह झरबेरी के पेड़ के नीचे बैठे हुए लोगों की तरफ भागा. उसने वहाँ जाकर देखा कि रघु के शरीर के चारो ओर कुछ लोग बैठे हुए हैं. उनसे पूछने पर पता चला कि ख़ान की साज़िश का विरोध करने पर उसके गुर्गों ने रघु की हत्या कर दी है. यह सब देख-सुनकर उसे लगा कि जैसे उसका सारा बदन काठ बन गया है और सारा खून जम गया है. उसने रघु के लिए शोक मना रहे लोगों से पूछा कि उसकी लुगाई जमुनी कहाँ है तो बताया गया कि वह भी ख़ान की नमाज़ियों में शामिल है.
जब रामदीन को खड़े-खड़े होश आया तो वह नदी की तरफ तेजी से भागा. रघु के लिए शोक मना रहे लोगों ने उसे दौड़कर पकड़ने की पूरी कोशिश की; लेकिन, वह पकड़ में नहीं आ सका.
उन लोगों ने कई दिनों तक उसे कहाँ-कहाँ नहीं ढूँढ़ा? पर, वह कहीं नज़र नहीं आया. बाढ़ का पानी उतर जाने के बाद भी उसके निशान ढूँढ़ने के सारे भगीरथी प्रयत्न विफल रहे हैं.
***
- डॉ. मनोज मोक्षेन्द्र
कविता, व्यंग्य, नाटक एवं कहानी सहित विभिन्न विधाओं में लेखन दो दर्जन से अधिक पुस्तकें प्रकाशित, कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित
सम्प्रति: साहित्य-लेखन एवं सामाजिक कार्य
(भारतीय संसद के पूर्व संयुक्त निदेशक)
मोबाइल नं० 9910360249;
ई-मेल: [email protected]

मोक्षेन्द्र जी नमस्कार
कहानी की कथावस्तु अनोखी है ।दुखांत होते हुए भी शिल्प व्यंग और दर्द तथा यथार्थ चित्रण से परिपूर्ण है । सहज शब्दावली में कही गई बात मन और विचारों तक पहुँचती है।
DrPrabha mishra