पार्टी खत्म होते रात के बारह और घर पहुँचते लगभग एक बज गए थे। तन और मन दोनों बुरी तरह थक चुके थे। महीने भर से तैयारी मे लगे थके तन को तो आराम करके ठीक किया जा सकता था लेकिन मन ? मन को ठीक करना भला कैसे संभव था ।
रितिक ने जैसे ही बाथरूम के बाहर लगे स्विच को ऑन किया, रचना की भाभी ने पीछे से जाकर नए नाइट सूट का पैकेट थमा दिया था, ‘जीजा जी आज तो यही पहनना है।’ ना चाहते हुए भी एक कृत्रिम मुस्कान रितिक के चेहरे पर फैल गई थी। रचना खुद भी सिल्क की नई नाइटी गाउन में तैयार हो गई थी। फोटोग्राफर ने आकर अलग-अलग एंगल से कुछ तस्वीरें भी ले ली थी। सभी के कमरे से निकलते ही रितिक करवट बदलकर सो गए थे। कमरा हल्की मद्धिम रोशनी मे मोगरे की खुशबू से महमहा रहा था। सब कुछ तो सही था, पर ऐसा क्या था जो उनके बीच नहीं था।
बेड के सिरहाने पीठ टिकाए रचना यादों के भँवर में घूमने लगी। उसे याद आई उसकी पहली सुहागरात, जब कुछ ना होते हुए भी सब कुछ था। उन दोनों के बीच उमड़े भाव और जज्बात के समंदर ने सब कुछ भर कर रख दिया था। कुछ भी कहाँ बाकी रह गया था। सुहागरात की सफलता तो यही है कि एक दूसरे को समझ उन्हें मान- सम्मान और प्यार दें। एक दूसरे की भावनाओं को समझते हुए जीवन भर की कसमें खाएँ और हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो जाएँ। बहुत आसान होता है कसमें खाना और वादे करना पर उनको निभाना सबसे मुश्किल। वह भी कहाँ निभा पाई थी ? बगल में सोए रितिक के खर्राटों ने उसकी सोच में खलल डाल दिया था। उसने उस ओर नजर डाली। उसके नाक, मुँह और पेट एक-दूसरे के साथ जुगलबंदी कर रहे थे। किस तरह मुँह और पेट भी नाक का लगातार साथ दे रहे थे। साथ देना उतना मुश्किल भी नहीं होता लेकिन वह क्या साथ दे पाई थी रितिक का। उसे दोनों बच्चों के निराश चेहरे याद आने लगे। पूरे आयोजन में कैसी कृत्रिम मुस्कराहट उन दोनों ने भी ओढ़ रखी थी। इतना बड़ा आयोजन लेकिन तीनों में से किसी के चेहरे पर भी प्राकृतिक मुस्कान कहाँ थी ? उसके एक जिद और दिखावे ने सभी को मझधार में डाल दिया था, कोई भला खुश कैसे रह सकता था।
कहते हैं औरत चाहे तो घर को स्वर्ग बन सकती है और अगर चाहे तो उसे नर्क में भी तब्दील कर सकती है। तो क्या उसने अपने घर को नर्क बनाने की ठान ली थी। बिल्कुल नहीं, उसने तो बस अपने एक सपने को सच करने की जुर्रत की थी। जुर्रत ही तो थी, समय और परिस्थितियाँ उसकी अनुमति ही कहाँ दे रहीं थीं। लेकिन वह…वह तो दिखावे की ऐसी दुनिया से जुड़ गई थी जहाँ उसे सिर्फ अपने कद की चिन्ता थी। उसे कहाँ पता था कि बाहरी लोगों के बीच अपना कद ऊँचा करने की चिन्ता ने घर वालों की नजरों में उसे बौना कर दिया था। उसे रामायण से महाभारत काल तक न जाने कितने पात्रों की याद आ गई थी। कैकयी, मंथरा, सूर्पनखा और ना जाने कौन-कौन ? अगर वे नहीं होती तो हमें सीख कैसे मिलती। तो क्या वह भी अपने घर की खलनायिका है जिसने अपने घर को तोड़ कर रख दिया, बर्बाद करके रख दिया।
उसने कैकयी की जगह खुद को रख कर देखा पर खुद की नजरों में ही गिरा हुआ पाया। कैकयी ने तो अपने बेटे को राजा बनाने के लिए सारे स्वाँग रचे थे, उसमें उसका अपना कोई स्वार्थ नहीं था लेकिन वह….उसने तो अपने बच्चों के लिए भी नहीं सोंचा। कितनी स्वार्थी निकली वह। अपने बच्चों के भविष्य को भी दाँव पर लगा दिया था उसने।
उसे वह मनहूस दिन याद आया जब उसने अपनी पच्चीसवीं सालगिरह धूमधाम से मनाने का प्रस्ताव घर में रखा था। सभी ने उसके इस प्रस्ताव को एक स्वर से अस्वीकार कर दिया था। बच्चों के भविष्य निर्माण का समय था वह। बारहवीं की परीक्षाएँ सर पर थी, साथ ही प्रतिस्पर्धी परीक्षाएँ भी। नया कुछ करने का मतलब था पढ़ाई का बड़ा नुकसान। पिछले वर्षों में अम्माजी के कैंसर होने पर खर्च बहुत आया था जिससे फंड भी खाली हो गया था और अम्माजी भी चल बसी। और अब तो बच्चों के असली खर्चों का समय है। अगर इंजीनियरिंग में अच्छे रैंक आए और सरकारी कॉलेज में एडमिशन मिल गया तो बहुत बढ़िया लेकिन इसकी कोई गारंटी भी तो नहीं। माना मिल भी गया, उसके बावजूद भी तो बहुत सारे खर्चे होते ही हैं। और अगर सरकारी में एडमिशन ना मिल पाए तो ? निजी कॉलेजों के रेट के आगे खर्च सँभालना मुश्किल होता है। पिछले वर्ष मिश्रा जी बता रहे थे कि उनके बेटे की पढ़ाई में तीस लाख रुपए लग गए। माना कि लोन पर ही पढ़ेंगे लेकिन लोन भी आखिर कितना ? कम से कम हॉस्टल चार्ज और अन्य ख़र्चे तो उसे देने ही चाहिए। और लोन भी इतना नहीं होना चाहिए कि उसे चुकाने में बच्चो का पूरा जीवन ही निकल जाए। मध्यमवर्गीय परिवार की यही तो मुश्किल है, कोशिशों के बावजूद भी चादर से पाँव बाहर निकल ही जाते हैं। पर वह कहाँ मानने वाली थी। पूरी सोसाइटी के बीच इज्ज़त का सवाल जो था। साथ ही, उसके बहुत दिनों का अरमान भी। शादी घर वालों की मर्जी के बगैर भाग कर की थी सो कोई बाहरी चमक-धमक नहीं थी। विवाह करके उस कमरे में पहुँची जहाँ रितिक पहले से रह रहा था। यही उसकी ससुराल थी जिसे देखकर उसका मन बड़ा भारी हो गया था। कमरे से अलग एक बाथरूम और एक रसोई। कमरे में भी कोई व्यवस्था नहीं थी। फूलों से सजे कमरे में सुहागरात की कल्पना पल भर मे ही धराशायी हो गई थी। पच्चीस वर्षों से दिल में चुभते यही शूल उसे पच्चीसवीं सालगिरह मनाने का न्योता दे रहे थे। फिर सोसाइटी में अपनी नाक भी तो ऊँची रखनी थी। कोई अनोखी बात तो नहीं कर दी उसने। सभी तो मनाते हैं पच्चीसवीं सालगिरह। दो वर्ष पूर्व उसकी प्रिय सखी सोनिया ने भी तो पच्चीसवीं सालगिरह मनाई थी। उसे भी बुलाया था, लेकिन अम्माजी की बीमारी की वजह से वह जा नहीं पाई थी पर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टा में लगी तस्वीरें बता रही थी कि कितना शानदार आयोजन था। एक-एक मौके की गवाही देती तस्वीरों से उसका स्टेटस भरा हुआ था। मेहंदी, हल्दी, संगीत के साथ ही जय माल और शादी की भी, यहाँ तक कि सुहागरात के कमरे की सजी-धजी तस्वीर उसने सखियों के पर्सनल चैट पर भेजी थी। सोसाइटी और दोस्तों में भी दो-तीन लोगों की पच्चीसवीं सालगिरह इसी वर्ष मनायी गई थी जिसमें सभी ने खूब एंजॉय किया था। कुछ लोगों के पचासवीं सालगिरह के आयोजन में भी वह शामिल हुई थी जिसमे उनके बच्चे, नाती पोतों ने आयोजन को यादगार बना दिया था।ऐसे किसी भी आयोजन से वह आती तो दो-चार दिन उसी में खोई रहती और अपनी पच्चीसवीं सालगिरह मनाने के सपने देखती। चार-पाँच महीने बाद उसकी पड़ोसन शिखा की भी तो पच्चीसवीं सालगिरह है और उसने भव्य आयोजन करने की बात भी की है। ऐसे में वह अगर ना मनाये तो सोसाइटी के लोग उसे नीची दृष्टि से देखेंगे। उसने एक-एक कर सारे अस्त्रों का प्रयोग करके देख लिया था, पर परिस्थितियाँ ऐसी थीं कि घर मे कोई मानने को तैयार ही नहीं था। आखिर में, ब्रम्हास्त्र चला ही दिया था उसने।
“ठीक है, जब इस घर में मेरी कोई कद्र नहीं तो मैं अब यहाँ नहीं रहूँगी। तुम लोगों ने तो मेरी हैसियत ही बता दी। मेरी ही गलती है, मैंने इस घर परिवार को अपना समझकर अपना पूरा जीवन सौंप दिया पर तुम सभी तो गैर निकले। पर अब मैं गैरों को अपना समय नहीं दूँगी। मैं जा रही हूँ घर से और फिर कभी लौटकर नही आऊंगी” बोलते हुए उसके नथुने फड़कने लगे। उसने बैग निकाला और अलमारी से कपड़े निकाल कर उसमें रखने लगी।
“पर मम्मा, तीसवीं, पैंतीसवीं, चालीसवीं सालगिरह में भी तो सारे शौक पूरे किए जा सकते हैं, पच्चीसवीं ही क्यों ? यह साल हमारे फ्यूचर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। एक-एक मिनट का महत्व है हमारे लिए। अगर इस साल परिणाम ठीक नहीं आए तो हम मुश्किल में पड़ जाएंगे” बच्चों ने अपनी बात रखी।
” ना ना आगे किसने देखा है। हो सकता है मैं ही ना रहूँ। मनाऊंगी तो पच्चीसवीं सालगिरह ही वरना मेरा इस घर से कोई रिश्ता नहीं। मैं जा रही हूँ।”
बच्चों ने जब यह देखा तो उनके होश ठिकाने आ गए। उन्होंने बहुत समझाने की कोशिश की पर वह इतनी आसानी से कहाँ मानने वाली थी। अंत मे रितिक को उसकी बात माननी पडी और बेमन से ही सही, पच्चीसवीं सालगिरह के आयोजन की तैयारी होने लगी।
मेहमानों, व्यंजनों के संग-संग शौपिंग की भी सूची तैयार होने लगी। मेहंदी, हल्दी, जयमाल जैसे कार्यक्रम के लिए सभी के अलग-अलग कपड़े, एक्सेसरीज आदि। कितना भी कम करने की कोशिश करते, बजट बढ़ता ही जाता था। रितिक को बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी थी। आयोजन की तैयारी ने उनकी परीक्षाओं की तैयारी को भी बाधित कर दिया था।
इन पच्चीस वर्षों में दोनों के घर वाले भी नाराजगी छोड़ आना-जाना करने लगे थे। साथ ही आयोजन की बात सुन वे तरह-तरह के टिप्स भी देने लगे थे।
“जिज्जी, प्रोफेशनल डांसर से ही डांस सीखना और अभ्यास भी अच्छी तरह कर लेना। हर गाने के मात्र पाँच हजार ही लेंगे।” भाभी ने अपनी राय दी थी।
“ओह, पाँच हजार…तो कितने गाने सीखने की जरूरत होगी”
“एक तो आप जीजाजी को इंडिकेट करके गायेंगी। एक जीजाजी आपको इंडिकेट करके गायेंगे और एक बच्चों को आप दोनों के लिए गाना होगा। तीन गाने तो कम से कम प्रोफेशनल से सीखने की जरूरत है ही वरना पूरा आयोजन बेकार सा लगेगा। आजकल प्रोफेशनल डांसर से सीखे बिना कोई मजा नहीं आता।” भाभी ने गंभीर होते हुए कहा।
“डांस हम यूँ ही कर लेंगे। उसके लिए सीखने और अभ्यास करने की जरूरत नहीं है।” बच्चों के मुँह से रचना ने यह बात सुनी तो उसका पारा चढ़ गया।
” ओह, यह कैसे बच्चे हैं जिन्हे हमारी खुशी भी बर्दाश्त नहीं।” वह रोने लग गई थी।
अंत में बच्चों को उसकी बात माननी ही पड़ी। पढ़ाई का बहुत नुकसान हुआ।
“दीदी, मेहंदी तो दुल्हन की तरह पूरे हाथ-पाँव भर-भर कर लगवाना। मैं एक मेहंदी वाली को जानती हूं मेरे रेफरेंस से वे बीस प्रतिशत का डिस्काउंट भी दे देंगे।” रचना की बहन ने सलाह दी थी।
किस तरह आयोजन की तैयारी बेहतर से बेहतर हो, उस पर सभी रिश्तेदारों ने अपने महंगे सुझाव दे डाले थे जो रितिक की हल्की जेब पर भारी पड़ रहे थे। पर मरता क्या नहीं करता, बीच का कोई रास्ता भी तो नहीं था। हालात देख उसका तनाव बढ़ता जा रहा था। इधर अपने सपने को पूरा होता देख रचना खुशी से फूले न समा रही थी।
उस दिन रितिक जब डांस का अभ्यास कर रहे थे तो डांस टीचर ने उन्हें टोक दिया था, “यह कैसा डांस कर रहे हैं आप, चेहरे में जरा भी भाव नहीं। मुख पर भाव और नजाकत तो होने ही चाहिए। पच्चीस सालों का साथ है आपका। यह नजरों में तो आना ही चाहिए।”
रितिक चुप हो गए। कुछ कह कर वह बात को बढ़ाना नहीं चाहते थे। वह जानती थी रितिक खुश नहीं है, बच्चे भी नाखुश हैं इसके बावजूद उसने सिर्फ अपनी खुशी के लिए सब की इच्छा के विरुद्ध यह कदम उठाया था। अब रचना को यह सोचकर बहुत तकलीफ हो रही थी कि उसके इस फैसले पर सिर्फ वही खुश थी, रितिक और बच्चे तो दुखी ही थे। उसने पूरे कमरे मे नजर घुमायी। सजे-सजाए मोगरे के फूल मानो उसे मुँह चिढ़ा रहे थे। वह जीत कर भी हार गई थी…खुद से, अपने अपनों से।
कुछ दिनों बाद किट्टी के मौके पर सखियों से मिली तो सभी ने उस आयोजन की जमकर तारीफ की। पर उसे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा था। किस शर्त पर यह तारीफ उसने बटोरी थी, यह सिर्फ वही समझ सकती थी।
आयोजन की समाप्ति के बाद बच्चों ने चैन की साँस ली और परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए। उनकी पढ़ाई का बहुत बड़ा नुकसान हो चुका था। बच्चों की परीक्षाओं के बाद वह थोड़े दिन छुट्टियाँ मनाने मायके चली गई। वहाँ से लौट कर आई तो बच्चों की परीक्षाओं के परिणाम आ चुके थे। बच्चों का सेलेक्शन किसी भी सरकारी कॉलेज में नहीं हो पाया था और इसके लिए वह खुद को गुनहगार मान रही थी। रितिक भी बहुत तनाव में दिखे। निजी कॉलेजों के बढ़ते फीस को लेकर वे सोंच विचार में लगे हुए थे कि किस कॉलेज में एडमिशन दिलाया जाए जिसमे खर्च कम से कम पड़े।
उस दिन वह मार्केट से सब्जियाँ लेकर लौट रही थी तो रस्ते मे उसकी पड़ोसन शिखा मिल गई। रचना ने टोक दिया, “तुम्हारे विवाह की पच्चीसवीं सालगिरह की तैयारी कैसी चल रही है ?”
“मुझे उम्मीद नहीं दिख रही कि मैं पच्चीसवीं सालगिरह धूम धाम से मना भी पाऊँगी।” शिखा ने उदास होते हुए कहा
“अरे, क्यों भई, क्या हो गया ? क्यों नहीं मनाओगी ?”
“क्योंकि उससे भी ज्यादा जरूरी काम आ गए हैं”
“उससे भी ज्यादा जरूरी ? कौन सा काम।”
“दरअसल ननद की बिटिया की शादी तय हो गई है। उसे पूरा करना है। साथ ही, जेठ के बेटे का नया बिजनेस शुरू करवाना है। उसकी दुकान जलकर खाक हो गई है।”
” अरे यह क्या बात हुई। तुम्हारी पच्चीसवीं सालगिरह फिर कभी आएगी क्या ? ऐसे काम तो हर दिन लगे ही रहते हैं। अपने सुख की तिलांजलि देकर दूसरों का काम करते रहना भला कहाँ की समझदारी है।” रचना ने क्रोधित होते हुए कहा।
“अरे, सालगिरह का क्या है, तीसवीं, चालीसवीं कोई भी मना लेंगे धूमधाम से, वह दिखावा ही तो है। मैं चाहती हूँ कि पच्चीसवीं सालगिरह मैं अपने पति को खुशियाँ देकर मनाऊँ। अभी उनके परिवार के साथ मेरा खड़ा होना ही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी का कारण होगा। उन्हें खुश करने का यह मौका मैं किसी भी हाल में गँवा नहीं सकती” खुश होते हुए शिखा ने कहा।
“ओह, कितनी दीन थी वह, अपनी बातों से, विचारों से, सोंच से।” उसके मस्तिष्क में सहसा यह ख्याल आया। आज अपनी ही नजरों में उसका कद और भी छोटा हो गया था
शालिनी खन्ना
दिल्ली, सम्पर्क : 9470385527
