‘कटहल’ फिल्म की कुल अवधि दो घंटे से भी कम है। इतने कम समय में जातिवाद-मर्दवाद जैसी तमाम बातों पर समाज-सुधार का संदेश देने के फेर में यह फिल्म अपने उस मूल मर्म से कट जाती है, जो कटहल चोरी के साथ जुड़ा होता है। परिणामतः जिस फिल्म में एक यादगार राजनीतिक कटाक्ष बनने की क्षमता थी, वो साधारण-सी टाइमपास फिल्म बनकर रह जाती है। बात वही है कि फिल्म निर्माताओं के पास कटहल का फल यानी मूल कांसेप्ट तो बढ़िया था, लेकिन अनावश्यक मसालों की छौंक ने सब्जी को बेकार करके रख दिया है। अंततः ये कटहल न ढंग का स्वाद देती है, न सेहत को ही इससे कोई लाभ है।
जब हम कोई सब्जी बनाते हैं, तो यह बात पहले ही हमारे दिमाग में होती है कि सब्जी की प्रकृति के अनुरूप कौन-सा मसाला कितना डालना है और कौन-से मसालों को नहीं डालना है। मसालों के सुचिंतित और संतुलित प्रयोग से ही कोई भी सब्जी स्वादिष्ट बनती है। लेकिन जब कोई नौसिखुआ हलवाई सब्जी बनाने बैठता है, तो उसके दिमाग में होता है कि जितने अधिक मसाले पड़ेंगे, सब्जी उतनी ही बढ़िया बनेगी। वो तरह-तरह के मसाले झोंककर डालता है। परिणामतः स्वाद और सेहत दोनों के लिए सब्जी बेकार साबित होती है। नेटफ्लिक्स पर आई यशोवर्धन मिश्रा की ‘कटहल : ए जैकफ्रूट मिस्ट्री’ के साथ भी यही हुआ है।
यह फिल्म जिस विषय के साथ जैसी शुरुआत लेती है, वो प्रभावित करता है। हम कभी पुलिस को नेताजी की भैंस खोजते देख चुके हैं, अतः फिल्म में विधायकजी के कटहल चोरी पर पुलिस की सक्रियता देखकर व्यंग्य की मारकता ही महसूस होती है, आश्चर्य नहीं होता। कटहल के प्रति विधायकजी के लगाव में राजनीतिक संभावना को जिस तरह शामिल किया गया है, वो सटीक लगता है। कटहल चोरी की घटना की प्रारंभिक जांच में जुटी पुलिस की गतिविधियाँ भी मजेदार बन पड़ी हैं।
यहाँ तक यह फिल्म एक राजनीतिक कटाक्ष की श्रेणी में जाती नजर आती है। लगता है कि यह कटहल की मिस्ट्री धीरे-धीरे किसी बड़े राजनीतिक ड्रामे का रूप लेगी जिसका क्लाइमेक्स दमदार होगा। लेकिन लगभग आधा घंटा बीतते-बीतते आपको समझ आने लगता है कि यह फिल्म तो किसी और ही दिशा में जा रही है। कटहल की जांच अपहरण की जांच में बदल जाती है और इसी क्रम में आप देखते हैं कि कभी यह फिल्म बड़े ही टिपिकल तरीके से जातिवाद की समस्या को उठाने लगती है, तो कभी उसी अंदाज में मर्दवाद पर चोट करने लग जाती है। और तो और, कामकाजी जीवन में पुरुष अहं को रेखांकित करने की कोशिश करने से भी यह फिल्म नहीं चूकती।



यह फिल्म देखने के लिए सोचा था लेकिन आपकी बेबाक समीक्षा से फिल्म की वस्तुस्थिति का भान हो गया है ।
सटीक जानकारी देती फिल्म समीक्षा