Wednesday, February 11, 2026
होमलघुकथाशिल्पा सोनटक्के की लघुकथा - तीसरा हिस्सा

शिल्पा सोनटक्के की लघुकथा – तीसरा हिस्सा

काफी दिनों से घर में वातावरण थोड़ा खिंचा-खिंचा था । नलिनी जब भी मायके आती तो पहले भाई- भाभी उससे बहुत प्यार से मिलते थे, सब साथ बैठकर बातें करते थे, साथ में खाना खाते थे, सबमें हंसी मजाक चलता था, भाभियां भी बड़ा लाड करतीं थीं । 
मगर पिछली बार जब वह आई तब से उसने बदलाव महसूस किया था ।
इस बार जब वह मायके आने को निकल रही थी तो वह तय करके निकली थी कि वह इस बारे में मां से बात करेगी । जब उसने मां से बात छेड़ी तो मां मुस्कुराकर रह गईं । .उसी रात पिताजी ने सबको अपने कमरे में बुलाया और एक लिफाफे में से एक मियादी जमा रसीद निकालकर सबको बतलाई और बेटों और बहुओं की तरफ देखकर कहा, भाई तुम लोग यही सोचकर नाराज़ थे ना कि मैने  उसमें तीसरा हिस्सा  नलिनी को क्यों दिया ? तुम लोग ये नहीं जानते कि नलिनी ने क्या किया ? उसने हम दोनों के नाम से, बुढ़ापे की जरूरतों के लिए एक एफ.डी. बनवाई और बाकी की रकम तुम दोनों के बेटों के नाम कर दी । मां के गहने दोनों भाभियों को देने के लिए वकील से कागजात बनवाकर हस्ताक्षर कर दिए” ।
फिर नलिनी के सर पर हाथ रखते हुए बोले “मुझे अपनी बिटिया की समझदारी पर नाज़ है”, नलिनी हंसते हुए बोली, “भैया इतनी आसानी से मैं अपना घर नहीं छोड़ने वाली, जब जी चाहेगा आ धमकूँगी, मां पापा और आप लोगों का दुलार ही मेरी सच्ची पूंजी है । इसे मैं नहीं गंवा सकती.” 
अचानक वातावरण में मां-पापा की हंसी गूंज उठी । नलिनी ने भाभियों को गले लगा लिया, और भाइयों के चेहरे पर हंसी के साथ साथ शर्मिंदगी की लाली भी झलकने लगी ।
तभी पापा ने घोषणा की  आज तो इस खुशी के मौके को हम खुशियों के साथ मनाएंगे, हम सब बाहर खाना खाने जाएंगे.”….  वातावरण एकदम खुशगवार हो गया ।
शिल्पा सोनटके
शिल्पा सोनटके
शिल्पा सोनटके के 6 हिन्दी उर्दू मिश्रित काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं. साझा संग्रहों में रचनाएं प्रकाशितहैं. कई पुस्तकों का अनुवाद कार्य भी आपने किया है. डिस्कवरी चैनल के कथाशों का अनुवाद भी किया है. साहित्य सरस्वती सम्मान, महादेवी वर्मा साहित्य रत्न सम्मान आदि अनेक सम्मानों से सम्मानित. संपर्क - [email protected]
RELATED ARTICLES

1 टिप्पणी

  1. बहुत सुन्दर लघुकथा शिल्पा जी। समझदारी परिवार को बांधकर रखती है। बधाई आपको।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest