Friday, April 17, 2026

जोगी

जोगी

द्वारे आता था एक जोगी
भस्म ललाट से लेकर
पूरे तन पर लगाये हुए
आँखों मे तेज़ ब्रह्म का
होंठो पे मुस्कान निश्छल
आते ही पुकार लगाता
अलख निरंजन
द्वारे जोगी आया माई
मुट्ठी में जो आये डाल दे झोली में
एक मुट्ठी में संतुष्ट होकर
चला भी जाता वो

एक रोज जाने क्या सूझी मुझे
जो दौड़ पड़ी
आज मुट्ठी मुट्ठी झोली भर दूँ जोगी?
निश्छल मुस्कान संग जोगी ने कहा
हम मुट्ठी नहीं नापते माई
श्रद्धा से जो आये दे जा

एक मुट्ठी गेंहू लेकर दौड़ी
कुछ राह में गिरे,कुछ झोली में
उसने मुस्कुरा कर कहा
“जा बच्चा”
तुझे भी मिले तेरा जोगी
वर्षो बीते गए
न आया फ़िर वो कभी नज़र

तुम आये भस्म   रंग का शर्ट पहने
उसी मुस्कान संग द्वार खड़े
लेकिन ये जोगी थोड़ा अलग है
ये चिमटा घुमा कर अलख न जगाता
ये नज़र घुमा कर मन सुलगाता है
सब जानते सब बूझते कि
न चल सकती उस जोगी संग दो क़दम भी
मन मिलों की यात्रा कर आता है
जब महकने लगता है
मन के ऊसर में महुवे सा कुछ
उस पल जोगी शरमा भी जाता है

महकते चहकते इस जोगी संग
मन बाउल गीत जाने क्यों गाता है।

आशा पाण्डेय तस्लीम, कोलकाता 

[email protected]

 

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest