(1)
अब अपनी सहूलत के सिवा कुछ भी नहीं है
दिन-रात ही फ़ुर्सत के सिवा कुछ भी नहीं है।
कैसे भी हों हालात रहे साथ में परिवार
फिर दुनिया में जन्नत के सिवा कुछ भी नहीं है।
चींटीं की तरह गिरती संभलती जो चली मैं
ये मेरी मशक़्क़त के सिवा कुछ भी नहीं है।
दीवारें खिंचीं रहती हों जिस घर में तो वो घर
बस एक इमारत के सिवा कुछ भी नहीं है।
जो हाथ में आये हैं ये कुछ रोटी के पैसे
दिन भर की कवायत के सिवा कुछ भी नहीं है।
इमदाद की छोटी सी ये तेरे लिए सौगात
अदना सी मुरव्वत के सिवा कुछ भी नहीं है।
मॉं ने कहा जो कुछ है न इतना बुरा तू मान
इक अच्छी नसीहत के सिवा कुछ भी नहीं है।
गर नेकियों की राह पे कुछ दूर चली हूं
इक शख़्स की संगत के सिवा कुछ भी नहीं है।
अश’आर मेरे देते हैं दस्तक जो दिलों पर
वो उसकी इबारत के सिवा कुछ भी नहीं है।
कहते तो यही आये सभी धर्म औ मज़हब
दुनिया में मुहब्बत के सिवा कुछ भी नहीं है।
बिन चाय मेरी सुबह न हो, है नहीं ऐसा
बस ये मेरी आदत के सिवा कुछ भी नहीं है।
(2)
कभी न सड़कों पे तुम देवी-देवता रखना
उन्हें तो अपने ही दिल में सदा बसा रखना।
न खोना भीड़ में दुनिया की चाहे कुछ भी हो
नज़र में अपनी सदा अपना तुम पता रखना।
किसी के सामने इनको बहाना तुम न कभी
जो आयें ऑंख में आंसू इन्हें छुपा रखना।
अनेक रंग हैं मौसम के छोड़ जाते निशां
तू अपने पास मगर ख़ुशनुमा फ़ज़ा रखना।
ग़लत है कौन, सही कौन, छोड़ दो रब पे
सभी के वास्ते होंठों पे तुम दुआ रखना।
बड़ा ही अच्छा लगा आपसे हमें भी मिल
हम आपके हैं पड़ोसी तो राब्ता रखना।
कहा तो जा चुका है सब, हैं सब वही बातें
तो है ज़रूरी कहन में ही कुछ नया रखना।
(3)
सबका होना एक तरफ़ और उससे बिछड़ना एक तरफ़
एक तरफ़ दुनिया का मेला, होना तन्हा एक तरफ़।
घर है मां का एक तरफ़ और घर है पिय का एक तरफ़
दो ऑंगन के बीच बसायी अपनी दुनिया एक तरफ़।
पैसे कम थे, छोटे घर थे, मिलकर रहना एक तरफ़
आज बड़े घर, पैसे ज़्यादा, अपना कमरा एक तरफ़।
ख़ूब सुकूं से रहते बच्चे लाड़ प्यार में दोनों के
दादी-दादा एक तरफ़ और नानी-नाना एक तरफ़।
पढ़ने में था ख़ूब मज़ा जब पास में अपने होते थे
काग़ज़ पेंसिल एक तरफ़ और पाटी खड़िया एक तरफ़।
ख़ूब मचाते धमा- चौकड़ी वो भी दिन थे क्या दिन थे
दादी-बाबा के किस्से थे और मुहल्ला एक तरफ़।
यारी क्या होती है हमने सीखा इन दो पात्रों से
द्वारकाधीश हैं एक तरफ़ और सुदामा एक तरफ़।
दुनिया की हर नेमत से बढ़ कर प्यारी है ये मुझको
सारी दौलत एक तरफ़ और साथ है मॉं का एक तरफ़।
पूरा करना मेरा जुनूं है उसने देखा जो सपना
अपने सपने एक तरफ़ और उसका सपना एक तरफ़।
अपनी अना से समझौता था हमको भी स्वीकार नहीं
सुविधाएं थीं एक तरफ़ और स्वाभिमान था एक तरफ़।
इस जीवन की यात्रा में रोमांच बड़ा था पग-पग में
राह के कांटे एक तरफ़ और मंज़िल पाना एक तरफ़।
एक कोख़ से जाया लेकिन तुमने मॉं क्यों भेद किया
घर की बेटी एक तरफ़ और घर का बेटा एक तरफ़।
दौर-ए-हाज़िर में लोगों ने ख़ूब मुखौटे ओढ़े हैं
रावण भीतर एक तरफ़, साधू का चोला एक तरफ़।
कुर्सी पर बैठे लोगों ने जाल बिछाया है ऐसा
मीठी बातें एक तरफ़, नफ़रत का चश्मा एक तरफ़।
(4)
दुल्हन के रूप में सजी है जैसे चॉंदनी
अम्बर के तारों से सजी है उसकी ओढ़नी।
अपनी कलम से रच दिया क़ुदरत ने क्या ही क्या
ये पेड़, फूल, झील, नदी उसकी लेखनी।
दिल में रहेगा वो ही मेरे, वादा था किया
जब तक भी चल रही है ये सांसों की धोकनी।
मंज़ूर थी नहीं मुझे उसकी हरेक शर्त
अब ज़िंदगी औ बीच मेरे है तनातनी।
भारी पड़ा ज़मीर का भी जागना उसे
जीने को अब ज़मीर की है कब्र खोदनी।
अब जैसे पढ़ना लिखना तो बेकार सब हुआ
बस सीख रील कैसे बने ख़ूब मोहनी।
होगा सफल तभी तू सियासत में जान ले
सच बोलने की तुमको ये आदत है छोड़नी।
खुशियों की उसके चेहरे पे कोई झलक नहीं
जब देखो उसकी भौंहें तभी रहतीं हैं तनी।
बर्ताव उसका ग़ैर से अच्छा हो किस तरह
अपनों से भी तो जिसकी कभी भी नहीं बनी।
नफ़रत की पौध बो रहे हैं वो जहॉं जहॉं
हमको वहॉं पे प्यार की है पौध रोपनी।
(5)
कब मिला है वो ख़ुशनुमा हो के
जब मिला है तो ग़मज़दा हो के।
अपने बारे में सब लगेगा पता
ख़ुद को देखो तो आईना हो के।
ख़ुशबुएं साथ-साथ चलतीं हैं
हमने देखा है जब हवा हो के।
जैसे पा ली है हर ख़ुशी मैंने
बेसहारों का आसरा हो के।
पा नहीं सकते ज़िंदगी में कुछ
गर सिमट जाओ दायरा हो के।
ये हैं संघर्ष जीस्त के मेरे
हैं जो पांवों में आबला हो के।
पत्ता पीला पुराना टूटा है
कोई पत्ता खिला नया हो के।
साथ उनके बिताये जो लम्हे
छा रहे दिल पे वो घटा हो के।
साथ जीना है साथ मरना है
क्या मिलेगा हमें ख़फ़ा हो के।
पद की गरिमा का कुछ तो ध्यान रखो
ओछी बातें हैं रहनुमा हो के।
है वो अपराधी जानते हैं सब
है जो कुर्सी पे पारसा हो के।
- ममता किरण
द्वारका, नई दिल्ली
Mob: +91 77018 05315
