Monday, November 16, 2026
होमफ़िल्म समीक्षापाकिस्तानी सियासत का 'उड़ता तीर' : शरीफ़ ने लूटी वाहवाही!

पाकिस्तानी सियासत का ‘उड़ता तीर’ : शरीफ़ ने लूटी वाहवाही!

  • अशोक कुमार  शर्मा

बॉलीवुड में कुछ कलाकार सितारे बनकर पैदा होते हैं। कुछ सितारा बनने की चाहत में पूरी ज़िंदगी गुज़ार देते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं, जो बरसों तक दूसरों को सितारा बनते देखते रहते हैं और फिर एक दिन अचानक कैमरे के सामने आकर साबित कर देते हैं कि असली प्रतिभा न उम्र की मोहताज होती है, न अवसरों की!

एक डायलॉग का कमाल:

लगभग चार दशकों तक कैमरे के पीछे रहकर लाखों दर्शकों का मनोरंजन करने वाले इस अनुभवी टेलीविज़न निर्माता ने अब कैमरे के सामने आकर अपने अभिनय का ऐसा नमूना पेश किया है कि फिल्मी दुनिया का ध्यान उनकी ओर आकर्षित होने लगा है। और वह भी किसी छोटी-मोटी फिल्म में नहीं, बल्कि करण जौहर के प्रतिष्ठित बैनर से जुड़ी फिल्म ‘उड़ता तीर’ में!

23 अक्टूबर 2026 को प्रदर्शित जासूसी, राजनीतिक व्यंग्य और कॉमेडी का दिलचस्प मिश्रण ‘उड़ता तीर’ करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और सिखिया एंटरटेनमेंट की संयुक्त प्रस्तुति है।

फिल्म के निर्माता हैं करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन। इसके लेखक एवं निर्देशक हैं आकाश कौशिक, जिन्होंने इस फिल्म से फीचर फिल्म निर्देशन में पदार्पण किया है।

फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान प्रमुख भूमिकाओं में हैं। उनके साथ गुलशन ग्रोवर, राम कपूर, राहुल बोस, मुकुल देव, सुहैल नैयर, सुप्रिया पिलगांवकर, बृजेंद्र काला और रघुवीर यादव जैसे अनुभवी कलाकारों की प्रभावशाली टीम मौजूद है।

आयुष्मान खुराना ने विक्रांत थापर उर्फ बिलाल अहमद की भूमिका निभाई है। सारा अली खान यामिनी के किरदार में हैं। गुलशन ग्रोवर जनरल मीर, राम कपूर नियाज़ी और मुकुल देव अज़हर मक़सूद के रूप में दिखाई देते हैं।

इन स्थापित कलाकारों के बीच काव्य कुमार को मिला पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ का किरदार।

छोटी सी भूमिका का जादू: 

और काव्य कुमार ने इस अवसर को हाथ से नहीं जाने दिया। फिल्म में कुल उनको पांच सीन मिले और डायलॉग केवल एक, लेकिन इतने में ही उन्होंने दिखा दिया कि असली कलाकार वही है जो सही मौके का सटीक इस्तेमाल करना जानता है।

राजनीतिक व्यंग्य से भरपूर फिल्म में काव्य कुमार का किरदार पाकिस्तान के ऐसे प्रधानमंत्री का है, जिसके पास पद की प्रतिष्ठा तो है, लेकिन सैन्य जनरलों के सामने वास्तविक अधिकार कितने हैं, यह एक अलग सवाल है।

सत्ता की विवशता, सैन्य दबदबे के सामने असहायता और अपने सम्मान को बचाए रखने की कोशिश, इन सबको काव्य कुमार ने अपनी भाव-भंगिमाओं से प्रभावी ढंग से व्यक्त किया है।

और फिर आता है उनका वह संवाद, जो पूरी राजनीतिक विडंबना को एक ही झटके में उजागर कर देता है, “पाकिस्तान में शरीफ़ की कोई क़द्र नहीं है!”

यहाँ ‘शरीफ़’ केवल एक राजनेता का उपनाम नहीं रह जाता। इस शब्द के दोहरे अर्थ में छिपा व्यंग्य संवाद को और भी चुटीला बना देता है। एक वाक्य, सटीक टाइमिंग और चेहरे पर बेबसी की हल्की-सी छाया! बस, व्यंग्य अपना काम कर जाता है।

 पाँच दृश्य और अभिनय की पूरी कहानी:

बॉलीवुड में अक्सर कलाकारों की अहमियत उनके स्क्रीन टाइम से आँकी जाती है। कितने दृश्य मिले? कितने संवाद थे? कितनी देर पर्दे पर दिखाई दिए?

लेकिन काव्य कुमार ने याद दिलाया है कि स्क्रीन टाइम और स्क्रीन प्रेज़ेंस दो बिल्कुल अलग चीज़ें हैं।

‘उड़ता तीर’ में उनके हिस्से केवल पाँच दृश्य आए हैं।

मगर इन पाँच दृश्यों में उन्होंने दिखाया कि अभिनय केवल संवाद बोलने का नाम नहीं है। कभी आँखों की बेचैनी, कभी चेहरे पर विवश मुस्कान, कभी आहत आत्मसम्मान और कभी परिस्थितियों के सामने लाचार चुप्पी भी बहुत कुछ कह जाती है।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के रूप में उनके अभिनय की विशेषता यही है कि वे हास्य पैदा करने के लिए अनावश्यक हरकतें नहीं करते। परिस्थितियाँ स्वयं हास्यास्पद बनती हैं और कलाकार की संयमित प्रतिक्रिया व्यंग्य को और धारदार बना देती है। यही वह कला है, जो वर्षों के रंगमंचीय अनुभव से आती है।

इस भूमिका के प्रति दर्शकों की प्रतिक्रियाएँ भी उत्साहवर्धक रही हैं। काव्य कुमार के अनुसार, फिल्म की साठ से अधिक यूट्यूब समीक्षाओं में उनके संक्षिप्त अभिनय का उल्लेख किया गया है।

किसी वरिष्ठ कलाकार के लिए, जिसे पर्दे पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर पाने में चार दशक लग गए हों, यह पहचान विशेष महत्व रखती है।

 विज्ञापनों में भी दिखाया अभिनय का दम

दिलचस्प बात यह है कि काव्य कुमार की प्रतिभा केवल फिल्मों तक सीमित नहीं रही।

विज्ञापन फिल्मों की दुनिया ने भी उनके चेहरे, व्यक्तित्व और सहज अभिनय की संभावनाओं को पहचाना है। हाल में उन्होंने सीएट टायर्स (CEAT Tyres) और लेज़ चिप्स (Lay’s) के टेलीविज़न विज्ञापनों में काम किया है।

सीएट के विज्ञापन में उनके साथ केवल एक महिला सहकलाकार हैं। विज्ञापन की प्रस्तुति का बड़ा हिस्सा उनके अभिनय पर निर्भर करता है। लेज़ के विज्ञापन में उन्हें लोकप्रिय फिल्म अभिनेता राजकुमार के साथ अभिनय का अवसर मिला।

इन विज्ञापनों को टेलीविज़न, ओटीटी और सिनेमाघरों में व्यापक प्रसारण मिला। आईपीएल, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और ‘द कपिल शर्मा शो’ जैसे अत्यंत लोकप्रिय कार्यक्रमों के विज्ञापन स्लॉट में भी उनकी उपस्थिति रही। यह अपने आप में कितना रोचक संयोग है!

जो व्यक्ति दशकों तक पर्दे के पीछे रहकर दर्शकों के मनोरंजन की व्यवस्था करता रहा, वही अब उन्हीं दर्शकों के सामने कलाकार के रूप में उपस्थित हो रहा है।

 ‘ईरानी चाय’ से अंतरराष्ट्रीय सिनेमा तक

काव्य कुमार की रचनात्मक यात्रा अभिनय तक ही सीमित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित बहुभाषी फीचर फिल्म ‘ईरानी चाय’ (Irani Chai) के सह-निर्माता के रूप में भी उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

इस फिल्म में ईरानी अभिनेत्रियों के साथ भारतीय सिनेमा के कई प्रतिष्ठित कलाकार जुड़े, जिनमें गोविंद नामदेव, अनंत महादेवन, ज़ाकिर हुसैन और अखिलेंद्र मिश्रा जैसे नाम शामिल हैं। इस अनुभव ने उन्हें फिल्म निर्माण के रचनात्मक और व्यावसायिक, दोनों पक्षों से जुड़ने का अवसर दिया।

निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और रचनात्मक सहयोगी, काव्य कुमार ने अपने लंबे करियर में अनेक भूमिकाएँ निभाई हैं। लेकिन लगता है कि उनकी अभिनय यात्रा का सबसे दिलचस्प अध्याय अब शुरू हुआ है।

जिस व्यक्ति ने करोड़ों भारतीयों को फिल्मों से जोड़ा! काव्य कुमार के जीवन की सबसे दिलचस्प विडंबना शायद यही है कि उन्होंने अपना अधिकांश पेशेवर जीवन फिल्मी सितारों को दर्शकों तक पहुँचाने में बिताया। दूरदर्शन के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘चित्रहार’ के निर्माण से उनका लंबा जुड़ाव रहा। आज की पीढ़ी के लिए यह समझना शायद कठिन हो कि उस दौर में ‘चित्रहार’ का क्या महत्व था। न स्मार्टफोन थे, न यूट्यूब, न ओटीटी और न मनोरंजन के सैकड़ों चैनल।

एक समय था जब करोड़ों भारतीय परिवार सप्ताह के निर्धारित दिन और समय पर टेलीविज़न के सामने बैठ जाते थे। कारण? ‘चित्रहार’ आने वाला था!

फिल्मी गीतों, लोकप्रिय अभिनेताओं और हिंदी सिनेमा की रंगीन दुनिया से दर्शकों का यह साप्ताहिक साक्षात्कार किसी उत्सव से कम नहीं होता था। काव्य कुमार उस ऐतिहासिक टेलीविज़न युग का हिस्सा रहे।

उन्होंने दूरदर्शन के अनेक धारावाहिकों और मनोरंजन कार्यक्रमों के निर्माण में योगदान दिया। भारतीय सिनेमा के इतिहास और विकास पर आधारित कार्यक्रम ‘बातें फिल्मों की’ का निर्देशन भी किया। एक अर्थ में वह जीवन भर दूसरों के अभिनय को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करते रहे। लेकिन कैमरे के पीछे खड़े उस व्यक्ति के भीतर स्वयं एक अभिनेता भी मौजूद था।

और वह अभिनेता अपने अवसर की प्रतीक्षा कर रहा था।

अभिनय का पहला प्यार : रंगमंच

काव्य कुमार का अभिनय से रिश्ता दूरदर्शन की नौकरी के बाद नहीं बना था। वास्तव में रंगमंच उनका पहला प्यार था। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नाटकों की दुनिया में प्रवेश किया। उन्हें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से जुड़े एम. के. रैना, पंकज कपूर और रंजीत कपूर जैसी प्रतिष्ठित रंगमंचीय हस्तियों के साथ काम करने का अवसर मिला।

नाट्य प्रस्तुतियों के सिलसिले में देश के विभिन्न हिस्सों की यात्राएँ हुईं। रंगमंच ने उन्हें अभिनय की बारीकियाँ सिखाईं। कब बोलना है, कब चुप रहना है, कहाँ विराम लेना है, किस संवाद को किस भाव से प्रस्तुत करना है और कब केवल आँखों से पूरी बात कह देनी है—यह सब उन्होंने रंगमंच से सीखा।

फिर दूरदर्शन में नौकरी मिली। एक सुरक्षित और प्रतिष्ठित सरकारी करियर शुरू हुआ। लेकिन सरकारी सेवा की अपनी मर्यादाएँ और नियम थे। बाहर जाकर स्वतंत्र रूप से अभिनय करना आसान नहीं था। एक तरफ़ पेशेवर जिम्मेदारियाँ थीं, दूसरी तरफ़ अभिनेता बनने का अधूरा सपना। काव्य कुमार ने जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दी। लेकिन अपने भीतर के अभिनेता को मरने नहीं दिया।

उन्होंने इंतज़ार किया। एक-दो साल नहीं। पूरे चार दशक! नौकरी से रिटायर हुए, सपनों से नहीं! फिल्मी दुनिया में वापसी की अनेक कहानियाँ सुनने को मिलती हैं। किसी अभिनेता की फिल्में नहीं चलीं, फिर अचानक एक बड़ी हिट मिल गई। किसी कलाकार को वर्षों बाद नई पहचान मिली।

 दूसरी पारी की दास्तान

इसे सही अर्थों में ‘कमबैक’ भी नहीं कहा जा सकता। क्योंकि उन्हें पहले अभिनय के क्षेत्र में अपनी पूरी संभावनाएँ आज़माने का अवसर ही कहाँ मिला था? यह तो उस सपने की शुरुआत है, जिसे पेशेवर जिम्मेदारियों ने चार दशकों तक स्थगित रखा।

जिस उम्र में अधिकांश लोग सेवानिवृत्ति के बाद आरामदायक दिनचर्या चुन लेते हैं, उस उम्र में काव्य कुमार ने फिल्मी स्क्रिप्ट, स्टूडियो, शूटिंग शेड्यूल और कैमरे की चमकदार दुनिया को अपनाया है। और ‘उड़ता तीर’ में उनके अभिनय को देखकर यह नहीं लगता कि इतने लंबे इंतज़ार ने उनकी अभिनय-ऊर्जा को कम किया है। बल्कि अनुभव ने उनके व्यक्तित्व में एक अलग ही परिपक्वता जोड़ दी है।

आखिर एक अभिनेता के पास जीवन के चार दशकों का अनुभव हो, तो उसके चेहरे की रेखाएँ भी कहानियाँ सुनाने लगती हैं।

बॉलीवुड को सिर्फ़ नए चेहरे नहीं, अनुभवी चेहरे भी चाहिए!
हिंदी फिल्म उद्योग में नए चेहरों की तलाश लगातार चलती रहती है।

 नई पीढ़ी और नए सितारे!

लेकिन इस तलाश में कभी-कभी उन कलाकारों की अनदेखी हो जाती है, जिनके पास अनुभव का विशाल भंडार है, मगर जिन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिले। काव्य कुमार ऐसे ही कलाकारों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

रंगमंच की मजबूत पृष्ठभूमि, दूरदर्शन में चार दशकों का अनुभव, फिल्म निर्माण की समझ, प्रभावशाली व्यक्तित्व और संयमित हास्य अभिनय की स्वाभाविक क्षमता—ये सभी गुण उन्हें विशिष्ट चरित्र भूमिकाओं के लिए उपयुक्त बनाते हैं।

उनके लिए फिल्मों के अतिरिक्त ओटीटी सीरीज़, विज्ञापन फिल्मों और टेलीविज़न कार्यक्रमों में भी संभावनाओं के नए द्वार खुल सकते हैं।

विशेषकर राजनीतिक व्यंग्य, प्रशासनिक भूमिकाओं, गंभीर चरित्रों और हल्के हास्य से भरपूर किरदारों में उनकी अभिनय क्षमता का प्रभावी उपयोग किया जा सकता है।

 आख़िरी शॉट: पिक्चर अभी बाकी है, मेरे दोस्त!

‘उड़ता तीर’ में काव्य कुमार की भूमिका भले ही छोटी हो, लेकिन उनकी अभिनय यात्रा के संदर्भ में इसका महत्व बड़ा है। चालीस वर्षों तक उन्होंने दूसरों को पर्दे पर चमकाने का काम किया। अब स्वयं उनकी बारी आई है। और इस अवसर पर उन्होंने दिखा दिया है कि एक परिपक्व कलाकार को अपनी छाप छोड़ने के लिए बीस-पच्चीस दृश्यों की आवश्यकता नहीं होती। कभी-कभी पाँच दृश्य ही पर्याप्त होते हैं। कभी-कभी एक संवाद ही पहचान बन जाता है। और कभी-कभी चार दशकों का इंतज़ार किसी कलाकार के जीवन कीv सबसे सुंदर शुरुआत साबित होता है।

काव्य कुमार की कहानी केवल एक अभिनेता की कहानी नहीं है। यह उन तमाम लोगों के लिए प्रेरणा है, जिन्होंने जीवन की जिम्मेदारियाँ निभाते हुए अपने सपनों को स्थगित तो कर दिया, लेकिन त्यागा नहीं।

कहते हैं, तीर एक बार कमान से निकल जाए तो फिर लौटता नहीं।
काव्य कुमार का तीर भी अब कमान से निकल चुका है।
‘उड़ता तीर’ निशाने पर लगा है। अभिनेता ने अपनी दस्तक दे दी है।

  • अशोक कुमार शर्मा

Email: [email protected]

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest