‘घर के लिए बीवी या बीवी के लिए घर’ जैसी रचना किसी न किसी रूप में इंसान के अनुभव में शामिल हो जाती है चाहे वह किसी भी देश का नागरिक क्यों न हो। भारत में बड़े शहरों में गांव व कस्बों से काम की तलाश में आए या काम करने वालों की यह बहुत बड़ी समस्या है।
– तेजेन्द्र शर्मा, संपादक, पुरवाई
मूल : जलाल नूरानी, अनुवाद : नासिरा शर्मा
लगभग साल गुज़रने को आया, मैंने उसे नहीं देखा था। वह मेरा अज़ीज़ी दोस्त था। मैं सिर्फ़ उसके व्यवहार का प्रशंसक नहीं था बल्कि हर विषय पर उसकी गहरी सूचनाओं से भी बड़ा प्रभावित था। वह बहुत धीरे-धीरे नपे-तुले अंदाज़ से बात करता था। जब मैं उससे अरसे बाद टकराया तो पूछ बैठा, “एक साल पहले जब हम मिले थे तो तुमने कहा था तुम शादी करनेवाले हो? क्या हुआ… शादी कर ली?”
इससे पहले कि वह कुछ जवाब देता मैं पहले की तरह बोलता गया, “तो कर ही डाली शादी-तभी दोस्तों से इतनी दूरी कर ली?”
मेरी बात सुनकर उसने आह भरी और धीरे से कहा, “नहीं… अफ़सोस! मैं अभी तक शादी नहीं कर पाया हूँ… जानते तो हो, मेरे पास मेरा अपना घर नहीं है।”
“इससे क्या फ़र्क़ पड़ता है।” मैंने कहा, “क्यों फ़र्क नहीं पड़ता… बिना घरवाले मर्द को कोई लड़की देता है क्या?”
“ऐसी बातें मत करो… मेरे पास भी मकान नहीं है। अगर ऐसा है तब तो मैं उम्र के आख़िर तक कभी शादी ही नहीं कर पाऊँगा? क्योंकि मेरे पास घर नहीं है और घर का मालिक भी कभी नहीं बन पाऊँगा?”
हम दोनों एक जगह बैठकर दिल के ज़ख़्म एक-दूसरे को दिखाने लगे। उसने आहिस्ता-आहिस्ता उस दिन का क़िस्सा कहना शुरू किया जब वह लड़की देखने गया था।
“जानते हो मैं जब अपनी पसंद की लड़की के घर शादी का पैग़ाम लेकर गया तो लड़के की माँ ने पहला सवाल मुझसे पूछा, ‘तुम्हारे पास अपना घर है?”
मैंने सर न में हिलाते हुए कहा, “जी नहीं… मैं…मैं मकान किराए पर लूँगाऔर…”
“अय हय बस बस… मैं इस बात पर किसी तरह से राज़ी नहीं हूँ कि मेरी नाज़ों पली बेटी किराए के मकान में रहे।”
मैंने दुःख से पूछा, “मेरा क्या होगा अब?”
“पहले तुम एक अच्छा घर ले लो फिर मेरी बेटी का हाथ माँगने आओ… लड़के तो तुम शरीफ़ नज़र आते हो… तालीमयाफ़्ता हो… मुझे तुम हर तरह से पसंद आए हो, मगर मैं लड़की का हाथ तुम्हारे हाथ में तभी दूँगी जब तुम्हारा ख़ुद का मकान हो।”
मेरे पास इसके अलावा कोई चारा नहीं रह गया था कि मैं ख़ुद का मकान ख़रीदूँ… पैसा पास न था… समझ नहीं पा रहा था कि क्या करूँ? उस बिल्डर के पास पहुँचा जो बना बनाया घर सस्ती क़ीमत पर ग़रीबों को बेचता था। उसके दफ़्तर में एक आदमी मेज़ के पीछे बैठा था। उसने मुझे ऊपर से नीचे तक घूरा और पूछा, ‘मैं तुम्हें क़िस्तों पर घर दे सकता हूँ पहले तुम इस फ़ार्म को भरकर मुझे दो।’ मेरी बात सुनकर वह बोला।
फ़ार्म में औरत और रिश्तेदारों के बारे में अनेक सवाल थे। मैंने उसे शुरू से पढ़ना शुरू किया और हर सवाल के आगे लिखता गया-मेरे पास नहीं है… मेरे पास नहीं है। उस आदमी ने जब उस फ़ार्म पर नज़र डाली। उसकी भवें एक- दूसरे से जुड़ने लगीं और वह बोल उठा- ‘नहीं रखते हो?’
‘क्या चीज़?’
‘बीवी… बेटे।’
‘नहीं जनाब, बीवी तो मेरे पास नहीं है।’
‘क्यों भला क्यों नहीं रखते हो?’
मैंने कहा जनाब नहीं रखता। मेरे जवाब से वह गुस्सा हो गया तो भी उसका इसरार था, ‘क्यों नहीं है बीवी तुम्हारे पास’ उसके इस सवाल से मेरी गै़रत जाग गई और मैंने गुस्से से जवाब दिया, ‘आपको मेरी बीवी से क्या लेना देना… नहीं रखता… नहीं रखता।’
‘फिर नहीं दूंगा।’
‘क्यों नहीं देंगे।’ मैंने पूछा।
‘तुम्हें घर नहीं दिया जा सकता है… क्योंकि हमारी कुछ शर्तें हैं जिसमें एक शर्त यह भी है कि हम तन्हा आदमी की जगह शादीशुदा आदमी को घर क़िस्तों पर देते हैं।’
मैंने खुशामदी लहजे में बड़ी मिन्नत भरी आवाज़ में कहा, “जनाब आप घर दे देते ताकि मैं भी ख़ानदानवाला, शादीशुदा आदमी हो जाता।”
“नहीं, पहले शादी करो फिर आना मैं तुमको घर ज़रूर दूँगा।”
“आख़िर क्या करू मैं? मेरे पास घर नहीं तो कोई लड़की देने को तैयार नहीं है।”
“हमारी शर्त को जब तक पूरी नहीं करोगे तब तक हम तुम्हें घर नहीं दे सकते।”
“मेरे ऊपर ज़ुल्म न करें जनाब! मेरा शादी करने का दिल बहुत चाह रहा है आप मजबूरी समझें मेरी, और मदद करें ताकि मैं शादी कर सकूँ।” इस बार मेरी बात सुनकर वह आगबबूला हो उठा।
“क्या समझ रखा है मुझे तुमने?…मेरी क्या मजबूरी है जो मैं तुम्हारी मदद करूँ ताकि तुम शादी कर सको।”
“मेहरबानी करके ग़लत न सोचें मेरी सिर्फ आपसे इतनी इल्तजा थी कि आप घर दे देते तो वह मुझे लड़की दे देंगे। आप मकान नहीं देंगे तो वह लड़की नहीं देंगे…. जनाब! मेरी होने वाली सास ने साफ़ शब्दों में कह दिया है कि वह अपनी लड़की उसी लड़के से ब्याहेगी जिसके पास उसका खुद का घर होगा। आप घर नहीं देंगे तो वह मेरी सास नहीं बन पाएँगी और मैं कुँवारा रह जाऊँगा। लड़की की जुदाई से जाने मेरा क्या हाल हो?” मेरी इन बातों का उस आदमी पर कोई असर नहीं हुआ, वह सिर्फ़ एक चीज़ जानता था-वह थी क़िस्त पर दिए जानेवाले घर की शर्तें। मैं मजबूर और नाउम्मीद वहाँ से लौटा और अपनी होनेवाली सास के पास पहुँचा और सारी बारीकियाँ बताते हुए उनसे कहा, “ख़ाला जान! मेरे संबोधन से उनकी भवें तन गईं। लगा कि उन्हें अच्छा नहीं लगा अपने को ख़ालाजान कहलवाना। मेरी होनेवाली सास देखने में अभी जवान लगती थीं और पहले के हुस्न को जैसे-तैसे उन्होंने बचाकर रखा था। ऊपर से फ़ैशन भी करती थीं। मैंने घूँट भरा और अपना कहना जारी रखा, “बीबी जान ! क़िस्तों पर मकान तभी मिलेगा जब उसकी शर्त पर मकान लेनेवाला पूरा उतरे। इसलिए पहले शादी करना मकान लेने के लिए ज़रूरी है।” मेरे मुँह से शर्त की बात सुनकर उन्होंने भी अपनी शर्त दोहरा दी, “मैं लड़की उसी लड़के को दूँगी जिसका अपना घर हो।”
“वह यक़ीन दिला रहे हैं कि इधर शादी करो उधर घर ले लो।”
“मुझे नहीं पता तुम से कौन क्या कह रहा है और क्या नहीं कह रहा है, मुझे सिर्फ़ इतना पता है कि जो मकानवाला है वही मेरी बेटी का शौहर बननेवाला है।”
उनकी बात सुनकर मैं बेचारा-सा हो गया। फिर उस आदमी के पास पहुँचा और अपनी इल्तजा दोहरायी। उसने कान नहीं धरा मैं भी खिसिया गया और नतीजा वही निकला जो पहले था। मुझे सोचना पड़ा कि इस मुश्किल को गुस्से से हल नहीं किया जा सकता है। एक तरकीब समझ में आई कि अगर मेरी होनेवाली सास साहिबा उस आदमी से मिलकर मेरी ज़बानी ज़मानत दें तो मुझे मकान भी मिल सकता है और पसंद की बीवी भी। आख़िर मेरी कोशिश रंग लाई और मेरी सास दफ़्तर जाकर उस आदमी से मिलने पर राज़ी हो गईं।
कहानी यहाँ तक पहुँची थी कि मेरा दोस्त क़िस्सा सुनाते-सुनाते एक गहरी साँस लेकर चुप हो गया। तो मैंने बेचैनी से कहा, “आगे कहो न क्या हुआ? जब बात नाज़ुक मोड़ पर पहुँची तो तुमने चुप साध ली है। अब बता नहीं रहे हो कि शादी हुई या नहीं।”
“हाँ शादी हुई।” उसने एक गहरी साँस ली और कहा, “मगर इस शादी में दामाद मैं नहीं था।”
“क्या?… फिर दामाद कौन था?”
“वही आदमी !”
“और दुल्हन कौन थी?”
“दुल्हन भी मेरी विधवा सास थी।”
“अजीब, यह सब कैसे घटा?”
“तभी जब मैंने अपनी होनेवाली सास को उस आदमी से मिलने पर राज़ी किया था जो शर्तें लगा रहा था, मेरी होनेवाली सास और बिल्डर ऑफ़िस का वह आदमी कई मुलाक़ातों के बाद इस फ़ैसले पर पहुँचे… अपनी जिंदगी के बारे में… यह विधवा थी। उसकी बीवी मर चुकी थी। दोनों तन्हा थे। एक-दूसरे को राज़ी कर बैठे।”
“इसके बाद तुम्हारी क़िस्मत का फ़ैसला?”
“वह अपनी ज़िंदगी की ख़ुशियों में इस तरह डूब गए कि मुझे पूरी तरह भूल गए।”
“तुम्हारा क्या बना?”
“मैं आज भी उसी तरह बिना बीवी के हूँ जैसा पहले था।”
“ख़ूब ! अब क्या सोचा?”
“अब मेरी हिम्मत ही नहीं पड़ती है किसी दूसरी लड़की के पैग़ाम के लिए। डरता हूँ वहाँ भी लड़की की माँ विधवा हुई और मैं वसीला बन गया उनकी मंज़िल तक पहुँचने का तो? अब यह बात मैं पक्की तौर से समझ चुका हूँ कि मेरी शादी होना मुश्किल है, मगर मेरे बहाने दूसरों का रास्ता खुलना आसान है।”
***
लेखक परिचय
जलाल नूरानी का जन्म 1948 में हुआ। वह मूलतः व्यंग्यकार है। काबुल में उनकी शिक्षा हुई और लेनिनग्राड से पत्रकारिता की डिग्री ली। उन्होंने बच्चों के लिए नाटक भी लिखे हैं। नाटक और व्यंग्य लिखने के साथ उन्होंने कहानियां भी लिखी है। बड़ी समस्याओं को हल्के फुल्के अंदाज़ से कहना उनके लेखन की खूबी है। जो तनाव को कम करने के लिए कारामद साबित होती है।
यह कहानी भारत में भी आज उतनी ही सामयिक है जितनी लेखक के देश में रही होगी।
उत्तम अनुवाद
आदरणीय नासिरा जी !
जलाल नूरानी जी की कहानी का अनुवाद आपके माध्यम से पढ़ा !हम तो स्तब्ध रह गये। अंत पूरी तरह से अकल्पनीय था। पर वर्तमान की दृष्टि से अगर इस पर विचार करें तो ऐसा होना संभव है। और यह तो 100% सही है कि जब भी शादी की बात चलती है किसी भी लकड़ी की तो माता-पिता पहले घर के बारे में जरूर पूछते हैं कि घर किराए का है या आपका खुद का। एक कड़वी सच्चाई से परिचय कराती कहानी है यह। नासिरा जी का अनुवाद के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। नासिरा जी! आपके माध्यम से विदेशी लेखकों को भी पढ़ पा रहे हैं।
बहुत-बहुत शुक्रिया इस कहानी को अनुवाद के माध्यम से पढ़वाने के लिये।
नासिरा जी ने कहानी का बहुत अच्छा अनुवाद किया है। आरंभ से अंत तक कहानी पाठक को बांधे रखती है। कहानी का अंत अप्रत्याशित है। नासिरा शर्मा जी को हार्दिक बधाई।
आ. नासिरा जी को सुंदर अनुवाद के लिए बहुत बहुत धन्यवाद।
सही है, आपके कारण हम अन्य भाषा के साहित्य से भी परिचित हो जाते हैं। इस कहानी में भी इस स्वाभाविक व चर्चित प्रश्न पर प्रकाश डाला गया है कि शादी के लिए मकान की ज़रुरत होती है और मकान शादीशुदा को ही आसानी से मिलता है।