जब से होश संभाला है, ज़मीन का वह टुकड़ा मेरे लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं रहा– मुश्किल से बारह बाई बारह का हमारा छोटा सा बगीचा। कभी माँ और बगीचे को अलग करके देख ही नहीं पाई। माँ से ही सुना है कि एक सफ़ेद चादर बिछाकर माँ वहाँ लेट जाती थीं और मुझे छाती से लगाकर दूध पिलाती थीं। घर के पिछले आँगन से लगभग सटा हुआ, मगर फिर भी घर से पूरी तरह पृथक– मेरा और माँ का छोटा सा संपूर्ण संसार, धरती माँ की गोद में रचा-बसा हुआ। रात को उसी ठंडी सफ़ेद चादर पर माँ के स्तन को मुँह में दबाए, दोनों माओं की गोद में सिमट जाती थी मैं।
आधी सदी से भी अधिक समय गुज़र गया है, लेकिन उस संसार के अंदर अभी तक कुछ नहीं बदला। सब कुछ ज्यों का त्यों, एक ही स्थान पर रुका-ठहरा हुआ है। समय की तथाकथित गणना इस संसार के बाहर-बाहर घूमती रहती है। भौतिक संसार को बदलने के लिए आधी सदी बहुत होती है, लेकिन मानव के अंतस में बसे संसार को बदलने में सदियाँ लग जाती हैं।
उस संसार की हदों में माँ आज भी मेरे पास हैं, मेरे साथ हैं। रात को बाहरी संसार की भीड़-बाधाओं से थक-हारकर, जब सफ़ेद चादर बिछाकर यहाँ की हरी-भरी दूब पर सो जाती हूँ, तो स्वतः ही अंग-अंग शिथिल होकर निद्रा की गोदी में विलीन होता जाता है। उसी आधी सोई, आधी जागी सी अवस्था में माँ का कोमल हाथ अंग-अंग पर महसूस करती हूँ। कानों में दूर किसी देश में बैठी माँ की सौंधी लोरी रस घोलने लगती है। माँ का अस्तित्व अब इस छोटे से संसार तक सिमटा हुआ नहीं हैं, वह तो प्रकृति के कण-कण में व्याप्त हो गया है। सृष्टि का हर फूल, हर पात माँ के होने की गवाही देता है।
मेरा यह संसार दुनिया से अलहदा है। कोई यहाँ सहसा आता-जाता ही नहीं। शायद यहाँ के सुकून से दुनिया परिचित नहीं है। खैर, दुनिया अपना सुकून ढूँढ़ा करे जहाँ चाहे, मैंने तो मेरा सुकून पा लिया है– यहाँ मेरी अपनी माँ के संग।
इस छोटे से चौखटे से बाहर मैं भी दुनिया जैसी हूँ। माँ भी दुनिया से अलग नहीं थीं। विज्ञान और साहित्य का अनोखा संगम स्वयं में समाए, दुनिया को समृद्ध करने वाली एक सशक्त स्त्री थीं वे। बचपन से ही अपनी सदी से दो कदम आगे चलने वाली। प्रकृति के सूत्रों-संस्कारों में जो कुछ अच्छा और अभिजात है, उसे चुन-चुनकर अपने दामन में भर लिया था उन्होंने। धर्म के ध्वंस से बचते हुए उसकी ध्वजा को सदा स्थिरता से थामे रहीं।
विवाह हुआ तो अपने मायके से संस्कृति और संस्कारों से सजा-संवरा सारा घर ही ससुराल में समेट लाईं। इसकी परवाह किए बिना कि ससुराल का घर बाबुल के घर से छोटा है या बड़ा, दूर है या पास–उन्होंने अपना घर यहाँ आकर बो दिया। प्रकृति का जो अनन्य प्रेम वे साथ लाई थीं, उसे आते ही इस छोटे से ज़मीन के टुकड़े पर बिछा दिया।
विज्ञान में उनकी रुचि, शिक्षा के प्रति उनका समर्पण तथा साहित्य की उनकी अथक साधना, उन्हें अपने देश की सीमाओं से परे सात समंदर पार लेकर चले गए। छोटी बेटी ‘कविता’ विवाह के बाद पहले से ही न्यूयॉर्क में आकर बस गई थी। माँ ने भी वहाँ एक अच्छा रिसर्च इंस्टीट्यूट जॉइन कर लिया था। वहाँ रहकर उन्हें विज्ञान में शोध कार्य करने के असीम अवसर उपलब्ध थे। साथ ही साथ उनका निरंतर लेखन कार्य भी चल ही रहा था। अंग्रेज़ी और हिन्दी भाषाओं पर उनका अधिकार समान रूप से असाधारण था।
मैं जब भी न्यूयॉर्क जाती, तो अपनी प्यारी माँ को 70 की उम्र में भी इतने सक्रिय रूप से विज्ञान और साहित्य की सेवा में लिप्त पाकर मन गर्व से भर जाता।
उनकी अपनी एक अनोखी जीवन-शैली रही है। शाम को वे दिया-बत्ती करती हैं, मगर किसी देवी-देवता के लिए नहीं, वरन इसलिए कि दिनभर की भाग-दौड़ के बाद अगरबत्ती की मधुर सुगंध मन को सुकून देती है। दीए की जोत आश्वस्त करती है कि अंधेरा कितना भी घना हो, रोशनी का अस्तित्व नहीं मिटा सकता। मंदिरों में जाती हैं नई-नई कलाकृतियों को देखने के लिए। त्योहार मनाती हैं प्रयोग करके नए-नए पकवान बनाने और खिलाने के लिए। आस्था है उनकी– स्वयं पर और समय पर। समय रहस्यमय सही, मगर उसके साथ भी सहयोग और समन्वय से संग-संग चलें, तो वह भी सहृदय साथी सा साथ निभाता है। ऐसी ही अनेक जीवन जीने की कुंजियाँ छोड़ गई हैं वे।
अपने मन और शरीर पर चमत्कारिक नियंत्रण था उनका। साहित्य से उन्होंने मन और आत्मा को जाना-समझा था, तो विज्ञान से उन्होंने भौतिक भव को भी भाँप लिया था।
जीवन में कभी दवाइयों पर आश्रित नहीं रहीं। मानती रहीं कि स्वस्थ रहने के लिए दवाइयों की भूमिका बहुत सीमित होती है; दवाइयों से भी अधिक नियमित व्यायाम, संतुलित खान-पान तथा सकारात्मक सोच की आवश्यकता होती है।
अपने जीवन का अंतिम पर्व उन्होंने न्यूयॉर्क में ही बिताया। अपनी अंतिम इच्छा वे एक विडिओ संदेश के माध्यम से छोड़ गई थीं–
“मेरे अंतिम संस्कार हेतु किसी पंडित या स्वामी को न बुलाया जाए। मेरा अंतिम संस्कार “नेचुरल ऑर्गेनिक रिडक्शन” पद्धति से किया जाए, जिसे न्यूयॉर्क राज्य का कानून मान्यता देता है। सीता माई की भाँति, भूमि से उपजी भूमि-कन्या भूमि में समा जाना चाहती हूँ। ह्यूमन डीकंपोस्टिंग से जो उपजाऊ मिट्टी मिलेगी, उसे कविता और कादंबरी दोनों बहनें समान रूप से बाँट लेंगी। अंतिम संस्कार के उपरान्त कोई भी धार्मिक कर्म कांड नहीं किया जाएगा। सभी आगंतुकों को दूसरे ही दिन ससम्मान गले लगाकर विदा कर दिया जाएगा। इस तरह मेरी आधी मिट्टी मेरी कर्मभूमि में तथा आधी मेरी जन्मभूमि पर वास करेगी।
उनका अंतिम संस्कार उसी तरह हुआ। अंतिम संस्कार की यह विधि अमेरिका में न्यूयॉर्क सहित 14 राज्यों में कानूनी रूप से वैध है। इसमें मानव मृत शरीर को अन्य प्राकृतिक जैव पदार्थों के साथ 30 से 45 दिन तक प्रक्रिया करके अत्यंत उपजाऊ खाद की मिट्टी में परिवर्तित कर दिया जाता है। अंतिम संस्कार की यह विधि कम खर्चीली तथा पर्यावरण संवर्धन के लिए अत्यंत उपयोगी होती है। माँ को यह विधि बहुत पसंद थी। वे जीवन पर्यंत इस विधि के प्रचार-प्रसार हेतु प्रयत्नशील भी रहीं। मानव की सोच अभी शायद उस स्तर तक नहीं पहुँची, जहाँ वह धार्मिक परंपराओं, सामाजिक संस्कारों तथा पुरानी सोच से ऊपर उठकर संपूर्ण चराचर सृष्टि के कल्याण हेतु अग्रसर हो सके।
मेरे पति तथा बच्चे घर के इस हिस्से को माँ की समाधि कहकर पुकारते हैं। यहाँ मैंने माँ की मिट्टी बिछाकर रातरानी के फूलों का एक पेड़ तथा उनकी पसंद के कुछ पौधे लगा दिए हैं। घर के लोग तथा मित्र-संबंधी सभी बड़े आदर भाव से बाहर से ही हाथ जोड़कर माँ के प्रति आदर भाव व्यक्त करके चले जाते हैं। शायद सभी अपने-अपने सूत्रों, संस्कारों, धारणाओं तथा मान्यताओं से बँधे हुए हैं।
सितम्बर महीने के अंतिम सप्ताह में माँ ने इस संसार को अलविदा कहा था। सितम्बर महीने के उत्तरार्ध में जब विदा लेते भादों की मंद सर्द हवाएँ चलती हैं, तो सारा परिसर रातरानी की महक से सराबोर हो जाता है। ऐसे में अपनी ठंडी सफेद चादर पर माँ की बाहों में सुकून से लेटी सोचती हूँ कि वह दिन कब आएगा जब दुनिया से जाने वाला हर मुसाफ़िर अपनी ही उपजाऊ मिट्टी से कोई पेड़ या पौधा बनकर उगेगा और धरा की हरियाली को चिरस्थायी बना देगा। हर आत्मा अनंत ब्रह्मांड की साक्षी बनेगी। क्या सचमुच वह दिन पास आ रहा है?
डॉ. घनश्याम आसूदाणी : संवेदनशील कथाकार
डॉ. घनश्याम आसूदाणी हिंदी के लेखक एवं शिक्षाविद् हैं। आत्मकथा सफर की धूप (2008) तथा सात कहानी संग्रहों सहित आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
संपर्क : सहयोगी अधिव्याख्याता,
आनंद निकेतन कृषि महाविद्यालय,
वरोरा-442914
जिला चंद्रपूर, (महाराष्ट्र)
Cell : 7709468077
E-mail : [email protected]
