Sunday, November 29, 2026
होमकविताअजय पोद्दार 'अनमोल' की कविताएं

अजय पोद्दार ‘अनमोल’ की कविताएं

करना तुम प्रयास बनना तुम आवाज

लौटना थोड़ा मुश्किल होता है,
उस फूल का भी जो सजी हो चिता पर,
और उस फूल का भी जो मंदिर पर आसन पाएं,
जहाँ से उन्हें तोड़ा जाता है,
वहाँ रह जाती है एक रिक्तता,
एक शून्यता का भान रह जाता है,
रह जाती है फिर खिलने की आस
नहीं पहुंच पाता वहाँ फिर सूर्य का प्रकाश,
कई कविताओं में मंदिर आया,
कई कविताओं में मृत्यु आयी,
कई कविताओं से आया प्रेम,
घृणा ने भी कई कविताओं पाया स्थान, पर मैंने किया प्रयास ढूंढ़ने का,
पर नहीं मिला मुझे कोई शब्द,
कोई परिभाषा मैंने नहीं पायी,
जिसमें सहानुभूति हो उन फूलो के लिए,
हां सौंदर्यशास्त्र का कोना-कोना भरा है फूल के गुणगान में,
पर विरह के चिंतन से दूर,
रखा गया उसका अंतिम संस्कार,
जिस फूल ने सजाया सेज,
जिस फूल से बढ़ा मंदिर का तेज,
चंचल मन भी ठहरता है एक मोड़ पर,
इस फूल पर मेरी कलम आ ठहरी,
विकल मन भी कहता है बहुत कुछ,
क्या आतुर होते है कान उन्हें सुनने के लिए,
टकटकी मारकर देखते हुए आकाश में,
क्या उस पंछी को उस पंख की खबर है,
जो टूटकर गिरा किसी हवा से उसे बचाने की कोशिश में,
नहीं आती होगी उसे याद उसकी जिसने उसे उड़ना सिखाया है,
कटे नाखून की क्या खबर रखी जाएं,
जिसने कई बार उंगली की बचाया होगा,
यह बड़ी कल्पना में पटाक्षेप है,
यह एक बात को दूसरे से जोड़ने का गैप है,
वो धागा जो लटक जाता है कभी कुर्ते के किनार पर,
उसे धीरे से काटते समय क्या मन में आता होगा,
कि उसने कितनी गांठों को खुलने से बचाया होगा,
कई वारदात होती है जो लगती नहीं जरूरी,
जिनका होना आंखों को लगता नहीं आवश्यक,
पर उनका भी होता है अस्तित्व उनकी भी बात होनी चाहिए,
उन्हें भी सताती है शब्दों की कमी,
उन्हें भी चाहिए कागज की जमीं,
करना होगा एक गहन विचार,
जो छूट रहा है जो छूट गया है,
उनका भी मर्म है,
और यह जो चट्टान सी दिख रही है झरनों की छांव में,
अंदर से वह भी नर्म है,
करना प्रयास उन्हें भी शब्दांजलि दे सको,
जिसने कभी अपने होने का अहसान नहीं जताया,
पर था सदा तुम्हारे अस्तित्व को है बचाया,
करना एक प्रयास उन्हें भी मिले दो शब्द,
सोचना तुम

हे चेतन शिखा पर शोभित मन
हे मेरे विश्वव्यापी मन,
संघर्षशील चिर प्रकाश प्रेरित मन,
चेतन शिखा पर शोभित मन,
जीवात्म में बंधा सम्मोहित मन,
तू मनेंद्रिय तू ही अक्षय,
तेरी नियति तू ही जाने,
अति अलौकिक राह बनाले,
चिंता की गंभीर दीवारें,
जब भी तुझको बांधना चाहे,
तूने तभी प्रतिकार किया है,
खांचे में न तो रह पाता,
बाधाओं को नहीं सह पाता,
चिंतन को तू तेज बनाता,
ईहलोक से क्या नाता तेरा,
उस पार तेरा गांव बसा है,
तू तो उसका अंश मात्र है,
जिसने ये ब्रह्मांड रचा है,
हे विराट सागर के सूक्ष्म कण,
तुझमें व्याप्त है सृष्टि का दिव्य क्षण,
तनिक उड़कर देख हटा दे आवरण,
तेरी मनसा में जीवित होगा पुण्य पथ,
चल खींच ले उस भावसिंधु की ओर रथ,
विस्मय भरे अपवादों से,
तनिक चकित अवसादों से,
हे मेरे जागृत पल्लवित मन,
तू अग्रबिंदु का अनुशरण कर,
तू उस शून्य का अनुकरण कर

घाट में तुलसी दास कबीर

जिससे भी मिला आकर वो संत हो गया,
किंचित अहंकार का मानो अंत हो गया,
इतनी सहजता पाकर किसे ग्लानि होगी,
प्रेम विराट है किसकी मानहानि होगी,
यहां चेतना मानो जाग जाती है,
सब सिमट जाता है जहां तक याद जाती है,
ये घर का मायाजाल में फंसकर पड़े कुछ लोग,
घर से निकलते ही घर की याद आती है,
जहां तक थी गई आंखें सभी मदहोश थे निज में,
मैं ही अंतिम रहस्य हूं आकर थे थमे मुझमें,
किसी को मिला कंधा कोई बेघर हुआ भटका,
किसी को रास न आई तो जाकर कहीं लटका,
किसी को भीड़ ले आई तो कोई भीड़ ले आया,
किसी को रोटी न मिल पाई कोई खीर ले आया,
एक जनम की आस में अमरत्व भरी प्यास में,
सावन समेटकर कोई पतझड़ भी ले आया,
न मदीना न काशी न आगरा न रांची,
कोई खाली हाथ फिरा गुनगुनाता सा,
किसी को महलों सा जीवन भी रास न आया,
किसी को मिली गुलाबो की बगिया भी विरासत में,
किसी के भाग में एक टुकड़ा बांस न आया,
कमल की आस में पहुंचा जो मणिकर्णिका तक दौड़कर,
उसकी झोली में बुरांस न आया,
कविता लिखकर मर गया फकीरा कबीर भी बनारस में,
उसकी झोली में भी पेट भर अनाज न आया,
बिताया घाट पर तुलसीदास ने झुलसकर सारा जीवन,
उसकी झोली में भी सभ्य समाज न आया,
कोई नहीं यहां सुख भोग पाता है,
पूजे जाने से पहले भगवान भी वनवास जाता है,
बनने की राह में साधक हलाहल पान शोभित है,
योगी बनने वाले जो श्राप सह नहीं पाते,
वो चाहकर भी गीता कह नहीं पाते,
तथागत को तो पूजा रात दिन जिन ने,
क्यों बिना छत के वो रह नहीं पाते,
समर में उतरकर जो सरलता भूल जाते है,
ओहदा कमाकर जो सहजता भूल जाते है,
उगल देती धरा उनको,
जो मनुष्यता भूल जाते है,
नहाकर सप्तनदियों में हृदय मलीन रखते है,
उनका स्थान मैं भी ढूंढने को हो रहा आतुर,
जो श्वेत वस्त्रों में भी व्यक्तित्व रंगीन रखते है,

पकते स्वप्नों को थोड़ी सी आंच

चूल्हे पर पानी गरम करते समय,
मैं समझती हूं ताप जीवन का,
मेरे अंदर एक कलाकार मुझे मारने लगता है
जब कभी मेरी सास कहती है,
की तेरे मुंह न लगना चाहिए,
तब समझ आता है,
उन तमाम फाइल में बंद डिग्रियां,
उन प्रार्थनाओं में मांगी गई समस्त चेतनाएं,
धराशाई हो गई इस चूल्हे के आग में,
घंटों बैठकर जो चित्र उकेरा करती थी,
उन अखबारों में जब मेरे अंकुरित बीज,
मुझसे बाते करते है और मेरी स्थिति को बताते है,
की अब मेरी कूंची का सारा रंग मलिन हो गया है,
मेडल पुरस्कार और सारे प्रशस्ति पत्र,
मायके में धूल सान रहे है,
आंखों का आंसू गिरते रहे,
और हाथ सने रहे मिट्टी से,
गोबर से कंडे बनाते समय,
जो उंगलियों में रंगों के लगे रहने से खुशी होती थी,
आज लगता है इनको इसी चूल्हे की आग में,
दाह कर दूं अपने सपनों की तरह,
मैं उड़ना चाहती थी कभी उन पत्तों की तरह हवा के झोंके के साथ,
मैं कभी अपना घर नहीं सोच पाई,
एक ससुराल और मायके के बीच,
लगाती रही चक्कर तय करती रही धुरी,
एक उम्र बिताने का नाम जीवन है,
यही एक परिभाषा समझते हुए,
सेकती रही रोटियां और स्वादानुसार डालती रही नमक,
माड़ निकालते समय अक्सर पाया मैंने,
मैं अपने चित्रकारी के बाद का रंगीन पानी साफ कर रही हूं,
जिसकी गलती से छिटके कुछ बूंदो से चित्र अपनी लालिमा खो सकता था,
उबलते हुए पानी की तरह मेरा स्वप्न आदिकाल से आ रही सभ्यता सा ज्वलंत होकर,
ठीक खाना बनाने के बाद बची कोयली की आंच पर पानी डालकर शांत कर देने जैसा,
जीवंत सत्य नित्य नूतन रूप में मुझसे टकराता है,
बस इसी आस में जीती हूं कि,
कोई तो कभी आकर मुझे यहाँ से उठाकर,
फिर किसी पेंसिल की दुकान तक ले जाएं,
और कहे तुम्हारे हिस्से का स्वप्न मुझे जीने दो,
तुम पर थोपे गए काम मैं कर दूंगा,
और जिस दिन उन्होंने आकर 500 रुपया देकर यह बात कही,
उस दिन से यह बोझ तर गया,
और आज इस मंच पर आकर मैं कहते हुए संकुचित बोध नहीं कर रही हूं,
एक पुरुष में भी एक स्त्री होती है जो उसे सिखाती है,
की सपने और कहानी सिर्फ पुरुषत्व का इतिहास नहीं है,
स्त्री मन की व्यथा है जिसे अक्सर बहा दिया गया बर्तन धोते हुए गंदे पानी के साथ,

पेड़ की छांव में एक घर

एक अंतिम बोझ है जो उतर जाए तो अच्छा होता,
पेड़ की छांव में एक घर होता तो अच्छा होता,
किसी जीवित बागान में होता गांव तो अच्छा होता,
कहीं गगन तले तारों की आगोश में होता ठाव तो अच्छा होता,
झरने के पानी से नहाते वही किसी चट्टान पर सोते तो अच्छा होता,
बकरियों की आवाज आती लोरी सी तो अच्छा होता,
दो कुत्ते दो बिल्ली रहते पड़े थोड़ा खेलते कूदते तो अच्छा होता,
ये नगर की चमक थोड़ा स्थिर होती तो अच्छा होता,
सुन कर चहचहाट सुबह शाम चिड़ियों की मन मदमस्त हो जाता तो अच्छा होता,
मूंगफली के दानों को देख मुखरा खिल जाता होती गिलहरी तो अच्छा होता,
किसी पेड़ की गोद में झूला झूलकर मिलता सुकून तो अच्छा होता,
भूख लगती तो ताजे भी चख लेते तो अच्छा होता,
एक बोझ जो आधुनिक युग का है न होता तो अच्छा होता,
प्यास में पी लेते पानी धार से तो अच्छा होता,
हरियाली ने लेट जाते थके हारे तो अच्छा होता,
प्राकृतिक शुद्धता का सोपान कर पाते तो अच्छा होता,
ये जीवन सरलीकृत हो जाता वृक्ष सा तो अच्छा होता,
नदियों सा रहते निरंतर कार्यरत तो अच्छा होता,
पहाड़ सा होता विशाल हृदय तो अच्छा होता,
समुद्र सा गहरा होता मन तो अच्छा होता,
सुदूर जंगल स स्वच्छ मस्तिष्क चेतना से युक्त होता तो अच्छा होता,
हां हम जंगलों में रह पाते तो खुश होते,
किसी ढकोसले न बिताना होता जीवन तो अच्छा होता,

 

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest