- प्रियंका नारायण
पहली बात तो यह हुई कि जब सुबह-सुबह ट्रेन से 5 बजे स्टेशन पर उतरना हुआ था तभी वहां जिस लड़की के मार्फ़त जाना था, उसने स्टेशन पर उतरते ही बहुत-सी भयानक कहानियां सुना दी और मेरे रोंगटे खड़े हो गए। यह तब था जबकि आने के कुछ महीने पहले से हर दिन के संपर्क में थी, तब उसने एक बार भी कुछ नहीं बताया था। फोन पर दूसरी तरफ से आवाज़ आ रही थी- सुनो! ठीक से आना। सतर्क रहना। यह नक्सल क्षेत्र है। अभी एक-दो सप्ताह पहले यहाँ अटैक हुआ था। फिर उसके बाद भी एक-दो लोग मारे गए हैं। मैं अवाक् – एकबारगी लगा कि लौट जाऊं । स्टेशन पर बैठे-बैठे बहुत देर तक मैं सोचती रही। गुस्सा तो बहुत तेज आ रहा था कि ये कहानियाँ अभी क्यों सुना रही है, पहले से क्यों नहीं कुछ बताया। इसके बाद मुझे और तेज गुस्सा आया जब उसकी तरफ़ से ऑफ़र मिला कि दो लड़कों को भेज रही हूँ, तुम उनके साथ आ जाओ। मैंने पूछा- और तुम ?
जवाब मिला – मैं तुम्हें यहाँ रिसीव कर लूँगी। मैं उस लड़की को बी.ए. के दिनों से जानती थी और एक घनिष्ठता भी रही थी। बातचीत के शुरू से ही उसका कहना था कि मैं स्टेशन आ जाऊँगी, तुम बस आ जाओ। महीने भर की प्लानिंग के बाद अब यह सुनना कि दो अजनबियों को भेज रही हूँ और तुम उनके साथ आ जाओ और वह भी दहला देने वाली कहानियों को सुनने के बाद जबकि गंतव्य और स्टेशन के बीच लगभग 40 से 44 कि.मी. की दूरी थी।
मैंने पूछा- दूसरा विकल्प क्या है?
जवाब- वहाँ से गाड़ी हायर कर सकती हो। रिज़र्व करोगी तो 500 लगेंगे और गाड़ी चलाने वाले जंगल के होते हैं। मैंने पूछा- आदिवासी समूह के?
उसने कहा- हाँ! उनके पास जीने का यही एक जरिया है। तुम उन पर भरोसा कर सकती हो।
मैं ‘भरोसा’ शब्द पर सोचने लगी थी और उस लड़की को याद किया जिसके भरोसे मैं इस परिस्थति में थी। दुबारा लगा और बार-बार लगा कि लौट जाना बेहतर है। फिर सोचने लगी- लौटने का विकल्प क्या है मेरे पास…ट्रेन तो जा चुकी है। वैसे भी आने की टिकट तो मिल नहीं रही थी। जैसे-तैसे आ पाई थी। योजना थी कि पंद्रह दिन रुक कर प्राथमिक स्तर का सर्वे पूरा करना है फ़िर उसी बीच में वापसी की टिकट नहीं तो दिल्ली की टिकट ले लेनी है। जहाँ की मिले- पहाड़, दिल्ली, मुम्बई- हर जगह घर के लोग थे और मेरी छुट्टी भी थी। बस नहीं थे तो वहाँ, जहाँ मैं इस वक्त काम कर रही थी। वैसे भी काम करते वक्त घर के लोगों का साथ न रहना ही मुझे भाता था लेकिन उस दिन बेतरह याद आने लगे सभी। उस समय न तो फ़ील्ड का वृहतर अनुभव था और न काम करने का। लड़की अपनी ही है, इसलिए फील्ड के बारे जानकारी जुटाना भी बहुत जरूरी नहीं समझा था। लगा कि वो है ही और ‘भरोसे’ पर निकल पड़ी थी। ये सब आरम्भिक यात्राओं के दिन थे।
अंत में यही सोचा कि अब जो होगा, देखा जाएगा। अब अपने दिल और दिमाग पर भरोसा रखना है। पिछले कई महीनों की बनायी योजना उतरने के साथ ही ध्वस्त हो चुकी थी। उतरने के बाद से लड़की का कहानियाँ सुनाना, कई राउंड बात करने पर भी बार-बार बातें इधर से उधर बोलना और किसी एक बात
पर टिक कर न रहना मुझे न केवल कनफ्यूजन में डाल रहा था बल्कि ऐसी स्थिति पैदा हुई कि दो अजनबी लड़कों के बदले मुझे उस समय वाहन चालक पर भरोसा करने का मन हुआ और मैंने वही किया।
आने का रास्ता और तरीका पूछ लिया। उस समय मैं अकेले थी। छोटी जीप हायर की और गंतव्य तक ले चलने को कहा। उन्होंने कहा- ५०० लगेंगे। भरोसा थोड़ा और बढ़ा कि जो फोन पर जानकारी मिली थी, उतना ही यह मांग भी रहे हैं।
मैंने कहा – ठीक है और बैठ गई।
गाड़ी चलने लगी। सब ठीक लग रहा था। मैं खिड़की से बाहर देखने लगी। सुबह का समय था। मौसम सुहाना था। ठंढ़ी हवा चल रही थी। सब ठीक लग रहा था लेकिन तभी गाड़ी ने टर्न ली और मेरे ठीक वाले भाव उड़ने लगे।
दरअसल, ठीक वाला भाव कुछ देर ही ठीक रहा। गाड़ी जैसे ही आगे बढ़ी, मेरी हालत ख़राब होने लगी। अभी तक स्टेशन के आस-पास के सस्ते होटल दिख रहे थे और इन पर निर्भर छोटी-मोटी बसावट भी थी। इससे घर और आदमियों के होने का अहसास हो रहा था, लेकिन बहुत जल्द ही वह खत्म होने लगा था। स्टेशन परिसर से मुश्किल से आधे किलोमीटर के अंदर होटल, लॉज, बस्ती सब सिमट गए। गाड़ी जैसे-जैसे
आगे बढ़ने लगी, दूर-दूर तक किसी बस्ती का नामोनिशान नहीं था। इक्के-दुक्के मिट्टी पुते, फूस छवाए गोल घर दीख पड़ते- बस इतना ही। राह चलते लूंगी पहने या काछ मारे जर्जर पीले पड़ चुके (लगभग घरों की मिट्टी के ही रंग के) धोती पहने रूखी और फटी त्वचा वाले साँवले आदमी दिखाई पड़ते, वह भी एक या दो। इसके अलावे कुछ नहीं, जानवर भी नहीं| जहाँ तक नज़र जाती लाल कंकड़ीली मिट्टी, ठूंठ, ढूहे, सुनसान रास्ता और छोटी-छोटी, रूखी, धूल सनी झाड़ियाँ…मेरी नज़र घबराहट में औरतों को खोजने लगी। यह जानते हुए भी तेज़ रफ़्तार गाड़ी के बंद शीशे के बाहर दिखती कमज़ोर शरीर वाली औरतें या मर्द मेरे लिए क्या ही कर सकते हैं।
तीन-चार कि. मी. ऐसे ही रहा और फ़िर शुरू हुआ घना जंगल…।
जंगल में होने का यह पहला मौका था और वह भी अकेले गाड़ी में किसी अंजान ड्राइवर के साथ। अपहचानी-सी जंगल की आवाज़ तेज़ होती जा रही थी और मेरे हाथ-पैर ठंढ़े पड़ते जा रहे थे। उस समय मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। दिमाग कुछ देर के लिए सुन्न पड़ गया। आवाज़ तेज़ और तेज़ होते जा रही थी। कलेजा इतनी जोर से धड़क रहा था कि लगता अब बाहर आ जाएगा।
दिलचस्प यह था कि उस लड़की ने अपने डेरे तक के रास्ते में जंगल पड़ता है, इसका एक बार भी गलती से भी ज़िक्र नहीं किया था। सच कहूँ तो मेरी यह यात्रा पूरी तरह से अस्त-व्यस्त यात्रा बन चुकी थी। मुझे जहाँ जाना था, लोकेशन पता था लेकिन शुरूआती यात्रा होने और बिना किसी अनुभव व निर्देश के यात्रा करने के कारण ऐसी स्थिति बन गई थी।
मोबाइल निकाला- नेटवर्क गायब- दिमाग सन्न।
अब मुझे अपनी गलतियाँ दिखने लगी थीं जो एक के बाद एक मैंने की थी। पहली गलती तो यह थी कि मैंने लोकेशन की डिटेल नहीं निकाली थी, दूसरी यह कि किसी के ‘भरोसे’ चल पड़ी थी और तीसरी यह कि न घर पर किसी को पता था और न यूनिवर्सिटी में और न मेरे दोस्तों को। प्रोजेक्ट जहाँ से लिया था, उन्हें बस अपने डाटा से मतलब था। ऐसे में आपकी मजबूरियाँ, कमज़ोरियाँ या लड़की होने की दुहाई- इन सब का कोई मतलब नहीं था। पेशेवर होने के कारण मैं खुद भी इस तरह के रोना-धोना से बचती हूँ, तब तक जब तक कि स्थिति बिलकुल ही हैंडल न होने लायक हो। ऐसी एक शिकायत मेरे उस विदेशी प्रोजेक्ट को तेल लेने भेजने के लिए काफ़ी था लेकिन उस समय मुझे घर की बहुत याद आने लगी।
आँख बंद करते पापा का चेहरा आँखों के सामने घूम जाता। बस यही लग रहा था कि अगर आज कुछ होता है तो क्या होगा? मैं उनसे क्या कहूँगी ? मेरे ट्रैवेल के बारे में या इस तरह के शोध से जुड़े काम के बारे में मेरे कहे से पापा अंत तक नहीं जानते थें। घर में सभी जानते थे, लेकिन मैंने उनसे कभी कुछ नहीं कहा और न पापा ने कुछ पूछा कभी। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी उन्हें नहीं जोड़ा था। हालांकि यह भी
सच है कि मेरा छोटा से छोटा कदम भी उनसे छुपा नहीं होता था। वो सब जानते होते थे कि मैं कब, कहाँ और किसके साथ हूँ लेकिन रिसर्च में आने के बाद उन्होंने मेरे किसी भी निर्णय पर पूरी स्वतंत्रता दे दी थी- कुछ न बताने के निर्णय पर भी। यह दो लोगों की मौन सहमति थी।
उन्होंने केवल एक स्कॉलर की तरह व्यवहार किया था, लड़की या बेटी की तरह नहीं। वैयक्तिक से निर्वैयक्तिक हो जाना, शायद इसे ही कहते हैं। इधर जंगल की कानफोडू आवाज़ असहनीय रूप से तेज़ हो गई| तब मैंने मरी हुई आवाज़ में पहली बार ड्राइवर से पूछा- भाई साहब! ये आवाज़ कैसी है?
संक्षिप्त जवाब- झींगुर बोल रहे हैं।
मैं चौंक गई – इतना तेज?
हाँ।
ड्राइवर की संक्षिप्त और शांत आवाज़ सुनकर मुझे थोड़ी तसल्ली मिली। ऐसे तो ट्रैवेल के दौरान ड्राइवर जब कभी होश खोना शुरू करते (ऐसा दो-तीन बार हुआ था और वह भी बनारस-बाबतपुर रूट पर) तो मैं अपनी सुरक्षा के लिए क्राइम ब्रांच से लेकर पता नहीं कौन-कौन- सी अधिकारी बन जाती हूँ लेकिन उस दिन मुझे पता था कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के जंगलों में कोई ब्रांच का अधिकारी क्या, फोर्स के टुकड़े भी काम आते, इसमें संशय ही है।
अंत में मैंने डर को परे करते हुए ड्राइवर से ही बात करने की ठानी- वो मुझे दिखाने लगे कि आपको उस 1000 फ़ीट ऊंचे जगह पर अभी जाना है। पूरे रास्ते जंगल है। यहाँ से देखिए, ऐसे देखिए… उनकी सहज और निश्छल बातचीत से मेरे डर का ग्राफ़ तेजी से नीचे आने लगा। वो भावुक होकर न केवल अपने प्रदेश की गरीबी, मिट्टी के घर के पीछे की क्रूर गाथाओं और आंसुओं को बताने लगे बल्कि मेरी आत्मीयता महसूस कर और शायद मेरी सहमी हुई स्थिति भांप कर भावुक हो अपनी निजी ज़िंदगी, बीवी-बच्चों के दास्तान भी बताने लगें।
उनसे बात करते-करते लगा कि जैसे सांस फ़िर से देह में लौट आई हो…मंजिल पर पहुँच कर उन्होंने कार्ड दिया और कहा कि कहीं जाना हो तो दीदी बताना। मैं मोटरसाइकल भी जुगाड़ कर दूंगा। तुम्हारे पैसे बच जाएंगे।
मैं जोर से हंस पड़ी। महसूस हो रहा था- जैसे बरसों बाद हंसी हूँ। वो लड़की अब तक आ गई थी- तुम्हें कोई दिक्कत तो नहीं हुई ?
मैंने कहा- अभी तक तो हो रही थी, अब नहीं होगी। मैं जाते हुए जीप वाले भैया को मुस्कुराते हुए जोर-जोर से हाथ हिलाने लगी। बदले में रास्ते भर शांत, संयमित होकर बात करने वाले भैया जोर से हँसते हुए बोल पड़ें- शाम में आता हूँ दीदी… तब तक आराम कर लो|
पीछे पलटकर अपनी मित्र को झाड़ते हुए कहा- तुमने इन स्थितयों के बारे में मुझे पहले क्यों नहीं बताया?
ठहाके लगाते हुए उसने कहा- तुमसे मिलना जो था…बता देती तो तुम कहाँ आती…
मैं- जान ही ले लो न फिर… हम देर तक हंसते रहे।

