समीक्षक
नीलिमा शर्मा
प्यार ढाई अक्षर का शब्द हैं लेकिन इसकी अनुभूति सबको भिन्न भिन्न होती हैं | सुबह की ओस का चुम्बन करती किशोर उम्र जब इस छुअन को महसूस करती हैं तो अलग ही भाव प्रस्फुटित होते हैं | कमसिन उम्र के सूरज का ताप जब महसूस होता जाता हैं तो सोच का अहसास भी बदलता जाता हैं | प्रेम के इस मोड़ पर उम्र बूंद भर ओस से तृप्त नही होती बल्कि उसे घूँट भर प्रेम चाहिए होता हैं| अपने भीतर प्रेम को महसूस करती मन की तरंगे समुन्दर के ज्वार भाटा सी जिद्दी भावो के उतार चढ़ाव को महसूस करती हैं | फिर मन इस प्रेम समंदर को अंदर उतार कर डूब जाना चाहता हैं और तब चरम को पा जाता हैं | इन्हीं प्रेम लहरों पर उतरते डूबते मन के कोने उस स्तिथि को प्राप्त हो जाते हैं जहाँ प्रेम एक अनुभूति बन जाता हैं जिसकी अभिव्यक्ति भी सम्भव नही होती हैं |
मनीषा कुलश्रेष्ठ आज हिंदी साहित्य जगत का एक प्रतिष्ठित नाम हैं|मनीषा शब्दों और भावो की जादूगर हैं | जिस भी विधा का चुनाव लेखन के लिए करती हैं, खुद तो उसमें डूब कर लिखती ही हैं अपने पाठको को भी उसी दुनिया का हिस्सा बना देती हैं |
कुछ समय पहले मनीषा की कविताओ की एक किताब “प्रेम की उम्र के चार पड़ाव” शिवना प्रकाशन से आई हैं | प्रेम में गुलाबी होना आपने सुना ही होगा, यहाँ तो किताब भी गुलाबी हैं और उस पर अंकित मनीषा की छवि भी गुलाबी और इन कविताओ को पढ़कर कोई भी पाठक भावों की अनुभूति से सराबोर हो उठेगा.
मनीषा ने इस पुस्तक को उस भाव को समर्पित किया जिसके साथ वो एक उम्र नही अनेक उम्र गुजारना चाहती हैं | वह अपने भीतर के प्रेम को आशान्वित करती हैं कि मैं न रहूँ तो भी फिर से तुम्हारे लिए जन्म लूंगी बार बार जन्म लूंगी| पुस्तक की पहली ही कविता जो उनके किशोर मन की लिखी कविता हैं ,यह बताती हैं कि उनका मन कितना मासूम हैं| उनकी उम्र गोल्ड फिश की तरह स्वर्ण मरीचिका से चकाचौंध होती हैं|
यह कविताएं कच्ची उम्र की कविताएं हैं जो परिपक्वता से अपनी बात कहती हैं| एक कविता में एन फ्रैंक की डायरी पढ़ती लडकी खुद को उसी अवतार मे खोया हुआ पाती है और खुद भी लिख देती है एक कविता| कभी अँधेरी रातो को ड्रैगन से बतियाती और कभी नदी से रूबरू संवाद करती कवियत्री अपने मन को जब तन्हाई में देखती है तो कह उठती है:-
कल हम
जुड़े थे
तो हमारे साथ जुड़ा था
एक पूरा मेला
आज हम अलग हुए है तो
दर्द का एक पूरा रेगिस्तान सुलगता हैं
कोई परिंदा भी पर नहीं मारता हैं
उनके मन की जिद्दी लेकिन प्यारी मासूम लड़की कविता में चिहुंक उठती है कि हम नींद की नदी पार करके सपनों के जंगल में भाग जायेंगे .लेकिन अपनी कच्ची उम्र की तरह बहुत डरती भी हैं … न जाने कौन सी अनहोनी बात अभी होनी हैं जिसके लिए मेरा हृदय बुरी तरह धडक रहा हैं \
अपने घर के अकेले कोने में कच्ची उम्र की वो लडकी जब दीवारों की तरफ देखती हैं तो हर कोने के हर हिस्से में एक कहानी बुन देती हैं | अपने कमरे से अलविदा कहने से पहले वो अपनी इस दीवानगी को भीतर समेट लेना भी चाहती हैं | हर कविता प्रेम की कच्ची सौंधी ख़ुशबू लिए किसी अनजाने व्यक्ति से बात करती नजर आती हैं | उस उम्र की कहानी ही ऐसी होती हैं कि कोई नहीं होता फिर भी ख्याल भरे रहते हैं किसी की अनजानी आहट से |
मनीषा की कविताओं में वही
आहट नजर आती हैं जो एक सोलह बरस की बाली उम्र की धड़कन में संगीत की तरह गुंजित होती हैं | किताबी कीड़ा सी वो लड़की कभी प्रेम को तिकोना होने से बचाना चाहती हैं तो कभी अमलतास के नीचे बैठ पीले सुनहरे सपने बुनती हैं | प्रेम का स्वाद न जानते हुए भी उसको चखने को आतुर वो लड़की पहले प्यार के तिलिस्म को जानना चाहती हैं और चुपके चुपके की गई स्कूटर राइड से ही आह्लादित हो उठती हैं।
उनकी कविताओं से आज की किशोर लड़की शायद खुद जोड़ न सके| लेकिन परिपक्व उम्र को जब इन कविताओ से गुजरना होगा तब उसको अपना समय अवश्य याद आएगा जब उनके समय में प्रेम एक वर्जित फल होता था और चुपके चुपके उस फल को खाने की कोशिश भरी दोपहर में अमलतास गुलमोहर के तले की हवा सी महसूस होती हैं …आज के एयर कंडीशनवाले भी इस अमलतास की हवा को भी महसूस कर सकेगे यह इन कविताओं की शक्ति हैं|
कुछ कविताओं में लड़की के प्रेम का एक जिद्दी अक्स धीरे धीरे अब मुलायम सा मासूम सा अक्स बनता जाता है,जिसके सामने एक खुला बुग्याल हैं जहाँ वो मन की उमंगों तरंगो के साथ लुकाछिपी खेलती हैं तो कहीं कहीं बुग्याल थार से नजर आने लगते हैं .गुलाबी सी लडकी तब चुपके से आंसू बहाती हैं लेकिन वो पलकों की झालर पर अटके ही रहते है उनको गालों पर बहा कर कमजोर नही बनती हैं | अपने स्वप्निल प्यार का चेहरा सपनो में देखती लड़की अपने मन के कच्चे आँगन में जब सपने संजोती,बोती हैं तो वो आंगन कभी कभी पथरीला भी हो जाता हैं | पहले बाहुपाश का अलौकिक भाव कच्चा आँगन में ऐसे उतरता हैं कि जैसे सामने ही घटित हो रहा हैं और खुल ता जाता हैं गुलाबी लडकी का मन | उस आलिंगन को कितने प्यारे शब्दों में बयाँ करती है वो लड़की …..
पकते हुए गेहूं के खेतों से\गुजर कर आई हूँ मैं\ कच्ची पक्की सी महक/ बस गयी हैं देह में \ रात जब समेटा था तुमने \ बिखरी सुनहरी रेत सा \
x x x
सिर्फ अपने मन की नहीं उस काल्पनिक राजकुमार की भी मन की बात कहती हैं ..
रात तुम उफनी थी उस मुहाने पर आ \ जहाँ प्रकृति मिलाती हैं तुम्हें मुझसे \मैं हैरान सा समेटता रहा तुम्हें \ मेरी नदी हो तुम
यह कविताओ वाली गुलाबी लड़की नदी ही हैं जो समय के साथ लगातार बह रही हैं.उसे अपनी मंजिल नहीं मालूम लेकिन लगातार प्रवाहमयी, किनारों को बाहों में सामने को आतुर, प्रतीक्षारत स्त्री बन जाती हैं जो जानती हैं सब कुछ तभी तो लिखती हैं
यकीनों का क्या हैं \ पुरुष चाह कर भी कई बार\ उन यकीनों को बचा नही पाता \ क्योंकि उसको खुद को \मर्द साबित करना होता हैं \ इस यकीन को साबुत बचाते बचाते \कभी कभी टूट जाते हैं दोनों के यकीं
शक\ अबोला\ गणित \पतंग \डाह \ अनेक ऐसे छोटी छोटी कविताओं से गुजरते महसूस होता हैं कि स्त्री का मन एक सुरंग हैं उसकी थाह पाना बहुत मुश्किल हैं| कितने भाव भरे होते हैं उसके भीतर और हर बार अपने भावो को अभिव्यक्ति देने के लिए अलग तरह की उपमाओं और बिम्बों का प्रयोग एक सिद्ध्स्त कलम ही कर सकती हैं|
दूसरे भाग की एक प्रेम कविता माँ और पत्नी होने के बीच झूलते परेशान होते हृदय की एक आह हैं तो अगले ही पन्ने पर माँ कविता ने गागर में सागर सी बात कह दी
यूँ तो माँ का जीवन एक किताब थी \ पन्ना दर पन्ना \मैं उन पन्नो की क्रम संख्या सी \उनके साथ \ फिर क्यूँ उसे पलटने से पहले \ बहुत पहले \मन दर्द से पक जाता हैं \ उंगुलियां अशक्त …
हर स्त्री का मन सुनहरी फ़र्न का जीवाश्म कविता से अनायास ही जुड़ाव महसूस करने लगेगा | इस तरह की कविताओं में मनीषा के मन की स्त्री कहीं बैचेनी से भरी हैं तो कहीं दार्शनिकता का पुट लिए हुए हैं . परिपक्वता की तरफ कदम ताल करता उम्र का यह काल कहीं प्रेम को आतुर दिखता तो कहीं खुद को समेटता हुआ | इस उम्र में सभी के साथ यही भावोनुभूति रहती हैं |
हर स्त्री इन कविताओ के भाव से खुद को जोड़ सकेंगी | इन कविताओं से मनीषा का अलग रूप देखने को मिलता हैं कहाँ कठपुतली वाली मनीषा , कहाँ लापता पीली तितली वाली मनीषा तो कहीं मल्लिका मनीषा तो कहीं जिद्दी भावुक सी मनीषा …. मनीषा की खासियत ही हैं कि जब वो खुद किसी चरित्र चित्रण को चित्रित करती जाती हैं तब उस चरित्र को जीती हैं …
मनीषा इस कविताओं में हर आम स्त्री सी दिखती हैं |कहीं उनका मनीषा द मल्लिका होना नही दिखता हैं|
समाज की सांकलों से एक स्त्री का बंधा मन उम्र के तीसरे मोड़ तक आकर आत्मविश्वासी हो उठता हैं| अपने भावो को संयित रखना, अपने फैसलों पर गर्व करना उसको बहुत अच्छे से आ जाता हैं| इस उम्र की स्त्री के लिए प्रेम का उजास एक अलग ही सुनहरा रंग लिए आता हैं| अब वो ओस का चुम्बन लेकर लेने को आतुर किशोरी भांति तृप्त नही होती अब परिपक्व प्रेम के समंदर में तरंगों के साथ गाती रोती स्त्री को देख अलग ही अनुभूति होती हैं|
बहुत कुछ …. छोड़ गयी थी वो \ अतरंग कविता से गुजरते हुए जब देह भाषा और सुर्खरू कविता पढ़ते हैं तो बिम्बों की जादुई दुनिया से परिचय होता हैं \ इतनी सुंदर भाषा से ज्यामिति कविता के माध्यम से रिश्तो को परिभाषित करती स्त्री छिन्नमस्ता बन जाती हैं
घाव कविता दर्द को परिभाषित करती हैं तो लम्बी कविता काली एक स्त्री के होने की यात्रा को ब्यान करती हैं | देवी काली कैसे एक लडकी को उसके भीतर के भय से विजयी महसूस कराती हैं |सुंदर भाषा और अलंकारों से सजी कविता मेरी प्रिय कविता बन गयी हैं \ कवियत्री का प्रवास चाहे वेनिस का रहा या फ़्रंकफ़र्ट का या फ्लोरेंस का उस काल में लिखी कविताएं एक स्त्रीमन की कलम की खूबसूरत बयानी हैं |
कविताओ के विभिन्न भावो की बारिश में भीगती जब मैं अंतिम भाग की कविताओ तक पहुंची तो मनीषा के भाषा कौशल का लोहा मान चुकी थी …. मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मैं किसी गोकार्ट पर सवार हूँ जिसमें मुझे अलग लेवल तक जाना हैं| चाहे तो किसी भी एक लेवल के बाद वापिस लौटा जा सकता हैं| लेकिन भावो की बरसात कभी बूँद बूँद बरसती हैं तो कभी मूसलाधार भिगोती हैं फिर रिम झिम झड़ी लग जाती और मन उदासी और सोचने की अवस्था में खुद ही विचरण करने लगता हैं … पीछे पलट कर देखने की भी एक उम्र होती हैं| यह तो सामने दिखते रास्तो का निरीक्षण करती मन की कश्ती अपने मन पर एक रंगीन छतरी थामे भावो के गहरे समंदर में उतरने को खुद को तैयार कर लेती हैं|
उम्र के इस मोड़ की पहली कविता कलेंडर जीवन के शाश्वत सत्य को बताती हैं तो अतीत के जंगल बार बार पुकारती हैं | मुग्ध कर जाती कविता स्मृति वन बहुत प्रभावशाली बन उठी हैं .बैचेन स्त्री मन कभी फरीदा तो कभी किल्योपेट्रा बन कर प्रेमातुर हो उठता हैं तो कभी आदिवासी सोंनचम्पा से उठती एक आदिम गंध मदमस्त करती हैं|
मेले जीवन का उत्सव हैं भगोरिया मेले में कविता को भीतर तक अपनी कोख में पोषित करती कविताओ को जब जन्म दिया गया तो जैसे मेला सामने जीवंत हो उठा |
कुछ ऐसी पंक्तियाँ भी कविताओ का हिस्सा हैं जो मुख़्तसर सी हो उठती है –
“तुम्हारी देह वह एकमात्र सभ्यता है जिसे मैंने जाना और जिया है”
चुप्पियाँ कविता वास्तव में मन के कोलाहल को शांत करने का प्रयास करती प्रतीत होती हैं .
चुप्पियों से बहुत कुछ खत्म भी होता हैं तो चुप्पियों से बहुत कुछ शुरू भी होता हैं .
झूठ न बोल पाने पर कौशल हैं \ सच की किरचो सी पैर में बिंध जाती हैं चुप्पियाँ \उम्र जी ली अल्हड़ सच बोलते बोलते तुमने \ अब धार लो व्यवाहरिकता के \ नफे नुक्सान की चुप्पियाँ \
चाय के मग से बात करती कविता हो या कमल ताल पर विचरण करती कविता \ चुप्पे दुःख हो या आराध्य इनकी भाषा अपना ऐसा गहन प्रभाव छोडती हैं कि मन बिंधा रह जाता हैं |
कैलाश यात्रा की कविताएँ मन्त्र मुग्ध करती हैं। नदी, सागर, अमलतास ,सूर्य और पतंग पर लिखी कविताएं भी हैं तो साथ साथ इन कविताओं में कच्चा आंगन भी हैं, पहली स्कूटर राइड भी , नींद की नदी के पार भी हैं तो डाह भी \ अग्निपुष्प भी हैं और शतुरमुर्ग भी हैं, यहां चाय का दिन भी हैं और आदिवासी लडकियां भी हैं तो फुसफुसाती हुई चुप्पियाँ हैं और पुलकित रोमांचित करती मानसरोवर की यात्राएँ और इन सबके बीच प्रेम करता हुआ एक मन, तपते ज्येष्ठ में प्रेम को दो रंग राग \ विराग भी है| सबसे बड़ी बात यह कि इन कविताओं में उम्र के अलग अलग मौसम का एक रंग भी है, उस रंगों की आभा से बने इन्द्रधनुष से जो अलौकिक दृश्य बनता हैं वो विस्मित करता हैं.
संग्रह की कविताओं में एक स्त्री मन के विभिन्न अनुभवों के साथ-साथ प्रकृति के अलग-अलग रंगों के बिंब हैं।कहीं विद्रोह करने को आतुर और कहीं सच को संवारते बिंब कविता में धीरे-धीरे रिमझिम बरसात से बरसते हैं और फिर तेज बरस करएक काव्यात्मक अनुभूति से तृप्त करते हैं । कविताओं में निहित प्रश्न, संवाद, आश्चर्य-विस्मय और भावो का सूक्ष्म वर्णन उन्हें बार-बार पढ़ने और सोचने पर मजबूर करती हैं। इन कविताओं में भाषा का सौन्दर्य ,प्रकृति का चित्रण , सामाजिक परिवेश , उम्र का कौतुहल, आत्मसंवाद, प्रकृति से आत्मालाप सामाजिक परिवेश का चित्रण समन्वित हैं | संवेदनाओ से भरपूर यह कविताएं मनीषा के अलग ही रूप का बोध कराती हैं
अभी तक मनीषा के लिखे को पढ़ते आये पाठक इस संग्रह के बाद जान सकेंगे कि मनीषा इतना काव्यात्मक गद्य कैसे गढ़ लेती हैं | विषयों का गहनता से चुनाव और उस पर सूक्ष्म अनुसंधान, अपनी कलम से शब्दचित्र सा उपस्तिथ करना हर किसी के बूते में नहीं |
इस पुस्तक में छोटी बड़ी कुल ८० कविताओं का समावेश हैं | आप निरी रूमानी कवितायें पढ़ना चाहते हैं तो यह किताब आपके लिए नही हैं लेकिन अगर आप प्रेम के अलग अलग स्वरूपों को पढना चाहते हैं तो यह पुस्तक आपको पसंद आएगी | अलग मन स्तिथि में और समय में लिखी यह कविताएं अलग अलग रंग की कवितायें हैं और इन कविताओं को मुक्त छंद विधा में लिखा गया हैं | शिवना प्रकाशन से आई इस किताब का आवरण पृष्ठ और आकार बहुत सुंदर और आकर्षित हैं | पुस्तक की कीमत २५० रूपये हैं.
अगर आप मनीषा के लेखन के मुरीद हैं इस किताब को अमेज़न से मंगवाया जा सकता हैं |
मैं कोई समीक्षक नहीं हूँ बस किताब को पढ़कर मन में जो भाव उत्पन्न हुए वही यहां शब्दांकित करने की कोशिश की हैं .

नीलिमा जी!
आपके द्वारा मनीषा कुलश्रेष्ठ की पुस्तक ‘प्रेम की उम्र के चार पड़ाव’ की समीक्षा पढ़ी। काफी अच्छी समीक्षा लिखी है आपने। हमारे ख्याल से और हमारे हिसाब से जैसा हम सोचते हैं, कविता संग्रह पर समीक्षा लिखना ही सबसे अधिक कठिन है, पर आपने बेहतरीन तरीके से निभाया है। आपकी भाषा- शब्दकोश काफी समृद्ध है, यह हम जानते हैं। एक सफल कहानीकार भावनाओं और संवेदनाओं का आगार होता है और जब उसकी कलम उठती है तो लेखन की परिपक्वता महसूस होती है।
इस पुस्तक के लिये मनीषा जी को बहुत-बहुत बधाई।
समीक्षा के क्षेत्र में आपको पहली बार पढ़ा पर कहानी लेखन और साक्षात्कार से कम नहीं लगीं यहाँ आप।
इस समीक्षा के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई।
प्रस्तुति के लिए तेजेन्द्र जी का शुक्रिया।
पुरवाई का आभार तो बनता है।
thanks neelima ji
शुक्रिया नीलिमा जी
प्रिय नीलिमाजी, साधुवाद!
आपकी समीक्षा बहुत ही गहन अनुभूतियों से सुसज्जित है। लगता है मनीषा की पुस्तक हमने भी पढ़ ली है। इतना चित्रात्मक विवरण और शब्द व्यंजन विरले ही लिख पाते हैं। समीक्षक ना होते हुए भी आपने प्रतिक्रिया फल स्वरुप पूरी पुस्तक का लेखा-जोखा भावनात्मक स्तर पर किया है। आपको बहुत-बहुत बधाई और मनीषा को आशीर्वाद! इतनी छोटी उम्र में इतना कुछ लिख डाला भविष्य उज्जवल है। मेरी शुभकामनाएं और पुरवाई का धन्यवाद
आपकी, वीणा विज
शुक्रिया वीणा जी