माघ महीने की कृष्ण पक्ष एकादशी को
सूर्य की किरणों संग आयेगा नया सवेरा
हर ओर लोग मनायेंगे पतंगों का उत्सव
पूरे संसार में फैलेगा ज्ञान का उजियारा
मकर संक्रांति में नई आशाओं का उद्भव
सब मिल खाते तिल गुड़ से बनी मिठाई
मकर संक्रांति पर बहें खुशियों की तरंगे
मकर संक्रांति पर बहें खुशियों की तरंगे
सूरज की किरणें सबमें भर दें नई उमंगें
हर दिल में उमड़ती हैं एक नई पहचान
हर्षोल्लास सदभाव शांति फैले हर ओर
गंगा में स्नान करके बढ़ता सबका मान
यथाशक्ति दान दक्षिणा करते है लोग
अपने जीवन में हासिल करते परमार्थ
इच्छा अनुसार सभी करते हैं पुण्यकर्म
जिससे बढ़ती है परोपकार की सामर्थ्य
लोग कहीं संक्रांति कहीं पोंगल हैं मनाते
उत्तरायण की हवा चहुँ ओर चल पड़ी
गजक मूंगफली बढाती मन की मिठास
तिल के लड्डुओं के साथ खाते खिचड़ी
फिरकी और रंग बिरंगी पतंगों के साथ
आसमान भी दिखने लगा पूरा अतरंगी
मौसम भी पल पल रंग बदलने लगता
बादल बना देते एक इंद्रधनुष सतरंगी
खुशियों के इस महापर्व में रखें ध्यान
हम सभी के बीच पनपे प्रेम व्यवहार
आसमान में निशंक उड़ते रहें नभचर
खुशहाली लाये मकर संक्रांति त्योहार

कृष्ण कुमार गुप्ता
5th सितंबर 1958
व्यवसाय : केन्द्रीय जल और विद्युत अनुसन्धान शाला, पुणे, से वैज्ञानिक ‘सी’ के पद से मार्च 2018 में सेवानिवृत्त हुआ I
अनुभव : देश और विदेशों के बांधों और पॉवर हाउस की विभिन्न परियोजनाओं का 35 वर्षों का जल
गुणवत्ता अध्ययन I
5 वर्षों तक सहायक निदेशक (राजभाषा हिंदी) के पद पर कार्य किया I
3 वर्षों का प्रशासनिक अनुभव I
अन्य : 35 वर्षों तक अपने कार्यालय में एवं बाहर के सरकारी और निम सरकारी कार्यालयों में हिंदी से संबंधित सांस्कृतिक और कार्यालयीन कार्यक्रमों का आयोजन एवं मंच संचालन
पुणे के विभिन्न मंचों और कार्यालयों के हिंदी कवि सम्मलेनों में सहभाग
कई बार आकाशवाणी पुणे से कविता वाचन
हिंदी कविता लेखन
पुस्तकों का हिंदी एवं अंग्रेजी अनुवाद
-
श्री दत्ताजी नलावडे लिखित मराठी पुस्तक के हिंदी अनुवाद “विश्व के महानायक छत्रपति राजा शिवाजी और उनके वीर साथी” का 17 जनवरी 2022 को पत्रकार भवन में प्रकाशन हुआ I
-
इसी पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद “Hero of the World Chhatrapati Shivaji Maharaj and their Warrior” का विमोचन छत्रपति शिवाजी महराज के वंशज “प्रिंस ऑफ़ तंजौर” के कर कमलों द्वारा 1 अक्टूबर 2023 को हुआ I
-
श्री राहुल नलावडे द्वारा लिखित मराठी पुस्तक “मी राजगढ़ …” का हिंदी अनुवाद प्रगति पर है और शीघ्र ही प्रकाशित होने की सम्भावना है I
विभिन्न कार्यालयों के हिंदी दिवस कार्यक्रमों में सहभाग, विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा नीतियों, अन्य हिंदी विषयों पर और कार्यशालाओं में समय समय पर अलग अलग विषयों पर व्याख्यान, परीक्षक एवं बतौर मुख्य अतिथि सहभाग
-
“बॉर्डरलेस वर्ल्ड फाउंडेशन” नामक गैर सरकारी संगठन(NGO) में “प्रशासक” के तौर पर 2017 से जुड़ा हुआ हूँ I यह संस्था जम्मू और काश्मीर में अनाथ बच्चियों की सेकेंडरी, स्नातक, परास्नातक शिक्षा और व्यावसायिक कोर्सेज के लिए 1997 से कार्यरत है I इसके अतिरिक्त यह संस्था देश के कई भागों में शांति दूत के रूप में और आपात स्थिति में गरीब नागरिकों के लिए अम्बुलान्स और वैद्यकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराती हैI

कृष्ण कुमार जी!
आपकी कविता मकर संक्रांति पढ़ी।
हिंदू धर्म का एकमात्र त्यौहार जो तारीख के अनुसार मनाया जाता है, माघ महीने की संक्रांति जब सूर्य उत्तरायण होते हैं। तिल गुड़ के लड्डू , पवित्र नदियों में स्नान ,खिचड़ी का दान और पतंग की उड़ान!आपने अपनी कविता में संक्रांति के महत्व को भली भांति रचा!
बधाई आपको।