अरसे बाद एक ऐसी फ़िल्म देखी जिसे देखते हुए पूरे समय होंठो पर एक प्यारी मुस्कुराहट, आंखों में नमी और धड़कता दिल, अब क्या होगा, कौन है, और हर बीस मिनट बाद आश्चर्य से खुलता मूंह, और अंत में एक सिसकी, लेकिन उस सिसकी में भी एक बहता हुआ सा सुख है, दुःख है भी, लेकिन नायिका का समर्पण देख, नायक की अच्छाई देख मन दोनों के प्यार के लिए श्रद्धा से भर जाता है, और भर जाता है मन किसी भीनी सी सुगंध से, मदिर मदिर बहता प्रेम, जो नहीं होकर भी इतना प्रत्यक्ष है कि अभी छू लें, बस भाव ही तो चाहिए किसी को अनुभूत करने में, उसकी अनुपस्थिति उपस्थिति से अधिक जीवंत है, वह है, साथ है।
इधर बहुत अरसे बाद प्रेम को का देहातीत रूप, प्लूटोनिक लव देखने को मिला, इधर बहुत अरसे बाद प्रेम ने श्रद्धा का शिखर छुआ है, जिसका समर्पण देख पत्थर हृदय भी द्रवित हो जाए।
देह के विमर्शों ने देह और प्रेम को एक मान लिया था , उस विचार से एक झटके में दूर करती प्रेम कहानी, हौले से कहती है, केवल देह ही प्रेम नहीं है।
धीरे से कान में फुसफुसाती है, मदिर मदिर बहती गंध है प्रेम दो इंसानों के बीच, नर मादा के बीच बहता वासना की दुर्गंध से भरा गन्दा नाला प्रेम नहीं होता। नायक नायिका दोनों इतने प्यारे मासूम कि लगे बस देखते ही जाएं ।

मासूम हरकतें, अजीब हालातों में जागा प्रेम, अनजानी शरारती चुहल, काश्मीर से हैदराबाद का रहस्य, लंदन में पाकिस्तान की लड़की उसकी भारत यात्रा और एक के बाद एक खुलते रहस्य ।
काश्मीर है, पाकिस्तान है, आतंकवाद है, हिंदू मुस्लिम है, सेना है ।
लेकिन इन सबसे ऊपर सबमें मुनष्य हैं, अच्छे बुरे, बुरे भी ऐसे नहीं कि अपनी गलती न देख सकें, कुंठित हो और हिंसक हो जाएं, परिस्थितियों के बीच भी मानवता को बचाता सेना अधिकारी है, कोई अच्छा, कोई थोड़ा बुरा, लेकिन सब इंसान हैं और अपने किए पर उन्हें अपराध बोध भी होता है, स्वार्थ है, ईर्ष्या है, अहंकार है, झूठ है, लेकिन इन सबसे ऊपर प्रेम है, प्रेम देश के लिए, प्रेम मनुष्यता के लिए, प्रेम अपने लिए, धर्म जाति से परे अच्छाई बुराई का चित्रण है, विट्टी संवाद हैं, उद्देश्यपूर्ण हास्य है, मासूमियत है, सुन्दर प्रतीक हैं, और हां खूबसूरत वेशभूषा है।
हर इंसान अपने और बेहतर होने की तलाश में है, सुमधुर गीत हैं, सुन्दर छायांकन है, नायिका के सच से अंजान भोला नायक, नायिका भी भोली है, मजबूर है लेकिन मजबूत है ।
नायक भी कमज़ोर कहां, जो सदा दूसरों के लिए अपना आप न्यौछावर कर दे वह कमज़ोर कैसे हुआ!
नायक नायिका का अटूट, निश्चल प्रेम है, देश के लिए सबकुछ न्यौछावर करने का जज़्बा है, परिस्थितिजन्य त्रासदी है, किंतु उस त्रासदी में रूदन नहीं है, उस पीड़ा में कुंठा नहीं है, दुःख जमी हुई बर्फ सा है, जिसे आत्मा के ताप से पिघला दें तो शीतल जल मिलता है, नायिका अपनी यादों के अलाव से पिघलाती रहती है दुःख और पाती रहती है शीतलता, मानों वह दुःख ही अब औषधी हो चला हो। उस अलाव का प्रचुर ईंधन है उसके पास।नायक के पास भी यादों का अलाव है, जिसे सुलगाए रखता है वो और पाता है गर्माहट, जो उसे ज़िंदा रख सके।
प्रेम अपने शिखर पर उत्सव हो जाता है, पूजा हो जाता है, समाधि हो जाता है। यहां वही हुआ है, जिसकी उच्चता के साक्षी बहुत से लोग हैं, लेकिन असहाय हैं।
साथी साथ हो या नहीं, वह सदा साथ होता है, उसके साथ बिताए पलों की याद में उसी तरह जीता है कोई, जैसा उसके साथ होनेपर जीता।


