Sunday, March 15, 2026
होमकहानीप्रमिला वर्मा की कहानी - एक क़तरा रोशनी का

प्रमिला वर्मा की कहानी – एक क़तरा रोशनी का

सोनल ने बहुत बातें बताई थीं उस द्वीप की। समुद्र के किनारे दूर-दूर तक फैली सफेद रेत। द्वीप को तीन ओर से घेरे गहरा सतरंगी रंगों वाला समुद्र और समुद्र के किनारे पर काली चट्टानें और नजदीक ही बना विशाल गेस्ट हाउस। नहीं गेस्ट हाउस नहीं कहेंगे… बल्कि दो कमरे, किचिन की व्यवस्था और सामने वरांडा। वरांडे से नीचे उतरो तो गुदगुदी घास का लॉन। चारों ओर लगे नारियल के पेड़ और भी कई दरख्त… और गमलों में लगे फूलों के पौधे।
बहुत उदासी में भरकर शेफाली जी ने अपनी दोस्त सोनल को फोन लगाया था- ‘सोनल, उस द्वीप में कॉटेज की व्यवस्था करवा सकती हो, बहुत लम्बे समय के लिए मैं वहां जाना चाहती हूं, और हां सुनो एअर टिकिट भी।’
‘अरे क्या हुआ शेफाली जी, इतनी उदासी क्यों? क्या रोहित नहीं आया?’ सोनल शेफाली जी का स्वभाव जानती है। कभी वे खुशी से चहकती रहती थीं और कभी एकदम उदास।
 ‘नाम मत लो रोहित का मेरे सामने। बस मेरा काम कर दो यार।’
‘हां, ठीक है… अभी बैठूंगी इंटरनेट पर तो करवा दूंगी। और कौन साथ जा रहा है?’ सोनल ने पूछा।
‘कोई नहीं।’ उन्होंने फोन बंद कर दिया था।
सोनल उनसे लगभग 20-22 वर्ष छोटी है। लेकिन शेफाली जी की जिंदगी के रिश्ते जबसे खत्म हुए हैं, उन्होंने किसी से रिश्ता बनाना ही बंद कर दिया था। सोनल छोटी है तो क्या हुआ? बस दोस्त है उनकी।
शेफाली जी अपनी जिंदगी के 54 मील चल ली हैं। लेकिन अपने आपको ऐसा रखा है मानो अभी युवा ही हैं। उनका बेटा जीवित होता तो अभी तीस वर्ष का होता। लेकिन सब कुछ खोकर भी शेफाली जी अपनी जिंदगी को अपनी तर्ज पर जी रही हैं। मित्रों से घिरे रहना उन्हें पसंद है। शेरो-शायरी करती हैं, लेकिन स्वयं नहीं लिखतीं, बल्कि गजलों को बहुत अच्छे से गा लेती हैं। उनके घर में अपने देश के ही नहीं, पाकिस्तान के गजल गायकों के अलबम हैं। वे कुछ भी काम करती रहती हैं, इधर गज़ल बजते रहते हैं। शहर में होने वाले मुशायरों, गजलों के कार्यक्रम वे कभी नहीं छोड़तीं।
‘यार क्या हो रहा है, सोनल कह रही थी तुम चोरवाड़ जा रही हो? यह भी कि बहुत सारे दिनों को…।’ घर में घुसते हुए उनकी अभिन्न मित्र अनुराधा ने कहा।
‘हां, अनुराधा।’ लगा वे रो पड़ेंगी। लेकिन इतनी भी कमजोर नहीं हैं वे। रोई हैं अनुराधा के सामने भी…। लेकिन नहीं अभी वे कुछ नहीं बता पाएंगी। शायद फिर कभी।
‘बस अनुराधा ऐसा लग रहा है कहीं किसी स्वच्छन्द द्वीप पर अकेली रहूं जाकर। इसीलिए सोनल को बुकिंग का कहा। सोनल अपने साथियों के साथ वहां जा चुकी है और उसके अनुपम प्राकृतिक वर्णन का कसीदा पढ़ चुकी है।’
अनुराधा जानती है, शेफाली को। जब उसको कुछ कहना होता है तब सब कुछ कह डालती है, नहीं तो कुछ भी नहीं। लेकिन शेफाली कम से कम अनुराधा से कुछ नहीं छिपातीं। जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं जो शेफाली और अनुराधा से आपस में छिपा हो। दोनों ने इधर-उधर की बातें कीं, फिर पिछले गज़ल अल्बम की ताज़ा गज़ल दोनों ने मिलकर गाई।
‘ठीक है यार शिशिर आता होगा…। घर में मुझे न पाकर रूठकर बैठ जाएगा। मैं चलती हूं।’ अनुराधा ने कहा।
‘हां, जाओ शिशिर तो तुम्हारे लिए बच्चा है। जा उसे संभाल…। वरना रात को अकेली पलंग पर कसमसाएगी और वह सोफे पर सो जाएगा।’
अनुराधा के जाते ही शेफाली की आंखों के समक्ष कल का मंजर तैर जाता है। उफ कैसे होते हैं ये पुरुष…। क्या दोस्ती के यही मायने हैं। सोनल ने टिकिट भी बुक करवा दी थी और वहां कॉटेज की बुकिंग भी।
 ‘कल दोपहर की फ्लाइट है।’ सोनल ने बताया। ‘आप ही तो जल्दी जाना चाहती थीं।’
‘नहीं, ठीक है सोनल, कल की ही टिकिट ठीक है। मुझे एकदम बदलाव चाहिए…। वरना टूट जाऊंगी…।’
‘अच्छा, याद से टिकिट का प्रिन्ट निकाल लें। देखिए शूज, सॉक्स, दवा, मोबाइल का चार्जर और हां अपनी इलेक्ट्रिक केटली और चाय वगैरह रख लें। हर बार आप बेसिक और जरूरी चीजें भूल जाती हैं।’ सोनल ने कहा।
‘हां, भई रख लेती हूं। लो अटैची खोल ली है, बोलती जाओ मेरी मां…।’ वे हंसने लगीं।
उनके चहुं ओर उनके वैलविशर हैं ही, लेकिन सोनल और अनुराधा…। उन दोनों के बगैर तो उनकी जिंदगी अधूरी ही है।
वे कुछ कपड़े रखती हैं। एक बड़ा कैप… हाथ ठिठक जाते हैं…। रोहित लाया था गॉगल और कैप सिंगापुर से…। वे कैप को दूर फैंक देती हैं। ऐसे लोगों की यादें दूर फेंकनी हैं। गॉगल तो वह पहले ही सोनल को दे चुकी थीं। लेकिन तब रोहित था उनकी जिंदगी में… आज नहीं है। हां, गॉगल नाक पर चुभता था, तो अलग कर दिया था। रोहित, रोहित… जिसकी यादों से दूर भागकर वे इस एकाकी द्वीप पर जा रही थीं। वो प्लेन की खिड़की पर अपना चेहरा सटाए साथ-साथ उड़ रहा था।
उन्हें इच्छा हुई कि प्लेन की खिड़की पर कुछ भारी चीज दे मारें। लेकिन ऐसा सोचने मात्र से वह दूसरी खिड़की से झांकने लगता।
तो हम चोरवाड़ से 32 किलोमीटर दूर एअरपोर्ट पर उतर रहे हैं। वे अपनी अटैची थामे अकेली खड़ी थीं।
‘मैडम शेफाली… ’ होटल से टैक्सी आई है। वे सोनाली के प्रबंध को देखकर दंग रह जाती हैं। छोटी-सी उम्र में वह अपनी फर्म की प्रबंधक है और बिजनेस की बड़ी-बड़ी डील उसी के भरोसे छोड़ी जाती हैं।
वे अपना मोबाइल आॅन करती हैं तो अनुराधा के एसएमएस चारों तरफ से टूट पड़ते हैं, मानो उनके चारों ओर अनुराधा के शब्दों की सुरक्षा दीवाल बन गई थी।
‘हां रे, पहुंच गई। धीरज तो रख। कॉटेज में पहुंचने दे, फिर फोन करूंगी। अभी तो एअरपोर्ट के बाहर हूं।’ उन्होंने एक छोटा-सा फोन अनुराधा को किया फिर सोनल को फोन लगाया।
‘यार सोनल, टैक्सी भी आ गई है। अब हर जगह जाने का प्रबंध तुम्हारे जिम्मे। मेरी छोटी प्रबंधक मित्र…।’ दोनों हंसने लगी थीं।
सभी कसैली बातों को कुछ समय के लिए पीछे छोड़कर वे कॉटेज में घुसती हैं। वाकई समुद्र तट भी सुंदर है… और जैसा सोनल ने बताया था कॉटेज भी सुंदर है।
‘मैम चाय…।’
‘हां, ला दो। और ब्रेड बटर भी।’ उन्हें हाई बी.पी. की दवा भी खानी थी। अब वे चाय नाश्ता करके कुछ समय आराम करेंगी और फिर देखेंगी कि चारों तरफ का माहौल कैसा है। उन्होंने चाय का घूंट भरा ही था कि… लगा बाहर कॉटेज के गेट से कोई निकला है। वे झटपट कमरे की खिड़की पर आ गई। देखा… हां, सचमुच कोई जा रहा था। अरे यह तो शाम का धुंधलका है और सामने समुद्र की गर्जन। इसीलिए तो वे यहां आई थीं। उन्होंने जल्दबाजी में चप्पल ही पहन ली और मोबाइल हाथ में लेकर निकल गईं। सुबह से कुछ ऐसा हैवी खाया नहीं था अब नाश्ता करके अच्छा लग रहा है।
वे सीधे समुद्र के किनारे काली बड़ी चट्टानों की तरफ चली गईं। समुद्र की लहरें इन चट्टानों को टकराकर तकरीबन 6-7 फीट तक ऊंची उछल रही थीं। उन्होंने अचानक अपने भीतर खुशी-सी महसूस की और उन चट्टानों के पास, लहरों की टकराहट के पास जाने को उतावली-सी भागीं, ताकि उस ठंडे पानी की बौछारों को वे अपने शरीर पर महसूस कर सकें। इस जल्दबाजी में उनकी एक चप्पल चट्टान पर छूट गई और वे उसे उठाने समुद्र की लहरों की ओर भागीं तभी एक पुरुष हाथ ने उनका हाथ पकड़ लिया। वे लगभग लहरों में गिर ही जातीं, लेकिन उन्हें किसी ने सम्हाल लिया।
‘क्या करती हैं, अभी आप समुद्र में गिर जातीं…।’ तब तक दूसरी लहर ने आकर उन दोनों को समूचा भिगो दिया। फिर तीसरी… चौथी… लहर… वे दोनों सम्हल ही नहीं पा रहे थे। हवा चीख रही थी। एक अद्भुत रुलाई-सी थी हवा में। पुरुष ने उनका हाथ पकड़कर विपरीत दिशा की ओर खींचा। वह उन्हें चट्टानों पर काफी दूर तक ले गया, जहां लहरें नहीं थीं।
‘अरे मैं तैरना जानती हूं।’ वे मुस्कुरा कर बोलीं।
‘तैरना? मैडम यह चोरवाड़ है। इन चट्टानों के नीचे जहां आप खड़ी हैं, दूर तक समुद्र का पानी है। यह एक लम्बी-चौड़ी सुरंग जैसी है। पिछली बार जब मैं यहां आया था तो नौ विदेशी पर्यटक ऐसे ही लहरों को अपने शरीर पर अठखेलियां कराने उस ओर गए थे। सेकेन्डों में वे नौ लोग गायब हो गए थे। फिर काफी समय तक यहां सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए थे। इस गांव के लोग बताते हैं भाटा के समय भी इन सुरंगों में किसी ने जाने का साहस नहीं जुटाया।’
‘ओह, तो आपने मुझे बचा लिया। लेकिन मेरी चप्पल…।’
‘जाने दीजिए, यह आपका चोरवाड़कका पहला दिन है।’ दोनों ही खिलखिलाकर हंसने लगे। सामने समुद्र के क्षितिज पर नारंगी गोला डूबने को व्याकुल था। कुछ ही मिनटों में तट जो एकाकी था, समुद्र, रेत सब कुछ स्याह कालेपन में डूब गए।
‘यहां के कॉटेज सुंदर हैं, मैं वर्ष भर में 3-4 चक्कर अवश्य यहां के लगाता हूं। यह समुद्र का किनारा… सतरंगी पानी और ये विशाल दरख्त मुझे बुलाते हैं।’ उसने जानकारी दी।
‘ओह, मेरा परिचय, मैं शेलेन्द्र कपूर हूं। पहाड़ का रहने वाला, मेरे कुछ बिजनेस हैं। जिनसे थककर मैं यहां आता हूं।’
‘जी, मैं शेफाली हूं… बस यही परिचय… मैदानों से ऊबकर हम पहाड़ जाते हैं और आप लोग पहाड़ों से ऊबकर समुद्र किनारे आते हैं।’ शेफाली ने कहा।
‘अजी, पहाड़ों से कोई ऊब सकता है? उन्हीं पहाड़ों को देखने के लिए अलग-अलग मूड होता है।’ उसने कहा।
‘वह कैसे?’ शेफाली अचानक उस व्यक्ति की बातों में घिरने लगी थीं।
‘वहीं, जैसे हर औरत खूबसूरत होती है। कई औरतें शरीर और मन दोनों से खूबसूरत, कई शरीर से… और कई सिर्फ मन से…. वैसे शेफाली जी आप सचमुच सुंदर हैं। तो चलिए इस सुंदर वातावरण को और सुंदर बनाया जाए…। आप कॉफी पीना पसंद करेंगी?’
‘जी, बिल्कुल। लेकिन केंटीन में नहीं…।’
‘अजी, यहां आकर कोई केंटीन में बैठेगा?’ उन्होंने होटल ब्वॉय को आवाज दी और शेफाली के कॉटेज के लॉन में बैठना पसंद किया। अमेरिकन ग्रास के लॉन में दो आरामकुर्सियां रखी थीं और एक टेबिल।
उन्होंने शेफाली की ओर देखते हुए कहा- ‘आपके पति को बुला लें…। वे निश्चय ही सो रहे होंगे। है ना?’
‘नहीं, मैं अकेली आई हूं।’ उन्होंने कहा। इसी बीच कॉफी और वेफर्स होटल ब्वॉय रखकर गया था। वे वेफर्स का एक टुकड़ा उठाकर कुतरने लगीं। और इस एकाकी बीच पर अचानक इस तरह आने का मकसद ढूंढ़ने लगीं।
अचानक ही दोनों के समक्ष चुप्पी पसर गई थी।
‘मैंने शायद गलत वक्त पर गलत सवाल पूछा?’ शैलेन्द्र कपूर ने हिचकिचाहट से पूछा।
‘नहीं, बहुत कॉमन सवाल था। वह भी हमारे देश का सवाल… स्त्रियां तो घूमने जाती हैं अपने पति के साथ, तो इतनी डिपेंड होती हैं कि कहां रुकी है, कौन-सा होटल है, यह भी नहीं जानतीं। कई बार तो ऐसा लगता है शेखर जी कि यदि वे कहीं बिछड़ गईं तो, बिसूर बिसूरकर रोएंगी कि मैं कहां जाऊं…?कहां ढूंढ़ू अपने उनको…?’ वे हंस दीं। फिर उन्होंने बात बदल दी…।
‘…लेकिन कपूर सरनेम तो पहाड़ों में नहीं होता।’
‘हां। मेरे दादाजी दिल्ली में रहते थे। फिर पिताजी ने सोलन में व्यापार शुरू किया और वहीं बस गए तो हम तो पहाड़ के ही हैं न? फिर देहरादून में मैंने पढ़ाई की।’ अचानक शैलेन्द्र चुप हो गए।
कॉफी खतम हो गई थी। औपचारिकतावश शैलेन्द्र ने पूछा- ‘डिनर का क्या प्रोग्राम है?’
‘मैं रूम पर ही डिनर मंगवाऊंगी। गुडनाइट।’ कहते हुए वे कॉटेज के भीतर चली गई।
देर तक शॉवर कैप लगाकर वे शॉवर के नीचे नहाती रहीं। कितनी ढेर-सी किताबें लाई हैं वे। जिन्हें मुंबई में वे पढ़ ही नहीं पाती थीं। अब कोई अच्छी-सी गज़ल सुनेंगी और कौन-सी किताब पहले पढ़नी है यह छाटेंगी।
शॉवर कैप उतारा तो देखा सामने के बाल भीगे थे। घुंघराले काले बाल उनके गोरे चेहरे पर छाए थे। उन्होंने नए सिरे से अपने आपको देखा। मां भी तो इतनी ही सुंदर थीं। लेकिन बाबू सुंदर तो नहीं थे। लेकिन दोनों का अपार प्यार और एक दूसरे के प्रति समर्पण को वे आज भी महसूस कर सकती है। क्या कोई पति वर्षों बीतते रहने के बाद इतना प्रेम कर सकता था। जितना बाबू ने किया मां को…।
‘कैसा है महेश?’ मां ने शादी के बाद पहली बार आई हुई शेफाली से पूछा था।
वह चौंक पड़ी थीं। महेश… उसका तो स्पर्श तक नहीं जाना था उन्होंने। छोटी बहन हॉस्टेल में रहकर पढ़ रही थी। और बड़ी बहन अपने पति बच्चों में मगन थीं। किससे बांटे हृदय का दर्द… लेकिन मां काफी कुछ समझ चुकी थीं। कहीं कुछ है जो शायद शेफाली से भी छुपा है। थोड़े दिन मां के साथ रहकर वे लौटी थीं।
महेश अधिकतर लंदन में ही रहते थे। घर बहुत बड़ा और खाली था। वे बड़े-बड़े कमरों में चहलकदमी करतीं। फिर बाहर बगीचे में और घर के भीतर रखे गमलों में उन्होंने अपने आपको खपा दिया था। महेश लौटे तो यूं घर को गार्डन बना डालने पर खुश भी हुए और लटकने वाले पौधे चढ़ती बेलें, फूलों की झाड़ियों पर उन की पसंद की दाद भी दी।
याद है उन्हें, जब वे शादी होकर घर आई थीं। उसी रात एक फोन ने महेश को हिला दिया था। वे पलंग पर सजी दुल्हन बनी बैठी रह गई और उसी रात की सुबह 4 बजे की फ्लाइट से महेश लंदन चले गए थे। पूरा महीना बीत चुका था। महेश नहीं लौटे। परन्तु फोन आते थे। उनकी बड़ी बहन भी अपने शहर लौट गई थीं। यही उनका ससुराल था। महेश लौटे तो शराब पीते बैठे रहते, या फोन में लम्बी… लम्बी की जाने वाली बातचीत में व्यस्त रहते। इस तरह शादी का एक वर्ष गुजर चुका था।
‘क्या हुआ था शेफाली? तू इस तरह अचानक क्यों चली गई थी? तू तो बड़ी हिम्मत रखती है। बरसों से अकेली रह रही है।’ अनुराधा फोन पर थी।
रो पड़ी शेफाली-‘अनुराधा, जिसको इतना प्रेम किया वह इतना नीचे गिर जाएगा, सोचा नहीं था।’
‘अरे, कुछ बताएगी भी या यूं रोती रहेगी। क्या हुआ मुझे सब बता। मैं जानती हूं, जब तक मुझे ठीक से बताएगी नहीं, तेरा मन हल्का नहीं होगा।’ थोड़ी देर वो रोती रहीं। अनुराधा ने रो लेने दिया। संयत हुई, कहा- ‘दो दिन पहले रोहित आया था। आते ही कहने लगा-‘’देखो, फ्राइड फिश लाया हूं। तुम्हारे लिए बियर एकदम चिल्ड है और अपने लिए व्हिस्की।’ स्वयं ही किचन में गया और दो गिलास, बाऊल में बर्फ और प्लेट में फिश निकाली। दोनों पीते रहे। मैं खुश थी ऐसा ही दोस्त चाहा था मैंने। जो मेरे दिल के करीब हो। हम दोनों पीते रहे थे कि एकाएक उसने अपने नजदीक मुझे घसीटा…। और बड़ी बेदर्दी से मेरे कपड़े उतारने लगा…। मैं हतप्रभ रह गई अनु…। बियर का सुरूर और एक ऐसा इन्सान जिसे मैं पिछले दो वर्षों से प्यार कर रही थी कुछ कह नहीं पाई। अनुराधा…। यह क्या? क्या यह प्रेम है, मैं गुस्से से कांप उठी। मैंने उसे भरपूर ताकत से अलग किया और कपड़े सम्हालती हुई दूसरे कमरे में आकर पलंग पर गिर पड़ी। वह कब गया पता नहीं चला। अनु, मैं इतनी रोई कि उल्टियां होने लगीं। प्रेम का यही एक रूप अनु… बता तो तू.. क्या वह मुझे प्रेम करता था। तू ही तो कहती थी कि वह मुझे प्रेम करता है, साफ दिखाई देता है। वह क्या समझता था कि मैं उससे शारीरिक प्रेम चाहती हूं।’
वे फूट-फूटकर रोने लगीं।अनुराधा ने बहुत मुश्किल से उन्हें सम्हाला और ‘रात को फोन करती करती हूं’ कहा।
उन्होंने रूम ब्वॉय को बुलाया।
‘क्या है डिनर में?’
‘फ्रायड फिश, मैम यहां की फिश बहुत फेमस है।’ लड़के ने कहा।
‘नहीं। फिश नहीं, वेज में क्या है?’
‘छोले पूरी, पालक पनीर और ढेर-सी सब्जियों के नाम वह बताने लगा।’
‘ठीक है खूब गरम कुरकुरी पूरी और छोले ले आओ।’
डिनर शुरू ही किया था शैलेन्द्र कपूर आ गए।
‘अरे, आपने डिनर शुरू कर दिया, मैंने सोचा हॉल में ही चल कर खाते।’ वे मुस्कुरा दीं। शाम ही पहचान हुई और डिनर तक इतनी आत्मीयता।
‘ठीक है खाइये, मैं हॉल में जाकर खाऊंगा।’ वे होटल ब्वॉय के साथ ही कॉटेज से बाहर निकल गए।
रात को फिर अनुराधा का फोन आया। देर तक दोनों ने बातें कीं। अनुराधा बोली-‘देख शेफाली, प्रेम का यही मतलब होता है। तुम लोग दो वर्ष से प्रेम कर रहे हो। तुमने शादी के लिए मना कर दिया था। अब जब लिव इन रिलेशन में रहोगे तो क्या संन्यासी बनकर। मैं समझती हूं शेफाली, यह बात तर्कसंगत नहीं है। हां, लेकिन ऐसी जानवर जैसी पहल तो किसी के भी मन को तोड़ देगी। वही तेरे साथ हुआ। यही पहल प्रेम और मनुहार भरी होती तो शायद तू भी मान जाती।’
 शेफाली चुपचाप सुनती रही।  ‘फिर तेरा जवान बेटा भी तेरी आंखों के सामने गया। तू एक मां है इतनी जल्दी तेरा हृदय किसी को स्वीकार नहीं कर सकेगा।’
हां, सच तो कह रही है अनुराधा। जब भी कुछ सोचा तो उनका बेटा नील सामने आ जाता। कितनी मुश्किल होती थी यह मानने में कि नील अब नहीं है।
‘क्या हुआ था आपके बेटे नील को?’ शैलेन्द्र कपूर दूसरे दिन सुबह को सैर पर साथ थे। समुद्र का गर्जन शांत था। लहरें धीमे-धीमे रेत पर आतीं और वापस लौट जातीं। वे दोनों समुद्र किनारे टहल रहे थे।
‘जान्डिस हुआ था बी टाइप का। मुंबई के डॉक्टर्स ने मना कर दिया था तो हम दिल्ली लेकर गए थे। अच्छा हुआ महेश तब लंदन से आ गए थे। तुरन्त हवाई जहाज से नील को लेकर गए। वहां एडमिट कराया। एक दो आयुर्वेदाचार्य भी देखने आए, लेकिन लिवर ने काम करना बंद कर दिया था। उसी दोपहर वह हमें छोड़ कर चला गया। और इत्तेफाक देखिए कि उसके बीमार पड़ने से पहले, ठीक दो दिन पहले महेश ने मुझे लंदन की खबर सुनाई थी जिसे वे 18 वर्षों से छुपाए हुए थे। वहां लंदन में उनकी पत्नी और 16 वर्ष का बेटा था। अर्थात लंदन वे इसलिए जाते थे। अपनी उस गृहस्थी को सम्हालने जो मेरे आने के बाद बसी थी। मेरा उनके प्रति अत्यधिक विश्वास ही मुझे डुबो गया समूचा। नील जब गया तब वह 20 वर्ष का था। इतने वर्ष मुझे पता ही नहीं चला। यानी कभी महेश ने पता तक नहीं चलने दिया। इतनी खामोशी से सब कुछ छुपाया। वे मेरे पास ऐसे रहते थे मानो मजबूरी थी लंदन में रहने की कि मुझे वे बहुत मिस करते थे। ओह, कितना झूठ फरेब… मुझे लगता है उन्होंने नहीं बताया होता तो शायद मैं इतना न टूटती। लेकिन अचानक मुझसे दोनों छिन गए।’
 शेफाली ने बताते हुए इतने वर्षों बाद अपने आपको वैसा ही टूटा महसूस किया।
समुद्र पर सूर्योदय की सतरंगी किरणें अठखेलियां कर रही थीं। जैसे पानी पर इंद्रधनुष खिल आया हो।
‘’मुझे इसीलिए यहां का समुद्र भाता है, इन्द्रधनुषी रंगों वाला। शैलेन्द्र ने समुद्र पर दूर देखते हुए कहा।
‘हां, ऐसा समुद्र मैंने मॉरिशस में देखा था। मॉरिशस तो महेश के साथ ही गए थे। लेकिन बाद में उनके लंदन बस जाने के बाद अकेले ही घूमते रहे।’ शेफाली ने कहा।
‘क्या बिजनेस था महेश जी का?’
‘कार्गो का। बाद में सुना, उनका लंदन में खूबसूरत बंगला है जहां नेहा और उनका बेटा रहते हैं।’
‘समझ में नहीं आया शेफाली जी आप सुंदर हैं, पढ़ी-लिखी हैं, फिर महेश जी ने ऐसा क्यों किया?’ शेखर कपूर को इतने अंतरंग प्रश्न करने का हक किसने दिया। शेफाली सोचती हैं लेकिन फिर भी वे इस उलझे चक्रव्यूह में फंस रही हैं। क्या वे जानती नहीं कि भीतर से वे भरपूर सशक्त हैं। सीधी हैं, लेकिन इतनी भी नहीं कि किसी को समझ न पाएं। बरसों से अकेली रह रही हैं। अभी तक तो अनुराधा ही यह सब पूछती थी… अब ये शेखर कपूर… मात्र कुछ दिनों का घूमने का साथ।
वे दोनों समुद्र की रेत पर पड़ी आरामकुर्सियों पर बैठ गए। धूप से बचने के लिए ऊपर बड़ी-बड़ी रंगबिरंगी छतरियां लगी थीं।
शेफाली चुप ही थीं। क्या बताऊं कि महेश एक स्वार्थी व्यक्ति था। शराब पीकर चिल्लाता था और दुनिया के सबसे घटिया इन्सान की तरह पेश आता था, कि नेहा के पास अपार सम्पत्ति और वहां रहने की नागरिकता थी… क्या बताऊं? वे अचानक बोल पड़ीं।
‘जाने दीजिए, जिस बात का मन न करे, वह नहीं करना चाहिए।’
वे कॉटेज में लौट गए थे।
शेफाली ने देखा था शेखर कपूर कॉटेज के बरांडे में अखबार लिए बैठे थे। आकर्षक व्यक्तित्व है इस पुरुष का। कितना कुछ पूछता है, और वे मंत्रबद्ध होकर सबकुछ बताती रहती हैं। भीतर पहुंचकर उन्होंने अपने छोटे से सीडी प्लेयर पर नृत्य के गाने लगा लिए। वे कहीं भी जाती हैं, अपना सीडी प्लेयर अवश्य साथ ले जाती हैं। उन्होंने चुनरी को कमर पर कस कर बांध लिया। बिखरे घुंघराले बालों की पोनी बांधी और ट्रेवल बैग से अपने घुंघरू निकालकर बांध लिए. अब वह नाच रही थीं। एक नृत्य दो नृत्य, तीन नृत्य फिर तीसरा नृत्य पूरा होते ही वे निढाल सी सोफे पर गिर गई। सांस धोंकनी सी चल रही थी। वे बहुत उत्तेजित हो रही थीं। इस वक्त उन्हें रोहित के सिवा कोई दूसरा याद नहीं आ रहा था…। इच्छा हुई रोहित की तस्वीर अलमारी से निकालकर फेंक दें और टूटी गिरी कांचों पर नृत्य शुरू कर दें। घायल हो जाने दें अपने पैरों के उन तलवों को जिनकी तारीफ रोहित किया करता था…। मुलायम और गुलाबी तलवे… मैंने किसी के नहीं देखे।
नृत्य रुकने पर रोहित ने उन्हें अपनी बांहों में कस लिया था…। कहां थीं तुम अभी तक? तुम्हें तो फिल्मों में जाना था…। अनोखा सौन्दर्य, अनुपम नृत्य…। वे थक कर रोहित के कंधे पर अपना सिर रख देती हैं।
महेश तो जानते थे कि उन्हें नृत्य प्रिय है, लेकिन कभी नहीं कहा कि दिखाओ…। बल्कि वे गाना बजते ही बाहर से रूम बंद कर देते थे।
लगा दो जोड़ी आंखें खिड़की पर झांक रही हैं। सचमुच शैलेन्द्र ही थे। वे मुस्कुरा दीं। दरवाजा खोला तब तक घुंघरू पैरों में बंधे थे।
वे बगैर इजाजत लिए भीतर आ गए।
‘शेफाली जी, कोई अपने अकेलेपन को, अपने दु:खों के साथ इतनी जिन्दादिली के साथ जिए, यह पहली बार देखा, सुना। आप सचमुच जीनियस हैं। मैं सोचता था पत्नी की मृत्यु के बाद सबकुछ खतम हो गया, मैं उन्हें प्रेम करता था, कभी नहीं सोचा कि कोई दूसरा जिन्दगी में आ सकता है। लेकिन आपने तो सारी परिभाषाएं एक तरफ सरका दीं। इस निर्जन द्वीप में नृत्य… गजल… पठन।’
‘इस निर्जन द्वीप में आने का कारण नहीं पूछूंगा, लेकिन यदि एक नृत्य दिखा सकें तो?’
वे अचानक उठकर खड़ी हो गईं। उन्होंने सी.डी. प्लेयर पर एक सूफी गाना लगाया… उस पर नृत्य… मानो कोई 21-22 वर्ष की माहिर नृत्यांगना समक्ष हो। वे मंत्रमुग्ध हो देखते रह गए।
नृत्य पूरा हो चुका था। वे घुंघरू खोल रही थीं। माथे पर पसीने की बूंदें थीं। जिसमें घुंघराले बाल चिपक गए थे… वे बोलीं- ‘एक बार फिर टूटी हूं शैलेन्द्र जी…। बहुत अरसे के बाद नील के जाने के बाद सोचा था फिर कोई जिन्दगी में आया है। मैं उसे प्यार करने लगी थी। लेकिन उसने मुझे ऐसा डुबोया कि बहुत कोशिश की लेकिन किनारे दूर हटते गए।’
वह फिल्मों में असिस्टेन्ट डायरेक्शन में कार्यरत था। उसका परिवार अर्थात उसकी मां, पिता और भाई आदि दूसरे शहर में रहते थे। मुझे पहले ही समझ जाना था कि वह महेश से अधिक स्वार्थी है, शायद मुझे लोगों की पहचान नहीं है। मैं उससे लिव इन रिलेशन में रहना चाहती थी। मेरा मेरे शहर में भरपूर संसार है। मित्रों का, सभा सोसायटी का लेकिन, वह कहता था- ‘तुम शादी करके मेरे घर रहोगी। वहां माता-पिता की सेवा करोगी। मेरी दोनों भाभियां भट्टी पर नान-रोटियां सेंकती हैं। नान-रोटियां आदि वहां के ढाबों पर बिकने जाती हैं। यह काम तुम भी करोगी…। मैं कभी-कभी आया करूंगा। फिर हम बहुत प्यार करेंगे।’ वे हंसने लगीं।
‘वाह क्या जिंदगी की प्लानिंग थी।’ उन्होंने कहा था। वह जानता था मैं कैसे रहना पसंद करती हूं। लेकिन वह अपनी सडी-गली इच्छाएं मुझ पर थोपने लगा। मैंने सोचा चलो, शादी या साथ रहने की कामना न सही, एक अच्छा दोस्त, तो है ही। लेकिन एक दिन उसने दोस्ती की सीमाएं भी तोड़ दीं। वे अचानक चुप हो गईं। शेखर ने भी शेफाली से कुछ नहीं पूछा।
रात अनुराधा को फोन पर बताया-‘अनु, मेरे कॉटेज के बाजू में ही उसका कॉटेज है। हम मार्निंग, ईवनिंग वॉक, समुद्र किनारे पर चहलकदमी, डूबते, उगते सूरज को देखना, लगता है, वे एक अच्छे समझदार मित्र साबित होंगे। रोहित का दिया घाव भी भर ही जाएगा।’
‘देख शेफाली, तू फिर वहां से शीशे की तरह टूट कर नहीं  आना। तेरी शीशे की किरचें फिर तू टूट-टूटकर बटोरेगी। मुझे अच्छा नहीं लगता तेरा इस तरह टूटना बिखरना। समझती क्यों नहीं, पुरुष यही एक चाहत हमसे रखते हैं। पहले महेश… फिर रोहित।’
वे हूं-हां करती रहीं। फोन बंद हो गया। आई तो थीं अपनी घुटन से उबरने, यहां आकर वे ऐसे… नहीं, वे और टूटना नहीं चाहतीं। ठीक ही कहती हैं अनुराधा।
सुबह वे जल्दी उठ गईं। यहां तक कि समुद्र अंधेरे में डूबा था। वे बाहर निकल गई वहां अंधेरी हवाएं चल रही थीं, काला समुद्र भी उन अंधेरी हवाओं के साथ-गर्जन कर रहा था। उन्होंने अनु को फोन लगाया। नहीं, वह कहां इतनी जल्दी उठती है वह तो… पति की बाहों में गहरी नींद में होगी। उन्होंने अनु को एसएमएस किया, ‘मैं आ रही हूं अनु आज ही।’ वह जब तक एसएमएस खोलेगी, मैं एयरपोर्ट पर शायद हवाई जहाज में बैठ चुकी होऊंगी। उनके पैरों के नीचे अंधेरे में डूबी काली रेत थी वे तेजी से कॉटेज की ओर बढ़ रही थीं।

प्रमिला वर्मा
संपर्क – [email protected]
RELATED ARTICLES

3 टिप्पणी

  1. वर्तमान से साक्षात्कार कराती कहानी है आपकी। सचेत करती महिलाओं के लिये।
    शादी कभी कभी कैसे किसी के लिये धोखा बन जाती है। यह दुखद है। विदेश में बसे घर का कैसे पता चले!
    सावधानी में ही सुरक्षा है! कभी-कभी एक कतरा रोशनी के लिए भी तरस जाते हैं।
    बधाई आपको कहानी के लिये।

  2. प्रमिला वर्मा की कहानी -‘ एक कतरा रोशनी ‘ जिंदगी के एक अंश की सच्चाई है। मैंने अक्सर देखा है कि जिस रचना के शीर्षक में कतरा शब्द जुड़ जाता है उसकी थीम के पात्र असंतुलित होते हैं। इस कहानी की शेफाली पात्र भी असामान्य महिला सा व्यवहार करती है। जीवन के असामान्य पात्र खुद की तथा दूसरे की जिंदगी बिगाड़कर रख देते हैं। जीवन नरक बन जाता है। वहीं कथा के ऐसे पात्र रचना को उत्कृष्ट बना देते हैं।
    इस कहानी की नायिका शेफाली ऐसी ही पात्र हैं जो पुरुषों द्वारा छली जाती है। वह पुरुष पति हो या प्रेमी हो या समुद्र के किनारे की लहरों के बीच नया मिला उसका हमदर्द हो, सभी ने उसे छला ही है।
    शेफाली की मानसिकता समझ से परे है। शेफाली की महिला मित्र उसकी मानसिकता पर सवाल उठाती है, बुरा न लग जाए इसलिए ऐंगल बदल देती है।
    शेफाली पुरुषों को भरपूर कोसती रहती है। कहानी में लगता है कि अब यह किसी पुरुष की तरफ देखेगी नहीं। लेकिन जैसे ही पुरुष से सामना होता है वह धीरे-धीरे ही सही खुलने लगती है।
    असामान्य व्यवहार मनोरोग के अंतर्गत आता है। तो क्या शेफाली मनोरोगी है? मैं कहूंगा कि शायद नहीं। बेटे की असामयिक मृत्यु तथा पति के व्यवहार ( पति से कैसे अलग हुई कहानी में इसका जिक्र नहीं है) ने उसे तोड़ दिया है। कहानी अच्छी बन गई है। प्रमिला जी बहुत-बहुत बधाई आपको

  3. प्रमिला वर्मा की कहानी -‘ एक कतरा रोशनी ‘ जिंदगी के एक अंश की सच्चाई है। मैंने अक्सर देखा है कि जिस रचना के शीर्षक में कतरा शब्द जुड़ जाता है उसकी थीम के पात्र असंतुलित होते हैं। इस कहानी की शेफाली पात्र भी असामान्य महिला सा व्यवहार करती है। जीवन के असामान्य पात्र खुद की तथा दूसरे की जिंदगी बिगाड़कर रख देते हैं। जीवन नरक बन जाता है। वहीं कथा के ऐसे पात्र रचना को उत्कृष्ट बना देते हैं।
    इस कहानी की नायिका शेफाली ऐसी ही पात्र हैं जो पुरुषों द्वारा छली जाती है। वह पुरुष पति हो या प्रेमी हो या समुद्र के किनारे की लहरों के बीच नया मिला उसका हमदर्द हो, सभी ने उसे छला ही है।
    शेफाली की मानसिकता समझ से परे है। शेफाली की महिला मित्र उसकी मानसिकता पर सवाल उठाती है, बुरा न लग जाए इसलिए ऐंगल बदल देती है।
    शेफाली पुरुषों को भरपूर कोसती रहती है। कहानी में लगता है कि अब यह किसी पुरुष की तरफ देखेगी नहीं। लेकिन जैसे ही पुरुष से सामना होता है वह धीरे-धीरे ही सही खुलने लगती है।
    असामान्य व्यवहार मनोरोग के अंतर्गत आता है। तो क्या शेफाली मनोरोगी है? मैं कहूंगा कि शायद नहीं। शायद हां। बेटे की असामयिक मृत्यु तथा पति के व्यवहार ( पति से कैसे अलग हुई कहानी में इसका जिक्र नहीं है) ने उसे तोड़ दिया है। कहानी अच्छी बन गई है। प्रमिला जी बहुत-बहुत बधाई आपको

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest