Monday, November 23, 2026
होमकहानीलकी राजीव की कहानी - सुरंग के पार रोशनी है

लकी राजीव की कहानी – सुरंग के पार रोशनी है

भरे पानी का गिलास मैं आंगन की दीवार पर फेंक कर आ गया था…जी में तो आया था कि यही गिलास बैठक में बैठे उस आदमी के चेहरे पर फ़ेंक आता, भाड़ में जाए वो लंपट और उसकी थ्योरी! बड़ा आया कहने वाला कि धीरेंद्र को बिटिया ही होगी ! इतना ही ज्ञानी है तो क्यों नहीं अपने घर में सब कुछ ठीक कर लेता? अम्मा मेरे पीछे भागी आई थीं,
“ऐ धीरेन्द्र, सुनो तो लल्ला, तुम काहे आपा खो आए? कभी बिटिया हुई है अपने हियां जो अब होगी? बसेसर चाचा तो मरते मरते आसिरबाद दे गए थे, एक्को बिटिया न होगी, लड़का पे लड़का पैदा हो हो के घर भर जाएगा।“
अम्मा ने इतना बोलकर, दोनो हाथ जोड़कर आसमान की ओर उठा दिए थे..पता नही क्या बोलीं थी? काहे की प्रार्थना थी? चाचा का आशीर्वाद खाली न जाने की या फिर उस आदमी की भविष्यवाणी पूरी न होने की! तीर जिस तरफ भी चला था, निशाना एक ही था..बिटिया की किलकारी इस घर में न गूंजने पाए! अम्मा के लिए बिटिया जन्म का मतलब “सात पुश्तें कर्ज भरती हैं” जैसे दुख से जुड़ा था, जो कि सीधे शादी ब्याह से जाकर जुड़ जाता था, लेकिन मेरे लिए? मेरे लिए लड़की का बाप होना एक गाली से ज़्यादा कुछ और नहीं था,लेकिन ये था क्यों? दिमाग में भीतर जाकर घुसा सवाल कील की तरह चुभ रहा था,लगा कि थोड़ी देर और ये कील चुभी तो एक एक करके सारी नसें फटती जाएंगी, खून गिरकर माथे तक आएगा और सबको दिख जाएगा… मैं हांफने लगा था, हड़बड़ी में एक बार माथा भी पोंछ लिया, पूरा बदन ढीला ढीला सा था, जैसे निचुड़ गया हो। ऐसा नहीं  कि इस डर ने मुझे पहले कभी नहीं घेरा। मैं शुरूआत से ही सशंकित था, होने को तो ये संभव ही था। बेटों से भरे पूरे घर में एक बिटिया का आगमन भी तो हो सकता था! फैमिली ट्री की परंपरा को तोड़कर, बसेसर चाचा की बात को झुठलाकर, अम्मा की सारी मन्नतों को धता बताते हुए क्या डॉक्टर ये नहीं कह सकती कि बधाई हो, बिटिया आई है! डरता था,फिर ख़ुद को समझाता भी था…
नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। बाउजी खुद चार भाई ,बिना बहन! चाचा–ताऊ किसी के बिटिया नहीं, फिर बाउजी के हम तीन बेटे,कोई बहन नहीं, फिर बड़े भइया और मंझले भईया के भी एक एक बेटा, और अब मेरी बारी है तो…हां तो वही होगा ना जो होता आया है। होना भी यही चाहिए , लेकिन ये आदमी क्या बोल गया था। पूरा शरीर एक बार फिर पस्त पड़ने लगा था, पत्नी गिलास लिए पास खड़ी थी..
“शिकंजी पी लीजिए, कमजोरी लग रही न“
शिकंजी का गिलास पकड़ते हुए पेट के उभार पर नज़र चली गयी, मेरा हाथ कांपा, थोड़ी सी शिकंजी गिरकर उसकी साड़ी भिगो गयी..
“वो गया कि बैठा है अभी?”
मैं ताकत बटोरकर गरजा!
“गए, वो तो तभी चले गए..”
हल्की सी सहमी हुई आवाज़ आई।
“और तुम काहे सबके सामने पेट फुलाए चली जाती हो? प्रदर्शनी लगाना अच्छा लगता है क्या?”
“अम्मा ने कहा था आके पैर छू जाओ,जानकार हैं बता देते हैं“
इससे ज़्यादा देर तक वो‌ वहां नहीं रुक सकती थी, मैं जानता था। अब तो ख़ैर शादी को साल भर बीत चुका था,वो तो दो–चार दिन में ही मेरा मिज़ाज भांप चुकी थी। न तो मुझे उसका किसी लड़के –आदमी से बात करना पसंद था, न ही उसके जीजाजी का सुबह सुबह आने वाला गुड मॉर्निंग वाला मैसेज!
“अपने जीजाजी से पूछना, मुर्गा बांग नहीं देगा तो सुबह नहीं होगी क्या?”
पत्नी इशारा समझ गयी थी, फिर धीरे–धीरे वो उस तक आने वाले हर आदमी का रास्ता बंद करती गयी, जीजाजी, ताऊजी के बेटे और फिर एक हद तक अपने सगे भाई का भी.. मुझे तसल्ली हो चुकी थी, मैं खुश था। एकाध बार प्यार से समझाया भी,
“ये साले सब आदमी हरामी होते हैं.. इनके लिए कोई भी औरत केवल औरत होती है, बहन–बेटी भतीजी सब कहने की बातें हैं“
बोलते हुए मुझे कितने चेहरे याद आ गए थे..जैसे अल्मारी खोलते ही कोई एल्बम गिरकर बिखर गया हो। कभी सुशीला भाभी दिखीं, कभी मंगतू की लड़की और फिर रोकते रोकते भी सोनू की बहन भी दिख ही गयी थी..सिर झटककर तुरंत सबको रफ़ा दफा कर दिया था, लड़कपन की बातें थीं वो सब, कौन लड़का नहीं करता ये सब? वो सब याद रखने की जरूरत थी भी नहीं.. लेकिन पता नहीं अचानक कैसे डिब्बी में बंद लकड़ी वाले सांप की तरह आज सब की सब अचानक याद आने लगी थीं!
सुशीला भाभी के साथ वाली घटना हुए तो कई साल बीत गए, पंद्रह साल मान लो। यहीं बगल वाले घर में ही तो कुछ दिनों के लिए रहने आई थीं, छत आपस में मिली हुई थीं। उस दिन छत वाले जीने पर बैठे बैठे अचानक क्या दिख गया था, पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ था..दो टूटी हुई ईंटों के बीच से भाभी का कमरा दिखता था। नहाकर साड़ी लपेटकर निकली भाभी, कमरे में आकर फिर से पहनती थीं, उस दिन भी पहन साड़ी ही रही थीं लेकिन मेरे सामने तो जैसे सब कुछ उतरता जा रहा था..सांस रोके, दीवार में सिर गड़ाए मैं सुध बुध खो बैठा था, इससे ज़्यादा अच्छा कभी कुछ लगा ही नहीं। इतने पर भी चैन नहीं मिला तो अगले दिन ठीक उसी समय दो–चार दोस्तों को भी बुला लिया था..थोड़ी ही देर में सबने मिलकर सबकुछ देखा था और यार दोस्तों में मेरी नाक ऊंची हो गयी थी। तीसरे दिन उस झुंड को थोड़ा और बड़ा करना मेरी ग़लती थी, सज़ा मैंने ही भुगती। किसी एक उजड्ड लड़के का ठहाका थोड़ी ज़ोर से गूंजना और भाभी का हड़बड़ाकर हमारी ओर देखना, साथ ही साथ हुआ..उस दिन उनके चेहरे से मैंने खून गायब होते देखा था, एकदम सफ़ेद पीला चेहरा लिए वो मुझे देखती ही रह गयी थीं..और मैं थोड़ा और तन गया था। फिर तो वो जब तक यहां रहीं, उनके चेहरे पर मैंने रक्त प्रवाह का कोई नामोनिशान न देखा और मुझे देखते ही उनका सिकुड़ जाना मुझे उपलब्धि लगता रहा! लेकिन आज क्या हुआ था, वो घटना याद आते ही, एक भार बनकर मेरा वज़न कई गुना बढ़ा रही थी, मुझे लगा कि अगर उठकर खड़ा हुआ तो अभी,इसी वक्त ज़मीन में धंसता जाऊंगा। 
“आज अल्ट्रासाउंड के लिए चलना है,तबीयत ठीक लग रही हो तो चलें..सात बज गए हैं“
पत्नी की आवाज़ से मैं झटके से उठा। पहली बार अल्ट्रासाउंड हुआ था तो डॉक्टर हंसते हुए बोली थी,
“अभी तो जस्ट शुरुआत है, नेक्स्ट टाइम आपको बेबी के पूरे मूवमेंट्स दिखेंगे” 
उम्मीद की एक किरण मेरा हाथ थामे मुझे सेंटर तक ले गई थी। हर जगह लगा बोर्ड “बच्चे का लिंग पूछना दंडनीय अपराध है” मुझे सचेत कर तो कर रहा था, लेकिन तब भी उम्मीद मैने छोड़ी नही थी। अल्ट्रासाउंड स्क्रीन पर इस बार कुछ तो नया था ..इस बार एक नन्हा सा जीव, हाथ पैर उठाए पल पल बढ़ता हुआ, हमारे जीवन में शामिल होने के लिए बेचैन…पत्नी ने वहीं लेटे लेटे अपने आंसू पोछे,डॉक्टर ने उसका कंधा थपथपा दिया,
“होता है.. इट इज़ वेरी इमोशनल मोमेंट, आई नो! “
फिर मेरी ओर देखकर बोली,
“बेबी बहुत नॉटी है..देखिए,वेरी एक्टिव“
मैं पूरे ध्यान से सुनता रहा, ऐसे कैसे बोल रही थी? पूरी बात हिंदी में बोलती न, बच्चा या बच्ची..क्लियर तो होता। मैंने कुछ और जवाब जानने के लिए प्रश्न रखा,
“कोई प्रॉब्लम तो नही है? स्वस्थ है न?”
“अरे एकदम ..बस आप वेलकम की तैयारी कीजिए, और हां अभी खूब सो लीजिए..कुछ महीनों बाद तो बेबी वोंट लेट यू स्लीप..”
हद होशियार डॉक्टर थी, आधी बात में फिर भाषा पलट दी! बेबी सोने नहीं ‘देगा‘ या सोने नहीं ‘देगी‘ में तो मामला साफ हो जाता..क्या चालाकी है! दिमाग थोड़ा और सनकने लगा था, घर लौटते वक्त पता नही पत्नी क्या क्या बोलती रही, मैं बस ‘हूं हूं‘ के अलावा कुछ और कहने की स्थिति में था नहीं। रात में फिर वही सब दिमाग पर चढ़ गया, लगा जैसे कोई पेट पर बैठकर गला घोंट रहा हो और पूरी ताकत लगाकर भी उसको ढकेलना मुश्किल हो रहा हो.. मैं लगभग अपने को घसीटकर उठ बैठा था। बारह बजे होंगे रात के, बगल में लेटी पत्नी के चेहरे से पहले उसके पेट पर नज़र गयी..फिर उसके चेहरे पर..वो शायद मुस्कुरा रही थी। क्या पता सपने में भी वही हाथ पैर चलाता मासूम जीव उसको दिख रहा हो! मातृत्व के सुख से लदकद पत्नी से एक पल के लिए भरपूर ईर्ष्या हुई, ये सुख मुझे महसूस क्यों नहीं हो पा रहा ? हर तरह की खुशी को तो एक उसी डर के आवरण ने लपेट रखा है न, लड़की हो गयी तो?
पानी की बोतल लेकर मैं छत पर आ गया था।घर के ठीक सामने वाले अहाते में इतनी रात को भी बल्ब जल रहा था, घुप्प अंधेरे से या तो कोई डर रहा होगा या पढ़ रहा होगा..इतनी रात को पढ़ाई? हवा की एक तेज लहर मेरे एक कान को बेधते हुए दूसरे कान से बाहर निकल गयी थी, मंगतू की लड़की से मैंने यही तो कहा था…
“रात को आ जाया करो पढ़ने, दिन में टाईम नहीं रहता, कॉलेज होता है“
“अच्छा भइया.. कित्ते बजे?”
“थोड़ी देर रात..नौ के बाद,नही दस के बाद..”
मंगतू हमारी छत के कोने बने कमरे में रहता था,  उसका रिक्शा मान लो हमारे घर के लिए ही था..जब जिसको जहां जाना हो, मंगतू को आवाज़ दे दी जाती थी। कभी बचा खाना दे दिया जाता, तीज त्यौहार पर रुपए पकड़ा दिए जाते। कभी अम्मा पर उदारता हावी हुई तो घर भर की पुरानी चद्दरें,कंबल उसको थमा दिए‌। वो हमारे सामने थोड़ा और झुकता गया.. बच्ची पांच साल की हुई , तभी पत्नी नहीं रही,उम्र के साथ साथ मंगतू थोड़ा और सूखता गया। उसके सूखने के साथ ही उसके ही घर में कुछ था जो खिलता जा रहा था, महकता जा रहा था..उसकी बिटिया, मुझसे करीब पांच साल छोटी। जब उसकी मां नहीं रही तो वो गांव चली गयी थी। कुछ सालों बाद लौटी तो यक़ीन ही नहीं हुआ था, ये वही मरघिल्ली थी?छत पर जाकर, मैंने धीमे से आवाज़ दी थी,
“इधर आओ..कौन सी क्लास में हो?”
“भइया, हाई स्कूल में“
“ध्यान से पढ़ो..घूमो कम..बोर्ड है इस साल“
रौब से कही गयी ये लाइन काम कर गयी थी, उसने अगले ही पल पढ़ाई में आने वाली समस्या का जिक्र किया था और मैंने समाधान दे दिया था। 
छत से उतरते ही मेरी दुछत्ती थी,.. वहीं पढ़ाई शुरू हुई। सब कुछ प्लान के तहत ही शुरू हुआ था, दो चार दिन डांटा डपटा, लड़की रोयी..मेरे घर के लोग टेंशन मुक्त हुए, मंगतू निश्चिंत हुआ, लड़की भी प्रभाव में आयी। हफ्ते भर में मैंने सुर बदले, शाबासी देनी शुरू की..कभी कंधा थपथपाकर,कभी गाल सहलाकर और फिर उस रात, जब सब लोग शादी में गए थे, बुखार का बहाना करके तेल की शीशी उसकी ओर बढ़ा दी थी,
“सिर दबा दो, अम्मा घर पर होतीं तो उन्हीं से लगवा लेता..”
हिचकते,झिझकते , दुपट्टा संभालते हुए वो मेरे बगल में आकर बैठ गयी थी। मुझे पता था, मंगतू घर पर था नहीं, पूरा घर खाली था..बस इसी दुछत्ती में दो लोग थे, शिक्षक और शिष्या नहीं, एक लड़का और लड़की..बस! मैंने अपने माथे पर रखा हाथ तेजी से घसीटकर उसको अपने ऊपर गिरा लिया था, लड़की की चीख निकल गयी थी।
भरी आंखे लिए,अपना हाथ छुड़ाकर वो तुरंत भाग गयी थी। मैंने एक पल का समय लिया था बस,छत पर दनदनाते हुए गया था और उसके कमरे का दरवाज़ा खटखटाकर गरज आया था,
“ऐ सुनो..मुंह बंद रखना, नहीं तो चोरी की रिपोर्ट लिखवा आएंगे, बाप बेटी जेल में बैठना फिर“
अपनी इस होशियारी पर खुद को शाबासी देता मैं कमरे में आकर लेट गया था। सुबह आंख खुली तो देखा, घर में बवाल मचा हुआ था..मंगतू और उसकी बिटिया, बोरिया बिस्तर समेटकर कमरा खाली कर चुके थे। सबके पास सवाल थे, जवाब मेरे पास था.. इत्मीनान भी! लेकिन आज, छत वाले कमरे की ओर देखना तक मुश्किल लग रहा था और छत से नीचे उतर कर आना बेहद कठिन! वज़न थोड़ा और बढ़ गया था, चप्पल को घसीटकर मैंने पैर आगे बढ़ाया था..सांस फूलने लगी थी। 
हर बीतता दिन मेरी बेचैनी बढ़ाता जा रहा था। मैंने फ़ोन में बच्चे के नाम वाला एक फोल्डर बनाया था, एक दिन वो भी डिलीट कर दिया.. कितने अच्छे नाम थे, यहां वहां से ढूंढ़ ढूंढ़कर बेबी बॉय के नाम, सब हटा दिए! मेरा बस चलता तो सबसे पहले मैं अपनी ज़िंदगी से वो दिन डिलीट करता जिस दिन वो आदमी मेरे घर आया था और मेरी नींद अपने साथ लेकर चला गया था। मन में छुपे डर को फुलाकर दैत्य जितना बड़ा कर गया था। वो दैत्य, जो फूलते ही मेरी नींद खा गया था।रात भर टीवी का रिमोट हाथ में लिए हुए इस चैनल से उस चैनल कूदता रहता, मिनट भर कुछ अच्छा लगता फिर दिमाग में जाने क्या घूमता कि अपने आप चैनल बदल जाता..
“लल्ला, कल से सातवां महीना लग जाएगा, गोद भराई होगी, लिस्ट दे दे रहे सामान ले आना, जिनको जिनको बताएं, बुला लेना! घर न जाना, फोन कर देना..और सुनो“
काफ़ी कुछ समझाते हुए अम्मा लिस्ट पकड़ा गयी थीं। फल,फूल ,मेवा,चांदी का सिक्का..उसके आगे मैं पढ़ ही नहीं पाया, अम्मा जाते जाते कुछ तो बोल रही थीं,
“यार दोस्तन को भी बुला लेना, सोनू के यहां भी बोल देना“
लिस्ट का काग़ज़ पकड़े हथेलियां पसीज गयी थीं। 
अम्मा को रोकने के लिए उठा तो सोफ़ा जैसे देह से चिपक गया हो। इतना वज़न? पूरा कमरा गोल घूम गया.. दोनों हाथ सोफे पर लगाकर उठा, पैर की हड्डियां मांस को छोड़ रही हों जैसे। सोनू का नाम काहे ले लिया अम्मा ने? देख नहीं रहीं क्या कि पिछले चार–पांच सालों से बस नाम की दोस्ती रह गयी थी, कहां तो रात दिन की बैठकी थी हम दोनों की..अब तो बस जान–पहचान ही रह गयी थी।
सोनू और मैं वैसे तो शहर के अलग–अलग छोर पर रहते थे, लेकिन स्कूल कॉलेज साथ रहा, तो कभी को–स्टडी के बहाने,कभी प्रोजेक्ट के बहाने एक दूसरे के घर खूब रुके..इसी बीच कब सोनू की बहन का ‘भइया‘ कहना मुझे खटकने लगा,याद नहीं। कई बार उसको देर तक देखता रहता था, उसके इधर देखते ही नज़रें हटा लेता था..समझ वो भी रही थी, थोड़ा और खुलकर समझाना बाकी रह गया था। 
“धीरेन्द्र भइया की शर्ट पर कबूतर पेंटिंग कर गया..ऊपर तार पर बैठा था, भइया नीचे खड़े थे, वहीं से गिरी लद्द से..”
खूब ज़ोर ज़ोर से हँसती हुई वो सबको बता रही थी, मैं बस मुस्कुराया भर था। सोनू ने मेरा चेहरा देखकर उसके फालतू मज़ाक पर डांट दिया था, 
वो दिन भर सौरी सौरी कहते मेरे आगे पीछे घूमती रही, ये योजना का पहला चरण था। वो रुआंसी हो गयी थी,
“आप ऐसे गुस्सा रहेंगे तो मैं रोने लगूंगी,अब कभी मज़ाक नहीं करूंगी“
मैंने दाना फेंका था,
” बात वो नहीं है, कुछ और है“
पल भर के भीतर कोई रंग उस पर फैलकर,अगले ही पल गायब भी हो गया था,संभल कर बोली,
“बोलिए ना.. कुछ और ख़राब लगा क्या आपको?”
” रहने दो..”
“नहीं.. प्लीज़“
वो परेशान थी, काबू में की जा सकती थी, मैंने उसकी आंखों में झांककर कहा,
“एक बात मानोगी? मुझे भइया मत कहा करो“
मुट्ठी भर दाने बिखेर कर मैं चला आया था। अगले पांच दिनों तक मैं जान बूझकर उसके घर नहीं गया। सोनू का फ़ोन आया तो मैंने ‘बुखार आ गया‘ की बात भी फैला दी। मुझे पता था, नर्मदिल लड़की बुखार की बात से पिघल जाएगी‌।
छठवें दिन गया तो देखा, मेरे सारे दाने चुगे जा चुके थे..सूजी आंखें लिए वो चाय लिए आई।
“कैसी तबीयत है आपकी ?”
उसने धीरे से पूछा, सोनू भी वहीं था फ़ोन देख रहा था। मैंने कोई जवाब नहीं दिया, बस चाय का कप लेते हुए एक भरपूर नज़र उस पर डाल दी थी। करीब घंटे भर बाद खाना पूछने आयी तो मैंने मना कर दिया, आस पास देखकर बोली,
“क्यों नहीं खाएंगे खाना?”
सोनू इस बार नहीं था वहां,मेरे पास यही एक मौका था बस!
“तुम सब कुछ जानती हो,तब भी पूछ रही हो?  एक ही बात सोच सोचकर पागल हुआ जा रहा हूं..तुमको पता है, तुम्हारी वजह से ही बुखार तक आ गया था“
बोलते हुए मैंने एक लंबी सांस लेकर छत पर नज़र टिका दी थी! ये सारे दांव पेंच ज़ोरदार थे, मैं जानता था, लेकिन ये नहीं जानता था कि बस इतनी सी मेहनत में चिड़िया खुद मेरे पास आ जाएगी, जाल की ज़रूरत ही नहीं रहेगी। वो वहीं खड़े खड़े रोने लगी थी, आंसू उसका गाल भिगोकर मुझे तृप्त कर रहे थे। फिर शुरू हुआ बेरुखी का खेल, वहां जाता तो उसकी ओर देखता तक नहीं,उसके घर जाने की बजाय ,सोनू को यहां बुलाना शुरू कर दिया..उसका फोन भी आया तो उठाया नहीं, फिर तो वही हुआ जो होना चाहिए था, थक हार कर उसने मैसेज लिख दिया था,
“क्यों परेशान कर रहे हैं आप मुझे इतना? क्या मेरी हालत आपको दिखती नहीं? सब कुछ कहना ज़रूरी तो नहीं..”
उसी शाम मैं एक गुलाब शर्ट में छुपाकर ले गया था और चुपचाप उसको थमा आया था। कभी चॉकलेट, कभी इयररिंग्स देते देते एक दिन एक स्लीवलेस नाइटी थमा आया था, फोन पर उसकी आवाज़ ही नही निकल रही थी,
“ये क्या था? मुझे बहुत शर्म आ रही थी देखकर..ये क्यों दिया?”
मैंने ट्रंप कार्ड चल दिया था,
“भइया लाए थे ऐसा भाभी के लिए..तो मैंने सोचा मैं भी तो तुमको दूं“
ये एक ऐसे रिश्ते का सपना था, जो उस जैसी भोली भाली लड़की को बेहद भावुक कर सकता था,ये मैं जानता था..इतना भावुक कि उसने मेरे लिए उपवास रखने शुरू कर दिए थे। मेरे लिए ये सब एक नाटक का हिस्सा था, वो नाटक जिसका ग्रैंड फिनाले अभी बाकी था..और वो कब होना था,ये मैं तय कर चुका था। 
“सोनू भईया तो इंटरव्यू देने गए हैं आज..और मम्मी पापा आगरा निकल गए सुबह ही“
उस दिन दरवाज़ा खोलते ही वो सकपकाकर बोली थी, मैने एक डिब्बा आगे बढ़ा दिया,
“अरे याद ही नहीं रहा.. वैसे मैं बस ये मिठाई देने आया था, मम्मी ने भेजी है“
थोड़ा सोचकर उसने पूछा,
“अंदर नहीं आयेंगे क्या?”
मैं आस पास देखते हुए सकुचा गया, 
“अच्छा नहीं लगता, कोई है नही घर में..मुझे याद रहता तो मैं आता ही नहीं“
अभिनय का जबरदस्त नमूना था ये! मुझे सब याद था, सबका घर से निकलने का टाइम रटा हुआ था..थोड़ी देर हम दोनो ऐसे ही खड़े रहे, चौखट के इधर उधर, चुपचाप.. .फिर वो खुद ही साइड में होकर भीतर आने का मूक निमंत्रण दे गई थी। चाय हुई, मज़ाक हुए, पकोड़ी बनी,तकरार हुई..फिर अचानक मैंने उसका चेहरा हथेलियों में भरकर उसका माथा चूम लिया था।
“ऐसा लग रहा है जैसे हम दोनो की शादी हो चुकी है “
वो तुंरत बोली,
“कसम से ..मैं भी यही कहने वाली थी“
बस,फिर क्या! उसके बाद मैं बेतहाशा उसको चूमने लगा, थोड़ी देर में वो असहज होने लगी थी,
“प्लीज़ धीरेंद्र..ये सब अभी नहीं“
मैंने अधीर होते हुए पूछा,
“तुमको मुझ पर विश्वास नहीं क्या?”
असमंजस में फंसी वो हां/ना कुछ नही बोल पा रही थी और इसी का फायदा उठाते हुए मैं एक के बाद एक सीमा पार करता जा रहा था..अचानक उसने मुझे धकेल दिया था,
“ये क्या कर रहे हैं आप? नहीं अच्छा लग रहा मुझे“
मुझ पर तो कोई नशा सवार था, मैं फिर उसके पास चला गया था और अब तो ज़बरदस्ती पर आमादा हो गया था। किसी तरह अपने को मुझसे छुड़ाते हुए, उसने अंदर वाले कमरे में जाकर 
दरवाज़ा बंद कर लिया था..थोड़ी देर बाद मैं संभला तो सीधे घर से बाहर निकल लिया था। कोई अफ़सोस नहीं था मुझे,बस एक डर था। बात खुलने का डर, सोनू का डर, परिवारों के बीच ये मुद्दा उठने का डर..लेकिन घर आते ही फोन देखा तो वो डर भी गायब हो गया था,उसका मैसेज था,
“मैने आपको प्यार किया था,लेकिन आपने नहीं। आप सोच रहे होंगे न कि ये सब खुल न जाए..टेंशन मत लीजिए,ये सब बातें किसी को नहीं बताउंगी, बात खुलेगी तो मेरी ही बदनामी होगी। आपसे मुझे चिढ़ हो गई है, क्यों हो गई ये आपको समझ में भी नही आयेगा..बस एक बार ये सोचकर देखिए कि ये सब आपकी घर की किसी लड़की के साथ हो तो ?”
मन ही मन एक गाली देकर मैने वो मैसेज डिलीट कर दिया था। उसका नंबर भी ब्लॉक किया, सोनू के यहां जाना तो बंद किया ही, उससे कटने भी लगा। न सोनू की शादी में गया,न उसकी बहन की शादी में! हर बार नया बहाना बनाता रहा..दोस्ती घिसट घिसट कर रेंगती रही फिर दम तोड़ गयी।
ऐसा नहीं कि सब कुछ मैं भूल गया था लेकिन आज अचानक अम्मा ने उसका नाम लेकर, पानी छिड़ककर सब ताज़ा कर दिया था.. नहीं, ये शब्द ग़लत था, पानी नहीं नमक पड़ गया था घाव‌ पर, 
कुछ तो चुभ रहा था,चुनचुना रहा था! कोई घाव रिसने लगा था, उसी दिन से..जितना मैं पोंछने की कोशिश करता ,थोड़ा और खुलकर बहने लगता। गोद भराई की रस्म में भी तकलीफ़ महसूस होती रही..पत्नी के बगल में बैठे हुए बार बार सोचता कि पेट पर नज़र न जाए, लेकिन नहीं, कुछ और दिखना भी शायद बंद हो गया था। पत्नी का उतरा चेहरा अम्मा को अपार खुशी दे रहा था,बार बार ज़ोर से कहतीं,
“देखो तो कोई रौनक नहीं इसके चेहरे पर..हमारा चेहरा अइसा ही रहा इन तीनों लड़कों के टाईम“
आस पास खड़ी औरतें हां में हां मिलाती रहीं, 
“हां अम्मा जी, लड़की के टाईम खूब सुंदर हो जाती है मां, लड़के शकल बिगाड़ देते हैं“
भक्क! ये सब मुझे दिलासा दे रही थीं क्या? मैंने हड़बड़ाकर टटोला,मेरा रिसता घाव दिख रहा है क्या? गीला, बदबूदार, सड़ा हुआ पानी कुर्ते को भिगोकर सबको दिख रहा है क्या? 
आधी पूजा छोड़कर मैं उठ आया था। हर जगह बेचैनी, घबराहट, डर.. ऑफिस से पूरे दिन की छुट्टी ली थी, लेकिन घर से बचने की अब वही एक जगह बची थी। रात के सात बज गए, आठ बज गए, ऑफिस में ही जमा रहा..घर से कई बार फोन आया, उठाया ही नहीं। करीब नौ बजे भइया ऑफिस चले आए थे,
“फोन है कहां तुम्हारा? अजब ढीले हो तुम..वहां कितना बवाल हो गया, चलो तुरंत हॉस्पिटल“
भइया बताते जा रहे थे,मैं सुन्न पड़ता जा रहा था। थोड़ी देर पहले ही पत्नी को बेतहाशा दर्द उठा था, हॉस्पिटल ले जाया गया तो पता चला अभी तुरंत ऑपरेशन किया जाएगा!
“लेकिन भइया..अभी तो सांतवा महीना ही“
आगे के शब्द गले में अटक गए थे। भइया ने बस इतना कहा,
“घबराओ नहीं..सात महीने में होते हैं बच्चे, सब ठीक रहते हैं“
हॉस्पिटल के अंदर कदम रखते ही सीने के भीतर से धाड़ धाड़ की आवाज़ आने लगी थी। दौड़ती –भागती नर्सें, स्ट्रेचर पर कराहती हुई औरतें और औपरेशन रूम के बाहर जमा मेरा पूरा परिवार! सबके चेहरे उतरे हुए, अम्मा की आंखें भरी हुई थीं.. किसी अनहोनी का डर मुझे भीतर तक झिंझोड़ गया।
“क्या हुआ अम्मा? सब ठीक हो जाएगा“
अम्मा ने मेरा हाथ अपने कंधे से हटा दिया,
“अब का ठीक होगा? बिटिया भयी है…”
बगल से गुज़रती स्ट्रेचर के पहियों की चुभती आवाज़ मेरे कान के पर्दे को भेद गयी! अम्मा अभी अभी क्या बोल गयी थीं? सब सुस्त कदमों से बाहर बेंच पर बैठने लगे थे, दोनों भाभी ऑपरेशन थियेटर के पास घबरायी हुई खड़ी थीं! मैं उन दोनों को देखकर ठिठक गया..क्या है इनके चेहरे पर? दुख तो नहीं था वो, उदासी भी नहीं..चिंता ही तो थी। उस नवजात के लिए या फिर उसकी मां के लिए? मेरे पास तो वो भी नहीं थी! मैंने खुद को टटोला, घबराहट तो अभी भी थी,डर अभी भी था, अब काहे का डर था? अब तो सब खुल चुका था न? पैर अभी भी भारी थे, वज़न अभी भी बढ़ा बढ़ा, यानी जो इतने दिनों से चल रहा था वो केवल  ‘बिटिया न हो जाए‘ का डर नहीं था, किस बात का डर था वो? खुद से सवाल पूछते ही शब्द जुड़ जुड़कर वाक्य बनने लगे थे, भीतर से मेरी ही आवाज़ मुझ तक पहुंचने लगी थी,मैंने कान बंद कर लिए,तब भी सुनाई देती रही,
“बिटिया हो गयी तो? कैसे संभालोगे उसे? जो सब तुमने किया है,उन सबका हिसाब वो ही तो चुकाएगी? कितने धीरेंद्रों से बचा पाओगे उसको?”
मुझे लगा जैसे फोड़ा फूटकर सारा मवाद बह निकला हो एक साथ, मैं तर बतर हो चुका हूं। मेरे एक एक अंग से बदबू आ रही है, ऐसी बदबू जैसे किसी गटर का ढक्कन उलट गया हो। पत्नी से मिलने नहीं दिया गया,वो बेहोश थी। बच्ची एन आई सी यू में थी। मैं घंटों ऐसे ही बैठा रहा, पता नहीं कहां खोया हुआ! मुझे और किसी बात का होश था ही नहीं, आस पास खड़े लोग कुछ तो कह रहे थे..भाभी थीं शायद!
“डॉक्टर बोली हैं कि बच्ची प्री मेच्योर है..कुछ दिन वेंटिलेटर में रखेंगे, एक जना जाकर देख सकता है..तुम देख आओ“
एक झटका सा लगा, वेंटिलेटर में? लगभग भागते हुए मैं वहां पहुंच गया था..नर्स ने एक निश्चित दूरी पर रोक दिया, ये सब क्या था? कांच के एक बक्से में लेटी, दुनिया भर की नलियों से घिरी वो..वो बिटिया..वो मेरी वाली है क्या? इतने छोटे हाथ पैर,इतना छोटा सा चेहरा.. लाल गुलाबी बच्ची, ये मेरी है? आंसुओं से मेरा चेहरा भीग चुका था, थोड़ी देर और देखता तो शायद फफककर यहीं रो पड़ता! नर्स मुझे देखकर मुस्करा रही थी, मैं रोते हुए झेंप नहीं रहा था, अपने सारे डर को खदेड़कर एक नए डर में डूब चुका था,
“सिस्टर.. ये सब मशीनें, ये पाईप्स..”
“डोंट वरी सर, सब जल्दी हट जाएगा, बेबी विल बी फाईन,बाहर चलिए“
मैंने बाहर जाते जाते एक बार फिर उसको मुड़कर देखा था, एकदम से कुछ और शब्द मेरे भीतर उमड़कर वाक्य बनने लगे थे,
“मैं बचाऊंगा नहीं.. सारे धीरेन्द्रों को उनकी औकात दिखाना सिखाऊंगा.. तुम किसी से डरना नहीं “
मुझे लगा जैसे वो आंखें बंद किए किए,उस कांच के बक्से के भीतर से मुस्कुरा दी थी। मैंने एक कदम बाहर जाने के लिए उठाया, अरे! इतना हल्का? मैंने रफ्तार बढ़ाई, शरीर साथ दे रहा था..साथ ही  दिमाग़ भी पीछे जाकर कुछ दृश्यों में संशोधन कर रहा था!
सुशीला भाभी जब दीवार से झांकते लड़कों को देखेंगी तो देखें तो उनका खून नहीं सूखेगा, वो दहाड़ते हुए उन लड़कों के घर जाएंगी, उन लड़कों की छीछालेदर करेंगी। मंगतू की बिटिया डर के मारे वो कमरा नहीं छोड़ देगी,बल्कि पुलिस में जाकर शिकायत करेगी, पूरी बात खुलकर बताएगी और सोनू की बहन? वो सबको बताएगी कि उसने जिस लड़के को प्यार किया था वो कितना गिरा हुआ था, सबके सामने जलील करेगी! दृश्य बदलते जा रहे थे, मैं हल्का होता जा रहा था। मेरे अंदर कोई तो आकर बैठ गया था,जो पता नहीं कितने लोगों से माफ़ी मांग रहा था,कुछ बुदबुदा रहा था..और वो रिसते घाव की बदबू? मैंने पूरी सांस खींचकर अपने आप को सूंघा; एक इंसान महक रहा था,जो अभी अभी एक बिटिया का पिता बना था.. नहीं, नहीं,एक बिटिया का पिता महक रहा था जो अभी अभी इंसान बना था।
RELATED ARTICLES

4 टिप्पणी

  1. क्या जानदार कहानी है !कितना कुछ कह गई ?कई सारी कहानियाँ एक ही कहानी में ।बहुत बढ़िया रचना ।अंदाज़ ए ब्यां भी बाकमाल ।बहुत बधाई

  2. Wahhh, सच में बहुत अच्छी कहानी,कब fb पर अंश पढ़ा तो लगा आपने भी यही विषय चुना ,कुछ अच्छा नहीं लगा,लगा शायद प्रसिद्ध होने के लिए ये सबसे अच्छा विषय है,पर जब कहानी पढ़नी शुरू की ,तब मन खुश हो गया आपका लेखन पढ़ा था,इसलिए उम्मीद थी,की कुछ नया और अच्छा होगा,शायद इसलिए ही कहानी पढ़ने आई ,,बहुत ही मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के साथ अच्छी कहानी। काश! इंसान

  3. https://www.thepurvai.com/story-by-lucky-rajeev-3/

    लाजवाब कहानी है आपकी लकी जी!

    हमें याद आ रहा है कि शायद हमने पहले भी आपको यहीं पढ़ा है। कहानी की शुरुआत में जो बेचैनी थी, एक क्रोध था इस सोच पर और एक जिज्ञासा भी थी कि अंत क्या होगा?
    पर अंत बेहद खूबसूरत था।स्थितियाँ कैसे एक ही पल में एक बिगड़ैल व्यक्ति को भी एक नरम दिल इंसान बना देती हैं!!!
    यहाँ यह कहा जा सकता है कि अंत भला तो सब भला।
    इस कहानी को पढ़ते हुए हमें याद आ रहा था कि राजस्थान में कहीं कोई कैसा गाँव है जहाँ लड़की होते ही उसको मार दिया जाता था। अब ऐसा होता है या नहीं, यह नहीं पता।बस कहीं न कहीं यह आशंका मन में तेजी से घर कर रही थी। बार-बार मन ऐसा भी हो रहा था कि अंत को पहले पढ़ लिया जाए। पहले हमारी ऐसी ही आदत थी। शुरुआत करते हुए जरा भी आभास हो जाता की अंत दुखद न हो, तो हमारी पढ़ने की इच्छा खत्म हो जाती थी। पिक्चर का भी पहले ही अंत जानने की इच्छा हमेशा बनी रहती थी और पूछते रहते थे पहले अंत बता दो।
    एक बेहतरीन कहानी एक अच्छे संदेश के साथ। हम बदलेंगे जग बदलेगा।
    आपका शीक बहुत सार्थक है। *”सुरंग के पार रोशनी है”* एक ऐसी सुरंग जिसमें एक भ्रमित सोच और अपने कुकर्मों के भय के अंधकार के सिवा कुछ नहीं था एक निरंतर क्रम के टूटने का भय था और उसके पार निकलने पर ही रोशनी का आभास होने लगता है मन हर संशय और भय से मुक्त हो जाता है। कहानी बिल्कुल अपने शीर्षक को सार्थक करती है।
    बहुत-बहुत बधाई आपको इस बेहतरीन कहानी के लिये।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest