“रिश्ते शब्दों की नाज़ुक डोर से बंधे होते हैं।”
कभी अनावश्यक शब्द यह डोर पल भर में तोड़ देते हैं, और कभी अबोला रह जाना इसे दीमक की तरह भीतर से चुपचाप खोखला कर देता है।
आज की पीढ़ी के लिए यह चुप्पी किसी दूर के रिश्तेदार जैसी है। ज़रूरत पड़ने पर याद आती है, बाकी समय उपेक्षित रहती है। और यही उपेक्षा धीरे-धीरे रिश्तों की चमक बुझा देती है, यहाँ तक कि सबसे मज़बूत बंधन भी भीतर से टूटने लगते हैं।
अगस्त की हल्की बारिश हो रही थी। आसमान में बादल घिरे थे, लेकिन बीच-बीच से धूप की किरचें धरती पर बिखर जातीं। विश्वविद्यालय का मेन-गेट पार करते ही अवनि को लगा मानो वह किसी नए संसार में प्रवेश कर रही हो।
लाल-ईंटों की पुरानी इमारतें बारिश से भीगकर और गहरी हो गई थीं। दीवारों से उठती भीनी-भीनी गंध हवा में घुल रही थी। बरगद और पीपल के पेड़ों की शाखें जैसे अपनी बाँहें फैलाकर नए मेहमानों को छाँव में लेने को आतुर थीं। पत्तियों से टपकती बूँदें ज़मीन पर गिरकर छोटे-छोटे छल्ले बना रही थीं, और गलियारों से गुज़रती हवा उन छल्लों को लहराकर कोई अनकहा गीत छेड़ देती थी।
छोटे कस्बे से आई अवनि के लिए यह दृश्य चौंधिया देने वाला था। उसे लगा, जैसे किसी ने अचानक खिड़की खोल दी हो और सामने अनगिनत रास्ते फैल गए हों। उसकी आँखों में डर भी था और उत्साह भी। डर इस अजनबी माहौल का और उत्साह इस नई दुनिया को छू लेने का।
पहली क्लास में अवनि को जो बेंच मिला, उसके बगल में एक लड़का बैठा था। ऊँचा कद, सरल-सा चेहरा और आँखों में गहरी, संकोची चमक। उसने अपना नाम बताया—अर्णव कुमार। आवाज़ गंभीर थी और मुस्कुराहट के नाम पर बस होंठ हल्के से खिंच जाते।
अवनि को तुरंत लगा कि यह उन लोगों में से है जो भीड़ में भी सावधानी से चलते हैं- न किसी को धक्का देते, न किसी पर नज़र टिकाते।
क्लास खत्म होते ही प्रोफेसर ने कहा, “पाँच लोगों की टीम बनाकर किसी सामाजिक मुद्दे पर प्रस्तुति तैयार करनी है।”
अवनि और अर्णव तीन और छात्रों के साथ मिलकर एक टीम में आ गए। पहली बैठक कॉफी-हाउस में हुई। कप हाथ में थामे अवनि ने प्रस्ताव रखा,
“क्यों न हम युवा और रिश्ते पर काम करें? आजकल यही सबसे ज़्यादा प्रासंगिक विषय है।”
अर्णव ने सिर हिलाया, “ठीक है। लेकिन एक शर्त… बहस नहीं करेंगे। असहमति होगी तो भी सकारात्मकता के साथ समाधान निकालेंगे।”
उसकी बात ने अवनि को अजीब-सा सुकून दिया। जैसे किसी ने उसकी बेचैनी को धीमे भरोसे से ढँक दिया हो।
प्रोजेक्ट आगे बढ़ने के साथ उनकी दोस्ती भी गहराने लगी। लाइब्रेरी के कोनों में नोट्स बनाते हुए, कैंटीन की खिड़की से बारिश देखते हुए, और कॉरिडोर की भीड़ से बचते हुए दोनों अक्सर साथ दिखने लगे। दोस्त मज़ाक में कहते “अवनि-अर्णव, ये तो पैकेज डील हैं।”
अवनि हँसकर टाल देती। अर्णव बस हल्की मुस्कान के साथ चुप रहता।
वे जितना साथ रहते, उतना ही एक-दूसरे को परखते। कुछ खूबियाँ आकर्षित करतीं तो कुछ कमियाँ भीतर खटक भी जातीं। खासकर अर्णव के हमेशा शांत रहने वाली आदत से अवनि खीझ उठती थी। एक शाम, कॉफी-हाउस से लौटते हुए अवनि ने हिम्मत करके पूछा,
“तुम हमेशा मौन व्रत क्यों धारण किए रहते हो?”
“शायद जल्दी महसूस कर लेता हूँ, इसलिए जल्दी बोलने से बचता हूँ।”
“और जो महसूस करते हो, उसका क्या करते हो?”
“संभाल कर रख लेता हूँ। कभी कोई मिल जाए जो सच में समझ ले, तो कह भी देता हूँ।”
अवनि ने लॉन की घास पर नज़र टिकाई। उसे लगा, वह उस ‘कोई’ के बहुत पास है, लेकिन उतनी ही दूर भी है।
माता-पिता जब बच्चों को पढ़ने के लिए बाहर भेजते हैं, तो किताबों से ज़्यादा सपनों का बस्ता थमा देते हैं। अवनि की माँ का फोन अक्सर आता,
“पढ़ाई ठीक चल रही है न? और सुनो, फालतू दोस्ती-वोस्ती से बचना। बड़े शहर की हवा जल्दी लग जाती है।”
अवनि हँसकर जवाब देती,
“मेरी प्यारी माँ, ज़्यादा टेंशन मत लिया करो। सब ठीक है इधर।”
उधर अर्णव के पिता, जो सरकारी नौकरी में थे। बेटे पर अपना दबाव साफ़ जताते,
“सिविल सर्विसेज की तैयारी करो। दोस्तों के साथ टाइम वेस्ट मत करना।”
अर्णव हर बार “जी” कहकर फोन रख देता, लेकिन उसके बाद देर तक खिड़की से बाहर ताकता रहता। मानो बाहर की चहल-पहल और भीतर की खामोशी दोनों मिलकर उसके मन में कोई अनकहा शोर पैदा कर रही हों।
कॉलेज का प्रेशर लगातार बढ़ रहा था। क्लासेज़, असाइनमेंट, एक्स्ट्रा-एक्टिविटीज़। इन्हीं सबके बीच डिबेट प्रतियोगिता का ऐलान हुआ। विषय था—“क्या आज की पीढ़ी रिश्तों को निभाने में असफल है?”
अवनि विपक्ष में थी, अर्णव पक्ष में।
अवनि ने आत्मविश्वास से कहा,
“हम असफल नहीं हैं। हम बस ईमानदारी चाहते हैं। अगर संवाद टूट जाए तो रिश्ता बोझ क्यों बने?”
अर्णव ने शांत स्वर में उत्तर दिया,
“लेकिन हर असहमति का मतलब रिश्ता तोड़ना नहीं होता। कभी-कभी चुप रह जाना भी रिश्ते को बचा लेता है।”
वाद-विवाद में सभी प्रतिभागियों ने दमदार प्रस्तुति दी, लेकिन विजयी टीम बनी—अवनि और अर्णव। विजेता घोषित होते ही उनकी आँखें टकराईं। शब्द अलग-अलग थे पर भीतर एक अदृश्य सहमति थी।
समुद्र और वक़्त भला कहाँ ठहरते हैं। समुद्र का पानी कभी शांत दिखाई देता, तो कभी उफनता हुआ; लेकिन उसका बहाव कभी रुकता नहीं।
ठीक वैसे ही समय भी कभी सहज लगता, तो कभी बेचैन कर देता है लेकिन उसकी गति अटल है।
प्रकृति जैसे अपने नियमों से चलती है, वैसे ही उनका रिश्ता भी अपने छोटे-छोटे मौसमों से गुज़रता रहा। बाहर की ऋतुएँ बदलती रहीं—गर्मियों की तपन, सर्दियों की ठंड, बारिश की नमी। उनके बीच की दूरी-नज़दीकी भी उन्हीं मौसमों की तरह बदलती रही। दिन हफ़्तों में, हफ़्ते महीनों में बदलते गए, और कब तीसरा साल आ गया, दोनों को पता भी नहीं चला।
तीसरे साल के बाद कैंपस में इंटर्नशिप का दौर शुरू हुआ। अवनि को बेंगलुरु की एक प्रतिष्ठित कंपनी से ऑफ़र मिला। अर्णव को दिल्ली में एक रिसर्च प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका। ख़ुशी और अनिश्चितता साथ-साथ आईं।
दिन में दोनों अपने काम में व्यस्त रहते तो समय का पता नहीं चलता। रात को जब अकेले होते तो उन्हें अपने रिश्ते की चिंता सताती। अवनि मन ही मन सवाल-जवाब करती,
“क्या मुझे जाना चाहिए? अगर मैं गई तो कहीं हम दोनों दूर न हो जाएँ?”
फिर खुद को समझाती,
“लेकिन यह अवसर मैं खो भी तो नहीं सकती। यही तो सपना था मेरा।”
आख़िरी दिन और भी बेचैनी से भरे थे। कॉलेज छोड़ना था। एक ओर सब कुछ समेटने की जद्दोजहद, दूसरी ओर अर्णव से दूर होने की घबराहट।
आखिरकार डिग्री पूरी हुई और सब अपने-अपने रास्तों पर चल पड़े।
अवनि बेंगलुरु पहुँची। यह शहर उसके लिए बिल्कुल नया था। चमचमाती सड़कों पर दौड़ती कैबें, काँच की ऊँची इमारतें, और लोग जिनके चेहरों पर हमेशा किसी अदृश्य तनाव की परछाईं तैरती रहती थी।
पहले ही दिन ऑफिस में उसे समझ आ गया कि यहाँ साँस लेने तक का हिसाब रखा जाता है। सुबह की मीटिंग, दोपहर की प्रेज़ेंटेशन, शाम को रिपोर्ट, और देर रात तक पिच डेक। लगता था मानों घड़ी की सुइयाँ भी यहाँ केवल काम के बोझ से चलती हों।
ऐसा मालूम होता, जैसे पूरा शहर किसी अनसुनी धुन पर नाच रहा है और वह उस ताल को पकड़ने की नाकाम कोशिश कर रही है। लोग लगातार दौड़ रहे थे। इतने व्यस्त कि अपने साए को भी मुड़कर नहीं देख पा रहे। यह दौड़ कहीं मंज़िल तक पहुँचने की थी या बस एक-दूसरे से आगे निकलने की—समझ पाना मुश्किल था। कभी-कभी अवनि को खुद यह ज़िंदगी बोझिल लगने लगती।
बाहरी दुनिया सोचती, “लाखों का पैकेज है, सारी सुख-सुविधाएं उपलब्ध हैं तो ज़िंदगी शान से कट रही होगी।”
लेकिन वह जानती थी कि यह कैसा जीवन है, जिसमें कोई अपना नहीं है, जहाँ बैठकर वह कुछ पल का सुकून पा सके।
रात को वह अपने फ्लैट की बालकनी में घंटों खड़ी रहती और वहाँ से झिलमिलाते शहर को देखती। फिर उसे अपना घर याद आता, रूलाई फूटती और अचानक मन भारी हो उठता। उसके भीतर सवाल गूँजता,
“सफलता की यह दौड़ आखिर किसके लिए है? क्या मैं सच में दौड़ रही हूँ… या बस भीड़ के पीछे भाग रही हूँ?”
उसे अपनी ही हँसी बनावटी लगने लगी थी। जैसे लगता वह जबरदस्ती बिना मन के मुस्कुरा रही है, मगर भीतर कोई खुशी नहीं है। नींद कम हो गई थीं, सुबहें भारी लगने लगी थी। उसे महसूस होता मानों किसी ने उसके कंधों पर पत्थरों से भरा थैला रख दिया हो, जिसे उतार फेंकने का कोई रास्ता नहीं।
अवनि की ज़िंदगी, तेज़ रफ्तार वाले शहर और ऑफिस की थकान में उलझ रही थी। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली की गलियों में अर्णव का हर दिन और भी गम्भीर सवालों से भरा था।
एक तरफ़ चमक-दमक के बीच अकेलापन, दूसरी तरफ़ युवाओं की टूटी हुई आवाजों के बीच अनेकों उलझनें। दोनों भले ही अलग-अलग जगहों पर थे, पर अपने-अपने तरीके से एक ही खालीपन से जूझ रहे थे।
दिल्ली में अर्णव ने रिसर्च का काम शुरू किया।
विषय था- “युवा, सोशल मीडिया और मानसिक स्वास्थ्य।”
किताबों में यह विषय आकर्षक लगता था, लेकिन वास्तविक जीवन में यह भारी और डरावना था।
वह युवाओं से इंटरव्यू करता, उनकी बातें सुनता।
एक ने कहा, “मैं रोज़ हँसता हूँ, लेकिन भीतर सिर्फ़ खालीपन है।”
दूसरे ने कहा, “घर वालों की उम्मीदें इतनी बड़ी हैं कि मेरा दम घुटता है।”
एक लड़की ने आँसुओं को छुपाते हुए कहा, “मैंने कई बार सोचा, सब खत्म कर दूँ।”
यह सब सुनने के बाद, हर आवाज़ अर्णव के भीतर गूँजती रहती। हालांकि वह युवाओं से जोर देकर कहता, “जितना हो सके आपस में बातचीत करो, अकेले कम से कम रहो। मन की बात बोल देना ही पहला इलाज है। हमेशा ख़ामोशी शांति नहीं देती, बल्कि अनचाही बीमारी को न्योता देती है।”
फिर देर तक सोचता रहता, “क्या यह बीमारी मुझमें भी है? क्या हर बार मौके पर मूक हो जाना दरअसल डर जाना होता है? या यह घबराकर हथियार डाल देने जैसा है? कहीं अवनि के सामने मेरी यही नीरवता हमारे रिश्ते के लिए ज़हरीली तो नहीं बनती जा रही है?”
दूरी अब अपना असर दिखा रही थी। शुरुआत में रोज़ कॉल होते थे, फिर हफ़्ते में, और धीरे-धीरे सिर्फ़ तब, जब वक़्त निकल पाता।
पहले जब भी मन भारी होता, दोनों लंबी बातें कर लिया करते थे। कभी-कभी बात-बे-बात झगड़ा भी हो जाता, लेकिन वह भी एक तरह की बातचीत ही थी—दिल का बोझ हल्का करने का जरिया। जाने कब उन्होंने अपनी-अपनी बात अपने भीतर ही दबाना सीख लिया। और इसी दबाव में भूलने लगे कि कभी उनके पास एक-दूसरे जैसा कोई था, जिससे वे बिना झिझक सब कुछ कह सकते थे।
कभी देर रात अवनि ऑफिस से मैसेज टाइप करती “आज बहुत थक गई हूँ, बस तुम्हारी आवाज़ सुननी है।” लेकिन भेजने से पहले मिटा देती।
अर्णव भी कई बार लिखता “आज तुम्हारी बहुत याद आई।” फिर डिलीट कर देता।
धीरे-धीरे उनकी बातचीत ‘हैलो–हाय और मिस यू–मिस यू टू’ तक सिमटकर रह गई।
मीलों की दूरियाँ शायद दिलों की दूरियाँ भी बढ़ा देती हैं। यह दूरी फूल झरने के मौसम जैसी थी। पेड़ जिन फूलों को दिन-रात अपनी शाखों में सँभाले रहते हैं, वही फूल एक दिन उनसे टूटकर दूर चले जाते हैं। ठीक वैसा ही दर्द अवनि और अर्णव के बीच भी पनपने लगा। कभी हालात ऐसे थे कि वे एक-दूसरे के बिना रह नहीं सकते थे, और अब स्थिति यह थी कि मैसेज टाइप करने के बाद सेंड दबाने की जगह डिलीट करना आसान लगने लगा।
दिन बीतते गए। ऑफिस के शोरगुल और मीटिंग्स की भागदौड़ के बीच अवनि का अंतस धीरे-धीरे खाली होता जा रहा था। मीटिंग टेबल पर जब वह सहजता से ‘हाँ’ कह देती, तो भीतर से एक ज़िद्दी ‘ना’ उठ खड़ा होता, जिसे कोई सुन नहीं पाता। घर लौटकर वह डायरी खोलती और लिखती—“मैं जितना बाहर हँसती हूँ, उतना ही भीतर रोती हूँ। क्या यही सफलता है—जहाँ चेहरे पर मुस्कान नकली हो और आत्मा पर बोझ असली?”
अकेलापन उसे बीमार करने लगा। खुद से बातें करती, अनजाने डर सताने लगे। उसे एहसास हुआ कि रिश्ता सिर्फ़ सहारा नहीं होता, बल्कि आईना भी होता है।
अवनि की डायरी के पन्नों पर लिखे ये सवाल वहीं नहीं रुकते थे। वे मानो हवा में घुलकर दूर किसी दिल तक पहुँच जाते। अर्णव भी अपनी रिसर्च के बीच जब युवाओं की टूटी आवाज़ें सुनता, तो उसे लगता जैसे वे दरअसल उसकी और अवनि की ही अनकही कहानियाँ हैं—बस अलग-अलग शब्दों में।
एक रात अवनि से नहीं रहा गया। उसने अर्णव को मैसेज किया- “कुछ बातें करनी हैं। बात करोगे?”
अर्णव ने तुरंत जवाब दिया- “हाँ।”
कॉल लगी। पहले कुछ पल दोनों तरफ़ सन्नाटा पसरा रहा। फिर अवनि ने झिझकते हुए कहा,
“अर्णव, कभी लगता है कि हमारे बीच जो पहले था… वह सच था भी? या बस कैंपस की आदत थी?”
“यह तुम भी जानती हो कि हमारे बीच झूठ तो कुछ भी नहीं था। लेकिन उस सच्चाई को पूरी तरह अपनाने के लिए तब हममें हिम्मत नहीं थी। और समय भी कहाँ मिला?”
कुछ देर दोनों चुप रहे। फिर उसने धीरे से कहा- “अभी भी देर नहीं हुई है, अवनि।”
फोन कट गया। जैसे दोनों ने बिना कहे तय कर लिया हो कि कोशिश जारी रखनी है। वे अलग-अलग शहरों में थे, पर जैसे छोटे-छोटे सच इकट्ठे करके अपने रिश्ते को ज़िंदा रखने की कोशिश कर रहे थे। कभी किसी डायरी के पन्ने पर लिखा वाक्य, कभी आधी रात का अधूरा मैसेज, कभी सिर्फ़ यह अहसास कि दूर होते हुए भी वे एक-दूसरे के भीतर मौजूद हैं।
अब दूरी के बावजूद मैसेज थे, कॉल थे, लेकिन दोनों ही जानते थे कि उन शब्दों में पहले जैसी गहराई नहीं रही। रिश्ता साँस ले रहा था, मगर जैसे किसी ऑक्सीजन मास्क पर टिके जीवन की तरह- कमज़ोर और थका हुआ।
आख़िर एक दिन उन्होंने तय किया-
“हमें मिलना चाहिए। एक बार आमने-सामने बैठकर देखना चाहिए कि क्या हमारे रिश्ते में अब भी ताज़गी बची है। अगर हाँ, तो थाम लेंगे एक-दूसरे का हाथ। और अगर नहीं बन पड़ा, तो अलग-अलग रास्ते चुन लेंगे, बिना आरोप-प्रत्यारोप के।”
वे दोनों शहर के एक शांत कॉफ़ी-हाउस में मिले। अवनि पहले पहुँची थी। खिड़की के बाहर हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, शीशे पर पानी की पतली धारियाँ बह रही थीं। मेज़ पर रखा मेन्यू-कार्ड उसकी आँखों के सामने धुँधला पड़ रहा था। उसे लगा, यह धुँधलापन उसकी आँखों का नहीं, बल्कि भीतर की बेचैनी का है। मानो मन काँच खिड़की जमी धुंध सी हो गई हो; सब कुछ सामने होते हुए भी कुछ भी साफ़ दिखाई न दे। अक्षर वहीं थे, पर हर पंक्ति काँप रही थी, जैसे दिल की धड़कनों ने उन्हें हिला दिया हो।
अर्णव आया। वही पुराना चेहरा, वही संकोची आँखे, वही निश्छल मुस्कान। दोनों आमने-सामने बैठे। पहले कुछ देर तक सामान्य बातें होती रहीं। काम, मौसम, ट्रैफिक। दोनों ही जानते थे कि वे असली बात को टाल रहे हैं।
आख़िर अवनि ने हिम्मत जुटाई। उसने कप मेज़ पर रखा और धीरे से कहा-
“अर्णव, आई डोंट वांट टू लूज़ यू। शायद यही प्यार है। मैं हर एक शय से बहुत डरती हूँ… लेकिन तुम्हारे साथ डर कम लगता है।”
अर्णव की आँखें भीग गईं। उसने धीमे स्वर में कहा,
“मी टू। तो चलो, हम मिलकर कोशिश करते हैं; धीरे-धीरे, ईमानदारी से। अगर कभी टूटे भी, तो सच की वजह से टूटें, डर की वजह से नहीं।”
उसके बाद उनका रिश्ता कोई जादुई कहानी नहीं बना। वे झगड़ते भी रहे।
कभी अवनि कह देती- “तुम्हारे पास मेरे लिए समय ही नहीं है।”
कभी अर्णव नाराज़ हो जाता-“तुम सुनती ही नहीं हो, हमेशा भागती रहती हो।”
लेकिन अब फर्क यह था कि झगड़े के बाद वे लौट आते। उन्होंने विराम लेना और फिर दोबारा शुरू करना सीख लिया।
ढ़लते सूरज को देखना अवनि का प्रिय शगल था। जब भी वह बेचैन होती, बाहर निकल जाती।
एक शाम वे पार्क की पुरानी बेंच पर बैठे थे। आसमान में सिंदूरी सूरज सुनहरी आभा बिखेर रहा था और पेड़ों की परछाइयाँ ज़मीन पर लंबी होती जा रही थीं। हवा में हल्की ठंडक थी। पत्तियाँ एक-एक करके टूटतीं और चुपचाप ज़मीन पर बिखर जातीं; मानो मौसम खुद उनके मन की उलझनों का आईना हो।
अवनि ने गहरी साँस ली। उसने सामने गिरी पत्ती को उठाकर हथेली पर रख लिया और धीरे से बोली,
“हमारी पीढ़ी की सबसे बड़ी समस्या यह नहीं कि हम बोलते नहीं… समस्या यह है कि हम सबकुछ तुरंत चाहते हैं- फटाफट जवाब, तुरंत नतीजे। लेकिन कुछ कहानियाँ निष्कर्ष से नहीं, निरंतरता से बनती हैं।”
अर्णव उसकी ओर देख मुस्कुराया। उसकी आँखों में ढलते सूरज की परछाईं चमक रही थी।
“और मेरी प्यारी अवनि, कुछ रिश्तों का सबसे सुंदर नाम है—कोशिश।”
दोनों ने एक-दूसरे की ओर देखा। वहाँ कोई औपचारिक वादा नहीं था, कोई लिखित समझौता नहीं था। बस यह यकीन था कि वे इस राह पर साथ चलने की कोशिश करेंगे, जितना संभव हो, उतनी ईमानदारी से।
वे बेंच से उठे और पगडंडी पर साथ-साथ चलने लगे। हवा ने पत्तियों को उठाकर उनके पैरों के पास बिखेर दिया, मानो राह को सजाने लगी हो। पेड़ों की शाखें आपस में झूम रही थीं, जैसे फुसफुसाकर कह रही हों— “राह की कठिनाइयों में भी साथ चलना सीखो।”
अंजू त्रिपाठी
जन्म : 7 मार्च 1980
शिक्षा : पीएच.डी. (मनोविज्ञान), यूजीसी-नेट (हिंदी)
संप्रति : प्रवक्ता, दिल्ली सरकार
प्रकाशित कृतियाँ : काव्य-संग्रह ‘ख़्वाहिशों के रंग’; रचनाएँ ‘काव्य अक्षत’ और ‘काव्य किरण’ (साझा संकलन), तथा लघुकथा संकलन ‘नीलगगन की ओर’ में संकलित।
प्रकाशन : लघुकथा डॉट कॉम में कहानियाँ; बहुमत, गृहलक्ष्मी, गृहस्वामिनी, साहित्यनामा, माही संदेश आदि पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ प्रकाशित।
संपर्क : [email protected]


बहुत ही सुंदर
शुक्रिया पारूल जी
रिश्ते टूटते नहीं, बस कोशिशें कम हो जाती हैं—यह कहानी उसी सच को बयान करती है।”
आपकी लेखनी ने रिश्तों की नमी और दूरी दोनों को बेहद खूबसूरती से पिरोया है।”❤️
Thanks Niki
आपकी लेखनी ने रिश्तों की नमी और दूरी दोनों को बेहद खूबसूरती से पिरोया है।”❤️
आपकी लेखनी ने रिश्तों की नमी और दूरी दोनों को बेहद खूबसूरती से पिरोया है।❤️
बहुत सुंदर कहानी.. बहुत बधाई
Thanks Sunit ji
कुछ कहानियां निष्कर्ष से नहीं निरंतरता से बनती है ।
खूब सुंदर लेखनी
Thanks Kritika Pathak
Very nice ma’am
Thanks Deepika
आपकी लेखनी ने रिश्तों को नमी और दूरी दोनों को बेहद खूबसूरत से पिरोया है।
खूबसूरत कहानी।
शुक्रिया
आपकी कहानी पढ़ी अंजू जी! सधे शब्द-संयोजन व प्रभावशाली शब्द शैली में यह कहानी मीठी सी लगी। धीरे-धीरे पनपने वाले प्रेम में स्थायित्व रहता है। अवनि और अर्णव का प्रेम भी ऐसा ही रहा।
शुरुआत के आपके ये कथ्य महत्वपूर्ण हैं।
*“रिश्ते शब्दों की नाज़ुक डोर से बंधे होते हैं।कभी-कभी अनावश्यक शब्द यह डोर पल भर में तोड़ देते हैं।”*
कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब पाँच लोगों की टीम बनाकर काम करने की बात होती है और ये लोग तत्कालीन प्रासंगिक विषय चयन करते हैं ” “युवा रिश्ते “।
यहीं से एक-दूसरे से बढ़ा परिचय प्रेम में बदलता है और उतार चढ़ाव के बाद अंजाम तक पहुँचता है।
एक सामान्य से परिचय को आपने अपनी कलात्मकता से अंजाम तक पहुँचाया। बधाई इस कहानी के लिये।
प्रस्तुति के लिये नीलिमा जी का शुक्रिया।
बेहद शुक्रिया मैम