Monday, November 16, 2026
होमकविताअभिषेक श्रीवास्तव की दो कविताएँ

अभिषेक श्रीवास्तव की दो कविताएँ

ज़िंदगी का लिफ़ाफ़ा

वक़्त और घड़ियाँ जो रहते हैं ज़िंदगी के लिफ़ाफ़े में,
साल-दर-साल लगे रहते हैं हमारी उम्र के इज़ाफ़े में।
हम तो लुटाते ही रहे हर इक लम्हा बेहिसाब,
फिर भी हर बार वक़्त ही रहा मुनाफ़े में।
सोने-सी थी जवानी, कौड़ियों के मोल बेच आए,
क्या ख़ूब सौदागर थे हम दुनिया के इस सर्राफ़े में!
कल तक जो बोझ दिखता था पापा के सर पर,
आज वही ज़िम्मेदारी की गाँठ है हमारे भी साफ़े में।
रोज़ की जद्दोजहद में कुछ इस क़दर उलझे हम,
कि ख़ुद को भूल आए थे, याद आई अपनी इस हल्के बुढ़ापे में।
जिस ख़ुशबू को बरसों ढूँढा किए बाहर-बाहर,
वो कस्तूरी तो थी हमारे ही नाफ़े में।
कुछ सालों में पचास का हो जाऊँगा, तो शायद पढ़ पाऊँ
वो ख़त जो मुझे मुझसे मिलाए, ज़िंदगी के लिफ़ाफ़े में।

…..

रावण को किसने मारा

मेले में था पुतला भारी, कंधे पर बिटिया थी प्यारी।
पूछा, “जीता जिसने जग सारा, बाबा, रावण किसने मारा?”
सोने की लंका का स्वामी, दस-मुख, ज्ञानी, शिव-अनुगामी।
देव-दनुज सब थर-थर काँपे, कौन भला उसका बल नापे!
पर जब देखी सीता माई, मन में उसके कालिख छाई।
भेस धरा साधू का छल से, हर ले गया उन्हें वन-थल से।
सिसकीं सीता, रोया अंबर, लिखा गया तब अंत भयंकर।
रानी रोई, भाई बोला, पर उसका मन तनिक न डोला।
जली पवनसुत से जब लंका, फिर भी बजा अहं का डंका।
कुंभकरण-सा भाई खोया, मेघनाद-सा बेटा सोया।
सूनी लंका, सूना आँगन, फिर भी ऐंठा रहा दशानन।
भेद विभीषण ने बतलाया, राम-बाण ने उसे गिराया।
वो बोली, “क्या फिर राम-बाण ने मारा?” मैं बोला, “वो पहले हारा।
जिस दिन मन में अहं जगा था, उस दिन से वो मरा पड़ा था।
हठ ने, मद ने, छल ने मारा, रावण को रावण ने मारा।
तीर चला, पुतला धू-धू कर, जल उट्ठा नभ-तल को छूकर।
हर बरस हम पुतला जलाते, भीतर का रावण बिसराते।
आओ, मन का रावण मारें, अपने भीतर राम पुकारें।

अभिषेक श्रीवास्तव
केंब्रिज – यू.के.
ईमेल – [email protected]

 

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest