–डॉ० चन्द्रशेखर तिवारी
गोस्वामी तुलसीदासजी द्वारा रचित श्रीरामचरितमानस केवल एक महाकाव्य नहीं, अपितु सनातन भारतीय संस्कृति और धर्म-दर्शनका ऐसा अक्षय कोष है, जिसने शताब्दियोंसे भारतीय जनमानसको जीवनकी दिशा प्रदान की है। मानसमें गोस्वामीजीने विविध पात्रोंके माध्यमसे जीवन, धर्म, राजनीति, लोकनीति और मानवीय मूल्योंके अनेक गूढ़ सूत्र प्रस्तुत किये हैं, किन्तु आधुनिक कालमें मानसकी कतिपय पङ्क्तियोंको उनके मूल प्रसंग, वक्ता और सन्दर्भसे अलग करके देखनेकी प्रवृत्ति भी सामने आयी है। इससे अनेक भ्रान्तियाँ उत्पन्न हुई हैं। विशेषरूपसे स्त्री-विषयक कुछ चौपाइयोंको लेकर समाज और साहित्यमें प्रायः चर्चा होती रहती है। ऐसेमें यह विचार करना आवश्यक है कि मानसमें कौन-सा कथन कविके वैचारिक मन्तव्यको प्रकट करता है और कौन-सा किसी विशेष पात्रकी मनःस्थिति, परिस्थिति अथवा स्वभावका परिचायक है।
श्रीरामचरितमानसकी जिस चौपाईको लेकर सर्वाधिक विवाद होता है, वह सुन्दरकाण्डमें समुद्र द्वारा कही गयी प्रसिद्ध चौपाई है—
प्रभु भल कीन्ह मोहि सिख दीन्ही। मरजादा पुनि तुम्हरी कीन्ही॥
ढोल गँवार सूद्र पसु नारी। सकल ताड़ना के अधिकारी॥
इस चौपाईका प्रसंग उस समयका है, जब प्रभु श्रीराम समुद्रसे लंका जानेके लिए मार्ग देनेकी प्रार्थना कर रहे थे। तीन दिन तक प्रतीक्षा करनेपर भी जब समुद्र मार्ग नहीं देता, तब प्रभु श्रीराम क्रोधित होकर धनुषपर बाण चढ़ाते हैं। भयभीत समुद्र प्रकट होकर उनके चरणोंमें गिरता है और अपनी प्राकृतिक जड़ता तथा मर्यादाका निवेदन करता है और इसी क्रममें वह उपर्युक्त चौपाई कहता है।
यहाँ सबसे पहले इस तथ्यपर ध्यान देना होगा कि यह कथन समुद्रके मुखसे कहलवाया गया है। समुद्र स्वयं अपनी जड़ प्रकृति और स्वाभाविक मर्यादाको स्वीकार करते हुए प्रभुकी कृपा तथा शिक्षाके प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है। अतः इसे सीधे गोस्वामी तुलसीदासजीका व्यक्तिगत वक्तव्य मान लेना उचित नहीं होगा।
इस चौपाईमें प्रयुक्त ‘ताड़ना’ शब्दके अर्थको लेकर विशेष विचार करनेकी आवश्यकता है। आजके समयमें सामान्यतः इस शब्दका अर्थ पीटना, प्रताड़ित करना अथवा दण्ड देना समझा जाता है, किन्तु अवधी भाषा और तुलसीदासजीके समयके भाषिक परिवेशमें इसके अर्थको केवल इसी सीमा तक बाँधकर देखना उचित नहीं होगा। ‘ताड़ना’ के अर्थ-क्षेत्रमें किसीकी स्थिति और स्वभावको समझना, उसपर ध्यान रखना, उसकी देखरेख करना, अनुशासनमें रखना तथा आवश्यकतानुसार शिक्षा और संस्कार देना जैसे भाव भी सम्मिलित हो सकते हैं। लोकभाषामें बच्चोंको ताड़ना अथवा किसीको ताड़नामें रखनेजैसे प्रयोगोंमें भी ध्यान देने और निगरानी रखनेका भाव प्रकट होता है। अतः इस चौपाईका अर्थ निर्धारित करते समय तत्कालीन भाषिक प्रयोग और पूरे प्रसंगको ध्यानमें रखना आवश्यक है।
समुद्र अपने स्वभाव और प्राकृतिक मर्यादाका निवेदन करते हुए कहता है कि संसारमें कुछ ऐसी प्रकृतियाँ होती हैं, जिन्हें उचित मार्गपर रखनेके लिए अनुशासन, नियन्त्रण और विशेष देखरेखकी आवश्यकता होती है। इसी भावको स्पष्ट करनेके लिए वह ढोल, गँवार, शूद्र, पशु और नारीका उदाहरण प्रस्तुत करता है। इन उदाहरणोंका क्रमशः विवेचन करनेपर चौपाईका भाव अधिक स्पष्ट होता है।
ढोलको ही लें। उससे मधुर और सुरीली ध्वनि तभी निकलती है, जब उसके चमड़ेको उचित रूपसे कसा जाए और उसकी देखभाल की जाये। उसके स्वर और उपयोगिताको बनाये रखनेके लिए निरन्तर ध्यान देना आवश्यक होता है। इसी प्रकार गँवार अर्थात् अशिक्षित अथवा अल्पबुद्धि व्यक्तिको उचित शिक्षा, मार्गदर्शन और अनुशासनकी आवश्यकता होती है। पशुको भी प्रशिक्षित करने तथा उचित नियन्त्रणमें रखनेपर ही उससे अपेक्षित व्यवहार प्राप्त किया जा सकता है।
इसी क्रममें प्रयुक्त ‘नारी’ शब्दपर विशेष ध्यान देनेकी आवश्यकता है। इसे सम्पूर्ण नारी-जातिकी हीनता अथवा स्वभावगत दुर्बलताका सूचक मान लेना उचित नहीं होगा। तत्कालीन सामाजिक परिवेशमें नारीकी सुरक्षा, देखरेख और संरक्षणकी आवश्यकता भी इस पदकी एक सम्भावित व्याख्या हो सकती है। इस दृष्टिसे यहाँ ताड़ना का आशय नारीको प्रताड़ित करना नहीं, अपितु उसकी स्थिति और आवश्यकताओंके प्रति सजग रहना, उसकी सुरक्षा तथा सम्मानका ध्यान रखना और उसे उचित मार्गदर्शन प्रदान करना माना जा सकता है। नारीके प्रति इस भावको समझनेके लिए मानसमें माता सीता, अनसूया, शबरी, मन्दोदरी और तारा जैसे पात्रोंका चरित्र भी विचारणीय है, जिनके माध्यमसे तुलसीदासजीने नारीके ज्ञान, विवेक, भक्ति और गरिमाको प्रतिष्ठित किया है।
इस प्रकार इस चौपाईका मूल भाव यह है कि कुछ प्रकृतियाँ ऐसी होती हैं, जिन्हें केवल विनय और सामान्य अनुरोधसे अनुशासित करना सम्भव नहीं होता; उनके लिए परिस्थिति और स्वभावके अनुरूप शिक्षा, नियन्त्रण तथा सतर्क देखरेखकी आवश्यकता होती है। समुद्र स्वयं अपनी जड़ता और प्राकृतिक मर्यादाका उल्लेख करते हुए स्वीकार करता है कि प्रभु श्रीरामका कोप उसके लिए आवश्यक शिक्षाका माध्यम बना। इससे पहले उसका कथन— ‘प्रभु भल कीन्ह मोहि सिख दीन्ही’— भी इसी भावको पुष्ट करता है। इस प्रकार समुद्रकी उक्तिपर विचार करते समय ‘ताड़ना’ को केवल शारीरिक प्रताड़ना अथवा दण्डके अर्थमें सीमित कर देना उचित नहीं होगा। इस व्याख्याको भाषिक सम्भावना और प्रसंगगत भावार्थके रूपमें ग्रहण करना चाहिए, न कि शब्दका एकमात्र निर्विवाद अर्थ मानकर; किन्तु इस अर्थको ही एकमात्र निर्विवाद भाषिक अर्थ घोषित करना भी उचित नहीं होगा। इसी प्रकार चौपाईमें आये अन्य पदोंका अर्थ भी तत्कालीन सामाजिक और भाषिक परिवेशमें समझनेकी आवश्यकता है।
यह भी ध्यान रखना चाहिए कि आजके सामाजिक और नैतिक मूल्योंके आधारपर इस चौपाईके निहितार्थोंपर प्रश्न उठाना अस्वाभाविक नहीं है, किन्तु उसका विवेचन करते समय प्रसंग, भाषा और पात्रकी स्थितिकी उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए; अन्यथा ‘अन्धोंके हाथीकी’ कहावतकी तरह अर्थका अनर्थ हो जायेगा।
इसी प्रकार लंकाकाण्डमें रावणकी पत्नी मन्दोदरीका चरित्र नारीके विवेक, नीति और आध्यात्मिक चेतनाका अत्यन्त प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत करता है। जब रावण अपने अहङ्कार और शक्तिके मदमें प्रभु श्रीरामसे वैर करनेपर उतारू होता है, तब मन्दोदरी उसे बार-बार समझाती है। वह श्रीरामको साधारण मनुष्य न मानकर परमात्माका विश्वरूप बताती है और रावणको उनसे विरोध छोड़नेकी सलाह देती है। वह कहती है—
सजल नयन कह जुग कर जोरी। सुनहु प्रानपति बिनती मोरी॥
कन्त राम बिरोध परिहरहू। जानि मनुज जनि हठ मन धरहू॥
अर्थात् हे प्राणनाथ! मेरी विनती सुन लीजिए। श्रीरामसे विरोध छोड़ दीजिए। उन्हें साधारण मनुष्य समझकर हठ मत कीजिए।
मन्दोदरी आगे श्रीरामके विराट स्वरूपका वर्णन करती है—
बिस्वरूप रघुबंस मनि, करहु बचन बिस्वासु।
लोक कल्पना बेद कर, अंग अंग प्रति जासु॥
वह रावणको समझाती है कि श्रीराम समस्त चराचर जगत् के आधार और विश्वरूप परमात्मा हैं। अन्ततः मन्दोदरी रावणको प्रभुके चरणोंमें प्रेम रखनेका परामर्श देती है, किन्तु रावण अपनी पत्नीकी इस हितकारी सलाहको स्वीकार करनेके स्थानपर उसका उपहास करता है। वह कहता है—
बिहँसा नारि बचन सुनि काना। अहो मोह महिमा बलवाना॥
नारि सुभाउ सत्य सब कहहीं। अवगुन आठ सदा उर रहहीं॥
साहस अनृत चपलता माया। भय अबिबेक असौच अदाया॥
रिपु कर रूप सकल तैं गावा। अति बिसाल भय मोहि सुनावा॥
रावणके अनुसार स्त्रीके हृदयमें आठ अवगुण सदा विद्यमान रहते हैं— साहस (दुस्साहस), अनृत (असत्य), चपलता (चंचलता), माया अर्थात् छल, भय, अविवेक, असौच (अपवित्रता) और अदाया अर्थात् निर्दयता। वह मन्दोदरीको भी इन्हीं कथित दुर्गुणोंसे युक्त मानते हुए उसके परामर्शको भय और अविवेकका परिणाम बताता है।
यहाँ विचारणीय तथ्य यह है कि यह कथन किसी सदाचारी, विवेकी अथवा आदर्श पात्रका नहीं; अपितु अहङ्कार, काम और मदमें डूबे रावणका है। मन्दोदरीकी बातोंमें नीति, धर्म और भक्तिका स्पष्ट प्रकाश है, जबकि रावणका उत्तर उसके विवेकहीन अहङ्कारको प्रकट करता है। वह अपनी पत्नीके तर्कपूर्ण परामर्शका उत्तर तर्कसे देनेके स्थानपर सम्पूर्ण स्त्री-जातिपर दोषारोपण करता है। इस प्रकार उसका कथन उसके चरित्र और मानसिकताका परिचायक बन जाता है। विशेष ध्यान देने योग्य है कि इसी प्रसंगमें गोस्वामी तुलसीदासजी लिखते हैं—
मन्दोदरि मन महुँ अस ठयऊ। पियहि काल बस मतिभ्रम भयऊ॥
अर्थात् मन्दोदरीने मनमें निश्चय कर लिया कि उसके पति कालवश मतिभ्रमके शिकार हो गये हैं। इस प्रकार गोस्वामीजी स्वयं रावणकी विवेकहीनताको रेखाङ्कित करते हैं। मन्दोदरीकी बात न मानना उसके विनाशकी दिशामें बढ़ता हुआ एक महत्त्वपूर्ण कदम सिद्ध होता है।
इसी प्रकार अरण्यकाण्डमें पञ्चवटीके प्रसंगमें रावणकी बहिन शूर्पणखाका चरित्र सामने आता है। वह प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण जीके रूप-सौन्दर्यको देखकर काममोहित हो जाती है। इस प्रसंगका वर्णन करते हुए काकभुशुण्डिजी गरुड़जीसे कहते हैं—
भ्राता पिता पुत्र उरगारी। पुरुष मनोहर निरखत नारी॥
होइ बिकल सक मनहि न रोकी। जिमि रबिमनि द्रव रबिहि बिलोकी॥
अर्थात् काकभुशुण्डिजी गरुड़जीसे कहते हैं कि हे गरुड़जी! धर्म-ज्ञानसे शून्य और कामके वशमें हुई स्त्री किसी भी सुन्दर पुरुषको देखकर— चाहे वह उसका भाई हो, पिता हो अथवा पुत्र ही क्यों न हो— विकल हो जाती है और अपने मनको नहीं सॅंभाल पाती। उसकी स्थिति ठीक उसी प्रकार होती है जैसे सूर्यकान्तमणि सूर्यके सम्पर्क में आते ही द्रवित हो (पिघल) जाती है। यहाँ काकभुशुण्डिजी शूर्पणखाकी काममोहित मनःस्थितिका वर्णन कर रहे हैं। इस चौपाईको सामान्य नारी-स्वभावका सार्वभौम सिद्धान्त मानकर पढ़ना उचित नहीं होगा। प्रसंगमें शूर्पणखाका चरित्र, उसकी आसक्ति और उसका असंयमित व्यवहार प्रमुख हैं। सूर्यकान्तमणिके सूर्यको देखकर द्रवित होनेका उदाहरण देकर उसकी मनःस्थितिको स्पष्ट किया गया है।
यहाँ यह भी समझना आवश्यक है कि शूर्पणखाका चरित्र और माता सीता, अनसूया, शबरी, मन्दोदरी तथा ताराके चरित्र एक ही धरातलपर नहीं रखे जा सकते। मानसमें पात्रोंका आचरण उनके गुण, कर्म, स्वभाव और मनोवृत्तिके अनुसार चित्रित हुआ है। अतः एक विशिष्ट पात्रकी दुर्बलताको सम्पूर्ण नारी-जातिका स्वभाव मान लेना साहित्यिक विवेकके अनुकूल नहीं है।
किष्किन्धाकाण्डमें भी नारीके विवेक और दूरदर्शिताका अत्यन्त प्रभावशाली चित्रण मिलता है। बालिकी पत्नी तारा अपने पतिको श्रीरामके सामर्थ्य और सुग्रीवके पीछे उनके संरक्षणकी वास्तविकता समझानेका प्रयास करती है। जब बालि सुग्रीवसे युद्ध करनेके लिए उद्यत होता है, तब तारा उसके चरण पकड़कर उसे समझाती है—
सुनत बालि क्रोधातुर धावा। गहि कर चरन नारि समुझावा॥
सुनु पति जिन्हहि मिलेउ सुग्रीवा। ते द्वौ बन्धु तेज बल सींवा॥
कोसलेस सुत लछिमन रामा। कालहु जीति सकहिं संग्रामा॥
तारा बालिको समझाती है कि सुग्रीव जिन दोनों भाइयोंसे मिले हैं, वे तेज और बलकी सीमा हैं। वे कोसलाधीशके पुत्र राम और लक्ष्मण हैं, जो संग्राममें कालको भी जीत सकते हैं। वह अपने पतिको अहङ्कार छोड़कर विवेकपूर्ण निर्णय लेनेकी सलाह देती है, किन्तु बालि अपने बल और अभिमानके कारण उसकी बात नहीं मानता।
बालि-वधके पश्चात् तारा शोकसे व्याकुल हो जाती है। तब प्रभु श्रीराम उसे आत्मा और शरीरके वास्तविक स्वरूपका ज्ञान कराते हुए कहते हैं—
छिति जल पावक गगन समीरा। पंच रचित अति अधम सरीरा॥
प्रगट सो तनु तव आगें सोवा। जीव नित्य केहि लागि तुम्ह रोवा॥
अर्थात् यह शरीर पृथ्वी, जल, अग्नि, आकाश और वायुसे निर्मित है तथा नश्वर है, जबकि जीवात्मा नित्य है। इस प्रकार प्रभु श्रीराम ताराको आत्मतत्त्वका उपदेश देकर उसके शोकका निवारण करते हैं।
ताराका चरित्र यह सिद्ध करता है कि मानसमें नारी केवल भावुकता अथवा दुर्बलताकी प्रतीक नहीं है; बल्कि वह नीति, विवेक और दूरदर्शिताकी भी सशक्त प्रतिनिधि है। बालि द्वारा ताराकी बात न मानना और उसके परिणामस्वरूप उसका विनाश होना इस तथ्यको और अधिक स्पष्ट करता है।
श्रीरामचरितमानसमें माता सीता, माता कौशल्या, अनसूया, शबरी, मन्दोदरी और ताराजैसे नारी-पात्रोंका चित्रण नारीके विविध श्रेष्ठ गुणोंको सामने लाता है। माता सीता त्याग, धैर्य, पातिव्रत और आत्मसम्मानकी प्रतिमूर्ति हैं। माता कौशल्या वात्सल्य और धर्मनिष्ठाकी आदर्श हैं। अनसूया तप, ज्ञान और साधनाकी प्रतीक हैं। शबरी निष्कपट भक्ति और समर्पणका अनुपम उदाहरण हैं। मन्दोदरी नीति और विवेककी प्रतिमूर्ति हैं तथा तारा दूरदर्शिता और व्यावहारिक बुद्धिका परिचय देती हैं।
इन पात्रोंके माध्यमसे गोस्वामीजीने यह स्पष्ट किया है कि भक्ति, ज्ञान, विवेक, त्याग और धर्मनिष्ठा किसी एक लिङ्गकी सीमामें बँधे हुए गुण नहीं हैं। मनुष्यकी श्रेष्ठता उसके आचरण, विचार और भक्ति-भावसे निर्धारित होती है।
अतः श्रीरामचरितमानसका अध्ययन करते समय वक्ता-श्रोता भाव, पात्र-गत मनःस्थिति और प्रसंग-सन्दर्भका ध्यान रखना अत्यन्त आवश्यक है। रावणके मुखसे निकला स्त्री-विषयक कथन उसके अहङ्कार और अविवेकका परिचायक है। समुद्रका कथन उसकी प्राकृतिक जड़ता और मर्यादाका निवेदन है तथा शूर्पणखाका प्रसंग कामासक्ति और असंयमकी परिणतिको सामने लाता है। इन सभी कथनोंका मूल्याङ्कन उनके मूल प्रसंगमें ही किया जाना चाहिए।
यह भी उचित नहीं होगा कि किसी पात्रके मुखसे निकले प्रत्येक कथनको स्वतः कविका अन्तिम सिद्धान्त मान लिया जाये। साथ ही, केवल पात्रका कथन कहकर उसके सामाजिक और वैचारिक निहितार्थोंपर विचार करनेसे भी बचा नहीं जा सकता। साहित्यका सम्यक् अध्ययन इन दोनों पक्षोंको साथ रखकर ही सम्भव है।
मानसका व्यापक सन्देश भक्ति, मर्यादा, समर्पण, विवेक और लोकमङ्गलकी प्रतिष्ठा है। इसमें नारीके प्रति सम्मान, उसके ज्ञान और उसके विवेककी उपेक्षा न करनेका सन्देश अनेक प्रसंगोंमें मिलता है। जो रावण और बालिकी भाँति अपनी पत्नीके हितकारी परामर्शकी अवहेलना करता है, वह स्वयं अपने विनाशका मार्ग प्रशस्त करता है।
अतः श्रीरामचरितमानसमें नारी-सन्दर्भोंका विवेचन करते समय किसी एक चौपाईको आधार बनाकर निष्कर्ष निकालनेके स्थानपर सम्पूर्ण ग्रन्थ, उसके पात्रों और उनके आचरणको समग्रतामें देखना चाहिए। यही तुलसी-साहित्यके प्रति न्यायपूर्ण, सन्तुलित और विवेकपूर्ण दृष्टिकोण है।

- डॉ० चन्द्रशेखर तिवारी
सोनभद्र (उ०प्र०)– 231218
