‘‘समझ में नहीं आ रहा कि बात कहाँ से शुरू की जाए।“ अड़सठ वर्षीय राहुल माथा रगड़ते हुए बोला था।
‘‘क्या परेशानी है भाई?“ विनोद ने कुर्सी पर पहलू बदला। वह कल ही दिल्ली से शिमला आया था। यह दोनों ही बचपन के दोस्त थे, दूसरे शब्दों में लंगोटिया यार भी कह सकते हैं। जिसे भी समय मिलता तो वह दूसरे के पास पहुँच जाता। कभी विनोद शिमला आ जाता तो कभी राहुल ही दिल्ली जा पहुँचता और अपने बचपन को याद करके ये दोनों प्रौढ़ फिर से बच्चे बन जाते।
‘‘विनोद! तुम्हें सदानन्द की याद है क्या?“ विनोद कुछ और कहता उससे पहले ही राहुल ने विनोद से उलटकर पूछ लिया।
‘‘वो, जो हमारा सहपाठी था बीए में? उसे कैसे भूल सकता है कोई?’’
‘‘हाँ! वही सदानन्द।’’ राहुल की आँखें चमकने लगीं।
‘‘कम्बख़त के गले में तो जैसे केएल सहगल की आत्मा ही आ बैठी थी। पर तुम्हें अचानक आज सदानन्द कैसे याद आ गया? क्या तुम जानते हो कि वह कहाँ है?“ विनोद ने पूछा।
‘‘हाँ! यही कोई दो-तीन महीने पहले एक दिन अचानक मिल गया।’’
‘‘कहाँ? कहाँ है वो और कैसा है? पर फिर तुमने उसे पहचाना कैसे इतने सालों के बाद??
‘‘ठीक कहते हो। मैं उसे शायद ही पहचान पाता इस उमर में हम सब के ही तो हुलिये बदल गये हैं, भला कैसे पहचानेंगे एक दूसरे को, लेकिन भला हो उसके सुरीले कण्ठ का और उसके फेवरेट मीरा के पद का कि मैं उसे तुरन्त ही पहचान गया कि यह हमारा सदानन्द ही है।“
‘‘बताओ…बताओ जल्दी से। मुझे पूरी बात बताओ, कहाँ है क्या कर रहा है??’’ विनोद उतावला हो उठा, ‘‘यार! किस ज़माने की याद दिला दी तुमने भी। वाह! क्या ज़माने थे न। अब, जबकि हम सब सहपाठी रिटायर होकर घर बैठे हैं। वह कॉलेज के ज़माने और वे साथी, कोई टकला हो गया है तो किसी के मुँह में दांत ही नहीं हैं। सबकी शक्लें बदल गई हैं, कैसे एक-दूसरे को पहचान सकते हैं पर वह तुझे मिला कैसे और हालचाल क्या हैं उसके?“ विनोद अपने सहपाठी का नाम सुनकर ही अत्याधिक उत्साहित हो गया था, जबकि राहुल बस उसे देखता ही जा रहा था।
ये दोनों मित्र भी तो पैंसठ से ऊपर ही थे।
‘‘अरे बोल यार। कहाँ है वह, चल चलते हैं उससे मिलने।“ राहुल को चुप देखकर विनोद फिर उतावला होने लगा।
‘‘सब्र कर भाई। तू तो कॉलेज वाला विनोद हो गया फिर से। अब हम सब सठियाए हुए हैं। सदानन्द भी मनाली ही बस गया है, पतली कुहुल में। चलते हैं किसी दिन।“
‘‘चल ठीक है। पर अब बता भी दे, तुझे कब, कहाँ और कैसे मिल गया हमारा प्यारा-सा दोस्त?“
‘‘वो एक दिन मुझे किसी ने बताया था कि मनाली और पतली कुहुल के रास्ते में एक किसान ने खरगोश पाल रखें हैं। उनकी ऊन उतारकर कर वह उससे शॉलें बनवाता है। खरगोश और शॉलें? अजीब-सा कनेक्शन लगा मुझे। फिर खोजबीन की तो पता चला कि यह बात सच है। यह एस.डी. फार्म इस इलाके में काफी मशहूर था। मन किया कि चलकर देखना चाहिए कि यह काम कैसे हो सकता है, क्योंकि उसके कारोबार की बहुत चर्चा थी। बस निकलना ही नहीं हो पा रहा था। कोई न कोई काम आड़े आ जाता।“ राहुल ने बड़े ही ठहरे अंदाज में अपनी बात जारी रखी।
‘‘फिर उस दिन मैंने पक्का मन बनाया कि मुझे यह एस.डी. फार्म देखना ही है। यह देखना है कि खरगोश जैसे कोमल जीव के बाल कैसे उतारे जा सकते हैं और कैसे उनसे कारोबार किया जा सकता है, वह भी इतने बड़े पैमाने पर कि पूरे इलाके में उसकी चर्चा इस तरह होने लगे। तो बस निकल पड़े अपने राम मनाली के लिए।
शिमला से मनाली पहुँचते-पहुँचते शाम होनी ही थी इसलिए मैंने रेस्ट हाउस में कमरा बुक करा लिया था। अगले दिन मैंने फार्म पर जाकर भाई का कारोबार देखा और हैरान होना ही था मुझे। वह बहुत बड़ा फार्म है, पूरी तरह व्यवस्थित। सैकड़ों की संख्या में लम्बे लम्बे बालों वाले सफेद, भूरे, काले खरगोश पिंजरों से झांक रहे थे।
फार्म में जिस इन्सान से मैं पहले मिला वह फार्म का मैनेजर था।’’
‘‘पर सदानन्द कहाँ चला गया? तू तो बस खरगोश ही देखने में मगन हो गया।“ विनोद को लगा कि राहुल विषय से हट रहा है।
‘‘नहीं, वहीं आ रहा हूँ। देखता जा।“
‘‘साब खाना लगा दूँ?“ गोरखा पूछने आया तो राहुल उठते हुए बोला, ‘‘बाकी कल। चलो खाना खा लो। तूने भी तो लम्बा सफर किया है।“ गोरखा पलटकर भीतर चला गया।
‘‘यार! तेरे गोरखे ने तो काम ही बिगाड़ दिया सारा।“ विनोद अनमना हो उठा। उसे गोरखे का इस तरह टपकना अच्छा नहीं लगा था।
‘‘यार विनोद! यह शिमला है दिल्ली नहीं और हम दोनों बुढ़ापे में कदम रख चुके हैं और तुम भूल रहे हो कि हम अब कॉलेज के छात्र नहीं। अब हमारे लिए अपनी सीमा में रहना ही ठीक है।“ बात करते-करते अब तक वे डाइनिंग टेबल तक पहुँच चुके थे।
‘‘कहता तो तू ठीक ही है।“ विनोद भी कुर्सी खींच कर बैठ गया, ‘‘यार, सदानन्द के नाम ने ही मुझे वापस कॉलेज में पहुँचा दिया था।’’ उसने प्लेट में खाना निकाला। दोनों ने भोजन किया और एक-एक कप कॉफी पीकर अपने-अपने कमरे में आ गये।
….
बिस्तर पर लेटा विनोद सोच रहा था, ‘क्या हुआ होगा सदानन्द के साथ?’ उसे तो बस इतना ही पता चल सका था कि वह किसी मुकदमे में फंस गया है। दरअसल बीए की परीक्षा के बाद सदानन्द को उसके पिताजी के कारण वन विभाग में नौकरी मिल गई थी। अब नौकरी लग गई तो रिश्तेदारों के दबाव से विवाह भी हो गया। यहाँ तक तो सारा मित्र मण्डल साथ ही था। वे दोनों भी सदानन्द के विवाह में आये थे। फिर वन विभाग की नौकरी के कारण सदानन्द की पोस्टिंग शिमला के सुदूर क्षेत्र किन्नौर में हो गई। विनोद इंजीनियरिंग का कोर्स करने रुड़की चला गया और राहुल आगे पढ़ने के लिए देश से बाहर। अब तक फोन की सुविधा उनके घरों में नहीं थी। बस डाक का सहारा था। फिर अचानक सदानन्द का पत्र व्यवहार बंद हो गया, परन्तु इन दोनों का सम्पर्क बराबर बना हुआ था।
राहुल दो साल बाद ही अपनी पढ़ाई बीच में छोड़कर लौट आया और विनोद की नौकरी दिल्ली नगरपालिका में बतौर सब डिवीजन ऑफिसर लग गई। विदेश से लौटकर राहुल ने बताया कि लन्दन में एक लड़की के चक्कर में उसे कॉलेज से सस्पेंड कर दिया गया। इधर उस लड़की ने भी उसके साथ भारत आने से साफ इन्कार कर दिया था। हालांकि राहुल के लिए यह बड़ा झटका था फिर भी कुछ ही समय बाद उसने खुद को सम्भाल लिया। वह अपने माता-पिता की इकलौती सन्तान था। उसने पिता से कहकर घर के साथ खाली पड़ी जगह पर प्रेस लगा लिया। परन्तु बहुत कोशिश करने पर भी वे दोनों सदानन्द को नहीं खोज पाये क्योंकि अभी हिमाचल में प्रगति की रफ्तार बहुत धीमी थी। आज की तरह सब जगह सड़कें और संचार साधन नहीं थे। फिर समय के साथ सब विस्मृत होता चला गया। पुरानी यादों में घिरे पता नहीं कब विनाद को नींद ने घेर लिया।
…
फ़रवरी की हल्की सर्दी और शिमला का समरहिल, जहाँ धूप नयामत थी। राहुल ने गोरखे को कुर्सियांँ बाहर रखने को कहा और दोनों मित्र धूप में निकल आए।
‘‘तुम तब तक अखबार देखो, मैं प्रेस में चक्कर लगाकर आता हूँ। कुछ काम देने हैं, समय पर न दिये तो व्यापार पर असर पड़ता है।“ कहकर राहुल प्रेस की ओर निकल गया और विनोद ने टेबल पर पड़े हिन्दी अंग्रेज़ी के अखबार टटोलने शुरू कर दिये।
…
‘‘बहादुर….’’
राहुल की आवाज़ सुनकर उसने सिर उठाया, वह गोरखे को कॉफ़ी लाने को कहकर पास पड़ी कुर्सी खींचकर बैठ गया।
‘‘हाँ, तो मिस्टर राहुल मेहरा! रात की कहानी आगे बढ़ेगी या कुछ और काम बाकी है?“ विनोद ने थोड़ा-सा व्यंग्य का सहारा लिया तो राहुल ठट्ठाकर हँस पड़ा।
‘‘यार! तू नहीं सुधारेगा।“
‘‘देख भाई! तू भी जानता है कि मैं तुम्हारे पास दुनिया भूलकर आता हूँ और जब कॉलेज के दोस्त बैठे हों और हम गुजरे जमाने में न पहुँचें तो अपने-अपने दड़बे में ही भले। यह कम्बख़्त सदानंद हमारा सबसे प्यारा दोस्त रहा है। उसके अचानक गुम हो जाने से हम सभी कितने परेशान थे और अब बरसों बाद जब उसका पता चला है तो…..“ उसने बात अधूरी छोड़ दी।
‘‘कह तो ठीक ही रहे हो, पर सब कुछ जानने के लिए हमें एक बार फिर मनाली जाना होगा। क्योंकि उस दिन मैं मनाली टैक्सी लेकर गया था। मौसम खराब होने से टैक्सी वाला शोर मचाने लगा तो मुझे वापस आना पड़ा। मेरी अपनी गाड़ी सर्विस के लिए गई थी।“
‘‘यह तो ठीक है, पर यह बता कि तुझे वो मिला कहाँ? तुम तो खरगोश देख रहे थे न?“ विनोद ने पूछा।
‘‘हाँ! देख तो खरगोश ही रहा था पर उसकी आदतें उसे कहीं छुपने थोड़ा न देती हैं। उसके गीत दूर से ही उसकी पहचान करवा देते हैं।’’ राहुल ने कॉफी खत्म करके गोरखे को मग उठा ले जाने को कहा और बोला,
‘‘उस दिन मैं मनाली ही रुक गया था, थोड़ा काम था। कुछ लोगों से मिलना भी था। दूसरे दिन सुबह ही मैं एस.डी. फार्म जा पहुँचा। फार्म का मैनेजर बहुत अच्छे स्वभाव का लगा। वह मुझे बड़े अच्छे से फार्म की एक-एक जानकारी दे रहा था। मैं वहाँ बड़ी दिलचस्पी से उन लाल आँखों वाले बड़े-छोटे खरगोशों को देख रहा था।
‘‘कब से है यह फार्म यहाँ?’’ मैने पूछा।
‘‘पक्का तो पता नहीं साहब, पर सुना है कि बीस साल हो रहे हैं। मैं तो बस पिछले छः साल से हूँ।’’
‘‘सब आप ही देखते हो?’’ मैंने फिर पूछा।
‘‘जी हाँ। ये चार लोग और हैं। शर्मा जी साहब बीच-बीच में चक्कर तो लगाते हैं, पर ज्यादा टोकाटाकी नहीं करते। हाँ नज़र बहुत पैनी है, उनकी नज़र से कुछ नहीं छिपता।’’
‘‘उनके परिवार के और लोग?’’
‘‘नहीं साहब! कोई नहीं है।’’
‘‘क्यों?’’
‘‘पता नहीं साहब, सुना है कि पिछले मैनेजर को उन्होंने इसीलिए निकाल दिया था कि उसने उनके परिवार के बारे में पूछा था। शायद कुछ ज्यादा ही पूछा था क्योंकि वह उनका बहुत मुँहलगा था। मेरी नौकरी की शर्त में यह भी लिखा था कि मुझे बस अपने काम से काम रखना है। मेरे घर में मैं अकेला कमाने वाला हूँ इसलिए मैं अपनी हद में ही रहता हूँ।’’
‘‘हूँ….।’’
अभी थोड़ी ही देर हुई होगी कि तभी फ़ार्म के एक तरफ़ बने मकान के भीतर से सितार बजती सुनाई दी पर मैंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया फिर भी मेरे कान खड़े हो गये थे। धुन कुछ जानी-पहचानी-सी लगी फिर भी मैंने सोचा बहुत लोग होते हैं संगीत से रुचि रखने वाले, यह भी होंगे।
अब तक मैं फार्म हाउस में घूमता हुआ उस घर के निकट ही पहुँच चुका था जो फार्म के ही एक किनारे पर बना हुआ था। तभी मुझे भीतर से अलाप की आवाज़ सुनाई दी तो मैं वहीं खड़ा होकर सुनने लगा। कोई पुरुष अलाप ले रहा था। मुझे अपना कॉलेज का जमाना याद आ गया और साथ ही याद आ गया सदानन्द। क्या डूबकर गाता था कम्बख़त। मैंने मैनेजर से पूछा,
‘‘कौन बजा रहा है सितार?“
‘‘हमारे साहब हैं, बहुत अच्छा गाते हैं साब।“
‘‘क्या नाम है तुम्हारे साहब का?“
‘‘पता नहीं साहब, एस. एन. शर्मा लिखते हैं।“ मैनेजर ने जवाब दिया। अभी तक अलाप ही चल रहा था पर मेरा दिल सदानन्द को याद करके उछल रहा था। मैं वहीं बरामदे में रखी कुर्सी पर बैठ गया तो मैनेजर को भी बैठना पड़ा। मुश्किल से दस मिनट बीते होंगे कि भीतर से गाने की आवाज़ आने लगी। स्वर पहले धीमा, फिर मद्धम और धीरे-धीरे पूरे यौवन पर आते ही मुझे झटका लगा। वह अपना मीरा बाई का प्रिय पद गा रहा था ‘‘माई रीऽऽऽ, हो माई री मैं कासे कहूँ पीर अपने जिया की, माई री।’
अब मैं एक झटके से कुर्सी से उठा तो मैनेजर भी घबराकर उठा, ‘‘क्या हुआ सर?“ पर मैं बिना इधर-उधर देखे आवाज़ के सहारे दरवाजे पार करता उसके सामने खड़ा था। बड़े-से हाल में वह कालीन पर बैठा, आँखें बन्द किये आराम से गा रहा था और मैं आँखें फाड़े उसे देख रहा था। मैनेजर पीछे चुपचाप खड़ा हम दोनों को देख रहा था। तभी उसने अन्तरा उठाया,
‘‘पी की डगर में बैठे, मैला हुआ री मेरा आँचरा।
मुखड़ा है फीका फीका नैनों को सोहे नहीं काजरा
लट में पड़ी कैसे बिरहा की माटी, माई री, हो माई री…..’’
अब मैं धीरे से उसके पास बैठ गया। गाते हुए उसे कुछ भी पता नहीं रहता था। मैं जानता था कि उसे बीच में टोकना पसन्द नहीं था। मैंने धीरे से मैनेजर को बाहर जाने का संकेत किया, कहीं उसकी नौकरी पर न बन आये।
मैं बड़े गौर से बस उसे ही देख रहा था। उसके बाल भले अधपके थे पर वैसे ही घने और घुंघराले थे। नाक के पास का मस्सा मुझे किसी गलतफहमी में पड़ने से बचा रहा था। पर उसकी आँखें तो बन्द थीं। तभी शायद उसे किसी की मौजूदगी का अहसास हुआ और उसने आँखें खोलीं तो मैं बिना देर किए बोल पड़ा,
‘‘सदा! तू यहाँ छुपा बैठा है मेरे यार और हमने तुझे कहाँ नहीं खोजा?“
वह बिना कुछ बोले मेरा चेहरा ध्यान से देखने लगा, उसकी आँखों में अजब-सी उलझन थी। अब मेरे तो बाल आधे भी नहीं रहे तो वह कैसे पहचानता? जब मैंने अपना नाम बताया तो वह झटके से उठ खड़ा हुआ और झपटकर गले लग गया। हम दोनों ही रो पड़े। देर तक गले लगे खड़े रहे। होश तब आया जब उसका कुक खाने के लिए बुलाने आया।
शायद हम तीस साल बाद मिल रहे थे, फिर तो बस वहीं बैठे बैठे दिन ढलने लगा। उसने बस इतना ही बताया कि जल्दी ही उसका पत्नी से तलाक हो गया था शादी टूट गई थी और उसने दूसरी शादी नहीं की।
सदानन्द के मैनेजर ने जब आकर बताया कि टैक्सी वाला शोर मचा रहा है। मजबूरी थी लौटना ही था, पर मैं तो सदानन्द के मिलने से ऐसे खुश था जैसे मेरी कोई खोई हुई चीज़ मिल गई हो। मैंने उसे शिमला आने को कहा तो उसने मुझे ही मनाली आने की सौगंध दे दी। कॉलेज के पुराने दिनों को याद करते हम दोनों फिर मिलने के वादे के साथ अलग हुए।“ राहुल ने एक गहरा साँस लिया।
‘‘पर उसके साथ हुआ क्या था? इतनी देर तक तुमने क्या बातें कीं?’’
‘‘हाँ! बस वह यही कहता रहा कि जब मैं फिर आऊँगा तभी बतायेगा। मुझसे ही पूछता रहा। तेरे बारे भी पूछ रहा था और दूसरे दोस्तों के बारे में भी पूछ रहा था।’’
‘‘तो क्या कहा तू ने?’’
‘‘जो है, यही कि हम दोनों के बच्चे सैटल हैं और हम अकेले हैं, और है ही क्या कहने को?’’
‘‘तो कब चल रहे हैं हम मनाली?’’
‘‘बस थोड़ी काम की व्यवस्था कर लूँ, चलते हैं कल तक। तू कितने दिन के लिए आया है, जल्दी तो नही??’’
‘‘नहीं।’’
‘‘तब ठीक है। कल चलते हैं, ड्राइवर भी तो अपने घर कहकर आएगा न। एक दिन तो रुकेंगें ही।’’ और दूसरे दिन दोनों मित्र मनाली में थे।
चाय के बाद दोनों ने सदानन्द को घेर लिया, ‘‘देख सदा! दोस्तों से कहकर मन का बोझ हल्का होता है और हम तेरे चेहरे पर तेरे भीतर का दर्द साफ देख रहे हैं। उंडेल दे सब कुछ और खाली हो जा।’’ विनोद ने उसे कुरेदा। वह उसे खाली-खाली नज़रों से देखने लगा।
‘‘क्या जानना चाहते हो तुम दोनों?’’
इस समय वे खरगोशों के बीच घूम रहे थे। सदानन्द उन्हें बता रहा था कि उसके मन में कैसे यह विचार आया कि बिना जीव हत्या के भी खरगोशों से पैसा कमाया जा सकता है। अब राहुल बोल पड़ा, ‘‘तू बात को टाल रहा है, अबे! हम से छुपायेगा अब? हमसे…??’’
‘‘चलो भीतर चलते हैं।’’ उसने गोरखे को आवाज दी, ‘‘रामबहादुर, खाना लगा दो।’’ अब ये तीनों डाइनिंग टेबल पर बैठे थे। ‘‘और कोई नहीं है क्या तेरे साथ?’’ विनोद ने पूछा। गोरखा खाना रख गया था। सदानन्द बात को अनसुना करते हुए कह रहा था,
‘‘शादी के कुछ दिनों बाद सुनीता का मामा राकेश, जो लगभग मेरी ही उम्र का था हमारे पास आ गया। वह हमारी ससुराल से कुछ सामान लेकर आया था। अब मैं बड़ी बेफिक्री से अपनी ड्यूटी पर जाने लगा, सुनीता बहुत खुश थी। ’’ उसने दाल का डोंगा उठाकर विनोद की ओर बढ़ाया।
‘‘अब मेरी तो नौकरी ही जंगल की थी, वह भी रेंजर की। कभी-कभी दो-दो दिन बाहर ही रहना पड़ता पर मुझे चिन्ता नहीं थी,चलो, घर में कोई तो है। मैं सुबह ही घर से निकल जाता और वापस लौटते मुझे अक्सर ही रात हो जाती। इसी तरह करीब दो महीने गुजर गये। पर अब मुझे बड़ा अजीब लग रहा था, कोई जवान आदमी ऐसे ही बिना काम कहीं कैसे रह सकता है, इसका मन कैसे लगता होगा यहाँ? फिर एक दिन मैंने राकेश से पूछ ही लिया,
‘‘मामा! आपको जाना हो तो जा सकते हैं, आपके काम का हर्जा हो रहा होगा?’’
‘‘मैं यहाँ दिन भर अकेली रहूँगी?’’ वह झट से बोल पड़ी।
‘‘अब मेरी तो नौकरी ही ऐसी है। सारी उम्र थोड़ी न ये यहाँ रह सकते हैं। इनके अपने काम का क्या होगा?’’
‘‘कुछ नहीं होता, कुछ दिन और रुकेंगे तो। इनकी कौन-सी नौकरी है, दुकान पर ही तो बैठना है। नाना जी हैं न।’’ वह फिर बोल पड़ी, पर राकेश चुप था। अब मेरे पास कहने को कुछ नहीं था। मैं नियम से अपनी ड्यूटी जा रहा था।
कुछ दिन और यूँ ही गुजर गये। अब तक मौसम बदलने लगा था, बरसात शुरू हो चुकी थी, मेरी बदली किन्नौर से रामपुर हो गई थी। उस रात ऊपरी पहाड़ियों पर बहुत पानी गिरा था पर मुझे तो जंगल जाना ही था। ऐसे मौसम में जगल में लकड़ी की चोरी ज्यादा होती है कटे हुए शहतीर ही चोरी नहीं होते, बारिश का फायदा उठाकर चिरानी लोग खड़े पेड़ भी काट डालते हैं। उस दिन भी रोज की तरह तैयार होकर मैं बाहर निकल गया। तुम्हें पता है न उस समय तक ठीक से सड़कें भी नहीं थीं और फिर जंगल के रास्ते। रामपुर से लगभग छः मील आगे निकल आया था, अभी जंगल के लिए मुझे खड्ड (पहाड़ी बरसाती नाला) पार करनी थी। अभी मोड़ तक पहुँचा ही था कि खड्ड का शोर सुनाई देने लगा। हमें लगा कि खड्ड उफन आई है। मेरे साथ इलाके के गार्ड भी थे ही। एक बोला,
‘‘रुक जाइये साब! खड्ड चढ़ी हुई है।’’ खड्ड वाकई बहुत उफन रही थी, सारा रास्ता बह गया था। आगे पैर ही नहीं रखे जा सकते थे। जीप मोड़ ली और हम लोग लौट आये। मैंने दोनों गार्डों को घर जाने को कह दिया और खुद अपने क्वार्टर की ओर चल दिया। मुझे लगा कि आज दोनों मुझे देखकर खुश हो जायेंगे, क्योंकि मैं उन लोगों को समय ही नहीं दे पा रहा था।
रास्ते में देखा तो एक आदमी दो पेटी आम लेकर बेचने बैठा हुआ था। आम और रामपुर में…? यहाँ सेब-खुमानी की तो भरमार है पर आम …. तुम्हें पता है, उन दिनों तो सपना ही थे। चलो मेहमान भी तो हैं घर में, भले वह सुनीता का मामा ही था। मैंने झट से दो किलो आम तुलवा लिए और क्वार्टर की ओर बढ़ गया।
दरवाजा खुला ही था पर आँगन में कोई नहीं था। कहाँ गये दोनों दरवाजा खुला छोड़कर? मैं आम रखने रसोई में गया तो मुझे अपने कमरे में से दोनों के हँसने की आवाज़ आई। यह कमरा रसोईघर के साथ ही लगा हुआ था, वह रामपुर वाला क्वार्टर तो तुम दोनों का देख हुआ ही था न?’’ उसने दोनों की ओर सवालिया नज़रों से देखा तो उन्होंने हाँ में सिर हिलाया। अब तक खाना हो चुका था, वह उठा और हाथ धोकर तीनों भीतर सोफों पर आ जमे।
‘‘हाँ! तो तुम कह रहे थे दरवाजा खुला था…..’’ विनोद ने बात का सिरा पकड़ा, फिर….?
‘‘मैंने सोचा शायद लूडो खेल रहे होंगे और मैं अपने कमरे की तरफ़ बढ़ गया। बस! यहीं से मेरी बरबादी की कहानी शुरू हो गई दोस्तो! काश उस दिन मैं उस बरसाती खड्ड में बह गया होता।’’ और सदानन्द ने सिर सोफे की पीठ पर टिका दिया। वह खाली-खाली आँखों से छत को घूर रहा था। उसने एक लम्बा साँस लिया और आँखें की नमी को पोंछ लिया।
‘‘सदा….! सचमुच हमारे किसी भी दोस्त को तुम्हारे बारे में कुछ भी तो पता नहीं। आखिर हुआ क्या था?’’ राहुल ने उसके कंधे पर हाथ रखकर दिलासा दिया, ‘‘तुमने तो चिट्ठियों के जवाब देने भी बंद कर दिये थे और फिर मैं भी विदेश चला गया। लौटकर आया तो तुम्हारे बारे बस इतना ही पता चला कि तुम किसी केस में फंस गये हो और तुमने नौकरी भी छोड़ दी है। सारा दर्द अकेले ही झेलते रहे, क्यों….आखिर क्यों??’’
‘‘तुम नहीं समझ सकते, कि मैंने उन दोनों को अपने ही बिस्तर पर किस हालत में देखा।’’
‘‘क्या…??’’ दोनों एक साथ बोल पड़े।
‘‘हाँ दोस्त! हालांकि वह उसका सगा मामा था।’’
‘‘फिर….?’’ राहुल ने पूछा
‘‘मैं चुपचाप बाहर निकल आया और बस अड्डे जाकर उन दोनों के लिए टिकट लाकर सुनीता के हाथ पर रख दिये। यह तो संयोग था कि उन दिनों मेरा खलासी एक महीने की छुट्टी पर था वरना बात फैलते देर नहीं लगती। फिर मैं अपने जंगलात के रेस्ट हाउस चला गया और उनके चले जाने के बाद ही घर वापस लौटा।
अभी दो ही दिन बीते थे कि गाँव से पिता जी आ गये, सुनीता के पिता भी उनके साथ थे। दोनों ही मुझे बात पर मिट्टी डालने को कह रहे थे, पर मैं आँखों देखी मक्खी कैसे निगल लेता? मुझे नहीं पता था कि मेरे ससुर कितने शातिर हैं, वे वापस नहीं गये, वहीं अपने किसी रिश्तेदार के घर रुक गये थे।
अब तक बरसात तो शुरू हो ही चुकी थी। एक दिन मैं ड्यूटी से लौटा तो रामपुर के थानेदार का बुलावा आया और मैं बिना आगे-पीछे सोचे पुलिस स्टेशन चला गया। छोटा-सा शहर और गिने-चुने अधिकारी। आपस में मेल-मिलाप इतना तो रखते ही थे।
थानेदार ने चाय का कप पकड़ाकर हँसते हुए कहा, ‘‘शर्मा जी! कितने पेड़ कटवा लिए शीशम के? भई माना कि आप जंगल के राजा हैं पर आदमी तो विश्वास के लगाने थे न।’’
‘‘मतलब? कौन से पेड़, कब कटवाये मैंने…?’’
‘‘सचमुच, आपको कुछ नहीं पता? पर शीशम के पेड़ काटकर लाने वाले चिरानी आपके रिश्तेदारों के आरे पर से पकड़े गये हैं। उनका कहना है कि पेड़ आपके कहने पर काटे हैं, इसलिए आपको तकलीफ देनी पड़ी। आप दोस्त हैं तो मामला यहीं निपटा लेते हैं।’’ मैं हैरान था।
वहाँ से मैं सीधा आरे पर गया तो देखा, सुनीता के पिता वहीं बैठे थे। गाँव से पिता जी को भी बुलवा लिया गया था। उन्हें देखते ही मैं सारा माजरा समझ गया। पकड़े गये चरानी (लकड़ी चीरने वाले) उनके नौकर ही थे। मेरे पास कोई चारा नहीं था, नौकरी भी जाती और हरे पेड़ काटने पर जेल भी होती। वन विभाग का रेंजर ही चोरी से पेड़ कटवा रहा है, यह समाचार भी अखबारों में छपता। मैंने हथियार डाल दिये और सुनीता जी फिर मेरे घर में विराजमान हो गईं, पर मैंने अपने ससुर के सामने एक शर्त भी रख दी और वो यह कि वह घर में तो रहेगी पर मेरे सामने नहीं आयेगी। मेरे ससुर इस बात को मान गये। उन्हें लगा होगा कि पास रहने पर शायद हमारे रिश्ते सुधर जायेंगे। वैसे रामपुर में अभी इस घटना के बारे में किसी को भी पता नहीं था, फिर भी कब तक बात छुपती?
घर में खलासी भी था और मेरे व्यवहार में भी बड़ा फर्क आ गया था। समझौते के अनुसार अब सुनीता दूसरे कमरे में रहती थी और मेरे ड्यूटी पर जाने के बाद ही बाहर निकलती थी पर मुझे उसके घर में होने का अहसास ही बहुत कष्ट दे रहा था। धीरे-धीरे बात फैलने लगी, सुनीता ने शायद शहर में कुछ लोगों से सम्पर्क भी बना लिए थे, शायद खलासी ने भी कुछ तो किसी से कहा ही होगा। राहुल! तुम्हें सुमेर तो याद होगा न।’’ अचानक वह राहुल की ओर मुड़ता हुआ बोला।
‘‘वह सुमेर ओबराय? वह हमारे साथ ही तो पढ़ता था।’’ विनोद बोल पड़ा था। हाँ, हाँ! सब याद है। पर वह कहाँ से आ गया बीच में?’’
‘‘बताता हूँ! तब तुम लोगों को रजनी भी याद होगी।’’
‘‘हाँ, हम लोगों से एक साल जूनियर थी।’’ जवाब राहुल ने ही दिया।
‘‘तो हुआ यों कि सुमेर साहब बमय रजनी के जंगलातियों के जंगल में मंगल करने आ पहुँचे। हालांकि मैंने उन दोनों को सरकारी रेस्ट हाउस में ही ठहराया था, फिर भी मेरे लिए यह घटना जानलेवा बन गई। सुनीता ने अपने पिता को इसकी सूचना दे दी थी और वे तुरन्त ही रामपुर पहुँच गये। अब तक जिस बात को लोग दबी जुबान से कह रहे थे अब वह चर्चा आम हो चुकी थी और रजनी का सम्बंध सीधा-सीधा मेरे साथ जोड़ा जाने लगा। इतना ही नहीं, मेरे खिलाफ़ चरित्रहीनता और पत्नी प्रताड़ना का केस भी दर्ज हो गया।
हालांकि सुमेर के इस तरह आने की तो मुझे सपने में भी उम्मीद नहीं थी और न ही मुझे उन दोनों के चक्कर का कुछ पता था फिर भी शायद कोई पुण्यकर्म ही मेरे सामने आ गया। क्योंकि ईश्वर ने इतनी सद्बुद्धि पहले ही दे दी थी कि मैं नौकरी से त्यागपत्र भी दे चुका था और बैंक से अपने पैसे भी निकाल चुका था। बस मुझे कार्यालय से त्यागपत्र के मंजूर होने का इंतज़ार था। पर अब दो-दो झूठे केस। जान आफत में थी, उधर सुनीता का बाप भी अपने रिश्तेदारों के घर जमा हुआ था और मुझे हर वक्त यह डर लगा रहता कि अब पता नहीं कौन सा नया केस बना देंगे।’’
राहुल और विनोद साँस रोके उसकी बातें सुन रहे थे।
‘‘फिर…?’’
‘‘फिर ये कि मेरी बीट के एक गार्ड को जब सारी बात का पता चला तो उसने मुझे मनाली में अपने पुरखों के एक उपेक्षित पड़े मकान की चाबी दे दी और एक रात मेैं बिना किसी सामान के घर से निकल आया। पैदल ही सतलुज को झूले पुल से पार कर के तता पानी, सिरयोल सर, बंजार होता हुआ कई दिनों में मनाली के उस टूटे-फूटे मकान में पहुँच गया। कुछ दिन बाद वह गार्ड भी आ गया और मेरी व्यवस्था करके वापस चला गया। इधर मेरी दाढ़ी भी बढ़ गई थी जो मेरे छिपने में सहायक थी। लोग मुझे बाबा जी कहने लगे जो मेरे लिए ठीक ही था। घर के साथ खाली पड़ी जमीन पर मैंने एक सहायक की मदद से साग-सब्जी उगानी शुरू कर दी। थोड़े पैसे थे ही और थोड़ा पुस्तक ज्ञान भी साथ था, वहीं पर मैंने खरगोश पालने शुरू कर दिये। शुरू-शुरू में मैंने खरगोश ही बेचे। कुछ लाभ होने पर मैंने बाल वाले खरगोश लाने शुरू किये। कुल्लू की भेड़ों की ऊन से शॉलें वैसे भी तो बहुत ही प्रसिद्ध हैं। सो मेरा ध्यान खरगोश के बालों की शॉल की तरफ गया। और अब तुम देख ही रहे हो।’’
‘‘और तुम्हारे परिवार वाले, माँ-बाप?’’ राहुल ने उसे फिर टोका।
‘‘दो साल बाद मैं अपने गाँव गया तो, पर अपने घर से दूरी बनाकर। पिता जी से मिला तो पता चला कि जब मेरे ससुराल वालों को मेरा पता नहीं चला तो वे सुनीता को ले गये। क्वार्टर का सामान अधिकारियों ने मेरे पिता जी को दे दिया था। अब मुझे ज्यादा परेशानी भी नहीं थी। सबूत न मिलने से मेरे खिलाफ केस भी खारिज हो चुके थे। मेरे न रहने पर पिता जी ने मेरे ससुराल वालों पर मुझे प्रताड़ित करने और मेरे गुम होने का केस कर दिया था जिससे वे अपने जाल में खुद ही फंस गये थे। पर अब तक मेरा काम ठीक चलने लग गया था। बाकी तो सब तुम्हारे सामने ही है।’’
‘‘यह सितार तो तेरी पुरानी ही दिखती है।’’ विनोद ने सितार की ओर देखते हुए कहा।
‘‘हाँ! पिता जी क्वार्टर से सामान ले आए थे न। तो मैंने सितार उठा ली। भला हो इसका कि मेरे पुराने साथी फिर मिला दिये।’’ फिर उसने भीतर की ओर देखते हुए आवाज लगाई,
‘‘राम बहादुर! अरे भाई शाम हो रही है, चाय नहीं पिलानी क्या आज? मेरे दोस्त क्या सोचेंगे?? जल्दी से चाय लाओ।’’ पर राम बहादुर तो पहले ही चाय लिए हाजिर था। इतने सालों में उसने भी आज पहली बार साहब को इस तरह खुश और उनके पास इस तरह किसी को देखा था।
- आशा शैली
सम्पादक शैलसूत्र
इन्दिरा नगर-2, लालकुआँ, जिला नैलीताल-262402
