साक्षात्कार
संयुक्त अरब अमीरात में बड़ी संख्या में ऐसे भारतीय निवास करते हैं, जो साहित्यकार होने के साथ-साथ अपनी मातृभूमि, मातृभाषा और संस्कृति से बेहद प्रेम करते हैं। वे अपनी जड़ों को जीवित रखने और इस उद्देश्य को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। ऐसे ही एक समर्पित साहित्यकार हैं—इंजीनियर शिव मोहन। प्रस्तुत है उनके साथ डॉ. नितीन उपाध्ये की एक विशेष बातचीत, जिसमें उन्होंने अपनी साहित्यिक यात्रा और भारत तथा हिंदी भाषा से जुड़े अपने सपनों को साझा किया है।
साक्षात्कार
- आपका बचपन कन्नौज की खुशबू और वहाँ के माहौल में बीता है… क्या आपको लगता है कि आपकी संवेदनशीलता और सोच की जड़ें वहीं से जुड़ी हैं?
उत्तर 1: कन्नौज या कान्यकुब्ज की खुशबू और वहाँ के माहौल में एक अलग ही प्रेम और स्नेह है। कन्नौज एक बहुत ही ऐतिहासिक नगरी रही है जो कभी संपूर्ण उत्तर भारत की राजधानी रहा। छोटा शहर होने के कारण लोग एक-दूसरे को जानते हैं और उनके सुख-दुःख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं। लोग दूसरों के प्रति संवेदनशील हैं और उनका सम्मान रखते हैं। लोगों की भाषा में गुलकंद की तरह मिठास है। लोग बच्चों से भी प्यार से बात करते हैं। सौभाग्य से बचपन कन्नौज की गलियों में गुजरा, जिस कारण जड़ों से जुड़ने की सोच पैदा हुई। कन्नौज में 12वीं तक शिक्षा रही और कन्नौज में बीते हर पल ने एक अलग छाप छोड़ी है जो अंतिम समय तक साथ रहेगी।
- एक पारंपरिक हिंदू परिवार में पले-बढ़े होने और हिंदी-अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई के दौरान ऐसी कौन सी बातें थीं, जिन्होंने आपके व्यक्तित्व की नींव रखी?
उत्तर 2: ईश्वर की अनुकंपा रही कि जन्म ऐसे परिवार में हुआ जहाँ बाबा और पिताजी ईश्वर के अनन्य भक्त थे। पिताजी को एक बार कन्नौज के ‘तुलसी’ की उपाधि दी गई थी क्योंकि वे घर से मंदिर जाते समय रामचरितमानस की चौपाइयाँ गाते हुए जाते थे, उन्हें कोई संकोच नहीं होता था। यही बात मुझमें भी आ गई कि मुझे अपनी जड़ों से जुड़े होने पर और उनको खुलकर प्रस्तुत करने में किसी से कोई शर्म नहीं है। दूसरों के प्रति आदर रखते हुए अपना पक्ष रखने में कभी हिचक नहीं हुई। आरंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर और विद्या मंदिर में आचार्यों के माध्यम से हुई, जिन्होंने अपने धर्म, देश और इतिहास पर गर्व करना और सभी का आदर करना सिखाया। बचपन में उस इतिहास को पढ़ा जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। विद्यालय ने नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धा और चीजों को समझकर कंठस्थ करने की युक्तियाँ सिखाईं। इन सभी सीखों के लिए जीवनपर्यंत शिशु मंदिर और विद्या मंदिर का कर्जदार रहूँगा। 12वीं तक की शिक्षा हिंदी में हुई, जिस कारण हिंदी के प्रति नैसर्गिक प्रेम रहा। छोटे शहर में और सीमित संसाधनों के बीच पढ़ने और परिवार का मुझको हर निर्णय में स्वतंत्रता देने से स्वयं निर्णय लेने की क्षमता पैदा हुई, क्योंकि बचपन से अब तक मैं यह नहीं कह सकता कि कोई निर्णय मुझ पर थोपा गया।
- पहली रचना की यादें धुंधली नहीं होतीं… आपने पहली बार कब महसूस किया कि आपके भीतर का लेखक कुछ कहना चाहता है? आपकी सबसे पहली कविता या कहानी कौन सी थी?
उत्तर 3: सही कहा आपने कि पहली रचना की यादें धुंधली नहीं होतीं। वैसे, शिशु मंदिर में भाषण प्रतियोगिता में भाग लेना तो कक्षा 5 से आरंभ हुआ था और भाषण मैं खुद ही लिखता था; इसे मान सकते हैं कि मेरे अंदर के वक्ता ने कक्षा 5 में सोचना आरंभ किया। छात्र संसद में संगीत मंत्री होने के कारण पूरे छात्रों को सामूहिक गीत गवाना मेरी दिनचर्या का हिस्सा था, परन्तु वे गीत प्रायः आचार्य जी द्वारा दिए होते थे। शायद मैं कक्षा 8 में हूँगा जब पहली बार बहुत बेचैन होने पर एक बहुत छोटी सी प्रार्थना लिखी थी, जो इस प्रकार है:
“दिखता नहीं कुछ सामने, है भविष्य तमयुक्त हे प्रभु।
दे दो हमें सद्ज्ञान, विद्या और बुद्धि हे प्रभु।
लगता है पथ काँटों भरा, हिम्मत नहीं मुझमें प्रभु।
दे दो मुझे वो शक्ति, ताकि करूँ पार सागर हे प्रभु।।”
- वह पहला मौका या पुरस्कार कौन सा था जब आपकी किसी रचना को सराहना मिली? उस पहली पहचान ने आपके हौसले को कैसे बढ़ाया?
उत्तर 4: वैसे मैं बहुत तो लिखता नहीं था, परन्तु वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेता रहता था और पुरस्कार मिलते रहते थे। मुझे जहाँ तक याद है, पहली बार 1997 में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित लेख प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मिला। इस लेख का विषय था—”21वीं सदी का भारत”। यह प्रतियोगिता जिला स्तर की थी और हमारे यहाँ के PSM डिग्री कॉलेज में हुई थी। सभी चयनकर्ता कॉलेज के प्रोफेसर थे और मेरे लेख को प्रथम पुरस्कार मिलना मेरे लिए गर्व की बात थी, क्योंकि मेरे साथ प्रतियोगिता में डिग्री कॉलेज के BA के छात्रों ने भी भाग लिया था। उन दिनों कन्नौज के एक प्रसिद्ध कवि हुआ करते थे, उनका नाम था—रमेश तिवारी ‘विराम’। उनके द्वारा मुझे पुरस्कार मिला और उन्होंने अपने भाषण में मेरे लेख को सराहा भी था। इस पुरस्कार के समारोह में एक अधिकारी मुख्य अतिथि थे, बाद में उन्होंने मेरे पिताजी को बुलाकर बधाई दी थी। तब मेरे पिताजी ने मुझको प्यार से बताया कि पहली बार तुम्हारे कारण मुझे सम्मान मिला है, जो मेरे लिए हृदय को छू जाने वाला लम्हा था। यह पुरस्कार और सराहना मेरे लिए बहुत सम्मानजनक थी, जिसने मेरे मनोबल को बहुत बढ़ाया।
- आपने अभियांत्रिकी की शिक्षा BIET झाँसी से की है तो उन दिनों को याद करते हुए मन में सबसे पहले क्या आता है? उस समय की कोई खास बात जिसने आपको जिंदगी को देखने का नया दॄष्टिकोण दिया?
उत्तर 5: BIET झाँसी के दिनों को याद करूँ तो शरीर में एक सिरहन सी दौड़ जाती है। वो दोस्त, वो सपने, वो जिंदगी को जीने की अलग सी चाहत, वो पहली बार अपने शहर से बाहर निकलना—सब कुछ आँखों के सामने से एक पिक्चर की तरह निकल जाता है। इंजीनियरिंग के चार सालों ने सिर्फ हमें तकनीकी ज्ञान ही नहीं सिखाया, बल्कि लोगों से मिलना-जुलना, दोस्त बनाना, अकेले रहना, अपने सपनों से प्यार करना, अपने आप सीखना और आगे बढ़ना, नेतृत्व करना, परिस्थितियों के अनुसार ढलना और बहुत कुछ—कुल मिलाकर जीवन जीने का मंत्र सिखाया। जीवन जीने का मंत्र जो कॉलेज में सीखने को मिला, वो आज भी जीवन में हर कदम साथ देता है। हाँ, एक खास बात याद है कि बच्चे विभिन्न पृष्ठभूमि से आते हैं और सब अपनी परिस्थितियों के हिसाब से आचरण करते हैं। कुछ पढ़ाई के साथ अन्य दूसरे कार्यों में भी लगे हुए थे जो उन दिनों भटकाव हो सकता था। मैं सौभाग्य से अपनी ब्रांच का टॉपर था और सभी मुझे इस बात पर जोर देते थे कि मैं घूमूँ-फिरूँ, उनके साथ समय खराब करूँ; परन्तु एक चीज सीखने को मिली कि सभी की परिस्थितियाँ अलग होती हैं और हमें अपनी परिस्थितियों के हिसाब से निर्णय लेने होते हैं, न कि दूसरों की परिस्थितियों के हिसाब से। इस सीख ने मुझे कभी दबाव में नहीं आने दिया, चाहे वे इंजीनियरिंग कॉलेज के साथी हों या विभिन्न संस्थानों में काम करते समय सहकर्मियों का दबाव।
- दिल्ली मेट्रो का वह शुरुआती दौर और फिर UAE में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी… इस लंबे सफर में एक इंसान और एक पेशेवर के तौर पर आपमें कितना बदलाव आया?
उत्तर 6: दिल्ली मेट्रो के शुरुआती दौर में सभी लोगों का एक ही सपना था—भारत की पहली आधुनिक तकनीकी वाली मेट्रो खोलना। यह एक सामान्य सरकारी प्रोजेक्ट की तरह नहीं था। चूँकि इंजीनियरिंग के बाद यह मेरी पहली नौकरी थी, इसलिए उस समय अपरिपक्व था, लेकिन नौकरी की शुरुआत एक ड्रीम प्रोजेक्ट से आरंभ करने से जुनून मिला और ई. श्रीधरन जैसी हस्ती और देश के अग्रणी रेलवे अधिकारियों के साथ काम करने से अनुशासित तरीके से काम करने, समय पर काम पूरा करने की आदत और एक भिन्न दृष्टि मिली। वहीं जब UAE में दुबई मेट्रो, दुबई एयरपोर्ट ट्रेन और दुबई ट्राम प्रोजेक्ट्स पर काम किया, तो एक वैश्विक दृष्टि मिली। दुनिया के विभिन्न देशों से आए हुए अग्रणी रेलवे/मेट्रो एक्सपर्ट्स के साथ काम करने का अवसर मिला, जिसने यह भी सिखाया कि विभिन्न देशों में कैसे काम होता है और एक अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट में किन चीजों का ध्यान रखा जाता है। जैसे कि दुबई कीर्तिमान स्थापित करने में विश्वास रखता है, ऐसे ही दुबई मेट्रो ने भी उस समय का सबसे आधुनिक प्रोजेक्ट नियत समय (09.09.09) पर पूरा किया। सुरक्षा का सबसे ज्यादा ध्यान, छोटी-छोटी चीजों को विभिन्न दृष्टि से देखने का नजरिया इस प्रोजेक्ट ने दिया। इंसान के रूप में सीखा कि आदर और प्यार से सभी दिलों को जीता जा सकता है और मेहनत से लोगों का नजरिया बदला जा सकता है, और ऊर्जा कभी नष्ट नहीं होती।
- मेट्रो प्रोजेक्ट्स जैसी व्यस्त और तकनीकी दिनचर्या के बीच, आप अपने अंदर के उस लेखक को कैसे जिंदा रखते हैं? लिखने का वक्त कब और कैसे निकाल पाते हैं?
उत्तर 7: मेट्रो प्रोजेक्ट्स जैसी तेज़, तकनीकी और समयबद्ध दिनचर्या में रचनात्मकता को ज़िंदा रखना आसान नहीं होता, लेकिन मेरे लिए लिखना सिर्फ़ एक शौक नहीं, यह एक मानसिक संतुलन है। दिनभर की मीटिंग्स, डिज़ाइन रिव्यूज़, समस्या समाधान और साइट विज़िट्स के बीच दिमाग़ मशीन की तरह चलने लगता है; ऐसे में लिखना मुझे फिर से इंसान बनाता है। लेखन मेरे भीतर की ऊर्जा को संतुलित रखने का तरीका है। मैं अपने अंदर के लेखक को ज़िंदा रखने के लिए सबसे पहले ‘अवलोकन’ पर भरोसा करता हूँ। तकनीकी दुनिया के बीच भी बहुत सी कहानियाँ छिपी होती हैं—लोगों का काम करने का अंदाज़, शहर की धड़कन, रोज़मर्रा की छोटी-छोटी घटनाएँ। मैं इन्हें नोट कर लेता हूँ, चाहे एक लाइन हो या सिर्फ़ एक विचार। बाद में यही नोट्स मेरे लेखन का आधार बन जाते हैं। बचपन के संस्मरण भी याद आते हैं जो लेखन का आधार बन जाते हैं।
जहाँ तक समय निकालने की बात है, मैंने यह सीखा है कि लिखने के लिए बड़े समय की ज़रूरत नहीं होती। मैं छोटे-छोटे स्लॉट बनाता हूँ—सुबह की चाय के साथ दस मिनट, या रात में जब घर में शांति होती है। कभी-कभी साइट पर चलते हुए भी कोई विचार आता है तो तुरंत फोन में लिख लेता हूँ। इन छोटे पलों ने मेरी लिखने की आदत को हमेशा जीवित रखा है। सच कहूँ तो, तकनीकी काम की तीव्रता ही मेरी रचनात्मकता को और तेज़ करती है। लिखना मुझे यह याद दिलाता है कि मैं सिर्फ़ डेटा, ड्रॉइंग्स और टाइमलाइन से बना इंसान नहीं हूँ, मेरे भीतर एक संवेदनशील, सोचने-वाला और अभिव्यक्त होने-वाला पक्ष भी है। उसी को जीवित रखने के लिए मैं लिखता हूँ।
- साहित्य की अलग-अलग विधाओं में—जैसे कविता, कहानी, या यात्रा-वृत्तांत—आपकी सबसे ज्यादा पकड़ किसमें महसूस होती है? आप खुद को किस विधा के सबसे करीब पाते हैं?
उत्तर 8: साहित्य को पाठ्यपुस्तक के रूप में 12वीं कक्षा तक पढ़ा है, तो साहित्य की विभिन्न विधाओं में लेखन-पठन का पारंपरिक रूप से तो अनुभव नहीं है, लेकिन जो विचार मन में आ गया, उसको कागज़ पर उतारने के समय कविता या कहानी या संस्मरण—जो भी विधा सामने आई, उसी विधा में लिखना आरंभ कर दिया। मैंने कभी मंच पर कविता पाठ या पुस्तक संपादन के उद्देश्य से नहीं लिखा। लेखन प्रायः “स्वान्तः सुखाय” की भावना से प्रेरित था। कॉलेज के बाद मेट्रो की नौकरी के दौरान लेखन लगभग छूट सा ही गया था, परन्तु कोविड महामारी के दौरान कुछ भावों को लेखनी के माध्यम से कागज़ पर उतारने और अपनी माता जी को बचपन के किस्से याद कराने के लिए मैंने संस्मरण लिखना आरंभ किया। तभी कुछ टूटी-फूटी कविताएँ लिखने का भी मन किया और ईश्वर की अनुकंपा से तभी ऑनलाइन गोष्ठियों का आयोजन आरंभ हुआ, जहाँ पर कविता पाठ का अवसर मिला। इस तरह अभी तक एक पार्ट-टाइम लेखक और हिंदी के प्रथम पंक्ति के सैनिक की तरह कुछ विधाओं में ही लिखा है, फिर भी कविता, संस्मरण और यात्रा-वृत्तांत में मन लगता है।
- जब कोई नया विचार दिमाग में आता है, तो आप यह कैसे तय करते हैं कि इसे कविता का रूप देना है, किसी संस्मरण में पिरोना है या कोई कहानी लिखनी है?
उत्तर 9: जब कोई नया विचार दिमाग में आता है, तो मैं सबसे पहले यह देखता हूँ कि उसका मूल भाव क्या है। क्या वह किसी गहरी अनुभूति से जुड़ा है, किसी स्मृति से निकला है, या किसी घटना का विस्तार चाहता है?
यदि विचार बहुत भावनात्मक, संक्षिप्त और प्रतीकात्मक हो, तो उसे कविता का रूप देना उपयुक्त लगता है। यदि विचार किसी व्यक्तिगत अनुभव या याद से जुड़ा हो, और मैं उसे आत्मकथात्मक ढंग से व्यक्त करना चाहूँ, तो वह संस्मरण बन जाता है। यदि विचार में पात्र, घटनाएँ और कथानक विकसित करने की संभावना हो, तो मैं उसे कहानी के रूप में लिखना चुनता हूँ।
इस तरह विचार की प्रकृति और अभिव्यक्ति की आवश्यकता को समझकर मैं तय करता हूँ कि उसे किस साहित्यिक रूप में ढालना है।
- आपकी अब तक की लिखी हुई रचनाओं में से ऐसी कौन सी खास रचना है, जो आपके दिल के सबसे करीब है और क्यों?
उत्तर 10: अब तक की लिखी रचनाओं में मुझे अपनी मातृभूमि कन्नौज पर लिखी कविता—
“दुनिया में खुशबू फैलाती, ऋषियों की धरती खासी है।
गंगा तट की पावन बगिया, कन्नौज दूसरा काशी है।”
मेरे दिल के सबसे करीब है, क्योंकि इस कविता में कन्नौज की खूबियों के बारे में लिखा है। इस कविता को लिखते समय कन्नौज के गौरवशाली इतिहास को फिर से गहराई से खोजने का अवसर मिला और उन बातों के बारे में लिखने का मौका मिला जो आने वाली पीढ़ी को कन्नौज के बारे में पता होनी चाहिए; जैसे कि भगवान राम रावण के वध के बाद ब्रह्मदोष का निवारण करने के लिए कन्नौज के चिंतामणि में आए थे, और हर्षवर्धन के समय कन्नौज संपूर्ण उत्तर भारत की राजधानी था। कन्नौज की विभिन्न खूबियों को लिखते समय सीना गर्व से चौड़ा हो गया था। इन सभी कारणों के कारण मुझे यह रचना बहुत पसंद है।
- जब आप सुकून के कुछ पल बिताते हैं, तो किस तरह की किताबें पढ़ना पसंद करते हैं? कोई ऐसी किताब या लेखक जिसने आपकी सोच को गहराई से छुआ हो?
उत्तर 11: सुकून के पलों में मैं ऐसी किताबें पढ़ना पसंद करता हूँ जो मन को शांत करें, सोच को गहराई दें और भाषा की सुंदरता का अनुभव कराएँ। कुछ लेखक और किताबें मेरी दृष्टि को सचमुच बदल देती हैं। मुझे आत्मकथात्मक लेखन, दार्शनिक साहित्य, और कविताएँ विशेष रूप से पसंद हैं, क्योंकि वे कम शब्दों में बहुत कुछ कह जाती हैं और भीतर एक शांत संवाद शुरू कर देती हैं।
कई किताबें और लेखक मेरी सोच को गहराई से छू चुके हैं। उदाहरण के लिए: किसी दार्शनिक लेखक की रचनाएँ मुझे जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने में मदद करती हैं, जैसे आचार्य रजनीश की ‘जीवन का रहस्य’ और ‘अहंकार: एक मिथ्या कथा’, जिसमें चेतना, स्वतंत्रता, प्रेम, ध्यान और अस्तित्व पर आधुनिक दार्शनिक दृष्टि डाली गई है। कवियों की संवेदनशील भाषा मन में एक अलग ही शांति भर देती है, जैसे जयशंकर प्रसाद की ‘कामायनी’ और ‘आँसू’, जिसमें प्रसाद जी ने मानव मन, भावनाओं, कर्म और नियति के दार्शनिक आयामों को काव्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया। संस्मरण और आत्मकथाएँ मुझे मनुष्य के अनुभवों की सच्चाई से जोड़ती हैं, जैसे महादेवी वर्मा की ‘अतीत के चलचित्र’।
ऐसी किताबें न केवल मन को आराम देती हैं, बल्कि भीतर एक नई समझ भी जगाती हैं।
- यात्रा करना आपको बहुत पसंद है… जब आप किसी नई जगह जाते हैं, तो एक इंजीनियर की नजर से इंफ्रास्ट्रक्चर देखते हैं या एक लेखक की नजर से वहाँ के लोगों और संस्कृति को महसूस करते हैं?
उत्तर 12: यात्रा मुझे सच में बहुत पसंद है; यात्रा मेरे लिए सिर्फ़ स्थान बदलना नहीं है, बल्कि अनुभवों का विस्तार है। यात्रा के लिए तो राहुल सांकृत्यायन की ‘अथातो घुमक्कड़ जिज्ञासा’ याद आ जाती है।
जब मैं किसी नई जगह जाता हूँ, तो मेरे भीतर दो दृष्टियाँ सक्रिय हो जाती हैं:
पहली, एक इंजीनियर की नजर से, जिसमें मैं वहाँ की सड़कें, पुल, सार्वजनिक परिवहन, भवनों की संरचना, तकनीकी समाधान और शहरी नियोजन को ध्यान से देखता हूँ। यह समझने की कोशिश करता हूँ कि उस शहर या क्षेत्र ने अपनी समस्याओं को किस तरह हल किया है और किस तरह का इंफ़्रास्ट्रक्चर भविष्य के लिए तैयार किया है। इंजीनियर की दृष्टि से देखी गई खूबियाँ एक रिपोर्ट या यात्रा-वृत्तांत लिखने में मदद करती हैं।
दूसरी, एक लेखक की नजर से, जो वहाँ के लोगों के व्यवहार, उनकी भाषा, संस्कृति, खान-पान, जीवनशैली और वातावरण को महसूस करने में सहायता करती है। किसी जगह की असली पहचान उसके लोगों में होती है, और लेखक की दृष्टि मुझे उन सूक्ष्म भावों को पकड़ने में मदद करती है जो आँकड़ों या संरचनाओं में दिखाई नहीं देते। यह दृष्टि मुझे संस्मरण लिखने में मदद करती है।
इस तरह यात्रा मेरे लिए तकनीकी समझ और मानवीय संवेदना दोनों का सुंदर संगम बन जाती है।
- क्या आपकी लिखावट में कन्नौज और बुंदेलखंड (झांसी) की झलक और मिठास अपने-आप आ जाती है?
उत्तर 13: हाँ, मेरी लिखावट में कन्नौज और बुंदेलखंड की झलक अपने-आप उतर आती है। यह किसी कोशिश का परिणाम नहीं, बल्कि उन गलियों, उन आवाज़ों और उन मिट्टी की महक का असर है जिनमें मेरा बचपन और मेरी संवेदनाएँ पली-बढ़ी हैं। कन्नौज की भाषा में जो मिठास है, वह मेरे वाक्यों की लय में घुल जाती है। वहाँ की बोली की कोमलता, लोगों की सहज मुस्कान और बातों का धीमा, मुलायम प्रवाह मेरे शब्दों को भी एक नरम छुअन दे देता है।
और बुंदेलखंड…
झाँसी की धरती की जो दृढ़ता है, जो सादगी है, जो सीधी-सच्ची अभिव्यक्ति है, वह मेरे लेखन में कहीं न कहीं एक ठोस आधार बनकर उभर आती है। वहाँ की बोली में जो खुरदरी ईमानदारी है, वह मेरे विचारों को एक साफ़, स्पष्ट दिशा देती है।
मेरे लिए भाषा सिर्फ़ अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ाव भी है। इसलिए कन्नौज की मिठास और बुंदेलखंड की सादगी मेरी लिखावट में सहज रूप से घुल-मिल जाती है।
इसलिए जब मैं लिखता हूँ, तो लगता है जैसे दोनों क्षेत्रों की मिट्टी मेरे शब्दों में घुलकर उन्हें अपना रंग दे रही हो—कभी मिठास, कभी दृढ़ता, कभी सहजता, कभी गहराई। मेरी लिखावट मेरे भीतर बसे उन स्थानों की स्मृतियों का ही विस्तार है। मैं जब लिखता हूँ, तो यह प्रभाव जानबूझकर नहीं आता। यह मेरी स्मृतियों, अनुभवों और बोली-बानी का हिस्सा है। इसलिए कई बार वाक्यों की लय, मुहावरों की शैली और भावों की गर्माहट में इन दोनों क्षेत्रों की छाप दिखाई देती है।
- सात समुंदर पार UAE में रहते हुए मातृभाषा हिंदी से जुड़ाव कैसा महसूस होता है? वहाँ हिंदी और साहित्य को बढ़ावा देने के लिए आपने किस तरह की पहल की हैं?
उत्तर 14: सात समुद्र पार UAE में रहते हुए भी हिंदी मेरे भीतर उसी तरह जीवित रहती है, जैसे दूर बसे व्यक्ति के मन में अपनी मिट्टी की महक। यहाँ की चमकती इमारतों, बहुभाषी गलियों और विविध संस्कृतियों के बीच हिंदी मेरे लिए एक आत्मिक घर की तरह है, जहाँ लौटकर मन को विश्राम मिलता है।
विदेश में रहकर मातृभाषा का अर्थ और भी गहरा हो जाता है; वह सिर्फ़ भाषा नहीं रहती, बल्कि पहचान, स्मृति और भावनाओं का आधार बन जाती है। यहाँ रहते हुए मैं अक्सर महसूस करता हूँ कि हिंदी मुझे अपने लोगों, अपने बचपन और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखती है।
वैसे UAE में हिंदी ऐसी भाषा है जो आपको अधिकांशतः सुनने को मिल जाती है, क्योंकि भारतीय बहुत हैं और हिंदी भारतीयों को जोड़ने वाली भाषा है। भारतीय ही नहीं, अपितु कई अन्य देशों के लोग भी जो हिंदी समझते हैं और बोल भी लेते हैं—जैसे पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, ईरान और अफ़गानिस्तान।
UAE में हिंदी और साहित्य को बढ़ावा देने के लिए मैंने कई छोटी-छोटी पहलें की हैं—
- सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों पर हिंदी में लिखकर भाषा को जीवंत बनाए रखा।
- हिंदी लेखन और पठन को प्रोत्साहित करने के लिए छोटे समूहों में साहित्यिक चर्चाएँ कीं और लोगों को हिंदी में बोलने के लिए प्रोत्साहित किया।
- बच्चों और युवाओं को हिंदी की कहानियों, कविताएँ और निबंधों से जोड़ने की कोशिश की। कुछ विद्यालयों में हिंदी की प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल के रूप में भाग लिया।
- भारतीय समुदाय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिंदी साहित्य और भाषा की उपस्थिति को मजबूत करने के लिए चर्चाएँ कीं और हिंदी के आयोजनों में भाग लिया।
- हिंदी की पुस्तकों के चलते-फिरते पुस्तकालय “ग्रन्थ तुम्हारे द्वार” के संचालन में योगदान दिया।
इन प्रयासों का उद्देश्य सिर्फ़ भाषा को बचाए रखना नहीं, बल्कि उसे जीवंत, संवादशील और आधुनिक संदर्भों में प्रासंगिक बनाए रखना है। विदेश में रहकर समझ आता है कि मातृभाषा सिर्फ़ बोलने की चीज़ नहीं, वह अपनेपन का वह धागा है जो हमें दुनिया के किसी भी कोने में अपनी पहचान से जोड़े रखता है।
- UAE में जब आप हिंदी प्रेमियों से मिलते हैं या कोई साहित्यिक चर्चा होती है, तो कैसा माहौल रहता है? क्या वहाँ की नई पीढ़ी भी हिंदी साहित्य में रुचि ले रही है?
उत्तर 15: UAE में जब हिंदी प्रेमियों से मुलाक़ात होती है या कोई साहित्यिक चर्चा शुरू होती है, तो माहौल अचानक बदल जाता है। बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक वातावरण के बीच हिंदी एक ऐसा कोना बना लेती है जहाँ लोग अपनेपन से भर जाते हैं। बातचीत में एक गर्माहट होती है, जैसे किसी ने दूर देश में अपनी ही मिट्टी की खुशबू महसूस कर ली हो। लोग कविता सुनाते हैं, किसी लेखक का ज़िक्र करते ही आँखें चमक उठती हैं, और चर्चा धीरे-धीरे भाषा से संस्कृति, संस्कृति से स्मृतियों और स्मृतियों से जीवन के अनुभवों तक पहुँच जाती है। वहाँ कोई औपचारिकता नहीं रहती, सिर्फ़ भाषा का प्रेम और साझा भावनाएँ। वर्तमान समय में UAE में लगभग 100 से ज्यादा हिंदी लेखक और कवि अपनी रचनाओं से हिंदी भाषा को समृद्ध कर रहे हैं।
सबसे सुखद बात यह है कि UAE की नई पीढ़ी भी हिंदी साहित्य में रुचि ले रही है।
स्कूलों में हिंदी पढ़ने वाले बच्चे कहानियाँ लिखते हैं। विभिन्न स्कूलों में हिंदी की प्रतियोगिताएँ आयोजित होती हैं और इसमें भारतीय दूतावास और कंसुलेट भी बढ़-चढ़कर प्रचार-प्रसार करते हैं। कुछ संगठन भी हिंदी के प्रोत्साहन के लिए बच्चों की प्रतियोगिताएँ आयोजित करते हैं और उनकी रचनाएँ भी प्रकाशित होती हैं। युवा कविताएँ और शायरी सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। कई बच्चे अपने माता-पिता की बोली को समझने और अपनाने की कोशिश करते हैं। उनके भीतर एक उत्सुकता है; वे जानना चाहते हैं कि हिंदी सिर्फ़ भाषा नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक विरासत है। जब वे किसी साहित्यिक कार्यक्रम में आते हैं, तो उनकी आँखों में एक उत्सुकता और चमक दिखाई देती है, जैसे वे किसी नए संसार में प्रवेश कर रहे हों। UAE में हिंदी का माहौल जीवंत है, यहाँ भाषा सिर्फ़ बोली नहीं जाती, बल्कि जी भी जाती है।
- UAE में भारत के अलग-अलग कोनों से आए कई बेहतरीन हिंदी साहित्यकार और लेखक सक्रिय हैं। उनके साथ आपका जुड़ाव कैसा रहा है और वहाँ के साहित्यिक समूहों का माहौल कैसा है?
उत्तर 16: UAE में भारत के अलग-अलग कोनों से आए बेहतरीन हिंदी साहित्यकारों से मिलना एक अनोखा अनुभव होता है। यहाँ हर व्यक्ति अपने साथ अपनी मिट्टी की महक, अपनी बोली की लय और अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत लेकर आता है। जब हम मिलते हैं, तो लगता है जैसे भारत के कई प्रदेश एक ही कमरे में जीवंत हो उठे हों—कहीं पूर्वांचल की सहजता, कहीं राजस्थान की गरिमा, कहीं महाराष्ट्र की ऊर्जा, कहीं पंजाब की गर्मजोशी।
इन साहित्यकारों के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा आत्मीय रहा है। बातचीत में कोई औपचारिकता नहीं होती, सिर्फ़ भाषा का प्रेम, शब्दों की यात्रा और अनुभवों का आदान-प्रदान। कई बार चर्चा किसी कविता से शुरू होती है और धीरे-धीरे जीवन, समाज, संस्कृति और पहचान तक पहुँच जाती है। विदेश में रहकर यह जुड़ाव और भी गहरा हो जाता है, क्योंकि हम सब जानते हैं कि भाषा ही वह धागा है जो हमें अपनी जड़ों से बाँधे रखता है। ‘UAE रचनाकार’, ‘साहित्य दर्पण’ और ऐसे ही कई व्हाट्सएप ग्रुप बने हुए हैं, जिनमें UAE के और भारत के भी कई उत्कृष्ट साहित्यकार और लेखक जुड़े हुए हैं और बहुत ही पारिवारिक माहौल रहता है, लोग एक-दूसरे से आत्मीयता से जुड़े हैं। मेरा कोविड के दौरान लेखन आरंभ करने का श्रेय भी इसी परिवार को जाता है। मैं आपको अपना साहित्यिक गुरु मानता हूँ और आपने मुझे लिखने के लिए प्रोत्साहित किया है।
UAE के साहित्यिक समूहों का माहौल बेहद जीवंत और विविधतापूर्ण है। यहाँ मंच पर हिंदी, उर्दू, भोजपुरी, अवधी, मारवाड़ी, पंजाबी सबकी आवाज़ें एक साथ गूँजती हैं। लोग अपनी रचनाएँ पढ़ते हैं, एक-दूसरे की आलोचना भी करते हैं और सराहना भी। किसी कार्यक्रम में कविता की गंभीरता होती है, तो किसी में कहानी की सहजता और हँसी। यहाँ साहित्य सिर्फ़ पढ़ा नहीं जाता, बल्कि जिया जाता है।
प्रायः ऑनलाइन और किसी के घर में काव्य गोष्ठियाँ होती रहती हैं। घरों में काव्य पाठ के साथ कवियों के घर के लजीज पकवानों का भी स्वाद चखने का अवसर मिलता है। इस दौरान हँसी-ठिठोली भी होती है जो हमें एक-दूसरे के करीब लाती है। सर्दियों के मौसम में कभी पार्क में काव्य पाठ, गणपति उत्सव के दौरान कभी किसी कवि के घर गणपति के लिए काव्य पाठ—UAE के साहित्यकारों को बस मौका मिलना चाहिए, हम तो बस मौका ढूँढते हैं।
- इंजीनियरिंग की व्यस्त नौकरी, सामाजिक कार्य और लेखन—इन सबके बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता। इस पूरे सफर में आपके परिवार का कितना और किस तरह का सहयोग रहा है?
उत्तर 17: इंजीनियरिंग की व्यस्त नौकरी, सामाजिक कार्य और लेखन—ये तीनों रास्ते अलग-अलग दिशाओं में जाते हुए भी मेरे भीतर एक ही जगह पर मिलते हैं। लेकिन इन सबके बीच संतुलन बनाना कभी आसान नहीं रहा। कई बार समय कम पड़ जाता है, कई बार थकान शब्दों के बीच आकर बैठ जाती है, और कई बार जिम्मेदारियाँ रचनात्मकता को रोकने लगती हैं।
ऐसे हर मोड़ पर मेरे परिवार का सहयोग मेरे लिए एक आधार की तरह रहा है—एक ऐसा आधार जो दिखाई नहीं देता, लेकिन हर कदम को स्थिर बनाए रखता है। परिवार ने मुझे समय दिया, समझ दी और वह मानसिक शांति दी, जिसकी वजह से मैं तीनों क्षेत्रों में अपना मन लगा पाया।
जब नौकरी का दबाव बढ़ा, उन्होंने मेरे लिए घर का वातावरण हल्का रखा। जब सामाजिक कार्य में व्यस्त रहा, उन्होंने मेरे प्रयासों को सिर्फ़ सराहा नहीं, बल्कि उनमें अपना हिस्सा भी जोड़ा। और जब लेखन के लिए समय चाहिए था, उन्होंने मेरी खामोशी को समझा और उसे जगह दी।
कई बार लगता है कि मैं जितना लिखता हूँ, उतना ही मेरा परिवार मेरे भीतर की भाषा को पढ़ता है। वे मेरे शब्दों के पीछे की थकान भी समझते हैं और मेरे सपनों की चमक भी। मेरे लिए परिवार सिर्फ़ साथ नहीं, बल्कि वह ऊर्जा है जो मुझे तीनों दिशाओं में चलते हुए भी भीतर से एक बनाए रखती है।
- क्या परिवार में कोई ऐसा सदस्य है जो आपकी रचनाओं का सबसे पहला और निष्पक्ष आलोचक (First Critic) बनता है? उनकी प्रतिक्रियाएं आपके लेखन को कैसे तराशती हैं?
उत्तर 18: हाँ, मेरे परिवार में एक ऐसा सदस्य है जो मेरी हर रचना का सबसे पहला और सबसे निष्पक्ष आलोचक बनता है। वह हैं मेरी अर्धांगिनी शैफाली गर्ग। वह मेरे शब्दों को सिर्फ़ पढ़ती नहीं, उन्हें महसूस करती हैं, परखती हैं और फिर बहुत ईमानदारी से बताती हैं कि कहाँ भाव कमज़ोर पड़ गए, कहाँ भाषा बहक गई, और कहाँ विचारों को और निखारने की ज़रूरत है।
उनकी प्रतिक्रियाएँ मेरे लिए किसी दर्पण की तरह होती हैं जो मेरे लेखन की चमक भी दिखाती हैं और उसकी धूल भी। कई बार वे एक छोटी-सी टिप्पणी कर देती हैं, और वही टिप्पणी पूरी रचना की दिशा बदल देती है। कभी कहती हैं, “यह हिस्सा दिल को छूता है,” तो कभी बिल्कुल शांत स्वर में कहती हैं, “यहाँ तुमने जल्दी की है, इसे फिर से लिखो।” उनकी ईमानदारी मुझे कभी-कभी चुभती भी है, लेकिन वही चुभन मेरे लेखन को तराशती है। वह मुझे याद दिलाती हैं कि अच्छा लिखना पर्याप्त नहीं, सच्चा लिखना ज़रूरी है। मेरा बेटा संचय भी कई बार मुझे मेरे लेखन पर टोकता है और उससे मुझे यह समझ मिलती है कि नई पीढ़ी क्या चाहती है।
मेरे लिए वे सिर्फ़ आलोचक नहीं, बल्कि वह व्यक्ति हैं जो मेरे शब्दों के पीछे छिपे मन को भी पढ़ लेते हैं। उनकी प्रतिक्रियाएँ मेरे लेखन को परिपक्व बनाती हैं, और उनकी उपस्थिति मुझे यह भरोसा देती है कि मैं चाहे जितना व्यस्त रहूँ, मेरे शब्द कभी अकेले नहीं पड़ेंगे।
- एक इंजीनियर होने के नाते, क्या आपने तकनीक का इस्तेमाल करके विदेश में हिंदी साहित्य को लोगों तक पहुँचाने का कोई अलग तरीका अपनाया है?
उत्तर 19: एक इंजीनियर होने के नाते तकनीक मेरे लिए सिर्फ़ काम का साधन नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति का एक नया विस्तार भी है। विदेश में रहते हुए मैंने हमेशा महसूस किया कि हिंदी साहित्य को लोगों तक पहुँचाने के लिए पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ना ज़रूरी है, और यही सोच मुझे तकनीक की ओर ले गई।
UAE में मैंने तकनीक का इस्तेमाल कई अलग तरीकों से किया—डिजिटल मंचों पर हिंदी लेखन को साझा किया, ताकि भाषा सीमाओं से परे पहुँच सके। ऑनलाइन साहित्यिक समूहों में योगदान दिया, जहाँ लोग अपनी कविताएँ, कहानियाँ और अनुभव साझा कर सकें। वर्चुअल मीटिंग्स और वेबिनार के माध्यम से हिंदी साहित्य पर चर्चाएँ आयोजित कीं। सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे हिंदी साहित्यिक अंश, विचार और रचनाएँ पोस्ट करके युवाओं को जोड़ने की कोशिश की। वर्तमान में तकनीकी कौशल का उपयोग करके हिंदी सामग्री को आकर्षक, आधुनिक और आसानी से पहुँचने योग्य बनाने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल और पॉडकास्ट संस्कृति पर अपने बेटे संचय के साथ काम कर रहा हूँ।
मेरे लिए यह सिर्फ़ तकनीक का उपयोग नहीं, अपितु भाषा को समय के साथ चलने देने का प्रयास है। विदेश में रहकर समझ आता है कि हिंदी को जीवित रखने के लिए उसे डिजिटल दुनिया में उतनी ही मजबूती से खड़ा करना होगा जितनी वह कागज़ पर खड़ी है।
तकनीक ने मुझे यह अवसर दिया कि मैं हिंदी को सिर्फ़ पढ़ूँ नहीं, बल्कि उसे दुनिया के अलग-अलग कोनों तक पहुँचाने का एक छोटा-सा माध्यम भी बन सकूं।
- दूर देश में रहकर भी आपका दिल अपने प्रदेश (UP) और झांसी की जमीनी समस्याओं के लिए धड़कता है। वहाँ किन सामाजिक सरोकारों से आप दिल से जुड़े हुए हैं?
उत्तर 20: दूर देश में रहकर भी मेरा मन अपने प्रदेश, कन्नौज और झाँसी की जमीनी हकीकतों से गहराई से जुड़ा रहता है। भौगोलिक दूरी ने भावनात्मक दूरी कभी पैदा नहीं की। वहाँ की कई सामाजिक चुनौतियाँ आज भी मेरे भीतर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता जगाती हैं, जिस कारण मैं कुछ सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हूँ।
मैं ‘शक्ति एजुकेशन एंड वेलफेयर एसोसिएशन झाँसी’ (SEWA) से मेंटर के रूप में जुड़ा हूँ। यह NGO मेरे इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने खोला हुआ है। इस NGO के द्वारा हमने झाँसी के निकट कोछाभाँवर और बड़गाँव में 2 निशुल्क पुस्तकालय और फ्री कोचिंग खोल रखी है। जिन छात्रों की जेईई की तैयारी चल रही है और जो किराया देने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें मुफ्त आवास प्रदान किया जाता है ताकि वे सही माहौल में रह सकें और बेहतर प्रदर्शन कर सकें। ऐसे लगभग 30 छात्रों के रहने का प्रबंध किया हुआ है। मैं प्रायः करियर गाइडेंस में भी योगदान करता हूँ।
दुबई में प्रायः लोग नए-नए कपड़ों को एक-दो बार पहनने के बाद फेंक देते हैं, जो किसी जरूरतमंद के लिए ठिठुरती ठंड में वरदान साबित हो सकते हैं। ऐसे वस्त्रों को इकट्ठा करके हम SEWA टीम को भेज देते हैं जो झाँसी के आसपास जरूरतमंद लोगों को वितरित कर देते हैं। अब तक लोगों के सहयोग से करीब 50 क्विंटल नए-पुराने कपड़े झाँसी भेज चुके हैं जो लोगों के बहुत काम आए हैं। सेवा द्वारा आयोजित कंबल वितरण हो या मुफ्त भोजन वितरण, मेरी कोशिश रहती है कि लोगों से बात करके उनके लिए फंड की व्यवस्था भी की जाए। अपने साथ के पढ़े इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों से तो हक से कह पाता हूँ और उन सभी का बहुत सहयोग मिलता भी है।
कन्नौज में भी अपने बचपन के विद्यालय शिशु मंदिर और विद्या मंदिर से अभी भी जुड़ा हूँ और कोशिश करता हूँ कि उन होनहार बच्चों की शिक्षा न रुके जिनके माता-पिता इस शिक्षा का खर्च झेल नहीं सकते। अपने साथ के साथियों से मिलकर कोशिश रहती है कि जितना हो सके हम सहयोग कर सकें। हमारे एक मित्र हैं जो कन्नौज में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, वे उन होनहार बच्चों को ढूँढते हैं जो शिक्षा वहन नहीं कर सकते और फिर हम कुछ मित्र मिलकर अपनी क्षमतानुसार सहयोग करते रहते हैं।
हमने यहाँ पर उत्तर प्रदेश के लोगों को साथ लाने के लिए ‘उत्तर प्रदेश परिवार’ नामक संगठन द्वारा लोगों को एक मंच पर साथ लाया जाता है। मेरा सौभाग्य है कि मैं इस संस्था का जनरल सेक्रेटरी भी हूँ और लोगों को साथ लाने के लिए प्रयासरत हूँ। कोशिश रहती है कि जिस तरह भी हो सके, समाज के कार्यों से जुड़ने का मौका मिलता रहे।
- जब आप यूपी या झांसी वापस लौटते हैं, तो अपने लोगों के बीच जाकर कैसा महसूस होता है? दूर रहकर अपनी मिट्टी के लिए कुछ करने की प्रेरणा कहाँ से मिलती है?
उत्तर 21: जब मैं कन्नौज या झाँसी वापस लौटता हूँ, तो अपने लोगों के बीच जाना किसी घर लौटने जैसा अनुभव देता है। हवा में वही मिट्टी की खुशबू, वही बोली, वही अपनापन—यह सब मिलकर एक गहरी आत्मीयता पैदा करते हैं। बाहर रहकर जो दूरी महसूस होती है, वह अपने लोगों के बीच पहुँचते ही मिट जाती है। ऐसा लगता है कि पहचान की जड़ें फिर से पानी पा रही हों।
दूर रहकर अपनी मिट्टी के लिए कुछ करने की प्रेरणा कई जगहों से मिलती है:
- परिवार और बचपन की यादें: कन्नौज की जिन गलियों में बड़ा हुआ, जिन लोगों ने रास्ता दिखाया, वही यादें जिम्मेदारी का भाव जगाती हैं। जन्मभूमि का कर्ज तो कभी कोई लौटा नहीं सकता।
- झाँसी की चुनौतियाँ: झाँसी के आसपास इंजीनियरिंग कॉलेज के दौरान 4 साल रहा और उस क्षेत्र की गरीबी, शिक्षा, जल संकट, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महिलाओं की सुरक्षा—ये कई मुद्दे हैं जो दिल को छूते हैं और कुछ करने की प्रेरणा देते हैं। सेवा का गठन और उसमें योगदान इसी प्रेरणा का ही एक भाग है। निजी कारणों के कारण वहाँ रहकर करना तो अभी मेरे लिए मुश्किल है, परन्तु BIET झाँसी के छात्रों के सहयोग से एक तंत्र विकसित हो रहा है जो इस कार्य में नेतृत्व कर रहा है और हम अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
- बाहर की दुनिया का अनुभव: विदेश में रहकर समझ आता है कि शिक्षा, संसाधन और अवसर कैसे जीवन बदल देते हैं। यह तुलना अपने लोगों के लिए कुछ सार्थक करने की इच्छा को और मजबूत करती है।
- अपनों का विश्वास: जब लोग कहते हैं कि “तुम बाहर हो, लेकिन दिल से हमारे ही हो”, तो यह भरोसा प्रेरणा बन जाता है।
मेरा बचपन भी कई कठिनाइयों से गुजरा है और छोटे-छोटे संसाधन और सहयोग शिक्षा के मार्ग को आसान कर सकते हैं, यह मैं भली-भांति समझता हूँ। कहते हैं न—”जाके पाँव न फटी बिवाइ सो क्या जाने पीर पराई।”
मेरे लिए यह जुड़ाव सिर्फ भावनात्मक नहीं, बल्कि एक नैतिक जिम्मेदारी है कि जहाँ से मैंने अपनी पहचान पाई, वहाँ के लिए कुछ लौटाया जाए जो आपसे हो सके। ईश्वर से कामना है कि मुझे इस काबिल बनाए कि मैं कुछ और भी कर सकूँ।
- इंजीनियरिंग सोसायटियों से लंबे समय तक जुड़े रहने का आपका अनुभव कैसा रहा? आज के युवा इंजीनियरों को आप तकनीक के साथ-साथ समाज से जुड़ने की क्या सलाह देंगे?
उत्तर 22: इंजीनियरिंग सोसायटियों से लंबे समय तक जुड़ाव मेरे लिए एक अत्यंत समृद्ध अनुभव रहा है। इन मंचों ने मुझे न केवल तकनीकी उत्कृष्टता की ओर प्रेरित किया, बल्कि नेतृत्व, सहयोग और बहु-विषयक दृष्टिकोण को भी विकसित किया। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ काम करने से यह समझ और गहरी हुई कि इंजीनियरिंग का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देता है जब वह समाज की आवश्यकताओं और चुनौतियों से जुड़कर समाधान प्रस्तुत करे।
मेरे अनुभव में, इंजीनियरिंग सोसायटियाँ एक ऐसे पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करती हैं जहाँ ज्ञान, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी एक साथ विकसित होते हैं। इन मंचों ने मुझे यह सिखाया कि तकनीक का उद्देश्य केवल दक्षता बढ़ाना नहीं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना भी है। तकनीक का असली मूल्य तभी है जब वह लोगों की जिंदगी बेहतर बनाए। सहयोग और नेटवर्किंग इंजीनियरिंग की रीढ़ हैं, और समाज की समस्याओं को समझे बिना कोई भी तकनीकी समाधान अधूरा है।
आज के युवा इंजीनियरों के लिए मेरी सलाह यही होगी कि वे तकनीक में महारत हासिल करने के साथ-साथ समाज से सक्रिय रूप से जुड़े रहें। समाज से दूरी न बनाएँ। लोगों से बात करें, उनकी चुनौतियाँ समझें।
इंजीनियरिंग का हर समाधान किसी न किसी व्यक्ति, समुदाय या प्रणाली को प्रभावित करता है। इसलिए सामाजिक मुद्दों—चाहे वह जल प्रबंधन हो, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य या शहरी विकास—को समझना और उनके संदर्भ में तकनीकी सोच विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। अपने कौशल को केवल करियर के लिए नहीं, बल्कि समुदाय के लिए भी उपयोग करें।
एक सक्षम इंजीनियर वही है जो तकनीकी कौशल के साथ सामाजिक संवेदनशीलता भी रखता हो। यही संतुलन भविष्य की इंजीनियरिंग को अधिक मानवीय, अधिक प्रभावी और अधिक प्रासंगिक बनाता है।
- जो युवा तकनीक के इस युग में अपनी भाषा और जड़ों से दूर हो रहे हैं, उनसे आप एक बड़े भाई या मेंटर के नाते क्या कहना चाहेंगे?
उत्तर 23: तकनीक के इस तीव्र गति वाले युग में युवाओं का अपनी भाषा और सांस्कृतिक जड़ों से दूर होना एक गहरी चिंता का विषय है। एक बड़े भाई और मेंटर के रूप में मैं यही कहना चाहूँगा कि आधुनिकता अपनाना आवश्यक है, लेकिन अपनी भाषा और अपनी मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखना उतना ही महत्वपूर्ण है। अपनी सांस्कृतिक नींव को खो देना किसी भी युवा के लिए दीर्घकालिक रूप से हानिकारक हो सकता है। भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सोच, संवेदनशीलता और पहचान का आधार है।
जब कोई युवा अपनी मातृभाषा से दूर होता है, तो वह अनजाने में अपने अनुभवों, अपने सामाजिक संदर्भों और अपनी सांस्कृतिक बुद्धिमत्ता से भी दूरी बना लेता है। तकनीक आपको वैश्विक बनाती है, लेकिन आपकी भाषा आपको गहराई देती है। दोनों का संतुलन ही एक परिपक्व और प्रभावी व्यक्तित्व का निर्माण करता है।
मैं युवाओं को यही सलाह दूँगा कि वे दुनिया की नई तकनीकों को सीखें, अवसरों का लाभ उठाएँ, लेकिन अपनी भाषा और जड़ों को अपनी यात्रा का हिस्सा बनाए रखें। यह जुड़ाव न केवल उन्हें अधिक संवेदनशील बनाएगा, बल्कि उन्हें अपने समाज और अपनी पहचान से भी गहराई से जोड़े रखेगा।
तकनीक आपको दुनिया से जोड़ती है, लेकिन आपकी भाषा और जड़ें आपको खुद से जोड़ती हैं। अंततः, तकनीक भविष्य को आकार देती है, पर आपकी भाषा और जड़ें आपको दिशा देती हैं। और दिशा के बिना कोई भी गति सार्थक नहीं होती।
- आने वाले वक्त में ऐसा कौन सा सपना या योजना है जिसे आप पूरा करना चाहते हैं—चाहे वह कोई नई किताब हो, यात्रा हो या समाज के लिए कोई खास काम?
उत्तर 24: आने वाले समय में मेरा एक सपना है—ऐसा काम करना जो व्यक्तिगत उपलब्धि से आगे बढ़कर समाज के लिए स्थायी मूल्य पैदा करे। चाहे वह किसी नई किताब के रूप में हो, एक शोध-आधारित यात्रा के रूप में, या किसी सामाजिक पहल के रूप में, मेरा उद्देश्य अपनी सीख और अनुभव को लोगों तक पहुँचाना है।
मैं एक ऐसी पुस्तक लिखना चाहता हूँ जो तकनीक, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के संगम को समझने में युवाओं की मदद करे। यह केवल तकनीकी ज्ञान का संकलन न हो, बल्कि यह बताए कि एक इंजीनियर या पेशेवर समाज के लिए कैसे सार्थक योगदान दे सकता है। आने वाली पीढ़ियों को कई चुनौतियों का सामना करना है और यह सामना अपनी जड़ों से जुड़कर ही हो सकता है।
इसके साथ ही, मेरी इच्छा है कि मैं अपनी जन्मभूमि कन्नौज और शिक्षाभूमि क्षेत्र झाँसी में कुछ दीर्घकालिक कार्य करूँ जहाँ शिक्षा और कौशल विकास जैसी चुनौतियाँ आज भी वास्तविक हैं। एक ऐसी पहल की शुरुआत करना, जो उन युवाओं को आधुनिक शिक्षा और कौशल दे जो उसको प्राप्त करने के लिए आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हैं या जिनके सामने कुछ अन्य चुनौतियाँ हैं।
अंततः, मेरा सपना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि एक ऐसी यात्रा है जो मेरी जड़ों, मेरे समाज और मेरे पेशेवर अनुभव को एक साथ जोड़कर एक सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ले जाए। प्रयास जारी है, मंजिल बहुत दूर है।
- क्या आपने अपनी रचनाओं को पुस्तक के रूप में प्रकाशित (Book Publication) करने की योजना बनाई है? आपकी आने वाली किताब किस विषय या विधा पर आधारित होगी?
उत्तर 25: मैं अपनी रचनाओं को पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने की योजना बना रहा हूँ। मेरी आगामी पुस्तक मेरी अब तक की लिखी कविताओं, संस्मरणों और चिंतनपरक लेखों पर आधारित होगी, जिसमें समकालीन समाज, भाषा और संस्कृति से जुड़े विषयों का विश्लेषण प्रस्तुत किया जाएगा।
- एक ई-बुक (E-Book) या डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में, क्या आप अपनी किताब को पारंपरिक प्रिंट रूप में ही देखना पसंद करेंगे या डिजिटल माध्यम में भी लाने की तैयारी है?
उत्तर 26: डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मैं अपनी किताब को ई-बुक के रूप में प्रकाशित करने के लिए तैयार हूँ। इससे मेरी रचनाएँ व्यापक पाठक-वर्ग तक पहुँच सकेंगी। हालांकि, पारंपरिक प्रिंट संस्करण भी मैं जारी रखना चाहूँगा, क्योंकि उसका अपना साहित्यिक महत्व और पाठकीय आकर्षण है।

डॉ. नितीन उपाध्ये
डा. नितीन उपाध्ये दुबई में एसोसियेट प्रोफ़ेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी प्रमुख साहित्यिक विधाओं में ग़ज़ल, गीत, कहानी, बाल-साहित्य, हास्य नाटक, हाइकु और लघुकथा शामिल हैं। उनके अब तक प्रकाशित व प्रकाशनाधीन कार्यों में ग़ाफ़ के साये में (हाइकु संग्रह), मदार के बीज और उलझी-सुलझी कथाएं जैसी कृतियाँ शामिल हैं, और उनकी रचनाएँ ‘सरिता’, ‘चंपक’, ‘अनुभूति’, ‘अभिव्यक्ति’ और ‘अनन्य’ जैसी देश-विदेश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होती हैं। साहित्यिक मंचों पर सक्रिय रहते हुए उन्होंने भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास (यूएई) में काव्य पाठ किया है। (संपर्क: +971-56 360 8330)।
