हर दिन की तरह खुशनुमा माहौल में प्रभा ने कालेज कैम्पस में प्रवेश किया। सरस्वती की प्रतिमा के आगे नतमस्तक होकर अपने आफिस में आ गई। खिड़की से बाहर की वादियों को देखकर मंद मंद मुस्कुरा रही थी।
उसकी सहकर्मी भागती हुई आई और बताने लगी “ मैम! एक शिक्षक और छात्रा की वटसएप चैट वायरल हो गई । जिससे कालेज में बवाल हो गया । छात्र इक्टठे होकर विद्रोह कर रहे हैं।“ सहकर्मी ने बात को हडबडाहट के साथ एक ही सांस में कह दिया । प्रभा सकपका गई फिर भी चेहरे के भावों को सहजता से छिपा कर पूछा “ शांत रहकर सारी बात बताओ। क्या हुआ? “ टेबल पर रखा पानी का गिलास प्रभा ने सहकर्मी की ओर बढ़ाया । उसने एक ही बार पूरा गिलास गटक लिया फिर खिडकी से नीचे देखने का संकेत करते हुए बात जारी रखी” देखिए छात्रों का हजूम…. ये दो गुटों में बंट गए हैं। एक गुट का कहना है कि गलती दोनों की है इसलिए बात को तूल न देकर यहीं रफा दफा कर देना चाहिए । लेकिन दूसरे गुट का कहना है कि इस तरह की गलतियां दोहराई न जाएं इसलिए अपराधियों को सजा मिलनी चाहिए।“
अपराधी….! “ प्रभा ने आश्चर्य के साथ शब्द को दोहराया । “ गुनाह का पता नहीं और अपराधी भी घोषित कर दिया?? पर किसे?? कुछ पता तो चले। “प्रभा ने सहजता से पूछा ।
‘जी!’ स्टूडैट यूनियन की लीडर विभा ही वह लड़की है। जो इसमें संलिप्त है। अध्यापक महोदय तो दो दिन पहले से ही पांच दिन के अवकाश पर चले गए। इसलिए सभी छात्र आपसे मिलना चाहते है। ये बताने के लिए कि यदि लीडर के ऐसे हाल है तो बाकियों का क्या होगा? प्रिसिंपल को तुरंत इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
‘विभा….’ नाम के साथ मानो उसकी सूरत भी मैडम की आंखों में जैसे उतर आई । कुछ सोच कर प्रभा ने आदेशात्मक लहजे में सहकर्मी को कहा ” विभा को आप मेरे पास भेजो और छात्रों को विश्वास मे लेकर मामले को अपने स्तर से सुलझाने का प्रयास करो ।”
जाती हुई सहकर्मी को रोक कर प्रभा ने माहौल और लहजे को परिवर्तित कर मुस्कुराते करते हुए आवाज दी ” सुनिए… ! सकारात्मक विचारों से ही वैचारिक मलिनता दूर हो सकती है। इसलिए पहले खुद को थोड़ा संयमित कर लें । ” प्रभा की मुस्कुराहट ने सहकर्मी के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी।
विभा जब कमरे में दाखिल हुई तो वह असमंजस में थी। फिर भी वह सधे कदमों से प्रिसिंपल प्रभा की ओर बढी। प्रभा ने कोई भूमिका बांधे बिना स्पष्ट पूछा “ ये सब क्या चल रहा है?” प्रिंसिपल की सख्त आवाज से वह पहले अंदर तक कांप गई। फिर दूसरे ही क्षण उसके चेहरे पर दृढ़ता थी। मानो एक संकल्प से उसने स्वयं को खड़ा किया हो । वह बहुत कुछ बताना चाह रही थी लेकिन कहां से शुरू करे, यह सोच कर चुप हो गई। कुछ देर खुद को सहेजने के बाद बोली “ ऐसा कुछ नहीं है मैम! जैसा सब लोग कह रहे हैं ।“ सर मेरे लिए शिक्षक से भी बढ़कर बहुत कुछ हैं? “ ऐसा लगा वह इस बात को पूरी दृढता से अपने अंदर से स्वीकार कर रही थी। “शिक्षक से बढ़कर…. प्रभा ने उसके शब्दों को पकड़ा और उनकी गहराई नापने का प्रयास करते हुए पूछा – “ वह शादीशुदा हैं क्या तुम्हें यह बात पता है? “ विभा ने हाथ जोड़ कर विनती के स्वर में कहा – “ जी… मैम! इसलिए मैं आपसे निवेदन कर रही हूं कि आप इस बात को यहीं खत्म कर दें। जिससे उनकी बदनामी न हो और मेरी भी इज्जत बची रहे।“
“ इज्जत..! इज्जत की परवाह थी तो गलत किया ही क्यों…? प्रभा ने तल्ख अंदाज में पूछा।
“ इसमें गलत क्या है? मैम! उनकी बातचीत, व्यवहार, पढाने का ढंग, हर अंदाज मुझे अच्छा लगता है।वो हैं ही ऐसे आकर्षक। “ उसके चेहरे पर एक निर्णायक चमक थी । प्रभा बिना कुछ कहे उसे देखती ही रह गई। इससे पहले कि प्रभा कुछ कहती । विभा और भी मुखर होकर बोली – “ हमारी बात फैल गई तो हम चर्चा में आ गए.. वर्ना किस्से तो और लोगों के भी यहाँ बहुत हैं। ये आपसे बेहतर कौन जानता है? यह सुनते ही प्रभा के चेहरे पर कई रंग आने जाने लगे। उसने बिना कुछ कहे विभा को कमरे से चले जाने का संकेत किया।
विभा के बात करके चले जाने के बाद प्रभा अपनी कुर्सी को आगे पीछे घुमाने के बाद उस पर गर्दन टिकाकर सोचने लगी…. कुछ भी तो नहीं बदला अब तक के समय में…… न पुरूषों द्वारा महिलाऒं को आकर्षित करने का ढंग और न ही महिलाओं का पिघल कर उनकी बातों के आकर्षण जाल में फंस कर रह जाना। सोचते सोचते वह एक दम झटके से उठी मानो कोई बाहुपाश उसे जकड़ना चाह रहा हो और वह एकदम उससे बच निकली।
प्रभा ने अपना पर्स उठाया। जेब टटोली। गाडी की चाबी निकाली और गाडी निकाल कर स्टार्ट की । सीधे अपने घर जाकर ही रोकी। गाड़ी पार्क की। घर का दरवाजा खोला। लाइट्स ओन की। खिडकी खोल कर खड़ी हो गई । एकांत मे बैठ कर अक्सर उसे अपने अतीत से बातें करना अच्छा लगता है। अतीत के गलियारों में झांक कर लौट आना । गहराई में जाकर पलभर ठहर कर परिस्तिथियों को करीब से समझना। सीखना। विभोर होना। रम जाना। अपनी मस्ती में मस्त। उसे वैसे ही अच्छा लगता है जैसे ठहरे हुए पानी में पत्थर मार कर उसकी आवाज़ सुनकर और उसमें बनते भंवर को देखकर किसी का रोमांच से भर जाना। आज भी उसने कुछ देर दूर तक देखने की कोशिश की पर कुछ भी अच्छा नहीं लगा। देर तक उसने अपने ही घर को निहारा। सब चीजें करीने से सजी अपने स्थान पर व्यवस्थित थी। फिर भी कुछ कमी थी। समझ नहीं पा रही थी क्या? घर में सन्नाटा था और दिल में भी। प्रभा ने टीवी ओन कर उसका वाल्यूम बढा दिया । कुछ देखना सुनना उसका उद्देश्य नहीं था। वह अपने एकांत से भागना चाहती थी । टीवी में बिना कुछ देखे सुने वह अपने कमरे में जाकर आइने के सामने खड़ी हो गई। आइने में उसे दिखाई दी खिले हुए कमल से चेहरे में यौवनावस्था की प्रभा । उसके यौवन की खुशबू से तन मन भर गया। वह मदहोश सी होने लगी। अचानक से विभा का चेहरा उसके सामने आ गया । उसे कभी यौवन के मद में चूर प्रभा तो कभी मस्ती में डूबी विभा नजर आने लगी । चेहरे पर परिचित सी मुस्कान लिए दोनों मौन । देखते ही देखते प्रभा विभा हो गई । कक्षा में पढा रहे शिक्षक के प्रभावशाली वक्तव्य से प्रभावित । उसके आकर्षक व्यक्तित्व को वह अपलक निहारती। उसके चुम्बकीय आकर्षण की ओर अनायास ही खिंचती चली जा रही। शिक्षक के डायलॉग कहने के ढंग से उसे वह राजा दुष्यंत लगा और स्वयं को वह शकुंतला समझ रही । शकुंतला को रिझाने के प्रयास में दुष्यंत सफल । शकुंतला के यौवन की खुशबू में आकंठ डूबे दुष्यंत के प्रणय निवेदन को गर्म लावे सदृश पिघली शकुंतला ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। प्रेममयी यह संवाद युगों-युगों से चलता ही आ रहा । स्त्रियों के साथ ठगी का यह खेल सदियों से जारी है। जारी रहेगा । जाने कब तक? प्रेम में ठगी कैसी….? भीतर से सवाल उठा । जबाब भी तैयार था। इसे ठगी नहीं समर्पण कहते हैं। एक व्यंग्यात्मक मुस्कान उसके होठों पर आ गई। हां…. शब्दों के पर्यायवाची भी तो होते हैं जैसे सेल का मतलब बिक्री, कोशिका, बैटरी या जेल होते हैं। प्रेम के पर्याय ठगी और समर्पण क्यों नहीं हो सकते? प्रभा की झील सी आंखे डबडबा गई। उसने सांसो को समेट कर अंदर किया। गाल पोंछें। स्वयं को संयमित किया। आंखें बंद कर वह आराम कुर्सी पर निढाल हो गई। उसकी आंखों में बहुत से दृश्य मंडराने लगे । मन की वीणा के तार फिर बजने लगे। एक झंकार उभरी। सरगम बनी। लय शुरू। मदहोशी का आलम। जवानी के नशे में चूर प्रभा और विभा दोनों ही आंखों पर, दिल दिमाग पर छा गई। वह उठी। अपना जैकेट उतारा…ये क्या? एक अजीब सी गंध आई। वह इस गंध को झेल नहीं पा रही थी। प्रभा और विभा दोनों ही अचानक ओझल हो गई । शेष रह गई प्रभा और गंध। प्रभा इस गंध से निजात पाने के लिए बाथरूम में चली गई। उसने साबुन से धो-धो कर इस गंध को दूर करने की कोशिश की। उसे लगा यह गंध उसके भीतर कहीं गहरे में समा गई है। वह सदियों से इस गंध को झेल रही है। वह परफ्यूम का लगा कर गंध को बदलने का प्रयास करती रही। वर्षो से यही करना तो उसने स्वीकारा है कभी नियती कह कर। कभी स्वयं ही नीति बना कर। इसलिए ही तो “नारी तुम केवल श्रद्धा हो “कहकर पुरूष से स्त्री हमेशा ठगी गई । वह कामना, कामायनी तो बनी पर क्या सच में श्रद्धा बन पाई? उसने खीझ कर खुद से ही पूछा।
उसके कानों में टेलिविज़न पर चल रहा प्रवचन सुनाई दिया । मत्स्य गंधा सत्यवती और राजा शांतनु का प्रकरण चल रहा था। राजा शान्तनु उस समय सत्यवती आसक्त हुए थे जब उनकी स्वयं की संतान विवाह के योग्य हो गई थी। मत्स्य गंधा शब्द जैसे प्रभा के जहन में रचबस गया। उसने अपने भीतर उसी गंध को महसूस किया। हर स्त्री की अपनी एक गंध होती है । इस गंध का कम या ज्यादा होना उसकी वैचारिक क्षमता पर निर्भर करता है। वैचारिक उच्चता उसके आत्म विश्वास में वृद्धि कर उसे सकारात्मकता की ओर ले जाती है। स्त्रियों में यह क्षमता पुरूषों से अधिक पाई जाती है। इसलिए स्त्री भावुक होती है । संवेदनशील होती है । प्रेम मयी होती है । वह धरनी भी है धरा भी है। वह जाति और धर्म से रहित है। प्रवचन कर्ता का एक एक शब्द प्रभा को मर्मस्पर्शी लगा । राजा शान्तनु और मत्स्य गंधा सत्यवती के किरदार की व्यापकता में विभा का चेहरा और शिक्षक की छवि उसकी आंखों में फिर घूमने लगी। यह लडकी भी ठगी का शिकार हो गई। ऐसा विचार आते ही प्रभा के चेहरे पर उद्विग्नता के भाव उभर आए एक बार फिर वह खुद से ही सवाल – जबाब करने लगी ।
“मुझे क्या करना चाहिए….? “
“किसे स्पोर्ट करना चाहिए..? “
लेकिन पहले ये तो पता चले कि दोषी है कौन?
सोचते – सोचते अधीर हो उठी प्रभा।
जिन्दगी में कुछ भी एकतरफा नहीं होता….। इस समाधान से भावुक होकर वह दीवार पर लगी अपनी मां की फोटो फ्रेम के सामने खड़ी हो गई। फ्रेम के ठीक नीचे रखा पौधा मुरझाने लगा था । उसने पौधे में पानी डाला तो पत्तियां हरियाने लगी। प्रभा की आंखें नम हो गई। उसने पौधे को सींचना जारी रखा । फिर मां की तस्वीर से बतियाने लगी। “ मां! आप नहीं होती तो मैं भी अपनी राह भटक चुकी होती। आपने मुझे हर कदम पर संभाला। जब भी मै किसी उलझन में उलझी, आप समाधान बन कर आती रही । सब सुलझाती रही । राहें आसान बनाती रही। आपके पास मेरे लिए हमेशा समय था। या यूं कहूं कि सारा समय ही मेरे लिए था। मेरा खाना – पीना, सोना – जागना, उठना – बैठना, चलना – फिरना…. सब पर आपकी नजर थी मां। हमारे साथ कई बार ऐसा होता है। जैसा हम चाहते हैं वैसा करने से कोई रोके तो विद्रोह कर बैठते हैं। फिर भले ही वह हमारा मन ही क्यों न हो। विभा जैसी अधिकतर लडकियां मां बाप के प्यार के लिए तरसती है। नहीं… नहीं…. मां बाप में दोस्त ढूंढती हैं। दोस्ती जहां नैतिकता, सम्मान जैसे शब्द कहीं खो से जाते हैं। मां बाप के पास बच्चों के लिए लिमिडिड समय है। काम के बाद जो समय बचता है उसे मोबाइल, इंस्टाग्राम और रील्स खा जाती है। ऐसे में बच्चे भी फोन पर व्यस्त। प्रेम, स्नेह की चाह उन्हें ऐसे व्यक्ति के प्रति समर्पण पर मजबूर कर देती है। जो अपनी इच्छा पूरी करने के लिए उसका केवल इस्तेमाल करता है। परिणामस्वरूप जो होता है सब अनैतिक, असंवेदनशील, पीडादायक। जन्म लेने से लेकर जन्म देने की प्रक्रिया तक पहुंची स्त्री दर्द ही तो झेलती है। फिर भी अपना वास्तविक स्वभाव को नहीं बदलती। वह यंत्रवत चलती रहती है। एक पुरूष के लिए उसकी कीमत उसकी गुणवत्ता की बजाय उसकी तात्कालिक आवश्यकता पर निर्भर करती है। इस सत्यता को स्वीकारते ही प्रभा के देखते-देखते सभी औरतें सत्यवती, शकुंतला, प्रभा, विभा मां की तस्वीर में समा गई…।
- प्रियंवदा, हिमाचल प्रदेश

कहानी स्त्री-विमर्श, पीढ़ियों के भावनात्मक अंतराल और पौराणिक प्रतीकों को जोड़ने का अच्छा प्रयास है। इसका सबसे मजबूत पक्ष प्रभा का आत्ममंथन है। कुछ स्थानों पर विचारों की पुनरावृत्ति और स्त्री-पुरुष संबंधों के सामान्यीकरण को कम किया जाता तो कहानी और अधिक प्रभावशाली बन सकती थी।