1. बढी विकृति,
नष्ट हुई संस्कृति,
क्रुद्ध प्रकृति।
करती है दंडित,
सब कुछ खंडित।
2. जब भी फटा
है ज्वालामुखी कोई,
निकला लावा।
जनता या धरती,
क्षमा नहीं करती।
3. विष पीकर
हुई बीमार नदी,
घुटता दम।
झुलसा रही आग,
उगल रही झाग।
4. नदी को लगा–
किनारों की मर्यादा
है बड़ी बाधा।
मचल उठी धारा,
तोड़ चली किनारा।
5. लौट रही है
अब फिर दुनिया,
आदिम युग में।
जिसके पास डंडा,
उसके पास झंडा।
6. देश-देश में,
चोर, लुटेरे, डाकू
वेश-वेश में।
तभी तनातनी है,
धरा रक्त-सनी है।
7. तैयार हैं सब–
बारूद, टैंक, तोपें,
सीमा पे फौजें।
हालात हैं विकट,
विनाश है निकट।
8. किसी का कंधा,
बंदूक है किसी की,
मरता कोई।
चलाता कोई गोली,
खेलता कोई होली।
9. देख दुर्दशा
अब राजनीति की,
पूछता देश–
कितनी गिरावट
है और अभी शेष?
10. रहें सतर्क
न केवल गैरों से,
अपनों से भी।
वे अधिक छलते,
घर में जो पलते।
11. आँगन बंँटा,
खिंची ऊँची दीवारें,
बंँटा है घर।
वृद्ध माँ है इधर,
और पिता उधर।
12. सुख-दुख की
मधुर-तिक्त स्मृतियाँ
जीवन-भर
साथ-साथ चलतीं,
बार-बार छलतीं।
13. कैसा भविष्य!
जीवन कामना का
बना हविष्य।
शेष कुछ यादें हैं,
और झूठे वादे हैं।
14. कर्ज से ब्याज,
कभी ब्याज से कर्ज
चुकाते रहे।
इसे सबसे बड़ी
सिद्धि बताते रहे।
15. रंगभूमि-सा
लगता था जीवन
जो यौवन में,
ढूंँढ रहा है सुख
अब वृंदावन में।
16. टटोल रहा
सुधियों की गठरी,
अब तो मन।
टूटे सभी सपने,
माला लगे जपने।
17. जोशीमठ-सा
हुआ अब जीवन,
दरकी नींव।
दरारें-ही-दरारें,
काँपती हैं दीवारें।
18. बड़ा अजब
है नियति का खेल।
जानता कौन,
किसकी यह लीला?
वेद-पुराण मौन।
19. कैसा चिंतन,
सुख-दुख संबंधी
कैसा मंथन!
सुख-दुख आयेंगे,
सुख-दुख जायेंगे।
20. लड़ना पड़े
एक युद्ध स्वयं से,
यहाँ सभी को।
स्वयं से जो जीता,
बना विश्व-विजेता।
21. बाट-बाट का,
पीया जिसने पानी
घाट-घाट का,
धर्म कर्म को माना,
मर्म धर्म का जाना।
22. फूटी किरण,
गाने लगे पखेरू,
फैली सुगंध,
सारे कार्य-कलाप,
चलते चुपचाप।
23. ढलती साँझ
देती संदेश यही–
होगी सुबह
फिर रात के बाद,
सदा रखना याद।
24. बदले रूप
हर पल प्रकृति,
सभी अनूप।
कभी बादल-वर्षा,
कभी उजली धूप।
25. महत्त्वाकांक्षा
थी उन्मुक्त गोरैया,
जो एक बार
उड़ी, तो उड़ गई,
फिर कभी न लौटी।
26. था नहीं जिन्हें
विश्वास धर्म पर,
जिनकी रही
राम से तनातनी,
बने हैं सनातनी।
27. हावी रहा है
अधर्म धर्म पर,
आदिकाल से।
धर्म-शास्त्रों की बातें,
पर हिंसक घातें।
28. छुपा अंधेरा
है घर-आँगन में,
मेरे मन में।
घेरे खड़े शिकारी,
यही संकट भारी।
29. जिसने खाया
सच्चे प्यार में धोखा
जब भी यहाँ,
मर-मरके जीता,
या मरकर जीता।
30. लड़ा अकेला,
वही युद्ध-भूमि में
खड़ा अकेला।
न कोई संगी-साथी,
न कोई घोड़ा-हाथी।
31. लगते घर
कच्चे-पक्के धूसर,
दूर से ऐसे–
हों धरा-देह पर
रक्त के थक्के जैसे।
32. चलती चक्की
पीसती नित दाने
गेहूँ के जैसे,
पीसे वक्त हमें भी
निर्ममता से, वैसे।
33. व्यर्थ याचना,
होती नहीं है पूर्ण
हर कामना।
हेतु हर दुख का
है यही विडंबना।
34. रंगरेजन
रंगती रही वस्त्र,
जीवन-भर।
पर रंगा न तन,
पर रंगा न मन।
35. जारी रहे यूँ
सफर जीवन का,
कामना यही।
छूटे न हाथ कभी,
छूटे न साथ कभी।
डॉ. रामनिवास ‘मानव’
571, सैक्टर-1, पार्ट-2,
नारनौल-123001 (हरियाणा)
मोबाइल : 8053545632
