Sunday, November 29, 2026
होमकवितामनीषा रतूड़ी की कविता-शिक्षक

मनीषा रतूड़ी की कविता-शिक्षक

लोगों ने शिक्षक में परब्रह्म को देखा है,
आदर्श मूर्ति, दृढ़ता का प्रतीक बनते देखा है,
पर मैंने शिक्षक को खाली घड़े को भरते देखा है।

मैंने शिक्षक को मिट्टी से सुसज्जित थका,
पर फिर भी मुसकुराते देखा है,
पर हो सकता है,
मैंने कुछ गलत देखा है ।

लोगों ने शिक्षक में रौब देखा है,
सब कुछ जानने वाला,
समझदार और सूझबूझ वाला
चलते – फिरते देखा है।

पर मैंने शिक्षक को ज्ञान के सागर से
कुछ सीपियाँ अपनी झोली में भरते देखा है।
मैंने शिक्षक की सीधी पीठ में दबे उस कंपन को देखा है,
मैंने देखा है उन्हें अथाह प्रयास करते,
मैंने शिक्षक में एक हम जैसा प्रतिबिंब देखा है,
पर हो सकता है, मैंने जो देखा है, वो कुछ कम देखा है।

लोगों ने शिक्षक में सूरज सा प्रकाश
और उससे निकली तपन को देखा है,
पर ना जाने क्यों,
मैंने उसमें निरंतर जलने के श्रम को देखा है।

मैंने देखा है उन्हें खुद को तराशते हुए,
मैंने देखा है उन्हें नई सदरी और साड़ी में
अपने घाव को छुपाते हुए,
ना जाने क्यों… मगर मैंने उनमें
एक बालिका सा उत्साह और
उसके साथ मुस्कुराते गगन को देखा है।

मैंने शिक्षक में कुछ – कुछ बहरापन देखा है,
जो नहीं सुनता अपने मन की आवाज़,
जो मुसकुराता है,
चाहे धूमिल हो रहा हो उसका स्वयं और आज,
मैंने उन आवाजों के लिए उन्हें कान बंद कर,
हमारे लिए संगीत बुनते देखा है।

मैंने अक्सर हर प्रिय शिक्षक में
खंडित मूर्ति का छुपा प्रतिबिंब देखा है,
पर हो सकता है मैंने कुछ गलत देखा है।
क्योंकि लोगों ने शिक्षक में
सिर्फ़ एक पुरुष पर मैंने एक स्त्री को भी देखा है।

मैंने हर शिक्षक और शिक्षिका को
टूटे खंडों से भी ज्ञान का मोती बनाते देखा है।
मैंने उन बिखरे फाहों से
उन्हें स्वास बन हम सब में रमते देखा है।

मैंने उनमें परब्रह्म नहीं,
कुछ-कुछ अपना प्रतिबिंब देखा है,
पर हो सकता है, मैंने कुछ ग़लत देखा है।

 

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest