Sunday, November 29, 2026
होमकविताकुलजीत की कविताएँ

कुलजीत की कविताएँ

ज़िंदगी

भले ही तल्ख़ियाँ दिख रही हों हर तरफ,
पर कोई ख़ौफ़ नहीं रह रहा ज़िंदगी से अब।
मुश्किलें कभी तो साथ छोड़ेंगी मेरा, मेरे अपनों की तरह,
आख़िर दीवारों से ही तो दरवाज़े निकलते हैं…

रस्म
ज़िंदगी जीना एक रस्म सी लगती है,
कभी-कभी बेशर्म सी लगती है।
ऐसा नहीं कि मुझे ज़माने के रिवाज़ पसंद नहीं,
पर हर बात का हिसाब-किताब नागवार गुज़रता है।
चलता गया
कुछ कहा नहीं, सुनता गया,
रुका नहीं, बस चलता गया,
आँखों में अपने ही सपने बुनता गया,
गिरते-उठते संभलता गया…
पीछे मुड़कर ना देखा कभी,
वो बस आगे ही बढ़ता गया…
मोहब्बत की रोशनी भी रोशन है उससे,
वो इश्क़ में भी यूँ जलता गया…

दिल
टूटा हुआ सामान क़ीमती है,
जो कबाड़ वाला खरीद लेता है,
पर एक टूटे दिल की औक़ात बस इतनी है
कि कोई उसे मुफ़्त में भी नहीं लेता…

नमी
आज दोपहर की धूप में नमी-सी लगी,
हवा भी कुछ थमी-सी लगी,
वो गुम होती शायद आई थी यहाँ,
वरना डहेलिया तो कभी महका नहीं करते…

इंतज़ार
उसकी पायल, उसके कंगन,
रखे हैं अभी भी संभाल कर…
पर उनसे अब आवाज़ नहीं आती…
घर में लगे बड़े आईने पर उसकी बिंदी तो आज भी महकती है,
पर कुछ कहती नहीं…
मेरी तरह वो सब भी उसका ख़ामोशी से इंतज़ार करते हैं…

तेरे पास
अपनी बातों का स्वेटर बुनकर अब तक रखा है,
क्योंकि तेरा नाप किसी को आया ही नहीं…
अब किसी से मिलती हूँ तो उसे अधूरी लगती हूँ,
क्योंकि बहुत-सी मैं तो तेरे पास ही रह गई…

अदरक
तुम्हारे अलावा, मेरा इश्क़ है—अदरक वाली चाय।
अदरक कूटने की आवाज़ से लेकर,
मेरे लबों तक आने का सफ़र बहुत सुहाना लगता है।

घर
आँखों से गिरने वाले आँसुओं की भी अपनी एक कहानी होती है;
वे यूँ ही बिना किसी वजह के छलक नहीं पड़ते।
वरना भला कौन अपनी मर्ज़ी से अपना घर छोड़ता है?

  • कुलजीत

अंग्रेजी की असिस्टेंट प्रोफेसर, एसआरएमआईएसटी, (इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी), रामपुरम कैंपस, चेन्नई के भाषा, संस्कृति और समाज विभाग, हिंदी कविताओं के एक काव्य-संग्रह का अंग्रेजी में अनुवाद

Mob. 9791019230

 

 

 

RELATED ARTICLES

1 टिप्पणी

  1. बहुत ही संवेदनशील मन की अभिव्यक्ति पढ़ने को मिली!!! दिल , रस्म,अदरक बहुत ही मर्मस्पर्शी रचनाएं है ।अंग्रेजी के लोग आजकल हिंदी भाषा का परचम लहरा रहे है सो अपने जीवन के यौवन काल और आदरणीय श्री तेजेंद्र शर्मा जी के जीवन यात्रा भी याद आई।
    कुलजीत को स्नेहिल बधाई

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest