Sunday, November 29, 2026
होमकविताडॉ पायल लिल्हारे की कविताएं

डॉ पायल लिल्हारे की कविताएं

चारों ओर अंधकार ही दिखता है

इतना घना अंधकार, फैल गया है जग में
जिसमें हरिश्चंद्र, मुंह सिले बैठा है।
मनीषियों ने धृतराष्ट्र बन, पट्टी बांध ली है आंखों पर,
प्रवक्ता हो गए हैं गूगें,
नवनिर्माण के संकल्पी हो गए हैं पंगु।
शासन, सत्ता मद में बहरा हो गया है
जन आतर्नाद नहीं सुनाई पड़ता उसे,
त्राहि-त्राहि मच गई है,
मार-काट कर अपनों को,
आगे बढ़ने लगे हैं लोग। ऋषि-मुनि, ज्ञानी-ध्यानी कर रहे हैं,
नाना रसों का भोग । पथ-प्रदर्शक भटक गए हैं, अंधकार की खोह में,
सिस्टम अब लोगों के घरौंदे, उजाड़ रहा है।
हसती नहीं है अब फिजाएं,
ये चारों ओर फिजाओं में कौन जहर खोल रहा है।

टूटना

मन धीरे-धीरे टूट जाता है
टूट जाते हैं सपने,
उम्र के मोड़ तक आते-आते
छूट जाते हैं अपने।

टूट जाती है आशा,
खुद पर खुद का आत्मविश्वास,
टूट जाते हैं एक उम्र में अक्सर चश्में,
जिन्हें पहनकर हम अपनों की आंखों में
देखते हैं प्यार के नगमे।

टूट जाते हैं वे संबंध,
जो होते हैं अजीज किसी समय
और उनकी स्मृतियां भी हो जाती है धुंधली।

टूट जाते हैं नाते-रिश्तें,
टूट जाते हैं नभ के टिमटिमाते तारे
टूटना हमेशा दुःख ही देता है।

पर कुछ टूटन, जुड़ने के क्रम को जन्म देती है।
टूट कर चाहना किसी को
और उससे प्रेम न पाना
फिर टूटने की लंबी दर्दनाक श्रृंखला से गुजरना,
फिर टूट टूट कर रोना, और संभलना भी,
टूटने से जन्मता है फिर नव सृजन।

चिट्ठियां

कई चिट्ठियां जो पहुंच नहीं पाती,
अपने सही पते पर,
जहां उन्हें पहुंचना होता है।
उनमें लिखा संदेश, छिपा का छिपा ही, रह जाता है।
उन चिट्ठियों के न पहुंचने से,
न जीने कितने प्रेम,
असफल ही रहा जाते हैं।
कितने चकवा चकवी दिन-रात का,
वियोग सहते हैं।
कितनी परंपराओं की जंजीरें,
टूट नहीं पाती है।
कितनी नदियाँ, समुंदर में मिलने,
का सपना संजोएं निकलती है।
और राह से भटक जाती है।
कितने दिल मिलकर,
एक साथ नहीं धड़क पाते हैं।
कितनी यादें मिटा दी जाती है,
कितने स्वप्न नहीं हो पाते पूरे,
कितने दिल इस दुनिया की महफिल में,
उदास और अकेले जीते हैं।
कितने घर बसने से पहले,
उजड़ जाते है।
कितना कुछ अनिष्ट हो जाता है जीवन में,
और समाज अपने वर्चस्व पर इतराता है
और मनुष्य भीतर से टूट जाता है।

अरे मुस्कुराओ

अरे मुस्कुराओ!
यूं तो दुःखी होने के बहाने बहुत है,
जगत में दुःख के ठिकाने बहुत है।
मन को व्यर्थ मत दुखाओं।
अरे मुस्कुराओ।

दुनिया के नाना प्रपंच में फंसकर,
पाप पाखंड के दलदल में धसकर,
जीवन को मत गवाओ।
अरे मुस्कुराओ।

सच को ढूंढ रहे हो बाहर,
किंतु तमस पड़ा है अंतर,
अंतर्मन की ज्योति चलाओ।
अरे मुस्कुराओ।

प्रेम ढूंढते हो इस जग में,
ज्यों कस्तूरी बसा कुंडल में,
प्रेम के भ्रम में मत प्राण गंवाओं।
अरे मुस्कुराओ।

चुप्पी

जब कोई समझने नहीं लगता जज्बात,
धीरे-धीरे संवाद की जगह चुप्पी लेती है।
हर निर्णय में चुप्पी, जो मौन स्वीकृति बन जाती है।
अच्छी-बुरी बातों में।
जब कोई नहीं समझता उसे,
तब मन की गांठे बंधती जाती है।
उसके भीतर बहुत कुछ निर्मित होता है,
और अवसाद-सा जमता जाता है।
रुका हुआ पानी सड़ता जाता है,
चंचलता की जगह आती है जड़ता,
उत्साह की जगह हताशा,
मुखरता की जगह आती है चुप्पी।
और यह चुप्पी भीतरी ही भीतर करती है खोखला,
धीरे-धीरे व्यक्तित्व का होता है विघटन,
शनैरू- शनैरू मरते हैं उसके सपने,
फिसलती जाती है जिंदगी रेत-सी,
उसके शब्द रीतते जाते हैं,
और उसकी वाणी हो जाती है मौन,
उसका मौन ही उसकी मृत्यु का संकेत है ।

स्त्री जब छोड़ देगी प्यार करना

स्त्री जब छोड़ देगी प्यार करना,
इस दुनिया में घृणा का समंदर उफान मारेगा।
इस दुनिया में नफरत की दीवारें, उग आएगी।
न जाने कितनी नदियां, सूख जाएगी।
स्त्री जब त्याग देगी ममता माया,
इस निष्ठुर दुनिया में करुणा का अंत हो जाएगा।
स्त्री जब छोड़ देगी परिवार,
तो परिवार रुपी वृक्ष की जड़ें, सूख जाएगी।
स्त्री जब छोड़ देगी अपनी कुलीनता,
तो संपूर्ण समाज हो जाएगा पतित।
स्त्री जब कर देगी, भोजन बनाने से इनकार,
संपूर्ण दुनिया भूख से ग्रस्त हो जाएगी।
स्त्री जब सहना कर देगी बंद,
तो धरती का धीरज हो जाएगा समाप्त।

 

डॉ पायल लिल्हारे
प्रभारी प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष हिंदी
शासकीय महाविद्यालय ओरछा
मोबाइल .7987131767

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest