शाख के पत्ते (काव्य-संग्रह), कवियित्री – मनवीन कौर पाहवा, समीक्षक – देवी नागरानी
लेखन कला एक ऐसा मधुबन है, जिसमें हम शब्द बीज बोते हैं, परिश्रम के खाध्य का जुगाड़ करते हैं, सोच से सींचते हैं, तब कहीं जाकर इसमें शब्दों के अनेकों रंग बिरंगे सुमन निखरते और महकते हैं।
“शाख के पत्ते” भी उसी मधुबन में उगती हुई कविताओं की वो डाली है जिसके पत्ते हर रंग के तो हैं, इसके अलावा इंद्रधनुष के रंगों की छटाएं भी उनपर खिल रही हैं.
‘शाख के पत्ते ‘ विश्व में फैली भयंकर महामारी ‘करोना ‘ के दौरान लिखी गई मनवीन कौर जी की भावनात्मक संवेदनाएं हैं । उनके लिखे हुए दस्तावेज़ी हस्ताक्षर उनकी ज़ुबानी निजी भावनाओं का परिचय देते हुए जीवन की पगडंडियों पर आशा-निराशा के अंधड़ से जूझते हुए किसी अनदेखी-अनसुनी सुरंग से रोशनी तलाश लाने में सफल हुए है. ज़र्द पत्तों की चरमराहट के बावजूद, उन्हीं सूनी शाखों पर खुशियों की अमर बेल लगाते हुए, कुछ स्वप्निल नूतन रंगों से उम्मीदें सजाते हुए उनकी बानगी देखिए—
मुस्कुराहटों की चलो अमरबेल लग़ाते हैं
खुशियों के घर चलकर दस्तक दे आते हैं
शाख़ पर उगने लगे हैं उम्मीदों के कोमल पल्लव
ठंडी हवा संग बहकर उन्हें सहलाते हैं.
शब्दों का सौंदर्य, उनका ताल-मेल कविता की रवानी में प्रेरणा की लौ जागते हुए भावों को संचारित कर रहा है. वैसे भी काव्य रचना और कुछ नहीं, बस हृदय की भाषा है। हर मानव, जो तार्किक रूप से चिन्तन करता है और दिल की आवाज़ सुनता है वह अपने स्नेह, घृणा, धैर्य, सुहानभूति, क्रोध, आहत सन्तुलन अहसासों के विभन्न भावों की अनुभूति व्यक्त कर सकता है।
काव्य लेखन एक तरह से मधुबन को सींचने जैसा है, जहां हम अपने विचारों के बीज बोते हैं, और ॠतु अनुसार ध्यान-ज्ञान से पोषण करते हैं, उसी प्रयत्नशीलता से काव्य रूपी अंकुर प्रफ़ुलित होते हैं, और एक परिपक्व पेड़ की टहनियों पर नये कोंपलों का लहलहाना और फ़ुसफ़ुसाना एक नये मौसम का ऐलान करता है.
पुराने और नये के बीच के अंतराल में जो घटता है, वह नियति के अटल फैसले का प्रत्यक्ष रूप होता है. फ़िर भी ये तथ्य अपरिवर्तित है कि “जीवन” एक कविता है लेकिन कविता जीवन नहीं है।” कवि और शब्दों का एक मधुर बन्धन है। शब्द बिना लेखक तो हो सकता है, पर शब्दो के बिना लेखक अपना वजूद कायम नहीं रख सकता। काव्य शब्दों के रुप में जब कागज़ पर आकार छोड़ता है, वो और कुछ नहीं सिर्फ़ मानव मन के विचार-चिन्तन का फ़ल होता है.
‘मन खोज रहा , फिर कुछ खोज रहा/ क्या खोया, क्या पाया’
अपने होने और न होने के बीच का द्वंद्व, मनवीन जी के मन की गहराइयों में कभी-कभी तहलका मचाता हुआ उनकी सोच का बाँध तोड़कर कह उठता है—
एक कठपुतली हूँ मैं, अपने छोर से बंधी हुई
उसी छोर से सधी हुई-
तेरी ही उंगलियों पर नाचती है सारी कुदरत
हम सब कठपुतलियां हैं-
शब्दों के प्रवाह में निरंतर आत्म समर्पण का भाव उजगार हो रहा है उस ईश्वर की सत्ता के आगे, जो उत्पन्न करता है और विनाश का कारण भी खुद होता है. बावजूद इसके, मन और मनन का यह सिलसिला फिर भी कुदरत की ओर से आई हुई विपदाओं, निराशाओं से जूझते हुए अपने आप को उस अटल कानून के आगे हथियार डालते हुए कह उठता है—
‘यह ऐसा नासूर है जो कभी भरता नहीं’.
करोना काल में आई हर आपदा से हम परिचित हुए है, बेपनाह दर्द के दरिया से गुज़रते हुए आदमी अब भी उन पुराने ज़ख्मों को सहला रहा है. सच भी है, याद के स्पर्श से कई पुराने ज़ख्म फिर से ताज़ा हो उठते हैं और लहलहाते हुए इंसान को अतीत से जोड़ देते हैं.
कल, आज और कल का यह गठबंधन कालचक्र में निरंतर जारी रहता है. जब तक सांस की सरगम पर जीवन का तार तरंगित होता रहता है. संवेदनात्मक अनुभूति हृदय में हिलोरे खाते हुए अपने होने का ऐलान किए बिना नहीं रह सकती. यही भाव मनवीन जी की कविता ‘मैं देख नहीं पाती’ में अपने अंतर्मन की तड़प को शब्दों से समेटेते हुए कह उठती है-
घुटते-छिपते आंसुओं को देख नहीं पाती हूं
उन आंखों की वेदना समेट नहीं पाती
तन्हा दिल का तार ज़रा हौले से छेड़ना
कोमल सांसें हैं बिखरी, नर्म हाथों से समेटना.
यही भाव मरहम बनकर पुराने ज़ख्मों को, उनकी ओर से मिली तड़प और व्यथा को कुछ राहत दे जाता है जब आदमी उस एक परमात्मा के आगे नतमस्तक होकर प्रार्थना करता है—
मेरे रब्बा अब तो कुछ रहम कर दे
तेरी दुनिया में आ्हें भरता है कोई
नहीं देखा जाता अब यह मंजर ‘वीणा’
जीवन को हर पल तरसता है कोई
मनवीन जी की भावनाएं संवेदनाओं से जूझती हुई एक चक्रव्यूह में धंस जाने के बाद, अब बाहर निकलने के प्रयास में छटपटाती नज़र आ रही हैं. महामारी में व्यथित कुंठित विश्व को राहत मिले, और उस सुकून के कुछ पल मिले जिसमें फिर से मानव जीवन कुछ हरा भरा हो, सूनी डालियों पर खुशियों की अमरबेल पल्लवित होती नज़र आए.
ये कवितायेँ नहीं, मानव मन की वेदना की परछाइयाँ हैं, जो ज़रूर पाठक के मन को कहीं न कहीं छू लेने में सफल होंगी.
उसी रब से दुआ माँगते हुए मैं इन कोमल भावनात्मक शब्दों से गूंथी हुई अमरबेल के लिए मनवीन जी को बधाई देते हुए यही कहूँगी-
इक नई दुनिया बसी भीतर तेरे
तुझमें तुझ जैसा ही बसता है कोई.

देवी नागरानी

मनवीन कौर पाहवा
