आज की दुनिया सोशल मीडिया की है। आज हम लोग इस वर्चुअल दुनिया से बहुत अधिक जुड़ चुके हैं कि इसके बिना हम अब अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। यह आभासी दुनिया बहुत हद तक हम सब को खुद में इतना अधिक उलझाए रखती है कि हम असली रिश्तों को कहीं गुम करते जा रहे हैं। इसकी दुनिया की शुरुआत 1997 में हुई। और उसके बाद तो इस दुनिया ने एक रुपहला संसार आभासी मित्र और अपने मन के लिखने के एक अनमोल तोहफा दुनिया को दे दिया।
इस आभासी दुनिया के फायदे नुकसान दोनों हैं। किसी भी वस्तु की अति उसको खराब भी कर देती है और सही तरीके से इस्तेमाल करने पर फायदा और बहुत सारी जानकारी भी देती है। मैं जब इस दुनिया से जुड़ी तो मुझे इस तरह के प्लेटफार्म की बहुत जरूरत थी। आज इसी से जुड़े कई संस्मरण मुझे याद आ रहें हैं।
मैं एक छोटे से अफगानी स्कूल में बच्चों को हिंदी पढ़ाती थी। एक दिन कुछ समस्या के कारण वो स्कूल बंद हो गया। बहुत अधिक व्यस्त रहने के बाद एक दम खाली हो जाना इंसान को डिप्रेशन में ले जाने लगता है। यह 2007 की बात है । तब मेरे बच्चे कंप्यूटर का काफ़ी इस्तेमाल करने लग गए थे। छोटी बेटी ने मुझे उस का इस्तेमाल करने को कहा क्योंकि मुझे शुरू से ही लिखने का और पढ़ने का शौक का। उसने मुझे ब्लॉग बनाना सिखाया और फिर उस पर पोस्ट करना। शुरुआत में बहुत अधिक झिझक होती थी। पर अपना लिखा हुआ कुछ भी पोस्ट करके और लोगों को पढ़ते देख बहुत अधिक खुशी भी मिलती थी।मेरा ब्लॉग “कुछ मेरी कलम से” धीरे धीरे बहुत से लोगों से जुड़ने लगा। शुरूआती दौर में इस पर कविताएं ही लिखी, फिर हर विधा को लिखा जो सराहा भी गया।
सोशल मीडिया के इस ब्लॉगिंग की दुनिया ने मुझे अपनी पहचान दी और बहुत से मित्र बने । ब्लॉगिंग मीट अप में जाना नए मित्रों से मिलना व्यस्त रखने लगा। हां इसमें कुछ मनी नहीं मिलती पर पहचान तो मिली। और कई अच्छे लेखन के पुरस्कार भी। लखनऊ ब्लॉगर मीटिंग में सर्वेष्ठ ब्लॉगर का पुरस्कार मिला। नन्हे मुन्ने बच्चों के लिए लिखने पर पुरस्कार मिला। मातृभूमि वेबसाइट ने मेरे एक सपने को पूरा किया । अमृता प्रीतम पर इस साइट पर मेरी पहली ए बुक आई ।उसके आज भी बहुत से पाठक हैं।
आज चाहे ब्लॉगर और ब्लॉग का वो दौर नहीं रहा। पर इस से जुड़ी मीठी यादें आज भी मन को तसल्ली देती हैं। उस वक्त की ब्लॉगिंग बहुत ही अलग थी फेसबुक की दुनिया से । ब्लॉग लिखने वाले और पढ़ने वाले बेबाक राय देते थे, जो बुरी नहीं लगती थी बल्कि लेखन में सुधार ही करती थी। कॉमेंट्स का इंतजार भी इसलिए रहता था। आज फेसबुक के लाइक का ज्यादा जोर है। और कॉमेंट्स भी मुक्तसर से बहुत बढ़िया ,या सुंदर आदि जो लिखने की पढ़ने की बस जैसे एक औपचारिकता ही करते हैं। ब्लॉग की दुनिया में कई ब्लॉग बहुत प्रसिद्ध हुए। जिन्होंने स्पेशल विषय को एयर भी रुचिकर बनाया। हिंद युग्म जैसे ब्लॉग बने जिसमे कहानी कविता और बाद में रेडियो जैसे विधा से भी परिचित करवाया। हिंदी ब्लॉगिंग का यह वाकई सुनहरा दौर रहा है।
फेसबुक आज भले ही सोशल मीडिया का सशक्त माध्यम हो अब पर ब्लॉग और इसमें वही टू मिनट नूडल्स वाला फर्क है। सोशल मीडिया के यू ट्यूब और इंस्टाग्राम भी अब अधिक चलते हैं। यू ट्यूब से बहुत अच्छी जानकारी मिलती है। खाना पीना और सब विषय जो आप समझना सीखना चाहते हैं। सोशल मीडिया आज के वक्त की जरूरत है ।अच्छी बुरी सभी जानकारी के लिए हम इसी पर तो निर्भर हैं।

