Wednesday, February 11, 2026
होमअपनी बातसंपादकीय - बांग्लादेशी हिन्दुओं का दर्द लंदन पहुंचा

संपादकीय – बांग्लादेशी हिन्दुओं का दर्द लंदन पहुंचा

बांग्लादेश की स्थिति अभी चिंताजनक है। कट्टरपंथी ताकतें वहां अपना प्रभुत्व जमा रही हैं। वहां खाने पीने की चीज़ों की किल्लत होनी शुरू हो चुकी है। जब चारों ओर हिंसा का माहौल हो तो देश की तरक्की का रुक जाना तो अवश्यंभावी है। भारत को चाणक्य और चंद्रगुप्त की नीति अपनानी होगी। तभी शायद हमारी सीमा पर पैदा हुए नये दुश्मन से निपट पाना संभव होगा।

5 अगस्त 2024 को दोपहर लगभग 2:25 बजे, शेख हसीना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया और अपनी बहन शेख रेहाना के साथ हेलीकॉप्टर से देश छोड़कर भारत भाग गईं, और अगरतला होते हुए दिल्ली पहुंचीं। भारत ने उन्हें शरण प्रदान की।
बांग्लादेश में हालात बिगड़ते गये और आतंकवादियों का नज़ला हिन्दुओं पर गिरने लगा। दीपू चंद्र दास को जला देने और अमृत मंडल की हत्या के बाद बांग्लादेश में हिन्दुओं के बीच भय का माहौल पसर गया। भारत सरकार ने राजनीतिक स्तर पर बांग्लादेश की कठपुतली सरकार के अमरीका द्वारा आरोपित मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने अमरीका की शह पर पाकिस्तान के साथ प्रेम की पींघें बढ़ानी शुरू कर दीं। 
शेख़ हसीना को मृत्युदण्ड घोषित करने के बाद मुहम्मद यूनुस की सरकार ने भारत पर दबाव बनाना शुरू किया कि शेख़ हसीना का प्रत्यार्पण कर दिया जाए। ज़ाहिर है कि भारत सरकार इस दबाव के सामने झुकने वाली तो नहीं ही थी। 
याद रहे कि शेख़ हसीना के पिता मुजीब-उर-रहमान बांग्लादेश के संस्थापक थे और भारत के साथ उनके ऐतिहासिक संबंध थे। शेख़ हसीना और भारत के संबंधों में भी वही निरंतरता बनी रही। लेकिन बांग्लादेश के विपक्षी दलों और शेख़ हसीना के विरोधी यह आरोप लगाते रहे कि वे भारत के समर्थन के कारण ही सत्ता में विराजमान हैं। 
बांग्लादेश में हिन्दुओं के हालात पूरा विश्व देख रहा है मगर इसे बांग्लादेश का अंदरूनी मामला बता कर कुछ भी कहने या करने से बच रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद अमरीका और पाकिस्तान ने भारत के विरुद्ध बांग्लादेश को इस तरह खड़ा किया कि भारत किसी ना किसी चक्र में उलझा रहे और उसकी आर्थिक तरक्की में रोड़े अटके रहें। 
भारत में तमाम राजनीतिक दल अपने-अपने वोट बैंक के चक्कर में खुल कर बांग्लादेश की आलोचना भी नहीं कर पा रहे। वे नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपनी नफ़रत के कारण अपने देश के समर्थन में भी कुछ बोल नहीं पा रहे। मगर लंदन में बांग्लादेश हिंदू एसोसिएशन और भारतीय समुदाय ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के विरुद्ध लंदन स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। याद रहे कि बांग्लादेश के मैमन सिंह इलाके में सबसे पहले दीपू चन्द्र दास की वीभत्स हत्या के बाद दो और हिन्दुओं की हत्या की गई है। 
बांग्लादेश उच्चायोग के सामने किये जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के समय कुछ खालिस्तान समर्थक सिख वहां पहुंच गये और नरेन्द्र मोदी व भारत के विरुद्ध नारे लगाने शुरू कर दिये। ऐसा माना जा रहा है कि इन खालिस्तान समर्थकों को पाकिस्तान सहयोग मिल रहा था। 
लंदन में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख श्री कुलदीप शेखावट ने दुख प्रकट करते हुए पुरवाई पत्रिका को बताया, “बांग्लादेश मैं हाल ही में हुई हिंदू विरोधी घटनाओं ने पूरे हिंदू समाज को झकझोर कर रख दिया है ! कल लंदन के बांग्लादेश हाई-कमीशन के सामने  ब्रिटेन के हिंदू समाज ने एक प्रदर्शन किया! हमारा इतना ही कहना था की पूरे विश्व का हिंदू समाज एक है और किसी भी हिंदू को चाहे वो किसी भी देश का हो वो हमारे साथ है और हम सब एक है। वहाँ कि सरकार को हिंदू विरोधी गतिविधियों पर लगाम लगानी चाहिए!”
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, “दुर्भाग्य पूर्ण बात यह हुई की वहाँ खालिस्तानी विचारधारा वाले कुछ सिख आ गये और उन्होंने बिना किसी उकसावे के भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को गाली देना शुरू किया। यह एक सोची समझी रणनीति थी की हिंदुओं को उकसाओ ताकि हिंदू और सिखों मैं  फूट पड़े! यह पूरा प्रकरण पाकिस्तानी सहयोग से किया जा रहा था… हिंदू और सिख ब्रिटेन मैं बड़े अच्छे भाईचारे से रहते है और इन थोड़े से भारत विरोधी लोगों के बहकावे मैं नहीं आते! सभी हिंदुओं ने संयम से काम लिया अन्यथा ब्रिटेन मैं हिंदू सिख दंगा भड़काने का काम तो इन खालिस्तानियों ने कर ही दिया था!”
भारतीय विदेश मंत्रालय ने जब बांग्लादेश सरकार से हिन्दुओं और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के बारे में सवाल उठाए तो बांग्लादेश ने इस पर टालमटोल वाले जवाब देने शुरू कर दिये। 
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस. एम. महबूब-उल-आलम ने भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, “भारत में मुसलमानों और ईसाइयों सहित विभिन्न अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही क्रूर हत्याओं, लिंचिंग, मनमानी गिरफ्तारियों और धार्मिक समारोहों में बाधा डालने की घटनाओं से हम बेहद चिंतित हैं।”
वहीं भारत में कांग्रेस के विभिन्न नेता बांग्लादेश की ही ज़बान बोलते दिखाई दे रहे हैं। अपने वोट बैंक के चक्कर में कांग्रेस पार्टी तमाम सीमाएं लांघते हुए देश के विरुद्ध बयानबाजी करने में नहीं चूकती है। राहुल गांधी विदेश में भारत की आलोचना करते हैं तो कांग्रेसी भारत में रहते हुए इस काम को अंजाम देते हैं। 
“कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद राशिद अल्वी ने कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है, वह निश्चित रूप से निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके लिए बांग्लादेश सरकार जिम्मेदार है। हालांकि, भारत सरकार के बयानों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भारत में भी अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं।”
वहीं, कांग्रेस नेता अलका लांबा ने जोर देते हुए कहा कि “अल्पसंख्यकों को सुरक्षा मिलनी चाहिए, चाहे वह बांग्लादेश हो या फिर भारत। लांबा ने कहा कि बांग्लादेश में इस मामले में जो कुछ भी हुआ है, हमने उसकी आलोचना की है। (चाहे) बांग्लादेश हो या भारत, अल्पसंख्यकों की रक्षा करना कर्तव्य है।”
हालांकि, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने राशिद अल्वी के बयान से किनारा कर लिया। इस संबंध में खुर्शीद से सवाल करने पर कहा कि अत्याचारों की तुलना नहीं की जानी चाहिए। कहीं भी किसी के भी खिलाफ अत्याचार होता है, तो वह अस्वीकार्य है। हम लोकतंत्र के संविधान में विश्वास करते हैं; किसी के भी खिलाफ अत्याचार अस्वीकार्य है।
तथाकथित मुस्लिम स्कॉलर मौलाना साजिद रशीदी ने तो अपने विवादित बयान से सबको चौंका दिया जब उन्होंने कहा, “बांग्लादेश में कौन क्या कर रहा है मुझे उससे क्या लेना देना।” मगर जब पत्रकार ने उनसे पूछा, “यदि बांग्ला देश से कुछ नहीं लेना देना है तो फिर जो गाज़ा में हो रहा है उससे क्यों लेना देना?”
इस सवाल पर ढिठाई से जवाब देते हुए मौलाना ने सब ”को चौंका दिया, “इंसानियत के नाते गाज़ा से लेना देना है।”
शेख़ हसीना ने प्रधानमंत्री के तौर पर बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था को मज़बूती प्रदान की। विश्व में रेडिमेड कपड़े बनाने वाले देशों में बांग्लादेश का स्थान दूसरे नंबर पर पहुंच गया था। उनके कार्यकाल में बांग्लादेश ने औसत सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 6.6% बनाए रखी, जबकि ग़रीबी का स्तर 2008 में 12% से कम हो कर 5% से कुछ ऊपर रह गया। 2009 में बांग्लादेश का सकल घरेलू उत्पाद 100 अरब डॉलर से बढ़कर 2022 में 460 अरब डॉलर हो गया। इसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश की स्थिति ख़ासी मज़बूत हुई। 
शेख़ हसीना ने भारत के साथ बांग्लादेश के संबंधों को एक स्थिरता प्रदान करते हुए “सभी के प्रति मित्रता और किसी के प्रति द्वेष नहीं” की नीति बनाए रखी। उनके इस दृष्टिकोण ने भारत, रूस, चीन, जापान और पश्चिमी देशों सहित विभिन्न वैश्विक शक्तियों से निवेश और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आकर्षित करने में सहायता की। 
बांग्लादेश के छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या को लेकर मुहम्मद यूनुस की सरकार भारत को कटघरे में खड़ा कर रही थी और इल्ज़ाम लगा रही थी कि उस्मान हादी का हत्यारा फ़ैसल करीम मसूद सीमा पार करके भारत में जा घुसा है। मगर फ़ैसल ने दुबई से एक वीडियो जारी करके पाकिस्तान की जमात-ए-इस्लामी को इस हत्या के लिये ज़िम्मेदार ठहराया है। 
बांग्लादेश के हालात बहुत तेज़ी से बदल रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री और जनरल ज़िया-उर-रहमान की पत्नी ख़ालिदा ज़िया का बेटा तारिक रहमान (जो कि लंदन में रह रहा था) वापिस बांग्लादेश आ पहुंचा। उसकी पार्टी चुनावों में हिस्सा लेने वाली है। इस बीच दो दिन पहले ख़ालिदा जिया का 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इस मौत के कारण बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को सहानुभूति मिलनी स्वाभाविक है। तारिक़ रहमान को बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि शेख़ हसीना की पार्टी पर तो प्रतिबंध लग चुका है। 
भारत के विदेशमंत्री एस. जयशंकर ख़ालिदा ज़िया के जनाज़े में शामिल होने के लिये ढाका पहुंचे हैं और उन्होंने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक़ रहमान से मुलाक़ात भी की है। जयशंकर ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक निजी पत्र सौंपा। 30 दिसंबर 2025 की तारीख़ वाले इस पत्र में पीएम मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा ज़िया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पत्र में 2015 की अपनी ढाका यात्रा को याद करते हुए खालिदा जिया के नेतृत्व की प्रशंसा की और तारिक़ रहमान के नेतृत्व में भारत-बांग्लादेश संबंधों के एक ‘नए अध्याय’ की उम्मीद भी जताई है।
बांग्लादेश की स्थिति अभी चिंताजनक है। कट्टरपंथी ताकतें वहां अपना प्रभुत्व जमा रही हैं। वहां खाने पीने की चीज़ों की किल्लत होनी शुरू हो चुकी है। जब चारों ओर हिंसा का माहौल हो तो देश की तरक्की का रुक जाना तो अवश्यंभावी है। भारत को चाणक्य और चंद्रगुप्त की नीति अपनानी होगी। तभी शायद हमारी सीमा पर पैदा हुए नये दुश्मन से निपट पाना संभव होगा।
तेजेन्द्र शर्मा
तेजेन्द्र शर्मा
लेखक वरिष्ठ साहित्यकार, कथा यूके के महासचिव और पुरवाई के संपादक हैं. लंदन में रहते हैं.
RELATED ARTICLES

27 टिप्पणी

  1. इस बार का संपादकीय बांग्लादेश में हिंदुओं की हो रही हत्याओं पर केंद्रित है। जिस तरह से आपने विभिन्न स्रोतों के माध्यम से वहां की वास्तविक घटनाओं को दिखाया है वह परेशान करने वाली है। कट्टरपंथी ताकतों के आगे जब सरकार घुटने टेक दे तो ऐसा होना स्वाभाविक है। यही स्थिति आज बांग्लादेश में देखने को मिल रही है।
    अभी तक किसी मुस्लिम देश में यह सुनने को नहीं मिला है कि हिन्दू अपने लिए अलग देश चाहते हैं। या दूसरों की पूजा पद्धति से उन्हें दिक्कत है। वे जहां रहते हैं उस देश का हित ही चाहते हैं। लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश में यह स्थिति बन गई है कि अन्य धर्म के लोगों को जीने का हक ही नहीं है।
    इस मामले में ये देश भारत को ब्लैकमेल करते हैं कि आप हमारी सहायता कीजिए नहीं तो हिन्दुओं की गर्दन हमारी मुट्ठी में है। हम मरोड़ देंगे। ऐसा पाकिस्तान करता रहा है। पाकिस्तान के एक राजनेता ने कहा था कि हिन्दू हमारा सुरक्षा कवच है। अब जब उस कवच को उन्होंने हटा लिया है तो उनकी हालत कैसी हो गई, यह किसी से छिपी हुई नहीं है।
    आपकी इस बात से सहमत हूं कि आपरेशन सिंदूर की करारी हार से पाकिस्तान और अमेरिका बौखला गए हैं। इसलिए भारत के लिए बांग्लादेश के रूप में नया फ्रंट खोल दिया गया है। अब यह फ्रंट यूं ही चलता रहेगा। आपने चाणक्य वाली नीति का संदर्भ तो दिया है, पर वह कौन सी नीति है यह पाठकों पर छोड़ दिया है।
    वार केवल सीमा पर ही नहीं लड़ी जाती है, बल्कि आपस में लड़ाकर भी जंग जीती जाती है। हिन्दू सिक्ख के मामले में ऐसा प्रयास हो रहा है।
    इन निंदनीय घटनाओं के विरोध में लंदन से उठी यह आवाज बहुत दूर तक सुनाई दे रही है। हो सकता है कि पीड़ितों को धैर्य भी बंधा रही होंगी।
    भारत के पक्ष-विपक्ष की बातें तो शोरगुल से ज्यादा कुछ नहीं है। हर बात पर किन्तु, परन्तु से पीड़ा को सहला लिया जाता है।
    मैं तो कहता हूं कि कहीं पर भी हो, किसी भी देश में हो, मानव को जीवित रहने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्हें पूरी स्वतंत्रता के साथ हर तरह की उन्नति करने की आजादी हो। यही सच्ची मानवता है।
    आपका यह संपादकीय पीड़ादायक है। पर क्या किया जाए, सच्चाई से मुंह भी नहीं मोड़ा जा सकता है। अगर ऐसी स्थिति रही तो बांग्लादेश में अगले दस सालों में अल्पसंख्यक होंगे ही नहीं। बांग्लादेश पाकिस्तान की राह पर जो चल निकला है। मैं तो ईश्वर से यही प्रार्थना करूंगा कि मेरी यह बात कभी सत्य न हो।
    पुरवाई अंतरराष्ट्रीय पत्रिका है, इसलिए उसमें अंतरराष्ट्रीय विषय आना स्वाभाविक है। पत्रिका अपने होने को सही सिद्ध करती है।
    भारतीय उच्चायोग लंदन द्वारा वर्ष 2025 के लिए आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी पत्रकारिता से सम्मानित करने के लिए आपको बधाई सर

    • भाई लखनलाल पाल जी आपने लिखा है कि – “आपका यह संपादकीय पीड़ादायक है। पर क्या किया जाए, सच्चाई से मुंह भी नहीं मोड़ा जा सकता है। अगर ऐसी स्थिति रही तो बांग्लादेश में अगले दस सालों में अल्पसंख्यक होंगे ही नहीं। बांग्लादेश पाकिस्तान की राह पर जो चल निकला है”। आतंक का रास्ता सीधा रसातल की ओर ले जाता है।

      पुरवाई के सम्मानित होने पर आपकी बधाई शिरोधार्य।

  2. सम्माननीय सर, यह सम्पादकीय मात्र एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि समय के कठोर यथार्थ का निर्भीक, तथ्यात्मक और संवेदनशील दस्तावेज़ है। आपने बांग्लादेश में घटित घटनाओं को भावनात्मक उत्तेजना या अतिरंजना के बजाय ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सामाजिक यथार्थ और अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक संकेतों के साथ प्रस्तुत किया है। बांग्लादेशी हिन्दुओं की पीड़ा को केंद्र में रखते हुए यह संपादकीय मानवाधिकार, अल्पसंख्यक सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता— तीनों प्रश्नों को एक साथ गम्भीरता से सामने रखता है।
    शेख़ हसीना के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख इस सम्पादकीय को ठोस आधार प्रदान करता है। आर्थिक विकास, वैश्विक निवेश, गरीबी में कमी और भारत-बांग्लादेश संबंधों में स्थिरता— इन तथ्यों के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि जब शासन विवेकपूर्ण और समावेशी होता है, तब राष्ट्र प्रगति करता है और जब कट्टरपंथ हावी होता है, तब सबसे पहले सामाजिक सौहार्द, फिर आर्थिक विकास और अंततः राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ती है। यह तथ्यात्मक तुलना पाठक को सहज ही इस निष्कर्ष तक पहुँचाती है कि सत्ता परिवर्तन केवल राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि उसके दूरगामी मानवीय, सामाजिक और आर्थिक परिणाम होते हैं।
    लंदन में बांग्लादेश उच्चायोग के सामने हुआ शांतिपूर्ण प्रदर्शन इस सत्य का सशक्त प्रमाण है कि बांग्लादेशी हिन्दुओं की पीड़ा अब केवल एक देश का “आंतरिक मामला” नहीं रह गई है। प्रवासी भारतीयों और वैश्विक हिन्दू समाज की एकजुटता यह दर्शाती है कि अन्याय चाहे जहाँ भी हो, उसकी प्रतिध्वनि सीमाओं को लांघकर अंतरराष्ट्रीय चेतना को झकझोरती है। इसके विपरीत, इस मानवीय मुद्दे को भारत-विरोधी नारों और खालिस्तानी उकसावे के माध्यम से भटकाने का प्रयास उस सुनियोजित रणनीति को उजागर करता है, जिसमें पीड़ितों की आवाज़ दबाकर राजनीतिक विद्वेष को हवा दी जाती है।
    सम्पादकीय का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि यह भारत से भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि रणनीतिक विवेक और कूटनीतिक दृढ़ता की अपेक्षा करता है। चाणक्य और चंद्रगुप्त की नीति का उल्लेख प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि यह संकेत है कि आज के जटिल भू-राजनीतिक परिदृश्य में नैतिक स्पष्टता और व्यवहारिक कूटनीति— दोनों का संतुलन अनिवार्य है। भारत का दायित्व केवल अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि पड़ोसी देशों में मानवीय मूल्यों, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के पक्ष में स्पष्ट एवं सुदृढ़ भूमिका निभाना भी है।
    ‘पुरवाई’ के इस अंक का यह सम्पादकीय किसी एक दल, विचारधारा या सत्ता-संघर्ष का पक्षधर नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और मानवीय गरिमा के पक्ष में खड़ा होने का साहसिक आह्वान है। इसकी प्रासंगिकता इसी में निहित है कि यह सुविधाजनक चुप्पी को अस्वीकार करता है और समय रहते चेतावनी देता है कि यदि कट्टरपंथ, हिंसा और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को अनदेखा किया गया, तो उसकी आँच केवल बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समूचे उपमहाद्वीप की शांति, स्थिरता और विकास को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है; इसलिए यह सम्पादकीय न केवल विचारणीय है, बल्कि आज के समय की एक अनिवार्य चेतावनी भी है।

    • आपको चाणक्य और चंद्रगुप्त का उल्लेख पसंद आया, पढ़ कर बहुत अच्छा लगा। आप की बात से सहमत हैं कि हमारा संपादकीय “चेतावनी देता है कि यदि कट्टरपंथ, हिंसा और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को अनदेखा किया गया, तो उसकी आँच केवल बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समूचे उपमहाद्वीप की शांति, स्थिरता और विकास को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है।” आपका हार्दिक धन्यवाद।

  3. एक बेहद ज़रूरी संपादकीय, धन्यवाद, पीढ़ा ये कि ये दर्द ब्रिटेन पहुंच गया लेकिन भारत में नहीं, इसे अपने देश की राजनीति की नंगई ही कह सकता हूं।

  4. आज की संपादकीय विचारणीय है और उसमें बयान किया जा रहा हिंदुओं के प्रति दृष्टिकोण निंदनीय है और इसके लिए देश में में ही एक उदासीनता हमें ही लज्जित कर रही है।

  5. बहुत क्षोभजनक स्थिति है। सातवीं निर्मम हिन्दू हत्या हो गयी है। यह कहां जाकर रुकेगी? और कैसे रुकेगी यह विचारणीय है। इस समय वैश्विक भू-राजनीतिक स्थितियां ऐसी हैं कि भारत को कोई भी कदम बहुत सोच समझकर उठाना होगा। आपने पूरे परिदृश्य को स्पष्टता से व्यक्त किया है।

  6. आज की संपादकीय विचारणीय है । ऐसी क्षोभजनक स्थिति में भारत को कोई ठोस कदम बहुत सोच समझकर उठाना होगा।

  7. आदरणीय, आपका ये संपादकीय बांग्लादेश में बदलते राजनीतिक-सामाजिक परिदृश्य, विशेषकर अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की स्थिति पर केंद्रित दृढ़, साहसिक, स्पष्टवादी और विमर्शात्मक हस्तक्षेप है। जिसके माध्यम से आपने समकालीन घटनाओं को केवल तथ्यात्मक विवरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें ऐतिहासिक, राजनीतिक भौगोलिक और मानवीय सरोकार के संदर्भ में प्रस्तुत किया है।
    इस संपादकीय का केंद्रीय प्रभावकारी पक्ष इसका तथ्यात्मक विस्तार और वैश्विक परिप्रेक्ष्य है। शेख़ हसीना के शासनकाल की नीतियों, आर्थिक प्रगति और भारत-बांग्लादेश संबंधों के संतुलन को रेखांकित करते हुए आपने यह भी इंगित किया है, कि सत्ता परिवर्तन केवल राजनीतिक घटनाक्रम तक ही सीमित नहीं,अपितु इसके दूरगामी परिणाम सामाजिक संरचना और मानवीय संवेदनाओं पर भी गहरा प्रभाव डालते हैं। लंदन में हुए विरोध-प्रदर्शन का उल्लेख इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है।
    आपके संपादकीय की भाषा आक्रामक न होकर पूर्वाभासात्मक और इसीलिए संकेतात्मक है, यद्यपि कुछ स्थलों पर भावनात्मक तीव्रता है, जो विषय की गंभीरता को और प्रबल बनाती है। चाणक्य और चन्द्रगुप्त की नीति का संदर्भ वर्तमान भारतीय विदेश नीति के लिए लाक्षणिक और चिंतनोन्मुख संकेतन के रूप में उभरता है।
    समग्रतः ये संपादकीय राजनीतिक टिप्पणी से आगे बढ़कर मानवीय सरोकारों, क्षेत्रीय स्थिरता और नैतिक उत्तरदायित्व पर प्रश्न उठाता है। यह पाठक को केवल सूचना नहीं देता, बल्कि उन्हें चिंतन करने व संवाद करने के लिए प्रेरित करता है। समकालीन अंतरराष्ट्रीय राजनीति के संदर्भ में यह एक प्रासंगिक, विचारणीय और अत्यावश्यक लेख है।
    साधुवाद!

  8. बांग्लादेशी हिन्दुओं का दर्द लंदन पहुंचा संपादकीय में आपने बांग्लादेश में हिन्दुओं की स्थिति तथा भारत में उस पर हो रही राजनीति पर संतुलित विश्लेषण किया है। यह जानकर अच्छा लगा कि लंदन में बांग्लादेश हिंदू एसोसिएशन और भारतीय समुदाय ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के विरुद्ध लंदन स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया लेकिन यह जानकर दुःख हुआ कि कुछ ख़ालिस्तानी समर्थकों ने गड़बड़ी फैलाने कि कोशिश की।यह सब सिर्फ भारत की समस्या नहीं रही है, विश्वव्यापी समस्या बनती जा रही है, अभी भी अगर हम न चेते तो निकट भविष्य में दूरगामी परिणाम झेलने के लिए अभिशप्त होंगे। इन दुःखद किन्तु सामयिक घटनाओं को अपने संपादकीय में स्थान देने तथा पाठकों को इन घटनाओं से रूबरू कराने के लिए साधुवाद।

    • सुधा जी, आपने सही कहा है कि – यह सब सिर्फ भारत की समस्या नहीं रही है, विश्वव्यापी समस्या बनती जा रही है, अभी भी अगर हम न चेते तो निकट भविष्य में दूरगामी परिणाम झेलने के लिए अभिशप्त होंगे।

      इस सार्थक टिप्पणी के लिये हार्दिक धन्यवाद।

  9. सम्पादक जी नमस्कार l आप की समय योजना (time management) का जवाब नहीं l पूरे सप्ताह विश्व हिन्दी दिवस के कार्यक्रम की तैयारी में लगे रहे फिर भी समय पर “संपादकीय” तैयार l नमन है आपको l

    यह अक्सर देखने में आता है कि किसी भी मैं देश में जब आपस में फूट शुरू हो जाए तो वहां गरीबी पैर फैलाने लगती है l क्यों कि सारे स्रोत जो देश की प्रगति के लिए सुरक्षित होते हैं, गृह कलह में बर्बाद हो जाते हैं l बांग्लादेश के साथ यही हो रहा है l ….और फिर अराजक तत्व क्यों पीछे हटेंगे, सत्यानाश करने का कार्य तो वे करेंगे ही l

    आज जो भी बांग्लादेश हमारे सामने है, उसने शून्य से आरंभ करके अपनी पहचान बनाई है l
    विश्व में रेडीमेड कपड़ों के मामले में विश्व के बड़े देशों के साथ अपना नाम जोड़ लिया है l स्पोर्ट्स में भी वह विकसित देशों की सूची में शामिल हो चुका है l

    लेकिन स्वार्थी घटक (नाम लिखनाआवश्यक नहीं है) निजी स्वार्थ के लिए आपस में फूट डलवा कर, यहां तक कि पड़ोस के देशों के साथ दुश्मनी करवाकर देश को बर्बाद करने पर तुले हैं l

    …और इस की आंच यूरोप तक पहुंच चुकी है l

    बांग्लादेश के जन्मदाता शेख मुजीब उर रहमान और भारत की मित्रता की मिसाल आज भी कायम है l इसका सबूत है मुसीबत के वक्त, शेख हसीना का, भारत में शरण लेना l फिर भारत तो भारत है, जरूरत मदों को अपने में शामिल कर ही लेता है l

    जब तक बंगला देश की सरकार, स्वयं को सम्भालने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाती, दूसरे देश कहां तक मदद कर पाएंगे l अपनी पहचान बनाए रखने के लिये सामंजस्य की बहुत जरूरत होती है l बांग्लादेश को आज इससे बहुत जरूरत है l हिन्दू मुस्लिम के दायरे से ऊपर उठकर सोचना है l

  10. उषा जी, विश्व हिन्दी दिवस में आपकी उपस्थिति एवं कविता पाठ के लिये बहुत बहुत शुक्रिया।

    आप निरंतर पुरवाई संपादकीय पर सार्थक टिप्पणियां भेजती हैं, इसके लिये हार्दिक आभार।

  11. बेहद संजीदा और प्रासंगिक संपादकीय l आदरणीय संपादक महोदय ने बांग्लादेश के वर्तमान (और तेजी से बिगड़ते) राजनीतिक-सामाजिक परिदृश्य और उसके भारत पर प्रभाव की एक चिंतित, राष्ट्रवादी दृष्टि से अभिव्यक्ति दी है lबांग्लादेश में शेख हसीना के त्यागपत्र और पलायन के बाद सत्ता-विहीनता ने कट्टरपंथी ताकतों को उभरने का अवसर दिया है।मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम व्यवस्था पर अमेरिका-पाकिस्तान की छाया और भारत-विरोधी रुख़ की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेषकर पश्चिमी देश, इसे “आंतरिक मामला” कहकर टाल रहे हैं, जिससे न्याय और सुरक्षा दोनों ही कमजोर पड़ते हैं।“ऑपरेशन सिंदूर” के बाद बांग्लादेश को भारत-विरोधी मोर्चे पर खड़ा करने की कोशिश, क्षेत्रीय भू-राजनीति में भारत-घेराव की रणनीति का हिस्सा प्रतीत होती हैंl।लंदन में हिंदू संगठनों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन, वैश्विक हिंदू एकजुटता का संकेत है, वहीं खालिस्तानी समूहों की दखल, भारत-विरोधी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की ओर इशारा करती है।कुलदीप शेखावत का बयान हिंदू–सिख एकता और भारतीय डायस्पोरा की परिपक्वता को रेखांकित करता है, जिसने उकसावे के बावजूद संयम बनाए रखा। भारत की आंतरिक राजनीति में भी बांग्लादेश के प्रश्न पर राष्ट्रीय हित से अधिक वोट-बैंक की राजनीति और ध्रुवीकरण के संकेत दिखते हैं।कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं के बयानों में बांग्लादेश की आलोचना के साथ-साथ भारत की छवि पर भी चोट की कोशिश नज़र आती है, जबकि सलमान खुर्शीद का रुख अपेक्षाकृत संतुलित है।गाज़ा बनाम बांग्लादेश पर मौलाना साजिद रशीदी का दोहरा मानदंड, “चयनात्मक इंसानियत” और राजनीतिक इस्लामी विमर्श की सीमाओं को उजागर करता है।आर्थिक मोर्चे पर शेख हसीना के समय की उपलब्धियाँ दिखाती हैं कि राजनीतिक स्थिरता और धर्मनिरपेक्ष झुकाव ने बांग्लादेश को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।उनकी “सभी के प्रति मित्रता, किसी के प्रति द्वेष नहीं” की नीति ने भारत-बांग्लादेश संबंधों को स्थिरता और बहुपक्षीय संतुलन दिया, जो अब खतरे में है।ख़ालिदा ज़िया के निधन, तारिक रहमान की वापसी और भाजपा/भारत सरकार के साथ बढ़ते संपर्क, ढाका की सत्ता-समीकरण में एक नए अध्याय की संभावित भूमिका निभा सकते हैं l संपादक महोदय का निष्कर्ष कि भारत को चाणक्य–चंद्रगुप्त जैसी संयोजनात्मक, कठोर और दूरदर्शी नीति अपनानी होगी, यह संकेत देता है कि केवल भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि दीर्घकालिक सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक रणनीति से ही नए “पूर्वी मोर्चे” से निपटा जा सकता है। पूर्णतः निष्पक्ष और तार्किक सन्दर्भ से लिखे गए संपादकीय के लिए आप को साधुवाद l

    • किरण जी आपने तो पूरी मेहनत से संपादकीय को खंगाला है और एक सटीक टिप्पणी लिखी है। आपने संपादकीय को “पूर्णतः निष्पक्ष और तार्किक सन्दर्भ से लिखा गया संपादकीय ” कहा है। हार्दिक आभार।

  12. आदरणीय तेजेन्द्र जी!

    इस बार का संपादकीय काफी चिंताजनक है।
    राजनीति का दोहरा चरित्र कब दंगाई रूप धारण कर लेता है। पता ही नहीं चलता।

    एक लंबा समय हो गया बांग्लादेश में इस तरह की स्थिति को झेलते हुए।

    भारत के अहसानों को भूल गया बांग्लादेश कि उसका तो अस्तित्व ही भारत के कारण है।
    इस तरह की कट्टरता हर हाल में बुरी ही होती है। लगभग डेढ़ वर्ष से ऊपर हो गया वहाँ के लोगों को इस तरह की हिंसक गतिविधियों के बीच में जीते हुए।
    पता नहीं हिंदू लोग वहाँ कैसे रह रहे हैं।
    शेख हसीना ने अपने पद पर रहते उत्तरदायित्व पूर्ण निर्वाह किया,जैसा कि आपने बताया।
    यह तो तय है कि दंगा फसाद की स्थिति में विकास की गति सिर्फ ठहरती नहीं, काफी पीछे रह जाती है। बदले की भावना से लिया जा रहा यह हिंदू विरोधी अभियान शर्मनाक है।
    शासन को इसके खिलाफ जरूर कुछ ना कुछ करना चाहिये। आश्चर्य तो यही है कि कुछ हो क्यों नहीं रहा!

    आपके संपादकीय का महत्वपूर्ण अंश यह है कि लंदन में रहने वाले बांग्लादेशी और भारतीय इसके विरोध में खामोशी से आवाज उठा रहे हैं। निश्चित ही यह सही है कि सारे विश्व का हिंदू समाज एक ही है।
    लंदन में रहने वाले सभी भारतीय नागरिक निश्चित ही इसके लिए प्रशंसा के पात्र हैं।

    इस गंभीर चिंतनीय विषय पर संपादकीय के लिए आपको बधाई। पुरवाई का आभार।

    • आदरणीय नीलिमा जी, पुरवाई का संपादकीय बांग्लादेश में चल रहे घटनाचक्र को अंतर्राष्ट्रीय दृष्टि से देखने का प्रयास है। आपको इस सार्थक एवं सारगर्भित टिप्पणी के लिये हार्दिक धन्यवाद।

  13. बांग्लादेशी हिंदुओं का दर्द ,,,,,
    आजकल पाकिस्तान और बांग्लादेश की शैतानी ताकतें गलबहियां कर रही है और मानवता रो रही है।हिंदुओं का मारा जाना जो पाकिस्तान में आम बात हो गई है वही अब बांग्लादेश में भी अमरीकी मिलीभगत से हो रहा है।
    भारत का विपक्ष भी इस ओर जयचन्दी भूमिका के साथ सत्ता पक्ष के विरुद्ध खड़ा हो रहा है।भारत के मुसलमान विश्व के सबसे सुरक्षित लोकतांत्रिक व्यवस्था में पल बढ़ रहे हैं तिस पर भी दुखद है कि शिक्षा,वैज्ञानिक सोच और सकारात्मक अंदाज़ से काफी दूर हैं।
    क्यों नहीं भारत की मुस्लिम संस्थाएं खड़ी होकर एक आवाज़ में कहती कि हम सारी सुविधाओं के साथ खुश और संतुष्ट हैं। बस यही विपक्ष को सोचना होगा।
    इस बार का संपादकीय भारत के वासियों और प्रवासी भारतीयों के साथ साथ बड़ी बड़ी मानव अधिकार की अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं को सोचने पर मजबूर कर रहा है कि आख़िर बांग्लादेशी हिंदुओं का दोष क्या है?
    आजकल अमरीका भी एक अलग राह पर निकल गया है जो पाकिस्तान की भी राह है।
    बस यही विडंबना मासूम हिन्दुओं की कब्रगाह बनती जा रही है।

  14. शोषण चाहे विश्व के किसी कोने में हो, सदैव निर्दोष या अल्पसंख्यक ही पीड़ित होते हैं। बंगला देश में जो हुआ, वास्तव में चिंता जनक है। लन्दन में उनके पक्ष में आवाज़ें उठ रही हैं, सुनकर कुछ राहत मिली। वरना जो इस तरह के माहौल में जी रहे हैं, उनकी तो ईश्वर भी सुध नहीं लेता।
    विचलित कर गया इस बार का संपादकीय। आपने वस्तुस्थिति से अवगत कराया, जो महत्वपूर्ण और आवश्यक था।

    • सरस जी, संपादकीय पर आपकी टिप्पणी हमारी पूरी टीम के लिये उत्साहवर्धक है। हार्दिक धन्यवाद।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest