ऐसा कुछ कर चले सखे हम,
काल – चक्र के आते आते !
धरती महके, अम्बर महके,
महक उठे जग जाते जाते ||
मनुष्य को अपने जीवन काल मे सार्थक कार्य करने की प्रेरणा देने वाली डा.  महेश दिवाकर जी की  यह संदेशप्रद पंक्तिया, किसी भी सुप्त अवस्था वाले प्राणी के चित्त को जाग्रत करने के लिए पर्याप्त हैं|
समाज को सभ्य बनाने मे साहित्यकारों ने अपनी  महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया और अनगिनत रचनाओ से मानव को बौद्धिक स्तर पर साहित्य के प्रति जागरूक बनाए रखा | डॉ महेश दिवाकर जी की सजल समाज मे चेतना फैलाकर नए रचनाकारों की प्रिय विधा बन गई है | वर्तमान मे बहुत से रचनाकारों को सजल पर लेखनी चलाने को विवश करती दिवाकर जी की सजल ,समाज के लिए मार्गदर्शक का कार्य का रही है | भावों से सुसज्जित पंक्तिया स्थानीय बोली को आगे बढ़ाने का कार्य करती है | दिवाकर जी की सजल एक ओर देशप्रेम से सनी होती है, वहीं दूसरी ओर समाज के शत्रुओ को लताड़ती हुई अपनी बात कहती है |
समाज मे  निरंतर घटनाओ का क्रम अनवरत रूप से चलता रहता है| घटनाएँ मानव मस्तिष्क पर प्रभाव डालकर विचार करने को प्रेरित करती है जिसके फलस्वरूप बुद्धिजीवी  व्यक्ति लेखनी के माध्यम से शब्द समूह को भावनात्मक आकार प्रदान करते हुए मन की अभिव्यक्ति को  लिखित रूप देता है जिससे अन्य जन – मानस भी प्रेरित होते हैं |
सुसाहित्य ने सदैव ही राष्ट्रीय चेतना  एवं संस्कृति का संवाहक बनकर अनेक काल – खंडों को सहेजकर वर्तमान के सम्मुख लाकर पटकने का असाध्य तप किया है |
“समाज व साहित्य एक दूसरे के साथी बनकर मानव मन को संस्कारित करते हैं|”
बीते दशकों मे उर्दू लेखन ने हिदी को धूमिल करने का भरकस प्रयास किया जिसके कारण हिन्दी मे उर्दू शब्दों की भरमार हो गई और इसका परिणाम यह हुआ की उर्दू के बहुत से शब्दो को  हिन्दी का मानकर आम जन उर्दू मिश्रित हिन्दी का प्रयोग बोलचाल की भाषा मे करने लगे |
हिन्दी साहित्य को गजल ने जितनी हानि पहुचाई उतना किसी भी माध्यम द्वारा हिन्दी छली नहीं गई | हिन्दी के साहित्यकार मंच से उर्दू से घुटी हुए गजल परोस रहे थे परंतु बहुत से हिन्दी के हितैषी दुखी थे | कुछ साहित्यकारों द्वारा हिन्दी को पुनः उसका सम्मान दिलाने हेतु सजल विधा का अवतरण  हुआ |
सजल विधा मे डॉ महेश दिवाकर का योगदान
सजल को स्थापित करने हेतु डॉ महेश दिवाकर ने समिधा के रूप मे अपनी काव्य पंक्तिया सजल विधा मे  लिखकर सजल को कवियों की प्रिय काव्य विधा बना दिया लगभग पाँच वर्षों के अंतराल मे ही सजल वरिष्ठ साहित्यकारों के साथ नए रचनाकारों की प्रिय काव्य विधा बन गई |
स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करते हुए जन – समूह मे ऊर्जा का संचार करने मे साहित्यकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया तथा  देश भक्ति से सराबोर साहित्य की रचना कर  युवाओ मे नवीन ऊर्जा का संचार किया | चेतनावान व देश-भक्त साहित्यकारों की पीढ़ी को आगे बढ़ाने का कार्य करते हुए , डॉ महेश दिवाकर जी ने अपनी सजल विधा के माध्यम से समाज को संदेश देती हुई  बहुत सी काव्य पंक्तिया रचकर युवा मन को धारदार बनाने का उत्तम कार्य किया है | दिवाकर जी की सजल ने  युवा ही नहीं अपितु प्रत्येक अवस्था वाले मन को उद्वेलित किया है |
डॉ महेश दिवाकर की सजल मे देशज व स्थानीय बोली का प्रयोग 
फैटी मे जब तक है पैसा !
जगत जानता है तुमको !
समाज मे धन के महत्व को बताती उपरोक्त पंक्तियो मे देशज शब्द फैटी का प्रयोग आम- जन गुनगुनाने पर विवश कर देता है | समाज मे वही रचनाए जीवित रहती है जो सरल भाषा मे लिखी गई हो | 
यह कागज की दुनिया है !
ज्यों मनमोहक मुनिया है !
इसका भेद नहीं मिलता !
भवन बनती गुनिया है !
मुनिया, गुनिया जैसे आम बोलचाल मे प्रयोग होने वाले हल्के शब्दों को सजल मे पिरोकर साहित्य का भाग बनाकर पाठकों तक पहुचाने का पुण्य कार्य डॉ महेश दिवाकर जी ने किया |
क्षेत्रिय भाषा जीवित है तो वह भावी पीढ़ी को अपने समाज की संस्कृति भी बताती चलती है संभवतः इस विचार को मन मे रखकर ही देशज शब्दों का प्रयोग दिवाकर जी द्वारा किया गया हो |
देश का वातावरण बिगाड़ने वालों पर कटाक्ष करती सजल  
पल रही नफरत ह्रदय मे किस लिए,
दाँव पर गुलशन लगाया किस लिए !
बात केवल देश के कल्याण की,
सुन नहीं पाए जिसे तुम किस लिए !
साहित्य का उद्देश तब और भी विराट व पुनीत हो जाता है जब वह देश के घातियों पर लताड़ लगाता हुआ उन्हे सही मार्ग पर ले जाने वाले साहित्य का स्रजन करता हुआ मस्तिष्क को झकझोरता है | उपरोक्त पंक्तिया इसी बात का उदाहरण हैं|
संदेशप्रद सजल 
सोच समझ कर साँस ले !
कही न कोई फाँस ले !
दुनिया बड़ी स्वार्थी है !
साथ चला जो जाँच ले !
दिवाकर जी की बहुत सी सजल, समाज को कोई न कोई संदेश देती हुई प्रतीत होती है| समाज के प्रति शुभ – भावना मन मे लिए काव्य की रचना करना साहित्य की सच्ची सेवा है| 
देश – प्रेम के भावों से पगी हुई  सजल 
भारत का उपहार है,
विश्व एक परिवार है !
प्राणी का कल्याण है,
भारत का आधार है !
भारत की गरिमा, मानवता और  विश्व कल्याण की कामना करती सजल, दिवाकर जी के देश – प्रेम को प्रदर्शित करती है| दिवाकर जी की सजल भावी पीढ़ी को देश प्रेमी बनाने मे सहायक सिद्ध होगी |
दिवाकर जी की सजल संदेशप्रद, समाज को प्रेरित करके आम जन की रसना मे चढने वाली सरल, सुबोध व देशज शब्दों से परिपूर्ण है इसलिए युवा रचनाकार इससे प्रेरित होकर सजल के महा अभियान मे हिन्दी  की  इस नवीन विधा मे अपना योगदान दे रहे हैं |

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.