Saturday, April 18, 2026
होमकवितामंजू लोढ़ा की कविता - एक काली उड़ान – श्रद्धांजलि उन आत्माओं...

मंजू लोढ़ा की कविता – एक काली उड़ान – श्रद्धांजलि उन आत्माओं को!

आज का दिन इतिहास में एक काला अध्याय बन गया,
जब 240 यात्री और 50 होनहार छात्र एक साथ,
सपनों के संग, आकस्मिक रूप से
काल के गर्त में समा गए।
कोई घूमने जा रहा था,
कोई अपने प्रिय से मिलने,
कोई अपने बच्चों की बाहों में
सुकून ढूँढ़ने चला था।
हर यात्री की अपनी एक कहानी थी,
हर आंख में एक सपना था,
हर चेहरा किसी की दुनिया था…
पर एक पल ने सब कुछ छीन लिया।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जी भी
इस भयावह हादसे का शिकार हो गए।
वहीं एक नवविवाहिता,
अपने पति से मिलने लंदन जा रही थी।
बांसवाड़ा का एक पूरा परिवार—
माँ, पिता और तीन बच्चे,
सपनों सहित सदा के लिए विदा हो गये।
और सबसे करुण दृश्य,
वे छात्र जो मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे,
जो कल के डॉक्टर बनने वाले थे,
जो औरों की साँसें बचाते,
आज वे स्वयं साँसें छोड़ बैठे।
माँ ने कहा होगा –
“छुट्टियों में बेटा आएगा,
घर का आँगन फिर हँसेगा।”
पर अब वो आँगन मौन है…
उस मां की आँखें दरवाज़े पर टिकी हैं,
पर वह बेटा अब कभी नहीं लौटेगा।
हंसते-मुस्कुराते चेहरों ने
अलविदा कहने का वक़्त तक न पाया।
सेल्फी में कैद मुस्कानें
अब बस तस्वीरों में रह गईं।
यह जीवन कितना अनिश्चित है।
हम जोड़ते हैं, लड़ते हैं, दौड़ते हैं,
लेकिन यह भूल जाते हैं कि
एक क्षण में सब कुछ समाप्त हो सकता है।
क्या ही अच्छा हो अगर
हम इस नश्वरता को समझें।
हर दिन को प्रेम से जिएं,
ईर्ष्या, द्वेष और क्रोध को त्याग दें।
प्रेम बाँटें, मदद करें,
एक-दूसरे का सहारा बनें।
ईश्वर से बस यही प्रार्थना —
“सभी का कल्याण हो,
हर जीवन सुरक्षित हो,
और हर हृदय में मानवीयता जीवित रहे।”
शत् शत् नमन उन आत्माओं को,
जिन्होंने समय से पहले
अमृत की जगह काल पी लिया।
मंजू लोढ़ा
लेखिका
मंजू लोढ़ा
मंजू लोढ़ा
सम्पर्क - 098201 53374
RELATED ARTICLES

3 टिप्पणी

  1. मंजू जी
    आपने विमान हादसे के दुख का मार्मिक वर्णन किया
    है। मृत्यु के आने का कोई वक्त नहीं होता।
    किसी ने कहा है-
    सामान 100 बरस का,
    कल की खबर नहीं।
    सारा भविष्य वर्तमान बनकर कब काल के गाल में समा जाएगा और फिर अतीत हो जाएगा,कोई नहीं जानता। ईश्वर सब की रक्षा करें।

  2. इस सारगर्भित और सामयिक कविता के लिए हार्दिक बधाई स्वीकार करें मंजू जी. हादसे का पूरा दृश्य आंखों के सामने उपस्थित हो गया,मन व्यथित हो उठा.

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest