Monday, November 16, 2026
होमकहानीदिलीप कुमार की कहानी-कमानी

दिलीप कुमार की कहानी-कमानी

आठवीं क्लास के छमाही इम्तिहान हो चुके थे। मांटेसरी स्कूल के सख्त अनुशासन से मेरा जी काफी उकता चुका था। होश संभालने के बाद जब से मुझे याद है मेरा रूटीन और रास्ता वही और एक ही था। शुरू में एक दो बरस मैं रिक्शे से ज्ञाता। मगर रिक्शे वाले के ज्यादा नागा करने के बाद  मैं मोहल्ले के लड़कों के साथ स्कूल जाने लगा। जिसमें प्रेमचन्द,संजय मिश्रा, वीरू आदि थे। मोहल्ले के यही लड़के मेरे साथ स्कूल जाते थे मगर आठवीं तक आते -आते मेरे स्कूल के साथी नाम मात्र के रह गए थे। सब एमपीपी इंटर कालेज चले गए। स्वयं मेरे घर के मेरे बड़े भाई और चचेरे भाई भी एमपीपी इंटर कालेज में पढ़ने चले गए।

मेरी जिंदगी बड़े भाई और मम्मी के अति सख्त अनुशासन के बीच बीत रही थी, हालाँकि पीटते पापा भी थे। मेरा रूटीन फिक्स था। मैं घर से निकलकर रेलवे लाइन पार करके बस अड्डे से पावर हाउस होते हुए स्कूल जाता था और इसी रास्ते से आता भी था। स्कूल में सिर्फ मेरा दोस्त भानू रह गया था जो लौटते वक्त मेरे साथ आता था।वह मुझसे तीन सौ मीटर पहले ही एक दूसरे रास्ते से अपने घर चला जाता था। घर से स्कूल तक हम मुश्किल से एक जगह ही सड़क पार करते थे जहाँ ट्रैफिक होता था । वरना हम बस अड्डे के बाहर से और पावर हाउस के अंदर से ही स्कूल जाया करते थे।

 सुबह जाते वक्त और दोपहर आते वक्त  सड़कों पर बिल्कुल सन्नाटा ही होता था । क्योंकि तब दोपहर में सोने का रिवाज बहुत ज्यादा था। लोग या तो घरों में रेडियो सुनते,जी, गप्प लड़ते या उपन्यास पढ़ते थे । समाज में टीवी का प्रचलन सीमित था। रामायण, महाभारत  जैसे कालजयी खत्म हो चुके थे। अब टीवी का इकलौता आकर्षण रविवार की शाम को आने वाली हिंदी फीचर फिल्म ही हुआ करती थी।

 यह सन 1991 के आसपास की बात थी। मोहल्ले में पढ़ने और न पढ़ने वाले लड़के सभी एक साथ ही खेलते थे। गरीब घरों के लड़के ज्यादातर गोली – कंचा, गुल्ली – डंडा खेलते थे । मिडिल क्लास घरों के लड़के क्रिकेट, लूडो, कैरम आदि खेलते थे या किराये पर साइकिल  लाकर चलाते थे।

कभी कभार सभी लड़के सब खेल आपस में मिलकर खेलते थे,पर मिडिल क्लास पढ़ने वाले लड़के गोली- कंचा या गुल्ली-डंडा  सार्वजनिक रूप से नहीं खेलते थे क्योंकि इससे उनके घर की शान खराब होती थी और ऐसा करने पर वह पीटे भी जाते थे।

क्रिकेट का दौर शबाब पर था, कपिल देव उरूज पर थे। उन दिनों अजहर कप्तान थे, सिद्धू, रवि शास्त्री आदि मशहूर प्लेयर था । सचिन तेंदुलकर का नाम लोगों ने जानना- पहचानना शुरू कर दिया था। क्रिकेट की मोहल्ले – मोहल्ले की टीम हुआ करती थी और किसी भी खाली जगह पर हफ्ते में मैच खेले जाते थे।

हमारे मोहल्ले के लड़के अक्सर घर के आसपास ही खेलते थे। सिविल लाइन रेलवे लाइन के पार थी। उनसे मैच हफ्ते या दस दिन पर होता था बस अड्डे के खाली पड़े मैदान के पीछे। यह जगह घर से दो सौ मीटर ही दूर थी मगर रेलवे लाइन के कारण वह हमारे लिए बार्डर के उस पार सरीखी थी। बस अड्डे के दो हिस्से थे ।एक हिस्से में बसें खड़ी होती थीं,ऑफिस था, मंदिर था, कर्मचारियों के विश्राम करने की जगह थी। जबकि दूसरे हिस्से में वर्कशॉप थी,जिसमें बसों की मरम्मत होती थी,डीजल भरा जाता था और पता नहीं क्या-क्या होता था हम सिर्फ इस बारे में अनुमान लगाया करते थे। वर्कशॉप के उस  हिस्से में किसी के भी जाने की मनाही थी। वर्कशॉप के चारों तरफ बहुत ऊंची दीवारें थीं उनके ऊपर सरिये की जाली थी।

हमें बड़ी जिज्ञासा होती थी कि अंदर क्या होता होगा ? हमने बहुत कोशिश की थी मगर अंदर जा नहीं पाए थे। कोशिश इसलिए करते रहते थे कि उन दिनों रोडवेज के डिपो और ऑफिस के चप्पे – चप्पे को ह्म छाना करते थे। क्योंकि बस अड्डे पर जन्माष्टमी सजती थी,हफ्ते भर दिनों – रात हम वहीं चक्कर काटा करते थे । कभी प्रसाद बंटता था ,कभी  वीडियो लगता था तो कभी कीर्तन आदि होता था।  बस वर्कशॉप में ही हम बच्चे नहीं जा पाते थे। इसकी पता नहीं क्या  वजह थी कि हमारे लिए वहां  जाने क्यों मनाही थी ?

कमानी शब्द हम अक्सर सुना करते थे क्योंकि हमारे पड़ोस के हमारा साथी जहीर हमें कमानी को लेकर अक्सर अपना दुख दर्द बताया करता था। उसके पिता रोडवेज में कभी ड्राइवर हुआ करते थे। उनके साथ एक कंडक्टर भी था। जिसने कई सारी  कमानी बसों की चुराकर अपने बस में छुपा रखी थी । कंडक्टर हर हफ्ते एक दो कमानी चुराता था ।जिस पर जहीर के अब्बा जमील बहुत ऐतराज किया करते थे। मगर कंडक्टर उसकी एक न सुनता था ।यह तब आम बात हुआ करती थी।रोडवेज के वर्कशॉप में काम करने वाले बहुत लोग कमानी चुराते थे। जहीर बताता था कि कमानी का लोहा बहुत हाई क्वालिटी का होता था था। इसकी बहुत अच्छी कीमत मिलती थी ।इसके चाकू और कट्टे भी बनते थे। जहीर तो यह भी कहता था कि ये कमानी नेपाल में बहुत ऊंची कीमत पर बिकती थी क्योंकि कमानी के लोहे से भुजाली भी बनती थी नेपाल में।

एक दिन जहीर के अब्बा कंडक्टर के साथ जब वर्कशॉप से बस निकाल रहे थे तभी रोडवेज के आला अफसरों ने बस की जांच की। बस में कंडक्टर द्वारा छुपा कर रखी गई सत्रह कमानियों की बरामदगी हुई। तुरंत अधिकारियों ने पुलिस बुला ली। जहीर के अब्बा लाख गिड़गिड़ाते रहे और अपने पाक – साफ और ईमानदार होने की दुहाई देते रहे। पहले तो उनके अब्बा और कंडक्टर को जेल भेजा गया और फिर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। तब जहीर सिर्फ ढाई बरस का था और अब मेरे ह्मउम्र यानी बारह – तेरस बरस का था जब उसने मुझे यह बात बताई।

जहीर के अब्बा खां साहब का रुआब रखते थे।नमाजी,नेक, नरमदिल और ईमानदार। बरसों तक मुकदमा लड़ते रहे मगर नौकरी वापस नहीं मिली और अंत में हाईकोर्ट में वकील की फीस नहीं दे पाने से उम्मीद भी खो बैठे नौकरी को वापस पाने की।

 जहीर  के घर की गरीबी बढ़ती गई और उन चार भाई बहनों की तालीम छूटती गई। उनके दिन घनघोर गरीबी के थे। मस्जिद की कमेटी ने उन्हें मस्जिद से सटा एक जर्जर घर दे दिया था ।जिसमें जहीर का परिवार खुद्दारी से अपनी गरीबी काट रहा था। जहीर मेरे उम्र का था।उसने पढ़ाई छोड़ दी थी ।वह कहता था कि कि वह बक्सा – अलमारी का मिस्त्री बनेगा ताकि जल्दी से जल्दी घर खर्च उठा सके। उनके अब्बा को कहीं स्थायी ड्राइवर की नौकरी नहीं मिलती थी, क्योंकि खान साहब वाली कुलीनता उनके सर झुकाकर नौकरी करने में आड़े आती थी। जहीर अक्सर कहता था कि इस कमानी ने मेरे परिवार की जान ले ली है।

मोहल्ले में विधायक ,रेंजर,वकील ,प्रोफेसर, इंस्पेक्टर साहब सभी थे,मगर सबसे ज्यादा रोडवेज के कर्मी थे क्योंकि बस अड्डा  बिल्कुल बगल में था।

मोहल्ले के एक छोर पर मेरे घर से तीन घर छोड़ कर अल्ताफ अली उर्फ नन्हू का भी घर था,जो मुझसे दो -,तीन बरस उम्र में बड़ा था। नन्हू मेरे ही गांव का था। उसके नौ भाई बहन थे जो सब यहीं रहते थे। नन्हू वास्तव में अपनी नानी के घर रहता था,क्योंकि उसके कोई मामा नहीं थे। घर में सिर्फ बूढ़ी नानी और नन्हू के भाई -बहन रहते थे। नन्हू के माँ-बाप गांव में रहते थें ।गांव के रिश्ते से ही नन्हू मेरे पापा को मामा और मम्मी को मामी कहा करता था। नन्हू के घर बहुत ग़रीबी थी। नन्हू का सबसे बड़ा भाई डफ्लू रिक्शा चलाता था, उसके बाकी के पांच छह भाई कहीं न कहीं छोटी मोटी नौकरियां करते थे। कोई साइकिल की मरम्मत की वाली दुकान पर तो कोई ठेले पर चाय-पानी देने का काम करता था। उसकी दोनों बहनें भी मोहल्ले में सिर्फ बड़े और छोटे इंस्पेक्टर  भाइयों के यहां कभी- कभार कोई काम  कर दिया करती थीं जो उन्हीं की कौम के थे।

 नन्हू की नानी हमारे यहां भी कभी कभार अनाज वगैरह साफ करने का कुछ काम कर देती थीं जिसके एवज में मम्मी उन्हें कुछ अनाज दे दिया करती थीं।

नन्हू के भाइयों के साथ भी मैं खेला-कूदा करता था ।पर नन्हू से मेरी जिगरी यारी थी लेकिन घर से छिप – छिपा कर ही थी। क्योंकि जो बच्चे स्कूल नहीं जाते थे और जो स्कूल जाते थे उनका साथ रहना अच्छा नहीं माना जाता था।

 नन्हू में एक बात और थी वह मोहल्ले के हर घर में वीडियो देखने जाता था और लौट कर मुझे नई फिल्मों की कहानियां सुनाया करता था ।उन दिनों हमारे घर फिल्में देखने की सख्त मनाही हुआ करती थी। उन दिनों एक रिवाज था जो लड़के नई फिल्म देख लेते थे तो कुछ दिन उसी फिल्म का गाना गाते थे ।इससे उनका रौब गालिब होता था वह लड़के बहुत एडवांस माने जाते थे।मुझे अपने भाग्य पर बहुत कोफ़्त होती थी कि मैं क्यों पढ़े – लिखे लोगों के घर पैदा हो गया ।मेरी जिंदगी पढ़ाई,ट्यूशन,होमवर्क और घर के  रेडियो तक सीमित होकर रह  गई थी।

नन्हू मुझे नई फिल्मों की कहानियां भी सुनाता था और गीत भी। एक दिन वह इलू – इलू गाना गा रहा था तो मैने उससे पूछा यह गीत कहां से सुना। तब उसने मुझे बताया कि यह फिल्म बिलकुल नई आई है ,सौदागर नाम है इसका ।राजकुमार, दिलीप कुमार, जैकी श्रॉफ आदि हीरो हैं इसके।फिर उसने मुझे सौदागर फिल्म की कहानी विस्तार से बताई ।

नन्हू से फिल्म की कहानी सुनकर मुझे नन्हू के भाग्य से ईर्ष्या हुई और अपने भाग्य पर पछतावा।  मैने सोचा काश मैं वकील का लड़का न होता मांटेसरी स्कूल में टाई लगाकर पढ़ने न जाता तो कितना अच्छा होता ?

नन्हू के घर में पैदा होता तो मोहल्ले के हर घर में जमीन पर बैठकर वीडियो देखता और मोहल्ले के पार भी वीडियो देखने जाता।

नन्हू ने मेरी हालत को भांप लिया और कहा –

“ घबराओ मत।  मोहल्ले में कहीं सौदागर फिल्म लगेगी तो मैं तुमको हर हाल में दिखाऊँगा और महीने दो महीने में अगर मोहल्ले में नहीं लगी तो टॉकीज़ में ले जाकर दिखाऊंगा। उसने मुझे यह भी कहा कि वह मामी यानी मेरी मम्मी को मना लेगा। नन्हू की बात सुनकर मुझे वीडियो को लेकर तो कुछ तसल्ली हुई मगर मेरी मम्मी मुझे नन्हू के साथ सिनेमा हाल जाने देंगी इस पर मुझे विश्वास नहीं था । क्योंकि मेरी माँ का मानना था कि सिनेमा देखकर लड़के बिगड़ जाते हैं।

नन्हू से मेरी गाढ़ी दोस्ती की एक और वजह थी।नन्हू गांव के जिस मजरे में रहता था वह मेरे मजरे से एक किलोमीटर दूर था मगर ग्रामसभा एक ही थी।उन दिनों यह गन्दी बात प्रचलन में थी कि मेरे गांव की पट्टीदारी के कुछ लड़के नन्हू के गांव को जाने वाले गरीब मुसलमान बच्चों को अकेला पाकर उनके पैसे छीन लिया करते थे या  गाली- गलौज करके अपमान  किया करते थे।

एक बार नन्हू अपने गांव जा रहा था । अचानक दोपहर के एकांत में कुछ लड़कों ने नन्हू को पकड़ लिया। उससे पैसा छीनने की कोशिश करते हुए उसे गालियाँ देकर मारने जा रहे थे।

इत्तफाक से मै भी गांव गया हुआ था और अपने बाग में था। नन्हू ने मुझे देखा और पुकारा । मै पहुंचा तो उन लड़कों से सख़्ती से बोला कि  –

“नन्हू मेरा दोस्त और पड़ोसी है। छोड़ दो उसे। नहीं तो सबके घर पर बताऊंगा”। लड़के इस बात पर सहम गए और नन्हू को छोड़ दिया।नन्हू ने इस बात का बहुत एहसान मना। तब से हमारी दोस्ती और भी पक्की हो गई थी ।

इस घटना को दो महीने बीत गए। हमारे मोहल्ले नौशहरा  और रेलवे लाइन के उस पार के  सिविल लाइंस  मोहल्ले का मैच बस स्टॉप के पीछे के मैदान पर तय हुआ। मेरा स्कूल था सो मुझे जाना पड़ा। हालांकि स्कूल से आते ही बस्ता पटक कर मैं भाग कर वहां क्रिकेट मैदान पर मैं पहुंच गया। वजह क्रिकेट और मोहल्ले का मैच तो था ही । पर मेरा सबसे करीबी दोस्त और ठीक घर के सामने वाला संजय मिश्रा खेल रहा था। संजय को सब  कपिल देव कहते थे क्योंकि वह तह गेंदबाजी करता था और लंबे – लंबे छक्के लगाता था । वह लंबी लंबी फेंकता भी था ,गप्प खूब सुनाता था। पर ह्म दोनों एक दूसरे को बहुत पसंद करते थे और हमारी यह यारी डिग्री कालेज तक चली। उसका साथ तभी छूटा जब वह सपरिवार बस्ती जिले चला गया,जहां से वह आता था।

संजय की दुनिया क्रिकेट से इतर कुछ नहीं था, क्रिकेट क्रिकेट और सिर्फ क्रिकेट । वह तीन भाई थे । मोहल्ले का अगर  कोई घर से बाहर नहीं निकलता था तो तीनों भाई क्रिकेट आपस में ही खेल लेते थे। मैं संजय के लिए गया था। पता लगा कि मैच कैंसिल हो गया। स्कोर और अंपायर के गलत निर्णयों की वजह से मैच बीच में रोकना पड़ा। दोनों टीमों में मारपीट भी हुई।

टीमें घर जा चुकी थीं। मैदान पर दो-चार लड़के ही बचे थे। मै पहुंचा तो संजय उदास बैठा था। उसने बताया कि आज के मैच में उसने चार विकेट लिए और उसकी बैटिंग आने ही वाली थी तभी झगड़ा हो गया। उसे अफसोस था कि वह टीम को जिता नहीं सका दोनों टीमों के बीच हुए झगड़े की वजह से।

मैं उसी की वजह से गया था मैदान में।पर वह मैदान में निढाल बैठा था।बहुत दुखी था वह ।

 उसे दुखी देखकर मैने उसे तसल्ली दी कि

“भाई मैच फिर होंगे, इतना टेंशन मत ले।अब घर चल ” ।

वह बहुत विचलित था। उसने नहीं कहा और अपनी आंसू भरी आँखों से मुझे देखता रहा और फिर सर झुका लिया। काफी देर तक हम यूं ही बैठे रहे। मैं उकता गया तो बोला –

“ यार,घर चल या कहीं और चल इस तरह मैं बैठा नहीं रह सकता। मैंने तेरे चक्कर में खाना नहीं खाया,भूख लगी है।बस्ता रखकर इधर आ गया।  शाम को सरजी भी आयेंगे, ट्यूशन है मेरा”।

वह कुछ देर चुप रहा फिर बोला – “चलो चाट खाते हैं”।

वहाँ क्रिकेट का सामान छोड़कर ह्म दोनों बस अड्डे के मेन गेट की तरफ आ गए। वहां हम दोनों ने चाट खाई। फिर काफी देर तक कॉमिक्स,फिल्मी पत्रिकाएँ ,फिल्मों के पोस्टर देखते रहे ।इस तरह घंटों बीत गए। शाम ढलने लगी तो ह्म दोनों फिर उसी मैदान पर लौटे । तब तो कुछ छोटे बच्चे प्लास्टिक की बैट-,बाल लेकर खेलने आ गए थे। संजय की दुनिया ही क्रिकेट थी। उसने मुझे बैठने का इशारा किया और छोटे- छोटे बच्चों के साथ प्लास्टिक के बैट-बाल से क्रिकेट खेलने लगा। मैं रुक कर कर संजय के लिए बैठ गया। तब तक याद आया कि टयूशन के सर तो आज आने वाले नहीं थे, सो पूरी शाम खाली थी।

अचानक धुम्म-धुम्म की आवाज आई। मैने घूमकर देखा तो बस डिपो की ऊंची दीवारों और कंटीले तारों से कोई चीज आकर मैदान की कंटीली झाड़ियों में गिरी । ऐसा लगता था कि कोई चीज वर्कशॉप के अंदर से फेंकी गई हो।

यह किसी  और ने नहीं देखा था, क्योंकि संजय क्रिकेट में उलझा था और बाकी बच्चे बहुत छोटे थे।

आधे घंटे बाद एक आदमी आया जिसके हाथ और कपड़ों में मोबाइल आईल लगा था। वह कोई मिस्त्री  लग रहा था। वह तेजी से झाड़ियों की तरफ गया और उसने एक बड़ी सी कमानी खोज निकाली और झोले में रख ली। बदहवास सी वह दूसरी कमानी थोड़ी देर तक खोजता रहा और फिर वह अचानक वहां से तेज कदमों से निकल गया।

मै हैरान उसे देखता रहा। मुझे यह समझने में थोड़ी देर लगी ।पर यह मैं समझ गया कि यह कमानी रोडवेज वर्कशॉप के अंदर से चुरा कर दीवार के इस पार फेंकी गई है और थोड़ी देर बाद वहीं आदमी इसे उठाने आया है। मैं यह भी कन्फर्म हो चुका था कि उसने दो कमानियों को फेंका है और एक ही उसे मिली है। दूसरी वह खोज नहीं पाया है। यानी दूसरी कमानी अब भी वहीं झाड़ियों के बीच में पड़ी होगी।

धीरे – धीरे  शाम होने लगी।संजय क्रिकेट खेल चुका था।अब उसका  तनाव कम हो चुका था। हम दोनों घर लौट रहे थे तब मैने उसे कमानी के बारे में बताया। उसके पिता भी रोडवेज में कंडक्टर थे ।

उसने लापरवाही से कहा –

“छोड़ यार यह सब। देख रहे हो न मोहल्ले में जमील चाचा के घर का हाल। जो सरकारी माल छुएगा वो जेल जायेगा।आज बुधवार है,  आठ बजे चित्रहार आयेगा। तुम देखने आना। आज तुम्हारा इलू – इलू वाला गाना आए शायद”।

हम घर आ गए। आठ बजे का चित्रहार देखने मुझे मम्मी ने जाने नहीं दिया क्योंकि पूरी दोपहर और शाम मैं गायब ही रहा हूँ इसलिए चित्रहार कैंसिल। मैं कलप कर रह गया पर क्या करता ?

घर के बाहर रात के करीब साढ़े आठ बजे नन्हू मुझे मिल गया। वहीं कहीं से चित्रहार देखकर लौटा था। मैने पूछा –

“आज चित्रहार  में कौन सा गाना आया था। ईलू- ईलू आया था या नहीं ”?

उसने कुछ गानों के नाम बताए और यह भी बताया कि इलू-इलू वाला गाना आज नहीं आया था चित्रहार में।

हमने कुछ और बातें की। फिर मैने उसे कमानी वाली बात बतायी ।यह सुनते ही उसकी आंखों में चमक आ गयी।

उसने मुझसे उस मैदान में चलने को कहा। अव्वल तो मैं कमानी के मामले में शामिल नहीं होना चाहता था। रात को भी अगर मैं गायब होता तो मेरी पिटाई निश्चित थी। सो मैने अपनी असमर्थता जाहिर की।

मगर नन्हू को चैन नहीं था। उसने कहीं से टॉर्च का जुगाड़ किया और एक डंडा लेकर रात के अंधेरे में ही उन झाड़ियों में वह कमानी खोजने चला गया। उस मैदान में घुप्प अंधेरा रहता था। करीब एक घंटे बाद नन्हू फिर मुझे मिला । उसने बताया कि कमानी नहीं मिली। अंधेरे में टॉर्च जलाकर और डंडा पटककर उसने देखा मगर कमानी कहीं भी नहीं मिली न। फिर उसने निराश स्वर में कहा –

“भाई,लगता है या तो वही आदमी जिसने पहली कमानी उठायी थी दुबारा वापस आया और खोजकर कमानी उठा ले गया होगा। या किसी और ने देख लिया होगा कमानी को गिरते हुए और बाद में वह उठा ले गया होगा। तुमने मुझे बताने में देर कर दी । जब लौटे तभी बता देते तो कमानी मिल जाती।उसे बेचकर जो मिलता उसका आधा हिस्सा मैं तुमको देता”

यह कहते हुए उसका चेहरा लटक गया।

“तब कोई देख लेता तुम्हे। तो तुम भी फंस जाते,जहीर के अब्बा की तरह। तब क्या होता”

 मैंने अपनी बात रखी।

उसने मुझे असमंजस से देखा और चुप हो गया । मै भी घर लौट आया क्योंकि रात बढ़ती जा रही थी।

अगली दोपहर जब मैं स्कूल से आया तो तुरंत नन्हू हाजिर हुआ। वह खिलखिला कर बोला –

“भाई,मुंह अंधेरे ही बहुत सबेरे मैं गया था और कमानी खोजा तो मिल गई। बेचकर आ रहा हूं। साठ रुपए की बिकी। यह लो अपने तीस रुपये”।

मम्मी के सामने ही उसने तीस रुपए मुझे निकाल के दिए। मम्मी मुझे एक रुपया भी एक साथ नहीं देती थीं।चाट आठ आने की तब मिलती थी और सिनेमा के बाल्कनी का टिकट पांच रुपए में।  सो तीस रुपए मेरे कैसे हो गए ?

 तब सारी बात मम्मी को बतानी पड़ी। मम्मी ने रुपए लेने से इन्कार कर दिए और नन्हू से कहा “बेटा,यह सब गलत बात है। सरकारी चीज नहीं चुरानी चाहिए। यह पैसा तुम अपने ही पास रख लो। दुबारा यह सब न करना”।

नन्हू ने बहुत अनुनय किया पर मम्मी न मानीं । मैं नन्हू की बेवकूफी पर कुढ़ता रहा कि इसे मम्मी के सामने रुपयों की बात नहीं करनी चाहिए थी । तब यह मामला खुलता ही नहीं।  बाद में  आपस में ह्म दोनों समझ लेते।

अगले दिन मेरे स्कूल की छुट्टी थी। नन्हू फिर सुबह आया और मेरे लिए मिठाई, मीठी डबलरोटी आदि लाया।पर मम्मी ने मुझे कुछ खाने नहीं दिया।

दोपहर को वह फिर आया कि विजय टॉकीज में मिथुन चक्रवती की कोई फिल्म लगी है।जो वह मुझे दिखाना चाहता है,कमानी की हिस्सेदारी के बदले। मम्मी ने साफ मना कर दिया कि लड़का तुम्हारे साथ फिल्म देखने नहीं जाएगा। आजकल बहुत खराब फिल्में बनती हैं। अगर लड़के को कोई फिल्म देखनी होगी तो वह अपने बड़े भाई या पापा के साथ जाएगा। तुम जाओ हमें कमानी के बदले कुछ नहीं चाहिए।

नन्हू ने कहा –

“मामी,इसको आज नहीं भेज रही हो तो कोई बात नहीं। लेकिन जब  सौदागर फिल्म लगेगी तो मैं इसे जरूर दिखाने ले जाऊंगा। तब नहीं मानोगी तुम, तो मामा से कहूंगा पर मैं इसे सौदागर फिल्म दिखाऊंगा जरूर”।

“देखा जाएगा तब ,जब वो फिल्म लगेगी”यह खकर मम्मी ने जान छुड़ाई अपनी।

नन्हू के जाने के बाद मम्मी ने मुझे सख्त ताकीद की –

“इसके पैसों का न कुछ खाना और फिल्म देखने की तो सोचना भी मत”।

मैने मम्मी से हामी तो भर ली।

मगर नन्हू से मेरी बात अगले दिन फिर हुई। उसने मुझे सौदागर फिल्म दिखाने का वादा किया। और कभी कभार लोगों की नजरें बचाकर वह मुझे चाट खिला दिया करता था, कमानी की हिस्सेदारी के एवज में।

…

दिलीप कुमार 

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest