Monday, November 16, 2026
होमकहानीदीपक शर्मा की कहानी-सरकवां किवाड़

दीपक शर्मा की कहानी-सरकवां किवाड़

स्मृतियों के सरकवें किवाड़ से अतीत चुपके से भीतर झांक लेता है…

(1)

“कितनी सांसें बाकी हैं?” फुसफुसाहट सुरेश की थी।
“ओह!” उत्तरकारी स्त्री- स्वर हुलस- हुलस गया।
कस्तूरी ने आंखें खोलीं।
वह स्थान अजनबी था।
उस की शय्या भी।
और जिस स्त्री के साथ सुरेश उस पर झुका था वह कोई अपरिचिता !
चेतना खोने से पहले कस्तूरी ने शायद यही साड़ी पहन रखी थी जो उस समय अपरिचिता प्रदर्शित कर रही थी : गुलाबी किनारे वाली नीली क्रेप।
“अं…अं…,” उस अपरिचिता के बारे में पूछने के लिए कस्तूरी ने अपने गले पर दबाव डाला किंतु उस के शब्द उस के गले में अटक गए।
“इस बेड पर हरकत हुई क्या?” चौकीदारी में बैठी एक परिचायिका कस्तूरी की नब्ज़ टटोलने लगी।
अपरिचिता एकाएक लोप हो गई।
“अं…अं…,” कस्तूरी के नए शब्द फिर उस के गले में अटक लिए।
अपने पेट की परिचित उठान पर कस्तूरी ने अपना दूसरा हाथ रखा तो उसे वहां उठान के स्थान पर एक पट्टी मिली।
“अं…अं…,” कस्तूरी कराही।
“क्या तकलीफ़ ज़्यादा है?” परिचायिका ने हमदर्दी जतलायी।
“अं… अं…,” कस्तूरी की आंखों के आंसू ढुलक लिए।
वह फ़ौरन एक सूखे बिस्तर पर पहुंचना चाहती थी। यहां सब कुछ गीला था। उस के आंसुओं से। उस के ठंडे पसीने से। उस के लहू स्रावण से…
“मैं डाक्टर को बुला रहा हूं,” सुरेश वहां से चल दिया।
कस्तूरी की अटकल सुरेश के पीछे हो ली।

(2)

डाक्टर के पास न जा कर खुले में पहुंच कर सुरेश ने अपने मोबाइल पर बाबूजी के मोबाइल के अंक दबाए हैं।
“सुरेश?” बाबूजी ने अपने मोबाइल पर पूछा है, “कोई समाचार है क्या?”
“हां,” सुरेश ने कहा है, “कस्तूरी कल रात से एक नर्सिंग होम में भरती है…”
“मगर जो तारीख डाक्टर लोग ने बतायी थी वह तो अगले महीने में पड़ने वाली है,” बाबूजी चौंके हैं।
“लेकिन कल उस की तबीयत अचानक बिगड़ ली थी,” सुरेश बाबूजी को सच कभी न बताएगा, “और मैं उसे यहीं ले आया था…”
“खैरियत?” बाबूजी की आवाज़ में घबराहट घिर आई है।
“खैरियत तो नहीं है,” सुरेश बोलते- बोलते रुक लिया है।
“?” बाबूजी ने अपना प्रश्न अपने गले में रोक लिया है।
“बच्चा गिर गया है और कस्तूरी नीम- बेहोशी में चल रही है…”
“मैं आता हूं,” बाबूजी रो पड़े हैं। जब से मां के गले में कैंसर प्रकट हुआ है, बाबूजी का चित्त जल्दी व्यग्र हो जाता है।
“हां, आ जाइए और चाहें तो कुछ नगद भी लेते आइए…”
“कितने से काम चल जाएगा?” बाबूजी को अपना वह पड़ोसी याद हो आया है जो उन के स्टूडियो की पगड़ी का मोल सात लाख लगा रहा है…पैंतीस गुणा पच्चीस वर्ग फ़ुट वाला उन का स्टूडियो शहर के मुख्य बाज़ार में खड़ा कई मालदार दुकानदारों की नज़र में है…लोगबाग जानते हैं फ़ोटोग्राफ़ी का वह स्टूडियो बाबूजी के लिए इधर ज़्यादा आमदनी नहीं पैदा कर पा रहा… कारण, फ़ोटो खींचने में समर्थ मोबाइल की सुलभता अब बाबूजी के अधिकांश ग्राहकों को उन के स्टूडियो से दूर रखे है…
“सत्तर-अस्सी हज़ार तो लेते ही आइएगा,” सुरेश का स्वर दबदबे में बदल लिया है— (शादी के समय भी वह यही स्वर प्रयोग में लाया था : दहेज में मदवार सामान देने के इलावा बारात के खाने की व्यवस्था किसी बड़े होटल में रखिएगा) -–- “यह नर्सिंग होम एयर- कंडीशनड है और फिर कस्तूरी को दी जा रही दवाएं भी बहुत महंगी हैं…”
“ठीक है। मैं आता हूं,” बाबूजी दुगुनी चिंता से घिर आएं हैं, “फ़िलहाल आप कस्तूरी का पूरा- पूरा ध्यान रखिए…”

(3)

पिछली रात की दुर्घटना कस्तूरी की आंखों के सामने आ ठहरी…

“हमें इधर एक फ़्लैट लेना है,” स्टीरियंग का अपना एक हाथ सुरेश उस इमारत की ओर उठाता है जहां एक ग्यारह-मंज़िला निवास- स्थान तैयार किया जा रहा है।
“इधर?” कस्तूरी की आंखें फैल रही हैं।
“हां,इधर। उधर उन तीन बहनों और उन दो ममा- पापा के बीच हमें सम्पूर्ण एकांत मिलना सम्भव नहीं…”
“इन दिनों मैं अकेली नहीं रहना चाहती,” कस्तूरी ने अपनी अग्रवर्ती गर्भावस्था की ओर संकेत किया है और मुस्कराई है। उसे संतोष है असली बात वह साफ़ छिपा ले गई है। सुरेश से उसे बहुत डर लगता है मानो वह ऐसा भेड़िया है जो कभी भी भेड़ का वेश उतार सकता है।
“अभी तो फ़्लैट सिर्फ़ बुक कराएंगे। उस में तभी रहना शुरू करेंगे जब वह तैयार हो जाएगा…”
“मुझे यह इलाका अच्छा नहीं लग रहा,” कस्तूरी ने दूसरा बहाना खोज लिया है, “यहां बहुत सुनसान है…”
“जब तक हम इधर आएंगे, यह इलाका अच्छा बस चुका होगा…”
“बुकिंग के लिए कितना रुपया मांग रहे हैं?” सुरेश कभी भी धैर्य खो सकता है, कस्तूरी सावधान है।
“तीन लाख। केवल तीन लाख। तुम अपने बाप से नहीं मंगाना चाहती तो अपने गहने दे देना। उन्हीं को इधर- उधर गिरवी रख कर मैं थोड़ी – बहुत रकम खड़ी कर लूंगा…”
कस्तूरी रो पड़ी है। वह नहीं चाहती बाबूजी अपना स्टूडियो उठा दें। अट्ठाइस वर्ष पहले आयोजित एक राष्ट्रीय फ़ोटो प्रतियोगिता में जब उन्हों ने प्रथम स्थान पाया था तो वहां से मिली रकम में कुछ अपने बैंक के एफ़.डी. मिला कर उन्हों ने बड़ी उमंग के साथ अपने लिए यह स्टूडियो खरीदा था। फ़ोटोग्राफ़ी के कई जुड़नार इस में जमा किए थे।
और फिर अपने गहने भी कस्तूरी को बहुत प्रिय थे। उस की शादी के समय पर मां बीमार ज़रूर चल रहीं थीं किंतु अभी उन्हों ने अपनी कैंसर वाली जीवोतिपरीक्षा न करायी थी और बड़े चाव के साथ उन्हों ने अपने कई गहने तुड़वा कर कस्तूरी के लिए नयी आभूषण- सामग्री तैयार करवाई थी।
“तुम ठिनकती बहुत हो,” सुरेश कहता है। शादी में विदाई की वेला पर भी कस्तूरी के आंसुओं ने सुरेश में यही प्रतिक्रिया उत्पन्न की थी।
कस्तूरी की रुलाई बढ़ ली है।
“तुम रोना बंद करो। फ़ौरन। वरना तुम्हें गाड़ी से नीचे उतार दूंगा। जबरन।”
गाड़ी का ब्रेक कब लगा, इतना तो कस्तूरी को याद है मगर उसे इस नर्सिंग होम में कौन लाया, यह उसे बिल्कुल भी याद नहीं…

(4)

“इधर सफ़ाई का प्रबंध अच्छा है,” सुरेश की तेज़ आवाज़ ने कस्तूरी की अर्ध-मूर्च्छा आन तोड़ी।
“जी हां।अच्छी स्वच्छता है,” क्या वह प्रतिध्वनि उस डाक्टर की न थी जो उसे पिछली शाम से कस्तूरी को लगातार चुमकारती रही थी?
कस्तूरी ने अपनी आंखें खोल लीं।
उस के सामने बाबूजी भी खड़े थे।
“बिट्टो,” बाबूजी ने अपना मज़बूत हाथ कस्तूरी के माथे पर टिका दिया।
“आप को मालूम है?” डाक्टर बाबूजी की ओर अभिमुख थी, “ जिस रास्ते पर इन के साथ दुर्घटना हुई उधर मैं मात्र संयोगवश जा रही थी…मात्र संयोगवश…”
“जी,” बाबूजी बोले, “सौभाग्य कई बार मनुष्य-रूप में प्रकट हो लेता है…”
“मेरा नया नर्सिंग होम उसी इलाके में बन रहा है जिधर ये पति- पत्नी अपने लिए फ़्लैट बुक कराने जा रहे थे…मैं अपनी कार से लौट रही थी जब मैं ने आपके दामाद को आपकी बेटी के साथ उस दर्दनाक स्थिति में देखा…किसी चोर- उचक्के ने पिस्तौल का डर दिखा कर आप की बेटी के सारे गहने उतरवा लिए थे और सदमे के मारे इन्हें गर्भपात हो गया था और आप के दामाद इन्हें संभाल नहीं पा रहे थे…”
नर्सिंग होम की डाक्टर की बात का कस्तूरी ने खंडन नहीं किया।
वह जीवित रह सकी थी, यही क्या कम था!

(5)

बाध्यकर अपने विश्राम के बाद वह सीधी अपने मायके जाएगी, कस्तूरी ने निश्चय किया। बड़े भैय्या की सलाह ले कर अपने तलाक के कागज़ कचहरी में दाखिल करेगी…

एक और दृश्य की कल्पना उस के संग हो ली…

सुरेश सड़क पर गाड़ी चला रहा है। उस की बगल में वही अपरिचिता बैठी है : एक दुल्हन के परिधान में।
शादी के समय कस्तूरी को अपनी सास की तरफ़ से यही कांजीवरम् साड़ी तथा यही सोने का सेट मिले था। हाथों में पहनी गईं वे छ चूड़ियां भी वही रहीं। जो शादी की दावत के बाद सास ने उस से वापस भी ले लीं थीं : ‘यह सब तुम्हारा है। तुम जब चाहोगी, तुम्हें मैं लौकर से निकलवा दूंगी। तब तक तुम अपनी मां के दिए हुए कंगन, बालियां और नेकलेस पहनो…’
“कस्तूरी मरी नहीं,” सुरेश उदास है।
“ओह!” अपरिचिता सहानुभूति प्रकट करती है।
“मैं दहशत में हूं,” सुरेश कांप रहा है, “कहीं वह मुझे तलाक देने का मन न बना ले! उस का बड़ा भाई वकील तो है ही…”
“आप छुटकारा नहीं चाहते?”
“छुटकारा हां। मगर तलाक नहीं।”
“आह!”
स्टीरियंग पर सुरेश की हथेलियां बंध रही हैं…
लेकिन सुरेश अब कस्तूरी का कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
कस्तूरी दूर है अब।
कस्तूरी अब दूर ही रहेगी…

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
हिंसाभास, दुर्ग-भेद, रण-मार्ग, आपद-धर्म, रथ-क्षोभ, तल-घर, परख-काल, उत्तर-जीवी, घोड़ा एक पैर, बवंडर, दूसरे दौर में, लचीले फीते, आतिशी शीशा, चाबुक सवार, अनचीता, ऊँची बोली, बाँकी, स्पर्श रेखाएँ आदि कहानी-संग्रह प्रकाशित. संपर्क - [email protected]
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest