अरुण कमल की कविता ‘धार’ से लेकर तेजेंद्र शर्मा की कहानी ‘गोद उतराई’ तक साहित्यिक अभिव्यक्ति के विविध रंगों ने बांधा समां;
स्त्री-विमर्श, प्रवासी साहित्य, विभाजन की पीड़ा, दलित-आदिवासी विमर्श और हिन्दी पत्रकारिता पर हुआ गंभीर संवाद; दस पुस्तकों का लोकार्पण
रायगढ़ (छत्तीसगढ़), साहित्य की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती। वह देश, काल और भाषायी दायरों को पार करते हुए मनुष्य की संवेदनाओं, संघर्षों और अनुभवों को अभिव्यक्ति देता है। इसी व्यापक साहित्यिक चेतना का सजीव दृश्य छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में देखने को मिला, जहां दो दिनों तक हिन्दी साहित्य के अतीत, वर्तमान और भविष्य को लेकर देश-विदेश के साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने गंभीर विचार-विमर्श किया। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘इक्कीसवीं सदी का हिन्दी साहित्य : विविध परिदृश्य’ केवल अकादमिक व्याख्यानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यहां कविता की संवेदना, कहानी का यथार्थ, प्रवासी जीवन की जटिलताएं, स्त्री की बदलती पहचान और समाज के उपेक्षित वर्गों की आवाज एक साझा मंच पर सुनाई दी।
शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास (पंजीकृत), केंद्रीय हिन्दी निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा बुल्गारिया के देवम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित इस दो दिवसीय संगोष्ठी में प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से भारत के 15 से अधिक राज्यों और सात देशों के साहित्यकारों, विद्वानों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, प्राध्यापकों तथा शोधार्थियों की भागीदारी ने रायगढ़ को अंतरराष्ट्रीय हिन्दी साहित्यिक संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बना दिया।

संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात कवि एवं विचारक अरुण कमल की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनका रायगढ़ आगमन स्थानीय साहित्यिक जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा गया। जब उन्होंने मंच से अपनी चर्चित कविता ‘धार’ का पाठ किया तो सभागार में उपस्थित श्रोता उसकी काव्यात्मक संवेदना से जुड़ते चले गए। कविता के पाठ के बाद गूंजती तालियों ने साहित्य और पाठक के बीच के आत्मीय संबंध को एक बार फिर रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ के कुलपति प्रो. आर.डी. पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि तकनीक और तेजी से बदलती जीवनशैली के इस दौर में साहित्य की चेतना से जुड़ना पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। साहित्य मनुष्य को मनुष्यता का पाठ पढ़ाता है, उसकी संवेदनाओं को जीवित रखता है और समाज को मूल्यपरक दृष्टि प्रदान करता है। उन्होंने रायगढ़ में देश-विदेश के विद्वानों के एकत्र होने को पूरे अंचल के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय चौहान ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर साहित्यकारों और चिंतकों का एक मंच पर जुटना विश्वविद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने आयोजन के मुख्य संयोजक एवं विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास के संस्थापक-अध्यक्ष प्रो. मीनकेतन प्रधान के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें इस आयोजन की मजबूत आधारशिला बताया।

प्रवासी साहित्य : स्मृतियों से आगे बढ़कर वैश्विक समाज का दस्तावेज
संगोष्ठी का एक महत्वपूर्ण पक्ष प्रवासी हिन्दी साहित्य पर हुआ विमर्श रहा। ब्रिटेन से आए अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथाकार तेजेंद्र शर्मा ने अपने व्याख्यान में प्रवासी साहित्य की बदलती प्रकृति और उसके वैश्विक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इस धारणा से आगे बढ़ने की आवश्यकता बताई कि प्रवासी साहित्य केवल अपने देश, अपनी मिट्टी और बीते दिनों की स्मृतियों तक सीमित है। उनके अनुसार आज का प्रवासी लेखन विदेशी जमीन पर भारतीय अस्मिता के संघर्ष, सांस्कृतिक समन्वय, स्थानीय समाज के अंतर्विरोधों और व्यापक मानवीय प्रश्नों को भी अभिव्यक्त कर रहा है। उन्होंने मुख्यधारा के हिन्दी साहित्य और प्रवासी साहित्य के बीच निरंतर संवाद को समय की जरूरत बताया।
नीदरलैंड से आए साहित्यकार मनीष पांडेय ‘मनु’ ने भी इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने विभिन्न पीढ़ियों के रचनाकारों को एक मंच पर लाने के लिए मुख्य संयोजक प्रो. मीनकेतन प्रधान के प्रयासों की प्रशंसा की। कनाडा से आईं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार डॉ. स्नेह ठाकुर ने हिन्दी के वैश्विक विस्तार में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला और अपने काव्य-पाठ से श्रोताओं को भावविभोर किया।
बुल्गारिया से आईं डॉ. मौना कौशिक ने प्रवासी महिला साहित्यकारों के योगदान और वैश्विक साहित्य में स्त्री-अस्मिता की अभिव्यक्ति पर विचार रखे। इन प्रस्तुतियों से यह तथ्य उभरकर सामने आया कि हिन्दी अब केवल भारत की भौगोलिक सीमाओं में विकसित होने वाली भाषा नहीं है, बल्कि विश्व के विभिन्न समाजों में बसे भारतीय समुदायों के अनुभवों और सांस्कृतिक संवाद की भी महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति बन चुकी है।
समकालीन साहित्य की गुणवत्ता और आलोचना की भूमिका पर भी महत्वपूर्ण प्रश्न उठे। डॉ. पुनीत कुमार राय ने चिंता व्यक्त की कि वर्तमान दौर की रचनाएं पूर्ववर्ती साहित्य की तरह लोकजीवन में मुहावरों और नारों के रूप में अपनी जगह क्यों नहीं बना पा रही हैं। उन्होंने डॉ. नामवर सिंह और डॉ. रामविलास शर्मा जैसे आलोचनात्मक व्यक्तित्वों के अभाव, पुरस्कार-संस्कृति, प्रकाशन संबंधी विसंगतियों और अकादमिक नियुक्तियों की सीमाओं को गंभीर साहित्यिक सृजन के सामने मौजूद चुनौतियों के रूप में प्रस्तुत किया।
मिजोरम केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. सुशील कुमार शर्मा ने पूर्वोत्तर भारत की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा की। उन्होंने जनजातीय समाज की सहजता, सादगी, ईमानदारी और जीवन-पद्धति से जुड़े प्रसंग साझा करते हुए भारतीय साहित्य में पूर्वोत्तर के योगदान को रेखांकित किया।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के डॉ. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी ने कविता की शाश्वत प्रासंगिकता पर विचार रखते हुए इसे मानव चेतना की स्थायी और प्रमुख साहित्यिक विधा बताया। वहीं गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर की प्रो. गौरी त्रिपाठी ने समकालीन उपन्यास के व्यापक फलक पर चर्चा करते हुए काशीनाथ सिंह, शिवमूर्ति और अखिलेश जैसे कथाकारों की रचनाओं का उल्लेख किया। डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने विकलांग विमर्श के संदर्भ में समाज की बढ़ती ‘बौद्धिक विकलता’ पर कटाक्ष किया। डॉ. अंकुर शुक्ला ने जनसंचार माध्यमों के प्रभाव से हिन्दी के मौलिक शब्दों के घटते प्रयोग पर चिंता जताते हुए भाषा की समृद्ध शब्द-संपदा को संरक्षित रखने की आवश्यकता बताई। डॉ. हेमचंद्र पाण्डेय ने जीवनी साहित्य, प्रमोद झा ने हिन्दी पत्रकारिता, अंजनी तिवारी ‘सुधाकर’ ने व्यंग्य एवं डायरी लेखन, डॉ. गजेन्द्र तिवारी ने साहित्य पर विज्ञान और तकनीक के प्रभाव तथा डॉ. रामायण प्रसाद टंडन ने दलित एवं आदिवासी विमर्श पर अपने आलेख प्रस्तुत किए। इस प्रकार संगोष्ठी का वैचारिक दायरा साहित्य की परंपरागत विधाओं से आगे बढ़कर समाज के विविध वर्गों और समकालीन जीवन की जटिलताओं तक पहुंचा।


तालचेर (ओडिशा) के लेखक दिनेश कुमार माली की चार पुस्तकों ‘नंदिनी साहू का काव्य-संसार’, ‘ नए भाव शिल्प के कवि मीन केतन प्रधान’, ‘ शहीद माधोसिंह की खोज’ और ‘ उद्भ्रांत साहित्य पर मेरे नोट्स’ पुस्तकों का विमोचन किया गया। दिनेश कुमार माली ने 21वीं सदी की हिंदी कहानी की दशा और दिशा पर सारगर्भित विचार रखे। उन्होंने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि भूमंडलीकरण, बाज़ारवाद और डिजिटल क्रांति के इस दौर में हिंदी कहानी ने पारंपरिक दायरे से निकलकर मानव मन के सूक्ष्म द्वंद्वों और बदलते सामाजिक रिश्तों को केंद्र में रखा है। आधुनिक तकनीक और तेज़ रफ़्तार जीवनशैली से उपजे अकेलेपन तथा पारिस्थितिक संकट (पर्यावरणीय चिंताओं) को आज के कहानीकार पूरी संवेदनशीलता के साथ रच रहे हैं। ओड़िशा के ही अंग्रेजी के प्रोफेसर शांतनु ने भारतीय भाषाओं के पारस्परिक अनुवाद की आवश्यकता और महत्ता पर अपने अर्जित अनुभवों के आधार पर उदाहरण देते हुए विस्तार से प्रकाश डाला।
रायपुर स्थित डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय में हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा रानी प्रधान ने एक्कीसवीं सदी के हिन्दी निबंध,संस्मरण, यात्रा वृत्तांत, रेखा चित्र ,आत्म कथा के स्वरूप एवं विकास – विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक कहा कि गद्य साहित्य ने समय के नब्ज को पकड़ा है। आज का गद्य साहित्य वर्तमान परिदृश्य को अपने में समेटा है साथ ही निहित संवेदना को नए स्वरूप में प्रस्तुत कर रहा है। डॉ. क्षमा कुमारी, डॉ. चंद्रिका वैष्णव, डॉ. शिखा कुमारी, डॉ. साधना दीक्षित आदि ने भी अपने विचार रखे।


हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए योजनाओं की जानकारी
साहित्यिक विमर्श के साथ हिन्दी भाषा के संस्थागत विकास और प्रचार-प्रसार से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय हिन्दी निदेशालय, नई दिल्ली के सहायक निदेशक डॉ. दीपक पांडेय ने निदेशालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ‘प्रबोध, प्रवीण एवं प्राज्ञ’ पत्राचार पाठ्यक्रमों, नवलेखक शिविरों, शोधार्थियों के यात्रा अनुदान, हिन्दी प्रकाशनों, वित्तीय सहायता और विशिष्ट व्याख्यानों जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने साहित्यकारों और शोधार्थियों से इन सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण आकर्षण उद्घाटन सत्र में दस साहित्यिक पुस्तकों का एक साथ लोकार्पण रहा। हिन्दी साहित्य, आलोचना, लोक-संस्कृति और समकालीन विमर्शों से संबंधित इन ग्रंथों का मंचासीन अतिथियों और विद्वानों ने लोकार्पण किया। इसे आयोजन की महत्वपूर्ण साहित्यिक उपलब्धि के रूप में देखा गया।
पहले दिन की शाम काव्य गोष्ठी से संपन्न हुई, जिसमें अरुण कमल, मीन केतन प्रधान, डॉ. अंकुर शुक्ला, प्रमोद झा सहित विभिन्न कवियों ने अपने रचनात्मक संसार की सैर करवाई। हैदराबाद से हिंदी मिलाप के ब्यूरो चीफ एफ एम सलीम ने दकनी शैली की कवितापाठ कर काव्य गोष्ठी में नया रंग भरा।
कहानियों ने खोले समाज और मनुष्य के अंतर्द्वंद्व
संगोष्ठी के दूसरे दिन साहित्यिक सत्रों में कविता और आलोचना के साथ कहानी ने भी विशेष प्रभाव छोड़ा। साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित कवि अरुण कमल ने छठवें और सातवें तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता की। उन्होंने छायावाद के प्रणेता पद्मश्री मुकुटधर पाण्डेय के साहित्यिक योगदान को स्मरण करते हुए रायगढ़ की साहित्यिक परंपरा का उल्लेख किया तथा शोधपत्रों और प्रस्तुत विचारों की सराहना की।
ब्रिटेन से आए तेजेंद्र शर्मा ने अपनी चर्चित कहानी ‘गोद उतराई’ का पाठ किया। कहानी के माध्यम से उन्होंने प्रवासी जीवन और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े पहलुओं को सामने रखा। वरिष्ठ कथाकार डॉ. चन्द्रिका चौधरी ने भी अपनी कहानी के जरिए समकालीन सामाजिक यथार्थ और मनुष्य के भीतर चलने वाले अंतर्द्वंद्वों को अभिव्यक्त किया। इन कहानी-पाठों ने अकादमिक विमर्श के बीच रचनात्मक साहित्य की जीवंत उपस्थिति दर्ज कराई।


स्त्री-विमर्श में प्रतिरोध से आत्मनिर्णय तक की यात्रा
संगोष्ठी के अकादमिक सत्रों में स्त्री-विमर्श पर भी गंभीर चर्चा हुई। डॉ. सुषमा देवी ने स्त्री-लेखन में प्रतिरोध, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने की स्वतंत्रता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि समकालीन स्त्री-विमर्श में महिला केवल सामाजिक परिस्थितियों के विरुद्ध आवाज उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेने और अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है।
डॉ. मौना कौशिक ने प्रवासी महिला लेखिकाओं के साहित्यिक अवदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विदेशों में रहकर भी हिन्दी की महिला रचनाकार भारतीय जीवन-मूल्यों, सांस्कृतिक अनुभवों और स्त्री-अस्मिता के सवालों को वैश्विक संदर्भ प्रदान कर रही हैं।
इसी क्रम में डॉ. सौरभ सराफ ने ‘भारत विभाजन और इक्कीसवीं सदी के हिन्दी उपन्यास’ विषय पर अपने विचार रखते हुए विभाजन की स्मृतियों, विस्थापन और मानवीय पीड़ा के साहित्यिक चित्रण का विश्लेषण किया। उन्होंने विभाजन को केवल एक ऐतिहासिक-राजनीतिक घटना के रूप में नहीं, बल्कि पीढ़ियों तक प्रभाव छोड़ने वाले मानवीय त्रासदी के अनुभव के रूप में देखने की आवश्यकता रेखांकित की।
डॉ. सीमा रानी प्रधान ने निबंध, संस्मरण, यात्रा-वृत्तांत और आत्मकथा जैसी कथेतर गद्य विधाओं की प्रासंगिकता पर चर्चा की। उनके अनुसार ये विधाएं लेखक के निजी अनुभवों के माध्यम से समाज और समय की वास्तविकताओं को पाठकों के सामने लाती हैं।
संगोष्ठी के मुख्य संयोजक एवं विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास के संस्थापक-अध्यक्ष प्रो. मीनकेतन प्रधान ने सभी सहयोगी संस्थाओं, अतिथियों, वक्ताओं और शोधार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में प्रस्तुत चयनित शोधपत्रों को ग्रंथ के रूप में प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे दो दिनों के विचार-विमर्श और शोध कार्य को स्थायी दस्तावेज के रूप में सुरक्षित रखने की दिशा में पहल होगी।
अकादमिक यात्रा का मील का पत्थर बना आयोजन
समापन समारोह में कुलपति प्रो. विनय चौहान ने इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को विश्वविद्यालय की अकादमिक यात्रा और संस्थागत प्रगति का मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों और शोधार्थियों को देश-विदेश के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता रहे। इस अवसर पर अतिथियों, वक्ताओं, समन्वयकों और शोधार्थियों को शॉल, श्रीफल तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. सौरभ सराफ ने किया। विभिन्न सत्रों में प्रो. रवींद्र कौर चौबे, डॉ. राजेश दुबे एवं डॉ. बी.के. भगत ने भी अपने विचार रखे।
रायगढ़ की इस दो दिवसीय साहित्यिक यात्रा का महत्व केवल सात देशों के रचनाकारों की भागीदारी या दस पुस्तकों के लोकार्पण तक सीमित नहीं रहा। इसकी वास्तविक उपलब्धि उन सवालों में दिखाई दी, जो साहित्यकारों ने एक-दूसरे के सामने रखे—बदलते समय में कविता की प्रासंगिकता क्या है, प्रवासी लेखन किस तरह वैश्विक समाज को समझ रहा है, स्त्री की साहित्यिक अभिव्यक्ति कैसे बदल रही है, आलोचना के सामने कौन-सी चुनौतियां हैं और हिन्दी अपनी मौलिक शब्द-संपदा को किस तरह बचा सकती है। रायगढ़ का विश्वविद्यालय परिसर दो दिनों तक विचारों, अनुभवों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों का साझा मंच बना रहा।

केन्द्रीय हिन्दी निदेशालय,शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली
द्वारा विश्व हिंदी अधिष्ठान, रायगढ़ छत्तीसगढ़ के संयोजन में
शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ तथा देवम फाउंडेशन बुल्गारिया के संयुक्त तत्त्वावधान में
30-31 अक्टूबर 2026 को द्वि दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन संपन्न हुआ । जिसमें देश विदेश से उपस्थित विद्वानों द्वारा हिन्दी साहित्य की विविध विधाओं पर गहन चिंतन – विश्लेषण किया गया। जिसमें प्रवासी साहित्यकारों में अग्रगण्य बहुचर्चित कहानीकार श्री तेजेंद्र शर्मा विशेष रूप से आमंत्रित थे । देश -विदेश के अनेक साहित्यकारों के मध्य प्रवासी साहित्य की विकास यात्रा और उसके वैशिष्ट्य पर उनका अत्यंत प्रभावशाली व्याख्यान हुआ था । जिसे भारत के प्रमुख समाचार पत्रों ने प्रकाशित किया। आयोजक को फोन सहित कई मैसेज प्राप्त हुए । इसके लिए श्री तेजेंद्र शर्मा जी को बधाई और शुभकामनाएँ ।
यह हर्ष की बात है कि रायगढ़ कार्यक्रम में उपस्थित श्री सलीम जी ने पूरे आयोजन का विस्तृत विवरण “पुरवाई “ में प्रकाशित होने का उपक्रम किया । जिससे पूरी दुनिया में इस सेमिनार की महत्ता सिद्ध होगी ।
अस्तु कथा यूके के महासचिव और पुरवाई के
संपादक श्री तेजेंद्र जी को बहुत धन्यवाद।
साथ ही भारत के प्रभारी श्री सलीम जी को साधुवाद।
—-
मीनकेतन प्रधान
भारत
14/11/26
आदरणीय तेजेन्द्र शर्मा जी,
पुरवाई पत्रिका में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘इक्कीसवीं सदी का हिन्दी साहित्य : विविध परिदृश्य’ की सारगर्भित रिपोर्ट प्रकाशित करने के लिए मैं अपनी ओर से तथा DEVAM प्रतिष्ठान के समस्त सदस्यों की ओर से आपका हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। रायगढ़ में विश्व हिन्दी अधिष्ठान तथा अन्य संस्थाओं द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रम की चर्चा देश विदेश में पंहुच रही है. यह हम सब के लिए प्रसन्नता का विषय है l
आपकी विद्वता,सारगर्भित विचारों और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को समृद्ध किया।
आशा है, भविष्य में भी आपका सान्निध्य और सहयोग DEVAM (देवम) प्रतिष्ठान को इसी प्रकार मिलता रहेगा।
सादर धन्यवाद एवं हार्दिक आभार।
डॉ. मौना कौशिक
अध्यक्ष, DEVAM प्रतिष्ठान
सोफिया, बुल्गारिया
आदरणीय तेजेन्द्र जी की कहानी *गोद उतराई* के बहुतेरे संवाद मेरे मानस में गूंज रहे हैं।
गोद लेने का उद्देश्य बेटा नही बैटी के अकेलेपन में एक भाई का होना था।तो क्या एक बिमार शिशु को इसलिए गोद उतराई के कानूनी पहलू से हो कर गुजारना इस संवेदनशील मानव के जीवन को लाभ हानि का व्यावसायिक रुप देना उस इकलौती बेटी के लिए मानसिक त्रासदी नहीं है…सभ्य समाज में अतिबुद्धिवादिता समाज को कौन सा दिशा देरहा है,इस पर सामयिक विचार आवश्यक है।
सामाजिक सरोकारों पर आदरणीय तेजेन्द्र शर्मा जी की कथा कहानी अभियान प्रशंसनीय कार्य है।
उनका प्रवासी भारतीयों के हृदय में चल रहे उथल-पुथल कि उनके बाद के भारत वंशी हिंदी या मातृभाषा से बढ़ती दूरी के प्रति चिंता सामयिक व वास्तविक चिंता है।काश, तेजेंद्र शर्मा जी या अन्य प्रवासी भारतीय ३०-३१/१०/२०२६ के आयोजन में अपने भारत वंशी पादपों को ला कर श्रोता दीर्घा में बैठा पाये होते तो यह एक समाधान हो सकता था/है…जय जय!जय हिंदी! जय भारत!जय प्रवासी भारतीय!
-अंजनीकुमार तिवारी’सुधाकर’
6/84,बड़े रामपुर,बैंक कालोनी,रायगढ़-496001 (छत्तीसगढ़)
बहुत ही सराहनीय, उत्साहवर्धक एवं प्रेरक रिपोर्ट। आदरणीय तेजेन्द्र शर्मा सर को बहुत-बहुत साधुवाद, कार्यक्रम में आपकी गरिमामयी उपस्थिति इस अंचल के साहित्य इतिहास में उल्लेखनीय बनी रहेगी और आपकी सूक्ष्म निरीक्षणी दृष्टि व व्यापक चिंतन समाचार में दर्ज है जो संग्रहणीय है। धन्यवाद सर
आदरणीय तेजेन्द्र शर्मा जी साहित्य, कला और संस्कृति की नगरी में आपका आगमन निश्चय ही इतिहास के पन्नों पर स्वर्णिम अक्षरों पर लिख जाएगा । आपने इस अंचल को जो स्नेह और सम्मान प्रदान किया है वो सदैव यहां के सुरमयी वातावरण को सुगंधित और आनंदित करता रहेगा।आपके संवेदनशीलता ,भावप्रनता आपकी रचना गोद उतराई के माध्यम से मन और मस्तिष्क को झकझोरता रहेगा।।आपने अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को इस तरह से दर्ज कर स्मृति को सुंदर रेखाओं से अंकित किया है उसके लिए हृदय से आभार,साधुवाद।
यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी निश्चित रूप से शोधार्थियों ,विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ ही प्रवासी साहित्यकारों से रूबरू होने का अवसर और विदेश के साहित्य से परिचित होने का एक शुभ अवसर मिला ,जहां हमने देखा कि किस प्रकार साहित्य चाहे कहीं भी रचा गया हो उसकी मूल में संवेदना ही होती है ।इस प्रकार साहित्य का यह विशाल मंच निश्चित रूप से एक नए भावबोध और समाज को आईना दिखाने का काम करता है। इस विशाल प्रयोजन से साहित्य के विविध विधाओं के नए स्वरूप से अवगत होने का अवसर मिला, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद।
रायगढ़ में आयोजित समकालीन साहित्य के विविध आयामों पर मंथन अत्यंत सार्थक एवं प्रेरणादायी रहा। देश-विदेश के विद्वानों के विचारों ने समकालीन हिन्दी साहित्य की चुनौतियों और संभावनाओं को नई दृष्टि प्रदान की। शोधार्थी के रूप मैं मुझे भी अपना शोधपत्र पढ़ने का सुअवसर प्राप्त हुआ। प्रधान सर एवं उनकी पूरी टीम को ह्रदय से धन्यवाद
केन्द्रीय हिन्दी निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा विश्व हिंदी अधिष्ठान, रायगढ़ छत्तीसगढ़ के संयोजन में शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ तथा देवम फाउंडेशन बुल्गारिया के संयुक्त तत्वाधान में 30-31 अक्टूबर 2026 को द्वि दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन संपन्न हुआ जो मेरे लिए एक साहित्यिक महोत्सव के समान रहा, मेरा सौभाग्य है कि मैं इस कुंभ में अपनी उपस्थिति दे सका। जहां देश विदेश से पधारे साहित्यकारों के आशीर्वचन सह उनका सानिध्य मिलना भी दुर्लभ है। आदरणीय तेजेन्द्र शर्मा जी द्वारा इस यादगार सुफल आयोजन के सम्पूर्ण सम्पन्नता का बहुत ही प्रेरणा दायी रिपोर्ट प्रस्तुत किया गया है जिसका आपको बहुत बहुत आभार सह आपके सार्थक कार्य के लिए आपको शुभकामना।
वास्तव में साहित्य में साहित्यकार का युग प्रदर्शन ही साहित्य रचना को जीवंतता प्रदान करती है। जो साहित्यकार को अमरता की ओर ले जाता है। इसी अमरता के मार्ग हम सतत अग्रसर रहें। यह सीख हमें इस आयोजन में मिली है। ऐसे आयोजन कर्ता को और इस आयोजन में प्रारंभ से सुफल अंत तक जुडे़ प्रत्येक साहित्यकारों को मेरा सादर प्रणाम है, आशा है सदैव ऐसे आयोजन अनवरत होते रहेंगे…….।
विश्व हिंदी अधिष्ठान न्यास रायगढ़, केंद्रीय हिंदी निदेशालय भारत सरकार, शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ और देवम प्रतिष्ठान बुल्गारिया यूरोप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में हिंदी साहित्य के विविध विधाओं पर मुक्त चिंतन का आत्मानुशासन और आत्मानुभूति के साधारणीकृत स्वरूप की जितनी भी प्रशंसा की जाय,कम है। वास्तव में यह संगोष्ठी अपनी पूर्णता में पूर्ण तो थी ही पर साहित्य के विविध रूपों का वर्णन और प्रस्तुतिकरण विशेष आकर्षक रहा। उदाहरणार्थ, कहानीकार आदरणीय तेजेन्द्र शर्मा जी की कहानी ‘गोंद उतराई’ की शिल्पगत बुनावट और उसका अप्रतिम वाचन के कारण संगोष्ठी के मुख्य केंद्र में रहा। यही कारण था कि भारत के विभिन्न भाषाओं के समाचार पत्रों ने इस कहानी का प्रमुखता के साथ उल्लेख किया। संगोष्ठी में जब यह कहानी आदरणीय शर्मा जी द्वारा वाचित हो रही थी तब मेरा मन दत्तचित्त होकर भी भारत की क्रमबद्ध परंपरा ‘नाव उतराई’ से लेकर ‘गोद उतराई’ तक के परिवर्तित भारतीय मानवीय मूल्यों एवं खंडित संवेदना के बीच संघर्ष कर रहा था। निश्चित रूप से यह कहानी सामाजिक विद्रूपताओं और खंडित मूल्यों के साथ संघर्ष करती है और अनगिनत सवाल खड़े कर कहानी के माध्यम से ही समाधान का सफल प्रयास करती है। एतदर्थ तेजेंद्र शर्मा जी को बहुत बहुत बधाई!
पता नहीं क्यों मुझे बार-बार ‘प्रवासी’ शब्द परेशान करता रहा। संगोष्ठी में आए हुए हमारे प्रवासी साहित्यकार विदेशों में हिंदी साहित्य को पल्लवित और पुष्पित कर रहे हैं। जिसके कारण हिंदी के वैश्विक रूप की दशा और दिशा का मानक निर्धारित हो रहा है। संगोष्ठी सम्पन्न होने पर ये पुनः विदेशों में प्रवसित हो जाएंगे। प्रवासी शब्द में अंग्रेजी के ‘माइग्रेशन’ की जो वेदना है, कदाचित उससे ही परेशान होकर मैंने ‘भारतवंशी साहित्यकार’ कहना उचित समझा।
आदरणीय शर्मा जी, साहित्य और विशेषतः संगोष्ठी का यथातथ्य प्रतिवेदन प्रस्तुत कर आप ने हिंदी को वैश्विक क्षितिज पर प्रतिष्ठित करने का जो भगीरथ प्रयास कर रहे हैं,वह वंदनीय के साथ साथ हम सभी के लिए अनुकरणीय भी है। एतदर्थ आप को बहुत बहुत धन्यवाद! मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य में होने वाली संगोष्ठियों में आपका संसर्ग हम लोगों को हमेशा प्राप्त होता रहेगा। प्रणमामि मुहुर्मुहु: ।
डॉ रमेश चंद्र श्रीवास्तव
(पूर्व आई.एस.एस.)
शुभम विहार बिलासपुर छत्तीसगढ़ भारत
एक ऐतिहासिक संगोष्ठी, जहाँ कहानीकार तेजेन्द्र जी का जीवंत कथा-वाचन स्मृतियों के पिटारे का अमूल्य खज़ाना बनकर सदा के लिए संरक्षित रहेगा। एक सार्थक साहित्यिक-बौद्धिक चर्चा हेतु मिनकेतन जी तथा आयोजक मंडल को कोटिशः साधुवाद!!
कुछ मधुरिम स्मृतियाँ स्नेह ठाकुर जी के मृदुल व्यवहार तथा मोना कौशिक जी के स्नेहिल सान्निध्य में….