कोलाहल
बचपन में मन के उपवन में,
भावनाएँ उपजीं अभिराम।
खेल-खिलौनों का उत्सव,
क्रीड़ा करते भोर और शाम।
यौवन आकांक्षाओं ने जब,
भीतर मचा दिया कोहराम।
लक्ष्य पथ को हुए समर्पित,
सफलता संग चली अविराम।
वृद्ध हुए व्याधि ने घेरा,
पलभर निद्रा न आराम।
मंदिर के घंटे सम बाजें,
अवयव सारे अस्थि तमाम।
जीवन कोलाहल में छूटे,
कब से श्याम कब से राम।
झंझा झंझट में सब भूले,
लेना परम पिता का नाम।
मुरलीधर
अधरों पर मुरली धर कान्हा,
छेड़ प्रेम की तान ओ कान्हा।
राग मधुर धुन नवीन बजा रे,
भूल जगत प्रलाप ओ कान्हा।
पनिया भरन को आई गोरियाँ,
मटकी भी संग लाई छोरियाँ।
भीगीं प्रीतरस खोकर सुध-बुध,
खिंची चलीं सब प्रेम डोरियाँ।
भूलीं पनघट का भी रस्ता,
देख दशा तू मन में हँसता।
पलक मूँद तू पी गया नीर,
घट भर पीर न सौदा सस्ता।
तू है चतुर सुजान ये माना,
रचता रास जगत अनजाना।
तर कर मटके को तू भर दे,
उँडेल व्यथा जो गीत समाना।
वृक्ष की कथा
मैं जाना जाता वृक्ष बरगद का,
मृदा-रक्षक सैनिक सरहद का।
साधु सम जड़ वृहद जटाएँ,
सामना करें भरपूर आपद का।
थी अतिवृष्टि कभी मैंने झेली,
अनावृष्टि में, हिम्मत न ठेली।
बाढ़ भयंकर सिर से निकली,
या पाँव तले सूखे की टिकड़ी।
भेद किया न ऊष्ण-शीत का,
चक्रवात-आँधी भयभीत का।
वट मैं साक्षी सावित्री प्रीत का,
यमराज से सत्यवान जीत का।
गया समय जब पूजा करती,
स्त्रियाँ गाती थीं मंगलाचार।
कन्याएँ सावन झूला झूलीं,
थीं डाल गले बाँहों का हार।
मजबूत मेरे स्तम्भों की छाया,
तले चबूतरे पर थी पंचायत।
देखा करता मैं न्याय सत्य,
भीड़ आसीन रूप में आयत।
साँझ ढले गायन-वादन की,
महफिल अँगना खूब चली।
भोर हुए कई नर-नारी झुंड,
हँसी-ठिठोली थी खूब भली।
प्रेमी अपना नाम मेरे तन पर,
लिख जाने अब नहीं आते हैं।
पत्तों के पत्तल-दोने, टहनी का,
गुल्ली-डंडा बच्चे न बनाते हैं।
साधु मंडली थी खूब भली,
मम छाया रहते ध्यान-मग्न।
दंड-कमंडल वहीं धरे पर,
साधना के प्रथा हुई भग्न।
मैं जमा खड़ा हूँ वहीं सदी से,
पाखी के बसेरे फिर क्यों उठे।
मेरी शाख पकड़ उछलते जो,
समझा न वानर क्यों अब रूठे।
मैं था घिरा कच्चे थे मकान,
थे लहलहाते खेत-खलिहान।
अब भव्य भवन गगनचुम्बी,
प्रेम रिक्त हैं प्रगति के निशान।
आशा के छींटे
अभी उमस थी, अभी घुटन थी,
बिजली कौंधी, अँधियारी छाई।
घिर-घिर आई लो कारी बदरिया,
अहा! छम-छम बूँद बरसी आईं।
रिमझिम फुहार, अभी थी ठंडक,
बादल छँटे, उफ! तीक्ष्ण किरन।
तपन, चुभन, फिर वही प्रतीक्षा,
कब कृपा करेगा नभ गहन ??
पल-पल बदलते इस रूप का,
क्या भेद कभी पा पाएगा ?
कौन मित्र और कौन है शत्रु
यहीं उलझा रह जाएगा।
कोई साथ नहीं, सुनसान डगर है,
चहुँओर जंग का घातक शोर।
राह अड़े ठूँठ, कंटक, खंजर हैं,
रात अंध घनी, कब होगी भोर ?
विकट घड़ी और कठिन परीक्षा,
बुद्धि, विवेक, साहस और धैर्य,
बल व कर्म मिली जो शिक्षा,
अचल, अटल यही तेरा आश्रय।
भय, आक्रोश नहीं तेरा धर्म,
आशा, विश्वास, सोपान तंत्र।
उत्थान – यह जीवन का मर्म,
विजय प्राप्ति का मूल-मंत्र।
जीव अंत, थक-हार थमा तो,
सदियाँ गुज़रें, तू चला-चल।
पर उपकारी संत कहाँ वो,
शुद्ध हृदय लें पी हला-हल।
जग कल्याणी तेरी भावना,
होगा तूफ़ानों से भी सामना।
नाते-रिश्तों से हो टकराना,
अग्नि समुद्र पार है जाना।
तू न मौसम की बाट जोह,
न हरितिमा का पंथ निहार।
संयम कर मन की उहा-पोह,
गंतव्य देगा निज पथ बुहार।
लक्ष्य प्राप्ति उत्सव आएगा,
सब पीड़ा-कष्ट भुला जाएगा।
युग से दीर्घ उस तपन को,
तू स्वयं अधिक लघु पाएगा।
इस ताप की जो वाष्प उठेगी,
नवीन जलद निर्माण करेगी।
नभ कब तक भार उठाएगा?
आखिर तो जल बरसाएगा ।
देखो-
फिर बदली घिर-घिर आई हैं,
प्रतिष्ठित मानवता हुई हैं।
उल्लास हर्ष सुख की बौछारें,
चुभन–तपन अब कहीं नहीं है।
चुभन–तपन अब कहीं नहीं है॥
चुभन–तपन अब कहीं नहीं है॥।
जीवन सफ़र
सागर तट की रेत सा
जीवन मेरा कुछ बिखर गया है।
संघर्षों लहरों के बहाव में
छपाक से टूट, कुछ सँवर गया है।
पड़ी चमकती धूप तो,
कष्ट सह तपकर कुछ निखर गया है।
तूफ़ान बहुत झेले तब
अस्तित्व खोकर कुछ सिमट गया है।
देख तिनका-तिनका पीड़ित
व्यथा द्रवित हो उनसे लिपट गया है।
थमा बवंडर शांत किनारे
छिटकी सीपी को सहलाने निकट गया है।
दूर प्रवाह से रह जब चाहा स्थिर टिककर रहना
तो आँधियों ने इधर-उधर पटक दिया है।
कभी इस टीले में
कभी उस डगर पर
अज्ञात मुसीबतों ने पल में झटक दिया है।
रोज़ सफ़र, नए मुकाम
राह हरेक के हमजोली
से हाथ मिलाए शिखर समीप अटक गया है।
समस्या आती है जीवन में
मार्ग पर डटकर चलना ही प्रगति जानी है।
पत्थर और काँटों के रस्ते
किसके न जीवन की यह नियति ज्ञानी है।
हँसते, गीत गाते चलो चले
सतत उन्नति पथ की यही प्रकृति पहचानी है।
डॉ. आरती ‘लोकेश’
ढाई दशकों से दुबई में निवास करती हैं। 35 वर्षों से शिक्षण संस्थानों में सतत कार्यरत हैं और वुडलम पार्क स्कूल दुबई में पाठ्यक्रम निर्माण अध्यक्ष हैं। 28 पुस्तकों की रचयिता डॉ. आरती एक साहित्यकार के रूप में प्रतिष्ठित हैं और इनके लेखकीय योगदान के लिए वर्ष 2024 में यू.ए.ई. सरकार ने इन्हें स्वर्ण वीसा से ‘ऑथर’ रूप में सम्मानित किया है।
Mobile: +971504270752
Email: [email protected]
