Monday, November 16, 2026
होमलेखदीवार नहीं, देहरी

दीवार नहीं, देहरी

  • ऋषभदेव शर्मा

भाषाओं के संवाद में राष्ट्र की आत्मा और अस्मिता की तलाश

भारत को जानना हो तो किसी लंबी दूरी की रेलगाड़ी के साधारण डिब्बे में बैठ जाइए। हर कुछ सौ किलोमीटर पर डिब्बे का स्वर बदलने लगता है। चायवाले की पुकार में नई लय आ जाती है। स्टेशन के नामपट पर नई लिपि उभर आती है। खिड़की वाली सीट के लिए होने वाली बहस नए शब्दों में होने लगती है। फिर भी कोई यात्री गूँगा नहीं रहता। कोई अधूरी हिंदी से काम चला लेता है, कोई हाथ के इशारों से, कोई दो भाषाओं को मिलाकर एक तीसरी गढ़ लेता है। रात होते-होते अजनबी यात्री एक-दूसरे का अचार चख चुके होते हैं।

यह डिब्बा भारत का लघु रूप है। अनेक भाषाओं में बँटा हुआ; फिर भी बातचीत में डूबा हुआ। विचारणीय है कि यह बातचीत क्या है, और कि भारतीय भाषाएँ मिलकर किस तरह राष्ट्र की आत्मा और अस्मिता को रचती हैं।

शब्दकोश के बाहर की स्मृति :

भाषा को हम अक्सर बात पहुँचाने का उपकरण भर मान लेते हैं। यह वैसा ही है, जैसे घर को केवल छत और दीवारों का ढाँचा मान लेना। जबकि असल में, भाषा किसी समाज की संचित स्मृति है। उसमें उस समाज का मौसम, उसकी खेती, उसकी रसोई, उसके रिश्ते, उसके देवता, उसके डर और उसके सपने दर्ज रहते हैं। पहाड़ की बोली में बर्फ़ के कई नाम मिलते हैं, क्योंकि वहाँ जीने के लिए बर्फ़ की हर करवट पहचाननी पड़ती है। समुद्र किनारे की भाषा में लहरों और मछलियों के लिए ऐसे शब्द होते हैं, जिन्हें मैदान ने कभी सुना ही नहीं।

जब कोई भाषा चुप हो जाती है, तो केवल शब्द नहीं जाते। दुनिया को देखने की एक पूरी खिड़की बंद हो जाती है, जिसे कोई शब्दकोश फिर नहीं खोल सकता।

इसीलिए राष्ट्र की आत्मा उसके नक्शे में नहीं, उसकी भाषाओं में रहती है। और भारत की आत्मा इतनी बड़ी है कि वह किसी एक भाषा में नहीं समाती। तमिल की प्राचीन काव्य-धारा, बांग्ला का नवजागरण, मराठी के संतों की वाणी, तेलुगु का पद-माधुर्य, कन्नड़ के वचन, मलयालम का आधुनिक कथा-संसार, पंजाबी की गुरुवाणी और लोकगीत, असमिया और ओड़िया की भक्ति, उर्दू की तहज़ीब और हिंदी का विशाल जनपदीय विस्तार। ये अलग-अलग मकान नहीं, एक ही घर के अनेक आँगन हैं।

एक कथा, अनेक जन्म :

 आज ‘अस्मिता’ शब्द प्रायः तनी हुई भौंहों के साथ बोला जाता है। मानो अपनी पहचान बचाने का अर्थ दूसरे की पहचान से भिड़ जाना हो! भाषाओं के मामले में यह सोच सबसे घातक है, क्योंकि भारतीय भाषाओं की अस्मिता एक-दूसरे के विरोध में नहीं, एक-दूसरे के सान्निध्य में बनी है।

रामकथा को देखिए। वह कंब के हाथों तमिल में जन्मी तो तमिल हो गई, कृत्तिवास के हाथों बांग्ला में तो बांग्ला, तुलसी के हाथों अवधी में तो अवधी। किसी ने शब्द के बदले शब्द नहीं रखा, सबने कथा को अपनी मिट्टी में दोबारा बोया। नामदेव की वाणी पंजाब पहुँचकर गुरु ग्रंथ साहिब में स्थान पाती है। दक्खिनी में उत्तर और दक्षिण की धाराएँ ऐसे घुलती हैं कि सीमा-रेखा खोजना कठिन हो जाता है। यह सब किसी सरकारी योजना से नहीं हुआ। यह इसलिए हुआ कि भारतीय भाषाओं ने अपनी सीमा को कभी दीवार नहीं माना, देहरी माना। देहरी पर खड़ा व्यक्ति घर के भीतर भी होता है और बाहर से आने वाले का स्वागत भी कर सकता है।

संविधान ने इसी विवेक को शब्द दिए। आठवीं अनुसूची में अनेक (आज 22) भाषाओं को स्थान मिला। हिंदी संघ की राजभाषा बनी, पर अनुच्छेद 351 ने उसे यह दिशा भी दी कि वह हिंदुस्तानी और आठवीं अनुसूची की अन्य भाषाओं के रूपों, शैलियों और पदावली को आत्मसात करके समृद्ध हो। अर्थात, हिंदी का कद दूसरों को छोटा करके नहीं, दूसरों से सीखकर बढ़ना था। एक भाषा की अस्मिता को संविधान ने सबकी साझी पूँजी से जोड़ दिया।

मित्र बनकर आई भाषा :

 इस संवाद में हिंदी की भूमिका विशेष है। पर विशेष होना श्रेष्ठ होना नहीं, अधिक उत्तरदायी होना है।

स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी को देश की संपर्क भाषा बनाने का सपना उन लोगों ने भी देखा, जिनकी मातृभाषा हिंदी नहीं थी। महात्मा गांधी ने 1918 में मद्रास में दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा की नींव रखी। उसके बाद दक्षिण के असंख्य घरों में दीये की रोशनी में हिंदी की किताबें खुलीं। लोगों ने अपनी मातृभाषा से प्रेम घटाए बिना हिंदी सीखी और सिखाई। उस आंदोलन की शक्ति उसकी स्वैच्छिकता थी। हिंदी तब फैली, जब वह मित्र बनकर दरवाज़े पर आई। जब-जब उसे आदेश के स्वर में प्रस्तुत किया गया, तब-तब दरवाज़े भीतर से बंद होने लगे।

संपर्क भाषा का धर्म पुल बनना है, बाढ़ बनना नहीं। पुल दोनों किनारों को बचाए रखकर उन्हें जोड़ता है, बाढ़ सब किनारों को डुबो देती है। हिंदी का बड़प्पन उसके बोलने वालों की गिनती में नहीं, उसके मन के खुलेपन में है। वह जितनी तमिल, बांग्ला, तेलुगु और मराठी के निकट जाएगी, उतनी ही अखिल भारतीय होगी।

आईने के सामने तीन प्रश्न :

 संवाद की बात तब तक अधूरी है, जब तक हम अपने चेहरे को आईने में न देखें। तीन प्रश्न ऐसे हैं, जिनसे नज़र चुराना हमें आसान लगता है।

पहला प्रश्न हिंदी समाज से है। हम अक्सर उलाहना देते हैं कि हिंदीतर प्रदेश हिंदी नहीं अपनाते। पर हिंदी प्रदेश में कितने लोगों ने कोई दक्षिण या पूर्वोत्तर भारतीय भाषा सीखी? त्रिभाषा सूत्र ने यह अपेक्षा की थी कि उत्तर के विद्यार्थी भी कोई अन्य आधुनिक भारतीय भाषा पढ़ें। व्यवहार में यह अपेक्षा एकतरफ़ा चिट्ठी बनकर रह गई। संवाद में बोलने जितना ही ज़रूरी सुनना भी है।

दूसरा प्रश्न हम सबसे है, हमारी मातृभाषा चाहे जो हो। मंच पर हम अपनी भाषा की आरती उतारते हैं और घर लौटकर बच्चे के लिए सबसे महँगा अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय खोजने लगते हैं। विवाह का निमंत्रण, दुकान का नाम, घर के बाहर लगी नामपट्टी, सब पर अंग्रेज़ी का ही अधिकार है। बच्चा अपनी भाषा में गिनती नहीं जानता। और यह हमें चिंता की नहीं, गर्व की बात लगती है! जिस भाषा को हम आत्मा कहते हैं, उसे हमने अपने ही घर में मेहमान का कमरा दे दिया है।

तीसरा प्रश्न सबसे कड़वा है। भारतीय भाषाएँ कभी-कभी आपस में ऐसे झगड़ती हैं, मानो एक के घर का दीया बुझने से दूसरे का आँगन उजला हो जाएगा। सच यह है कि हिंदी और तमिल, या बांग्ला और असमिया के बीच कोई मौलिक बैर नहीं है। असली चुनौती वह मानसिकता है, जो ज्ञान, प्रतिष्ठा और अवसर को केवल एक विदेशी भाषा से जोड़कर देखती है। दो बिल्लियों की लड़ाई में रोटी अक्सर बंदर के हाथ लगती है। भारतीय भाषाएँ सहोदर हैं। उनका सम्मान भी साथ बढ़ेगा और उनकी उपेक्षा भी साथ होगी।

जड़ों की नमी :

 भाषाओं की चर्चा में बोलियों को भूल जाना पेड़ की बात करते हुए जड़ों को भूल जाने जैसा है। हिंदी की परंपरा अवधी, ब्रज, भोजपुरी, मैथिली, राजस्थानी, बुंदेली, गढ़वाली, कुमाऊँनी जैसी बोलियों से सिंचित हुई है। तुलसी, सूर, मीरा और विद्यापति इन्हीं की गोद में पले। अन्य भारतीय भाषाओं के भीतर भी क्षेत्रीय रूपों का ऐसा ही हरा-भरा संसार है।

मानक भाषा जब बोलियों को गँवारू कहकर हाशिये पर धकेलती है, तो वह अपनी ही जड़ों की नमी सुखा देती है। ऊपर से पेड़ हरा दिखता रहता है, पर भीतर से खोखला होने लगता है। बोलियाँ भाषा की प्रतिस्पर्धी नहीं, उसकी साँस हैं।

गिरमिट की गठरी में भाषा :

 भारतीय भाषाओं का संवाद देश की सीमा पर आकर नहीं रुकता। उन्नीसवीं सदी में गिरमिटिया मज़दूर जब मॉरीशस, फ़िजी, सूरीनाम, गयाना और त्रिनिदाद के जहाज़ों पर चढ़े, तो उनकी गठरी में संपत्ति के नाम पर बहुत कम था। पर उस गठरी में भोजपुरी और अवधी के गीत थे, मानस की चौपाइयाँ थीं, दादी-नानी की कहानियाँ थीं। उन्हीं के सहारे उन्होंने पराई धरती पर अपना घर बसाया। फ़िजी हिंदी और सूरीनाम की सरनामी आज उसी गठरी की खुली हुई सौगात हैं।

सिंगापुर और मलेशिया में तमिल, खाड़ी देशों में मलयालम, कनाडा और ब्रिटेन में पंजाबी और गुजराती, सब यही कहानी दोहराती हैं। प्रवासी भारतीय अपना पासपोर्ट बदल सकता है, पर अपनी भाषा की लोरी नहीं बदल पाता। विश्व के मंच पर भारत की सांस्कृतिक उपस्थिति का सबसे विश्वसनीय दूत उसकी भाषाएँ ही हैं।

ये पगडंडियाँ आगे जाती हैं :

 इस संवाद को दिशा देने के लिए कुछ ठोस कदम ज़रूरी हैं।

पहली पगडंडी मातृभाषा में प्रारंभिक शिक्षा की है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भी इस पर बल देती है। जिस बच्चे की जड़ें अपनी भाषा में मज़बूत होती हैं, उसकी शाखाएँ दूसरी भाषाओं तक भी सहजता से फैलती हैं।

दूसरी पगडंडी ज्ञान-विज्ञान की ओर जाती है। कोई भाषा केवल कविता और भावुकता के सहारे आधुनिक जीवन में नहीं टिकती। विज्ञान, चिकित्सा, विधि, अभियांत्रिकी और प्रबंधन की उत्कृष्ट सामग्री जब तक हमारी भाषाओं में नहीं होगी, वे घर की चौखट और मंच की सीढ़ियों तक सीमित रहेंगी।

तीसरी पगडंडी सीधे अनुवाद की है। आज भी कई बार एक भारतीय भाषा की रचना दूसरी भारतीय भाषा तक अंग्रेज़ी के रास्ते पहुँचती है। पड़ोसी के आँगन तक जाने के लिए सात समुंदर का चक्कर लगाना संवाद नहीं, विडंबना है।

चौथी पगडंडी हर भारतीय के अपने संकल्प की है कि वह कम से कम एक अन्य भारतीय भाषा सीखे। यह किसी पर उपकार नहीं, अपने भारत-बोध का विस्तार होगा।

पाँचवीं पगडंडी तकनीक के विवेकपूर्ण उपयोग की है। मशीन अनुवाद और कृत्रिम मेधा भाषाओं की दूरियाँ घटा सकते हैं, पर व्यंग्य की धार, कविता की लय और लोक-स्मृति की परतें मनुष्य ही पढ़ और गढ़ सकता है। तकनीक हमारी सहायक बने, हमारी जगह न ले।

खेत नहीं, बगीचा :

 राष्ट्र की अस्मिता एकरूपता से नहीं, समरसता से बनती है। एक ही रंग के फूलों से भरी ज़मीन खेत कहलाती है, बगीचा नहीं। बगीचे का सौंदर्य रंगों की विविधता में है, और उसकी व्यवस्था उन पगडंडियों में, जो हर क्यारी तक पहुँचती हैं। भारतीय भाषाएँ इस बगीचे के फूल हैं, और उनके बीच का संवाद वे पगडंडियाँ, जिन पर चलकर हम एक-दूसरे तक पहुँचते हैं।

जिस दिन लखनऊ का विद्यार्थी किसी तमिल पद को गर्व से गुनगुनाएगा, चेन्नई का युवा बेझिझक हिंदी में बतियाएगा, और दोनों अपनी-अपनी मातृभाषा को भी उतने ही प्रेम से सँजोएँगे, उस दिन रेल के उस (जिसका ज़िक्र शुरू में किया गया था) डिब्बे की बातचीत पूरे देश की बातचीत बन जाएगी। तब भारतीय भाषाओं की देहरियाँ दीवार नहीं रहेंगी; वे राष्ट्र की आत्मा और अस्मिता के संवाद का द्वार बन जाएँगी। 000

  • ऋषभदेव शर्मा

परामर्शी (हिंदी), मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद (तेलंगाना, भारत)

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest