कल देर रात तक
सजाकर बकरों को
ख़ूब घुमाया और खिलाया गया
आज मोहल्ले में खामोशी छाई है
जश्न होने के बावजूद!!!
कल तक सारे बच्चे मोहल्ले के
स्कूल से आने के बाद बकरों में लगे रहते थे,
यहाँ तक कि स्कूल जाते वक़्त
बकरों को लाड़ करके
बाय किया करते थे।
आज वो सब उदास हैं भीतर से।
क़िस्से सुना रहे हैं अपने दोस्तों को
बकरों की होशियारी और ख़ूबसूरती के,
अभी बकरों की गंध नहीं गई है अहातों से,
वे अब भी ज़िंदा हैं ज़हन में बच्चों के,
अचानक से आती हैं आवाज़ें
उनकी कानों तक।
वो खूँटा जहाँ बाँधे जाते थे
हिफ़ाज़त से,
उस खूँटे पर अब
ख़ामोशी मंडरा रही है,
सन्नाटा कालेपन के साथ पसरा पड़ा है,
जिस बाल्टी में पीते थे पानी
पूँछ हिलाते हुए
वो बाल्टी आधे पानी से भरी
कोने में सिसक रही है।
जिस रस्सी से बांधा जाता रहा,
वो रस्सी फेंक दी गयी है एक तरफ़
किसी लाश की तरह।
आखिरी वक़्त जिन तुअर की पिंडियों को
खाया था बकरों ने
उनके जबड़ों से कटी टहनियां
अपने अधूरापन में मुर्झा रही हैं
यहाँ-वहाँ पत्ते कई तरह के बिखरे पड़े हैं।
चार साल के अज़मत ने जब
सुबह उठकर अपने शेरू बकरे को नहीं देखा,
तब से ज़ारोंकतार रो रहा है
न तो उसके रोने को किसी ने सुना,
न उसे बकरे की ज़िब्ह गर्दन दिखाई,
बस ये कहकर चुप कराते रहे
“बेटा शेरू अल्लाह मियाँ के पास गया है”।
लेकिन अज़मत को कुछ समझ नहीं आया,
कल तक तो वो उसे हर जगह ले जाता था घुमाने,
वो अकेला कैसे गया अल्लाह मियाँ के पास?
अज़मत भी ज़िद करता है रोते हुए
“मैं भी जाऊंगा अल्लाह मियाँ के पास।”
घरों की औरतें जुट गई हैं
रात के खाने की तैयारी में
उठने लगेंगी लज़ीज़ ख़ुशबुएँ
सालन, कोरमे और बिरयानी की
घरों की छतों, खिड़कियों से रात होने तक।
- डॉ मोहसिन ख़ान

बहुत आभार आदरणीय तेजेंद्र जी!!!
आदरणीय खान सर!
पूरी कविता पढ़ी। बहुत ही मार्मिक लगी। बचपन सिर्फ तीन चीजें समझता है-आँसू,हँसी और प्रेम! या कहें -खुशी,दुख और प्रेम!
सिर्फ प्रेम की भाषा को समझने वाला बचपन दुनिया के संपर्क में आने के बाद अच्छाइयों और बुराइयों से जूझता रह जाता है।
कविता के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई सर!