Tuesday, September 8, 2026
होमकहानीडॉ वंदना शर्मा की कहानी: एनिवर्सरी एक नई शुरुआत

डॉ वंदना शर्मा की कहानी: एनिवर्सरी एक नई शुरुआत

“सुनो! कल हमारी एनीवर्सरी है। क्या गिफ्ट दोगे मुझे।” खुशी ने चहकते हुए अपने पति से पूछा। उसके पति गर्वित को ऑफिस के लिए लेट हो रहा था। वो चिल्लाते हुए बोला – “क्या हमेशा बच्चों वाली बातें करती रहती हो। कैसी एनीवर्सरी? ये सब अमीरों के चोचले हैं। हम मिडिल क्लास वाले तो महीने का खर्च भी बड़ी मुश्किल से निकाल पाते हैं। पढ़ी-लिखी हो पैसा कमाने के बारे में सोचो। मुझे देर हो रही है। शाम को मिलते हैं।” ऐसा कहकर गर्वित ऑफिस चला जाता है।

खुशी का 12 वर्षीय बेटा भी स्कूल जा चुका था। उसका मूड ऑफ हो चुका था पति की बात सुनकर। रसोई बिखरी पड़ी थी, पर उसका मन नहीं था समेटने का। वो सीधे बेडरूम में जाती है और रोने लगती है। सोचती है गर्वित से उम्मीद करना ही बेकार है।
शादी को तेरह साल हो गए। अभी तक एक भी एनीवर्सरी अच्छे से नहीं मनाई। हर बार एनीवर्सरी के दिन ही झगड़ा कर लेता है और मेरा मूड भी ऑफ कर देता है। कैसा सनकी पति है। खुश होना तो आता ही नहीं। पिछली बार गर्वित का मूड ठीक था, उसने झगड़ा नहीं किया। लेकिन पूरे दिन पानी नहीं आया। पूरे दिन घर बिखरा पड़ा रहा। बिना नहाए, बिना पूजा किए क्या एनीवर्सरी मनाती। एक बार मूड अच्छा था तो रात को ही केक ले आए और सुबह जल्दी-जल्दी में केक काटा, एक सेल्फी ली और चले गए ऑफिस।

लो जी हो गई एनीवर्सरी। अरे ऐसे थोड़े ही होता है। कितना बोरिंग पति है मेरा। ऐसी बात नहीं कि गर्वित खुशी को प्यार नहीं करता। प्यार तो करता है जताने से डरता है। हर छोटी-छोटी बात का ध्यान रखता है। बस अधिक संस्कारी है, खुश होना नहीं आता। उसे ये सब बातें बचकानी लगती हैं। लेकिन गर्वित की भी तो कोई गलती नहीं है। इतनी महंगाई में दिल्ली के खर्चे जान ले लेते हैं। घर का किराया, बिजली का बिल, बच्चे की फीस, कार की ईएमआई और घर का राशन। इन सब में ही सारी सैलरी कब खत्म हो जाती है। पता ही नहीं चलता।
मैं दूसरों की तरह एनीवर्सरी मनाना ही क्यों चाहती हूं। उसकी सारी दोस्त, भाभियां, बहन सब एनीवर्सरी पर केक काटते हैं, पार्टी करते हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट करके हम जैसों का दिल भी जलाते हैं। रील और रियल जिंदगी में काफी फर्क होता है। जरूरी नहीं जो रील में खुश नजर आ रहे हैं वो सच में अपनी जिंदगी में भी खुश हों। फोन की वजह से अपना दिन क्यों खराब करना।

अब खुशी का मूड ठीक हो चुका था। वो एक दार्शनिक की तरह गम्भीर हो गई। और एक कप कॉफी बनाकर अपनी बालकनी में पौधों के पास जाकर बैठ गई। और आसमान को निहारने लगी और सोचने लगी। ऐसी फीकी खुशी तो मुझे भी नहीं चाहिए। बस आधे घंटे में केक काटो, फोटो खींचो और हो गई एनीवर्सरी। नए कपड़े खरीदो तो भी बस दस मिनट की खुशी ही रहती है। नया-नया जोश तभी तक रहता है। नए कपड़े पहनो, फोटो खींचो, अपनी बहन को दिखाओ, वीडियो कॉल करके और जरा सी तारीफ के बाद फिर वही वैसा। कहीं होटल में खाना खाने जाओ तो बस तीन-चार घंटे की खुशी। फिर सारा दिन सामान्य ।कहीं बाहर घूमने जाओ तो महीने का बजट गड़बड़। ट्रिप पर झगड़ा और घर आकर दो दिन तक पछतावा और थकान।आखिर मैं चाहती क्या हूं, असली खुशी क्या है?

खुशी थोड़ी देर पौधों को देखती है। एक विचार कौंधता है दिमाग में, वो सहसा अपनी गुल्लक तोड़ती है और देखती है कितनी बचत की है उसने एक साल में।वो मुस्कराकर उठती है। कॉफी का कप रसोई में रख। स्कूटी की चाबी उठा अपने बेटे को स्कूल से लेने जाती है।

शाम को जब गर्वित आता है तो वो शांत रहती है। ना कोई खुशी, ना गुस्से का भाव, ना एनीवर्सरी की बातें। गर्वित भी चुप रहने में समझदारी समझता है।
अगली सुबह खुशी चहकते हुए उठती है। गर्वित को एनीवर्सरी विश करती है और अपने दैनिक काम पर लग जाती है। बेटे के स्कूल जाने के बाद मंदिर जाती है गर्वित के साथ और घर आकर खुशी-खुशी गर्वित का टिफिन पैक कर देती है और उसे ऑफिस भेजती है।

उसे समझ आ गया था असली खुशी क्या है। दोनों के जाने के बाद वो बहुत सारी पूरी-सब्जी बनाती है और खाने के 50 डिब्बे पैक कर लेती है। जब अपने बेटे को लेने जाती है तो सारा खाना साथ ले जाती है। अपने बेटे के साथ आते हुए उन डिब्बों को फुटपाथ पर बैठे गरीबों में बांट देती है।

शाम को एक केक लेकर और कुछ समोसे, फल लेकर अपनी दोस्त के कोचिंग जाती है। वहां बच्चों के साथ केक काटकर अपनी एनीवर्सरी मनाती है। उसकी दोस्त भी हंसते हुए कहती है “खुशी तो एनीवर्सरी भी अकेले ही मनाती है।”

खुशी कहती है “अरे अकेले कहां – आप सबके साथ, बच्चों के साथ, इन सबकी दुआओं के साथ मनाया है ना। आज का दिन सच में बहुत खूबसूरत रहा। मैं सच में बहुत खुश हूं। ना कोई सोशल पोस्ट, ना कोई दिखावा। सादगी भरी खुशियों से सजी रही इस बार की एनीवर्सरी।”

खुशी जब अपने बेटे के साथ घर पहुंचती है तो गर्वित को घर पर देख चकित रह जाती है। उसने भी केक और लाइट से एनीवर्सरी मनाने की तैयारी कर रखी है। खुशी का बेटा गर्वित को सारी दिन की कहानी सुनाता है तो गर्वित खुशी को देखते हुए कहता है कि – “वाह जी वाह एनीवर्सरी अकेले-अकेले मना ली। अब तो हमारी कोई जरूरत ही नहीं है।”
खुशी हंसते हुए कहती है – “नहीं, नहीं ऐसा नहीं है। तुम सारा दिन व्यस्त रहते हो तो मैंने सोचा -………”
“चलो अब कोई क्लेश नहीं करते, आओ केक काटते हैं। बहुत हो चुके लड़ाई-झगड़े, गिले-शिकवे। आओ अब नई शुरुआत करते हैं।”
तीनों एक साथ केक काटते हैं और एक गुणवत्तापूर्ण सार्थक समय एक साथ जीते हैं। खुशी गर्वित को अपनी स्वलिखित कविता सुनाती है
आओ एक नई शुरुआत करते हैं

आओ नई शुरुआत करते हैं
एक कप चाय के साथ
फिर कोई नई बात करते हैं

कब तक यूं ही लड़ते रहेंगे
गिले-शिकवे आपस में करते रहेंगे
छोड़ो अतीत के पन्ने , आओ
फिर से कोई नई कहानी लिखते हैं

आओ नई शुरुआत करते हैं
कुछ तुम बदलो अपनी आदत
थोड़ा हम भी बदलते हैं

कुछ तुम सुनो मेरी
थोड़ा हम भी तुम्हें सुनते हैं
बीत गई सो बीत गई
पुरानी बातों से नहीं
अपना मूड खराब करते हैं

मोहब्बत तुमको भी है
मोहब्बत हमको भी है
फिर क्यों ये रिश्ता खराब करते हैं

तुम शब्द मैं अर्थ
तुम गीत मैं स्वर
तुम बिन मैं व्यर्थ
तुम बढ़ो एक कदम
हम भी साथ चलते हैं

चाह हो निभाने की
तभी रिश्ते दूर तक चलते हैं
आओ नई शुरुआत करते हैं
फिर नई मुलाकात करते हैं।

  • डॉ वंदना शर्मा, पांडव नगर नई दिल्ली

RELATED ARTICLES

6 टिप्पणी

  1. बहुत बहुत धन्यवाद आपका आदरणीय सम्पादक महोदय मेरी स्वलिखित मौलिक कहानी को पुरवाई में स्थान देने के लिए

    • आभार आपका आदरणीय mam। आपका आशीर्वाद प्राप्त कर मन आह्लादित है। अपना स्नेह बनाए रखें

  2. वन्दना जी!

    आपकी कहानी “एनिवर्सरी :एक नयी शुरुआत ” पढ़ी।
    कहानी वैवाहिक जीवन में अपेक्षाओं, आर्थिक यथार्थ, दिखावे की संस्कृति, और रिश्ते में संवाद की अपेक्षा करती महसूस हुई।

    आपने रोजमर्रा के छोटे-छोटे अनुभवों से दांपत्य जीवन की संवेदनशील तस्वीर खींचने का प्रयास किया है।

    आपकी कहानी आधुनिक मध्यमवर्गीय दांपत्य जीवन की उस विडंबना को सामने लाती है, जहाँ प्रेम मौजूद होते हुए भी उसे व्यक्त करने का ढंग, समय और परिस्थितियाँ रिश्ते में तनाव पैदा कर देती हैं। खुशी चाहती है कि उसकी शादी की सालगिरह भी दूसरी महिलाओं की तरह उत्सव और उल्लास के साथ मनाई जाए, जबकि उसका पति गर्वित इसे अनावश्यक खर्च और दिखावे की चीज मानता है।
    गर्वित खुशी से प्रेम करता है, उसकी छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रखता है, लेकिन प्रेम व्यक्त करने के मामले में संकोची है।

    खुशी भी केवल भौतिक उपहार की आकांक्षी नहीं है। वह चाहती है कि पति उसके भावनाओं को समझे और उसके साथ उस विशेष दिन को साझा करे। इस प्रकार दोनों के बीच वास्तविक समस्या प्रेम के अभाव की नहीं, बल्कि प्रेम की अभिव्यक्ति और अपेक्षाओं के अंतर की है।

    खुशी के अंतर्मन में इसी बात का द्वन्द्व है।

    दिल्ली जैसे महानगर में खर्चे भी बेहिसाब हैं।किराया,बिजली, बच्चे की फीस, कार की ईएमआई और घरेलू खर्च के बीच उत्सव के लिए अलग से धन निकालना मध्यमवर्गीय परिवार के लिए आसान नहीं होता। कहानी इस तथ्य को बहुत सहज ढंग से व्यक्त करती है।गर्वित संवेदनहीन नहीं है किंतु उस पर आर्थिक दबाव भी है।

    वर्तमान में सोशल मीडिया और दिखावटी खुशी
    कहानी का सबसे समकालीन पक्ष, रील और रियल लाइफ के अंतर को लेकर है। खुशी जब अपनी सहेलियों और रिश्तेदारों की सोशल मीडिया पोस्ट देखती है तो उसे लगता है कि हर कोई उससे अधिक खुश है।

    लेकिन यहीं कहानी अपने सकारात्मक पक्ष को उजागर करती है ‌। वह निश्चय करती है कि खुशी को दूसरों की जिंदगी से तुलना करके नहीं, अपने जीवन के अर्थ और संबंधों से तलाशना चाहिए।इस आत्मबोध के बाद खुशी समझ जाती है कि वास्तविक खुशी केक, नए कपड़े, होटल या यात्रा से मिलने वाले क्षणिक आनंद में नहीं बल्कि किसी जरूरतमंद को भोजन देकर उसके चेहरे पर संतोष देखने में है।

    प्रतीकात्मक दृष्टि से कहानी में खुशी नाम सार्थक न केवल सिद्ध हो रहा है‌ बल्कि प्रतीकात्मकता को और दृढ़ करता है। आरंभ में खुशी स्वयं खुशी की तलाश में है। वह चाहती है कि उसका पति उसे खुश करे। लेकिन कहानी के अंत तक वह समझ जाती है कि खुशी केवल बाहर से मिलने वाली वस्तु नहीं है; उसे अपने व्यवहार और दृष्टिकोण से भी निर्मित किया जा सकता है।

    50 गरीब लोगों के लिए भोजन तैयार करके उन्हें बाँटना इसी आत्मबोध के, आत्मानंद की अनुभूति है।

    यह प्रसंग कहानी के शीर्षक को अर्थ देता है। खुशी सालगिरह मनाती तो है, लेकिन उस तरह नहीं जिस तरह उसने पहले सोचा था।वह शाम को अपनी सहेली के कोचिंग सेंटर में बच्चों के साथ केक काटकर सालगिरह मनाती है और उसी समय घर पर गर्वित भी उसके लिए केक और सजावट की तैयारी कर रहा होता है।

    कहानी में यहाँ केवल खुशी नहीं बदलती, गर्वित भी बदलता है। वह स्वयं पहल करके कहता है—“बहुत हो चुके लड़ाई-झगड़े, गिले-शिकवे। आओ अब नई शुरुआत करते हैं।”

    यही कहानी के शीर्षक ‘एक नई शुरुआत’ का वास्तविक अर्थ है।
    सालगिरह यहाँ केवल विवाह की एक तारीख नहीं रह जाती, बल्कि पुराने गिले-शिकवों को पीछे छोड़कर रिश्तों को नए ढंग से जीने का अवसर बन जाती है।

    पति-पत्नी के संबंध की सकारात्मक दृष्टि
    इस बात पर केंद्रित है कि रिश्ते को बचाने के लिए दोनों को थोड़ा-थोड़ा बदलते हैं। अंत में खुशी की कविता में भी यही भाव आता है कि एक पक्ष ही हमेशा समझौता करे, ऐसा नहीं; दोनों एक-दूसरे को सुनें, अपनी आदतों में परिवर्तन लाएँ और साथ चलने का प्रयास करें।

    इस दृष्टि से कहानी दाम्पत्य जीवन को लेकर निराशावादी नहीं है, बल्कि विश्वास है कि छोटी-छोटी बातों से बिगड़ते रिश्तों को संवाद, समझदारी और पारस्परिक प्रयास से फिर संवारा जा सकता है।

    कहानी संदेश देती है कि रिश्ते केवल प्रेम से नहीं, बल्कि प्रेम को समझने, व्यक्त करने, सुनने और निभाने की इच्छा से चलते हैं। खुशी को अपनी ‘खुशी’ बाहर खोजने के बजाय अपने भीतर और अपने आसपास तलाशना आता है और गर्वित को भी यह अहसास होता है कि प्रेम को केवल मन में रखना पर्याप्त नहीं, उसे व्यक्त करना भी जरूरी है।इस तरह ‘एनिवर्सरी ‘उत्सव’ से कहीं अधिक ‘संबंधों की स्थिरता बनाए रखने का संदेश है।
    वर्तमान में उच्च महत्वाकांक्षाओं को लेकर जिस तरह से पारिवारिक संबंध टूट रहे हैं उसे दृष्टि से कहानी बेहतर संदेश देती है कि वैवाहिक जीवन की सफलता की छोटी खुशियों को समेटने में

    सालगिरह यहाँ बीते तेरह वर्षों का हिसाब करने का दिन नहीं, बल्कि अगले वर्षों को बेहतर बनाने का संकल्प बन जाती है। यही कहानी की सार्थकता है।
    कविता काफी अच्छी लगी कहानी के हिसाब से।

    एक बेहतरीन कहानी के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई।

  3. आदरणीय नीलिमा जी आपका आभार और धन्यवाद। सर्वप्रथम आपको स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की हार्दिक शुभकामनाएं। आपने इतनी बारीकी से समीक्षा लिखी है कहानी की, आपकी विश्लेषण क्षमता अद्भुत है। मै इस समीक्षा को अपने फेसबुक पेज पर शेयर करना चाहती हूं। अपना स्नेह बनाए रखें। आपका आशीर्वाद प्राप्त कर मन आह्लादित है। धन्यवाद आपका आदरणीय।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest