अज्ञात मार्गदर्शक
कौन है वह?
जिसके आगाह से जीवन के नियम,
उस राग से मेल खा जाएंगे।
राग!
जिसमें लौटती रात और उगते दिन
दोनों की फिसलन का अंतर स्पष्ट हो।
किसी आवाज में खो जाने की अंतिम अवस्था से कुछ पहले
अनचाहे विज्ञापन की तरह वह (अज्ञात) आए और कहे—
हे प्राणी! पदार्थ बनने के मार्ग से लौटो।
अपनी भूख के लिए ऐसा करने के बजाय रो पड़ो।
सुनो! अपने स्त्रोत की जड़ में धंस जाओ।
उसके ढाँचे को ढक लो, उसको फिर वही आकार दो।
इस विकास में तुम खुद से पीछे रही
उन जनजातियों की भाषा में झूमो–गाओ।
यहां तुम प्यादे नहीं हो,
यहां तुम खुद जिन पियाजे हो।
अपनी कांपती देह को उस विकास में न डालो।
घोड़ों की तरह दौड़कर उसकी सीढ़ी न चढ़ो।
नींद में चौकों तो बारूद के ढेर पर खुद को न पाओ।
यहां से चलो तुम हाथी के कदम,
और अपनी पीठ को खुरदरा होने से बचा लो।
एक रात और एक फूल
बहरहाल, रात खत्म होगी।
रात में खिला फूल एक सुबह को मुरझा जाएगा।
ऐसा नहीं कहूंगा कि
यह उसकी आखिरी रात होगी।
उसकी रात तो अनवरत जारी रहेगी,
जब तक सुगंध से मनुष्य पागल रहेगा।
उसको खोजते हुए वह हर पौधे के चक्कर लगाएगा।
उसका हृदय, उसकी इंद्रियां बेचैन रहेंगी।
कि आखिर कौन है ?
मनुष्य की संवेदनाएं मौत की गंध से पागल होती हैं।
और आखिर तक जिंदा रहती हैं उसकी नाक में।
जो हर रोज आंखों से रक्त देखते हैं,
वो भी बचाते हैं अपनी नाक।
हर रात कोई फूल खिलता है।
हर सुबह कोई मनुष्य उसे खोजने निकलता है।
जब एक रात खत्म होती है तो एक संवेदना की सुबह होती है।
एक संवेदना को जगाने के लिए,
एक फूल और एक रात को खत्म होना पड़ता है।
तीन पीढ़ियां और रेलगाड़ी
मैं उस रेत पर खड़ा हूं,
जहां पटरियां जड़ हो गई हैं,
और रेल गायब हो चुकी है।
या कहूं! रेल हम खो चुके हैं,
इसलिए पटरी जड़ हो गई है।
मगर हाथ अब भी हिल रहे हैं।
गांव हैं, घर हैं, लोग हैं,
स्टेशन की दीवारें हैं, खिड़कियां हैं, सरकारें हैं,
बस उम्मीदें खंडहर हो चुकी हैं।
मगर हाथ अब भी हिल रहे हैं।
बाबू जी कहते हैं, मैंने रेल देखी है
पिता जी ने सिर्फ पटरी
और हम देख रहे हैं एक स्वप्न
जिसमें इतिहास बड़बड़ाता है कि
उठो! देखो कोई इंजन घड़घड़ाता है।
एक मनुष्य में बसे दो मन
मैं! इस शरीर में रहता पेशेवर ख्वाब हूं
एक सवाल है उस रचनाकार से
जो इसी शरीर की इंद्रियों में कहीं पल रहा है,
तुमने पैदा की है जो यह भूख
वो मेरी भूख से कई मायनों में अलग है।
मैं अपनी भूख में जो तड़प देखता हूं
उसका दर्द न उतना व्यापक है,
न ही किसी तरह की नमी है उसमें;
बल्कि शुष्क है, हवा पर तैरती है।
कोई गुरुत्वाकर्षण उसे अपनाने के लिए खींचता नहीं है,
मैं अपनी भूख के साथ जिंदा रह सकता हूं।
मैं उसमें सांस ले सकता हूं और छोड़ सकता हूं।
तुम्हारी भूख में इतनी व्यापकता कैसे है?
वह ठोस है जो धीरे- धीरे पिघलती है,
जिससे कभी मैं भी भीग जाता हूं।
उसमें वेदना है, उस वेदना के सारे तत्व सजीव हो उठते हैं।
उसमें चिंगारी है, एक ऊर्जा है जो रूप बदलती रहती है।
जो मेरी भूख की तड़प को कमजोर कर देती है।
तुम्हारी भूख पदचिन्ह छोड़ती चलती है।
और बस वही ढूंढती है जो कठोर है ‘उससे भी कठोर’
उसमें सिर्फ तुम सांस ले सकते हो या तुम्हारे सहृदय
मेरा संकोच तुम्हारे लिए नकार है, असहमति है।
तुम मेरी किसी बात से सहमत नहीं हो।
अहंकारी हो, मेरे खिलाफ तुम्हारे अंदर कोई साजिश है।
तुम इस शरीर अर्थात्
समस्त संसार पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे हो।
तुम इस शरीर के लिए बोझ बन चुके हो।
अब और नहीं…
वे सारे लोग जो चाहते हैं –
भौतिक और आध्यात्मिक जगत का समन्वय
मेरा और तुम्हारा समन्वय, मुझे माफ करें।
मनुष्य की अपनी रणभूमि
पहले भी सुन चुका हूं कि
एक चुप्पी में ठिठकी चीख छिपी होती है,
किसी शांत जलस्त्रोत में छिपी होती है उसकी गहराई,
मनमोहक भंवर में हड़प लेने की प्रवृत्ति,
यहां तक कि ‘दूध का जला छाछ भी फूंक–फूंककर पीता है।’
फिर भी मैं देखता हूं कि
लगभग डूबने से बचने के कई दिनों बाद
जलस्त्रोत के किनारे बैठा एक शख़्स
मां से पिटने के बाद मां की गोद में सुबकता शिशु
इमारत से गिरा हुआ मज़दूर
पुनः इमारत की ओर लौटता हुआ।
सालों कैद से लौटा मनुष्य वापस कैद में,
सुबह को दौड़ते शहरी पशुओं के झुंड,
महामारी के बाद का पलायन और फिर पुनः प्रवास,
विवाह से तलाक के बाद फिर उसी स्त्री/पुरुष से पुनः विवाह,
घटनाओं के बाद का क्षण मनुष्य की अपनी ‘रणभूमि’ है,
जिसमें वीर रस का कोई स्थान नहीं है।
शेष सभी शांत हैं ‘रसराज’ की प्रतीक्षा में,
एक सुई उठती है जो पैर से डोर डालती हुई
सभी अंगों को जोड़ती हुई मस्तिष्क से निकलती है,
और लिपट जाती है पहले दृश्य की उंगलियों में।
सारे सिद्धांतों की कलई खुल जाती है कि
किसके पेट धंसे हैं और कौन डकार रहा है।

बहुत ख़ूब।
उम्दा रचनाएं।
आपका हार्दिक आभार