Sunday, July 26, 2026
होमकविताकृष्ण कुमार गुप्ता की कविताएँ

कृष्ण कुमार गुप्ता की कविताएँ

संघर्ष
जीवन की हर राह पर कांटे होंते हैं
शायद कई राहों पे अँधेरा भी अड़ेगा
भले हमारे पैरों में छाले दिखने लगें
हमको अनवरत लड़ते रहना पड़ेगा

रुकना नहीं हम सबको कभी हार से
डरना नहीं हमको समय के प्रहार से
लक्ष्य को सामने रख आगे बढ़ते रहो
अपना उद्देश्य मत छुपाओ संसार से

माथे पर आये हुए स्वेद के कुछ कण
बनाते जीवन में सफलता की सीढियाँ
जो असफल हो कर भी नहीं घबराते हैं
वही लिख पाते सफलता की कहानियाँ

हौंसलों से अपने सपनों को साकार करो
किसी भी भय भाव पर डटके प्रहार करें
सिर्फ सोचने से ही ना मिलेगी सफलता
हम कठिनाईयों पर जबरदस्त वार करें

सफ़र पर निकलो दृढ़ संकल्प को लेकर
अमावस की रात में भी नहीं डगमगायें
निडर होकर खेते रहें अपनी यह नौका
चाहे जीवन भर कितने भी तूफान आयें

अपने आत्म विश्वास को सदा ऊँचा रखो
मुस्कुराते हुए हर मुश्किल पे प्रहार करो
हिम्मत न हारो कभी विचलित नहीं हो
असफलता की चुनौती को स्वीकार करो
…..

दर्पण में प्रतिबिंब
दर्पण में दिखता मानव को प्रतिबिंब
इसमें परिलक्षित होते जीवन के पल
हर पल की यादों का साक्षी होता यह
दर्पण सच्चाई को सदा देता है संबल

समय के साथ चेहरे बदलते रहते हैं
सब करें दर्पण में सुंदरता की तलाश
प्रतिबिंब लिखे नित एक नव अध्याय
मन के अंदर रहती नई सुबह की आस

हर सुबह दर्पण में दिखे यौवन भाव
प्रतिबिंब रचाता है पहचान का खेल
दर्पण दिखाता है भूत भविष्य के क्षण
करा देता हम सबके व्यक्तित्व से मेल
दर्पण में झलकते बदलते दृष्टिकोण
परिलक्षित होता बदलता परिप्रेक्ष्य
प्रतिबिंब में दिखती जीवन पथ यात्रा
दर्पण में दिखे यादें संजोने का उद्देश्य

दर्पण में झलके अस्तित्व की तलाश
उसमें परछाईं हमारे साथ चलती है
जज्बातों के अक्स नैनों में आते नज़र
उम्मीदें जिंदगी के आईने में पलती हैं

….

मेरा वतन
स्वतंत्रता दिवस पर वतन हुआ था स्वतंत्र
उसकी नींव में था वीर सैनिकों का संघर्ष
नया सूरज लेकर था आया देश में प्रजातंत्र
हमने इसी दिन स्वप्न में देखा नया उत्कर्ष

मुखरित हो मानवता बस ये वरदान मिले
भेदभाव को छोड़ समरसता का भाव बहे
नये भारत का हो अभ्युदय विश्व पटल पर
हरेक मानव के मन में बंधुत्व अनुराग रहे

नदियों की लहरें सुना रहीं हैं संगीत नया
इसी गणतंत्र के खातिर दे दिया बलिदान
विहंगों के कंठों से फूट रहे स्वतंत्रता गीत
जन गण मन पर हम सबको है अभिमान

पूरी दुनिया समझ चुकी है हमारी ताकत
ऑपरेशन सिंदूर विश्व ने देखा है ध्यान से
पराक्रम के शोले उड़ गये नील गगन तक
समझौता नहीं होगा तिरंगे के सम्मान से

वीर शहीदों का लहू ना होने दें विस्मृत
जाति धर्म भुला एकताका दीप जलायें
मिलके हम सभी नवयुग की रचना करें
वतन को विश्व गुरु की राह पर ले जायें

  • कृष्ण कुमार गुप्ता, पुणे महाराष्ट्र
    +918080781726
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest