Sunday, April 12, 2026
होमअपनी बातसंपादकीय - गिद्ध, कुत्ता, चूहा और इंसान

संपादकीय – गिद्ध, कुत्ता, चूहा और इंसान

विश्व में कुल 22 प्रजातियों के गिद्ध पाए जाते हैं। भारत में 9 प्रजातियाँ पाई जाती हैं, जिनमें से केवल मध्यप्रदेश में 7 प्रजातियों के गिद्ध पाए जाते हैं। मध्यप्रदेश में सफेद गिद्ध, चमर गिद्ध, देशी गिद्ध, पतली चोंच गिद्ध, राज गिद्ध, हिमालयी गिद्ध, यूरेशियाई गिद्ध और काला गिद्ध की मौजूदगी मिली है। यह लिखते हुए मैं सोच रहा था कि क्या गिद्धों के बारे में आज लिखा जा सकता है कि उनकी प्रजातियाँ पाई जाती हैं? सच तो यह है कि आज हमें दुखी मन से कहना होगा कि कभी भारत में भी गिद्ध हुआ करते थे।

हम किताबों में पढ़ते हैं कि कभी डायनासोर हुआ करते थे। समय के साथ-साथ उनकी प्रजातियाँ विलुप्त होती चली गईं। हमने उन्हें कभी देखा नहीं था, इसलिए वे सच्चाई से कहीं अधिक जुरासिक पार्क वाली कल्पना ही लगते हैं। हमें उनके होने या न होने से कोई फ़र्क महसूस नहीं होता। मगर हम इतने आत्मकेंद्रित हो चुके हैं कि हम अपने पर्यावरण के बारे में कुछ भी नहीं सोच पाते। हमें पता ही नहीं चलता कि हमारे आकाश से गिद्ध नामक पक्षी विलुप्त होने की कगार पर खड़ा है।
गिद्ध की भारतीय संस्कृति और परंपरा में एक महत्वपूर्ण भूमिका है। रामायण काल में जब रावण माता सीता का हरण कर आकाश मार्ग से उन्हें लंका ले जा रहा था, तो गिद्ध सम्राट जटायु ने ही उसे ऐसा कुकृत्य करने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उसने अपने प्राण त्याग करना स्वीकार किया, मगर अपने सामने ऐसा अन्याय होते हुए देखकर चुप रहना उचित नहीं समझा।
प्रकृति के अनुसार गिद्धों को ‘म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ नेचर’ का सफाई विभाग माना जाता है। जब कभी कोई जानवर जंगल में या खेतों में मर जाता था, तो गिद्ध अपना सफाई का काम शुरू कर देते थे और कुछ ही पलों में उस जानवर का मांस शरीर से अलग हो जाता था तथा केवल ठठरी बाकी रह जाती थी। इस तरह बिना किसी इंसानी उपाय के प्रकृति अपना काम स्वयं कर लेती है। गिद्ध देखने में सुंदर पक्षी नहीं लगता, मगर हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण काम करने वाली प्रजाति है।
विश्व में कुल 22 प्रजातियों के गिद्ध पाए जाते हैं। भारत में 9 प्रजातियाँ पाई जाती हैं, जिनमें से केवल मध्यप्रदेश में 7 प्रजातियों के गिद्ध पाए जाते हैं। मध्यप्रदेश में सफेद गिद्ध, चमर गिद्ध, देशी गिद्ध, पतली चोंच गिद्ध, राज गिद्ध, हिमालयी गिद्ध, यूरेशियाई गिद्ध और काला गिद्ध की मौजूदगी मिली है। यह लिखते हुए मैं सोच रहा था कि क्या गिद्धों के बारे में आज लिखा जा सकता है कि उनकी प्रजातियाँ पाई जाती हैं? सच तो यह है कि आज हमें दुखी मन से कहना होगा कि कभी भारत में भी गिद्ध हुआ करते थे।
गिद्धों की एक विशेष पहचान है कि प्रत्येक बार भोजन ग्रहण करने के पश्चात वे स्नान करते हैं। स्नान के कारण खून आदि उनके पंखों, त्वचा और चोंच पर नहीं लगा रहता। गिद्ध अपने अनिवार्य स्नान के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों के पास ही निवास बनाते हैं। इनमें नदी, नाला, तालाब, झील या कोई भी बारहमासी जलस्रोत हो सकता है, जहाँ उनकी सुविधाजनक पहुँच हो।
एक समय ऐसा भी था जब भारत में पाँच करोड़ से अधिक गिद्ध पाए जाते थे, मगर वर्ष 1990 के बाद गिद्धों की संख्या अचानक कम होने लगी। 1996 के आसपास पाया गया कि गिद्धों की संख्या में खतरे की हद तक कमी हो गई है। विशेषज्ञों ने जब इस ओर ध्यान दिया तो पाया कि गिद्धों के थोक में मरने का कारण ‘डिक्लोफेनिक सोडियम’ नाम की दवा है। इस दवा का इंजेक्शन गाय, भैंसों और अन्य पशुओं को दर्द-निवारक दवा के रूप में दिया जाता था।
यही दवा गिद्धों के लिए काल साबित हुई। इस दवा को खाने वाले मवेशियों की जब मृत्यु हो जाती थी और गिद्ध उनके मांस को खा लेते थे, तो ‘डिक्लोफेनिक सोडियम’ के कारण उनके गुर्दों पर बुरा असर पड़ता था और वे काम करना बंद कर देते थे। यही उनकी मृत्यु का कारण बन जाता था। ‘डिक्लोफेनिक सोडियम’ का इस्तेमाल न रोके जाने के कारण भारत में गिद्धों की तीन प्रजातियों को सबसे अधिक नुकसान हुआ। इनमें सफेद पंख वाला गिद्ध, भारतीय गिद्ध और लालसर गिद्ध शामिल थे। इन तीन प्रजातियों की संख्या लगभग 98 प्रतिशत तक कम हो गई है।
जब गिद्धों की प्रजातियाँ विलुप्त होने का डर सिर पर आ पहुँचा तो भारत में हंगामा मच गया। वर्ष 2006 में मवेशियों को दिए जाने वाले ‘डिक्लोफेनिक सोडियम’ के इंजेक्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया। ऐसा सुनने में आया है कि इससे गिद्धों की संख्या में कुछ बढ़ोतरी हुई है, मगर चिंता अभी भी बनी हुई है।
2006 में प्रतिबंध लगने के बावजूद भारतीय गिद्धों की आबादी इस आपदा से शायद कभी पूरी तरह उबर न पाए। गिद्धों को यौन परिपक्वता प्राप्त करने में कई वर्ष लग जाते हैं और वे बहुत कम संतान पैदा करते हैं। एक जोड़ा प्रति वर्ष केवल एक ही चूजे को जन्म देता है और उसका जीवित रहना भी सुनिश्चित नहीं होता।
सच तो यह है कि भारतीय गिद्धों की संख्या में गिरावट संयुक्त राज्य अमेरिका में पैसेंजर कबूतर के विलुप्त होने के बाद से दर्ज की गई, जो किसी भी पक्षी प्रजाति की सबसे तेज और सबसे बड़ी गिरावट मानी जाती है।
जब गिद्ध गायब हो जाते हैं, तो आबादी वाले इलाकों के बाहरी क्षेत्रों में तथाकथित “पशु लैंडफिल” कहलाने वाले स्थानों पर छोड़े गए शव जमा होने लगते हैं। सड़ते हुए मांस का यह ढेर आवारा कुत्तों और चूहों सहित अन्य जानवरों को आकर्षित करता है। भारत में आवारा कुत्ते अक्सर लोगों, विशेषकर छोटे बच्चों पर हमला करते हैं, जिसके घातक परिणाम होते हैं। इसके अलावा, भारत रेबीज़ का एक वैशिक केंद्र है, इसलिए किसी भी जानवर के काटने से मृत्यु हो सकती है। यह मात्र संयोग नहीं है कि 1994 और 2005 के बीच डाइक्लोफेनैक के उपयोग के बाद रेबीज़ के टीके की बिक्री में वृद्धि हुई।
जब गिद्धों की संख्या में निरंतर कमी होती रही, तो उनकी जगह लेने के लिए कुत्ते और चूहे पहुँच गए। कुत्तों और चूहों को बड़ी मात्रा में उनका पसंदीदा भोजन मिलने लगा, तो अचानक उनकी आबादी में आश्चर्यजनक वृद्धि होने लगी। कुत्तों की संख्या सत्तर लाख से बढ़कर तीन करोड़ हो गई। चूहों की आबादी को गिनना तो कठिन था, मगर उसे महसूस किया जा सकता था।
एक रिपोर्ट के अनुसार, गिद्धों के मरने से कुत्तों की संख्या में जो वृद्धि हुई, उसके परिणामस्वरूप रेबीज़, यानी कुत्तों के काटने से मृतकों की संख्या में 48 हज़ार की वृद्धि हुई। मैंने हमेशा कहा है कि इंसान द्वारा बनाई गई हर वस्तु प्रकृति का नुकसान करती है। चाहे इंसान चाँद और मंगल पर नगरी बसाने के सपने देखे, सच तो यह है कि धरती का पूरी तरह से सत्यानाश करने के लिए इंसान ने कमर कस रखी है।
भारत में एक ऐसा समुदाय भी है, जो ईरान में इस्लाम के आक्रमण के बाद भारत में आकर बस गया था। इस समुदाय को पारसी कहा जाता है। इनकी खासियत यह है कि संख्या में सबसे कम होने के बावजूद इनका भारत की अर्थव्यवस्था में योगदान अत्यधिक है। टाटा समूह  और गोदरेज समूह जैसे नाम इसी समूह से आते हैं। इनका अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार का एक तरीका है कि वे अपने प्रियजनों की लाश को “टॉवर ऑफ साइलेंस” में छोड़ देते हैं और गिद्ध आकर उनके मांस को खा लेते हैं। इस प्रकार जो प्रकृति से आया है, वह वापस प्रकृति में चला जाता है। मगर गिद्धों की संख्या में कमी होने के कारण उनके मुर्दे “टॉवर ऑफ साइलेंस” में पड़े सड़ते रहते थे। उन्हें इस विषय पर फिर से गहराई से विचार करना पड़ा।
साइरस मिस्त्री, जो टाटा संस के पूर्व चेयरमैन थे, की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके अंतिम संस्कार के साथ ही यह मुद्दा फिर से चर्चा में आ गया। वर्ष 2015 से पारसी समुदाय के बीच अंतिम संस्कार के तरीके में बदलाव आया है और मुंबई में इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के जरिए अंतिम संस्कार के कई मामले सामने आए हैं। पारसी धर्म के लोग प्रगतिशील हैं। उन्होंने तय किया कि निर्धारित रस्मों को पूरा करने के बाद पार्थिव शरीर को इलेक्ट्रिक मशीन के हवाले कर दिया जाए। साइरस मिस्त्री के अंतिम संस्कार के दौरान भी यही किया गया।
एक चिंता की स्थिति पारसी समाज को लेकर भी है। पारसी समुदाय के लोगों की संख्या में भी तेजी से गिरावट आ रही है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार भारत में केवल 57,264 पारसी बचे थे। सरकार के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने समुदाय की आबादी में गिरावट को रोकने के लिए कई उपाय किए हैं, जिनमें “जियो पारसी” पहल शुरू करना शामिल है।
समस्या विकट है। भारत का सबसे अधिक प्रगतिशील पारसी समुदाय विलुप्त होने की कगार पर है और दूसरी तरफ उनके अंतिम संस्कार से जुड़े गिद्ध पहले ही डायनासोर बनने की प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं। हम सबको एक मुहिम चलानी होगी कि विलुप्त होती प्रजातियों-चाहे वे मनुष्य हों अथवा पक्षी (पारसी समुदाय और गिद्ध), उनकी संख्या में वृद्धि के लिए जुटकर काम करें। यही सही मायनों में भारत के हित में होगा।
तेजेन्द्र शर्मा
तेजेन्द्र शर्मा
लेखक वरिष्ठ साहित्यकार, कथा यूके के महासचिव और पुरवाई के संपादक हैं. लंदन में रहते हैं.
RELATED ARTICLES

45 टिप्पणी

  1. आपने पर्यावरण संबंधी महत्वपूर्ण विषय उठाया है। मानवों की जनसंख्या धरती पर उपलब्ध स्थान और साधनों की अपेक्षा सभ्यता की उत्पत्ति और प्रगति के अनुपात में कई गुना बढ़ी है जिसके और निर्बाध शहरीकरण के कारण बेहिसाब फैलते कंक्रीट के जंगल उग आए हैं। जानवरों, पक्षियों और कीट पतंगों के लिए उनका प्राकृतिक वातावरण नाम मात्र ही बचा है। बीते दिनों गांवों और शहरों के बाहर खूब खुली जगह रहती थी जहां मवेशियों की लाशों पर गिद्दों के समूह बैठे दिखते थे। जहां कहीं भी कोई मरा जानवर दिखाई देता, गिद्ध शीघ्र ही पहुंच जाते। अब तो उनको देखना तक दुर्लभ हो गया है। डिक्लोफेनेक के अलावा इन कारणों से गिद्ध प्रजाति प्राय विलुप्त हो रही है। पारसी समुदाय की जनसंख्या में कमी की वजह है कम शादियां और कम बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति। दूसरे, इस समुदाय में अंतरधार्मिक विवाह की मान्यता नहीं हैं। यदि कोई लड़की गैर पारसी से शादी करती है तो उसे समुदाय से बेदखल कर दिया जाता है। हालांकि, अब सर्वोच्च न्यायालय के फैसले ने ऐसी लड़कियों को अपने मां बाप की अंत्येष्टि में भाग लेने का अधिकार लौटाया है।

  2. आंखें खोलने वाला संवेदनशील लेख जो प्रकृति और उसके नियामकों के प्रति व्यक्ति को सजग करता है।
    सधन्यवाद
    आलोक कुमार पाण्डेय

  3. इस प्रकार के अन्य लेखों का सदैव‌ तत्परता से इंतजार रहेगा। ऐसे तमाम अन्य नियामकों को भी रिसर्च के दायरे में लेकर लेखों के माध्यम से समाज को जागरूक किया जाना चाहिए….
    सादर

  4. शुभ प्रभात की अशेष मंगलकामनाए। सादर प्रणाम भाई । एक बार फिर बहुत ही सुंदर सारगर्भित संपादकीय पढकर आपकी शोधपरक दृष्टि को नमन करने की इच्छा होती है।इस बार आपने तेजी से विलुप्त हो रहे गिद्धों की प्रजातियों पर लिखा है।सचमुच इस ओर कम.ही लोगों का ध्यान गया है।मैने बनारस में बिताये अपने बचपन में कई बार घर की छत पर बैठे हुए गिद्धों को देखा है।विशेष रुप से गंगा किनारे मणिकर्णिका घाट पर उनकी सैकडों की संख्या देखी है।यह बात आश्चर्यजनक लग सकती है कि गंगा में बहाये गये शवों को नष्ट करने के लिए हमारे ये प्राकृतिक सफाई कर्मचारी सदैव सजग व.कर्मरत रहते हैं। जैसा कि आपने संपादकीय में लिखा है *गिद्धों की एक विशेष पहचान है कि प्रत्येक बार भोजन ग्रहण करने के पश्चात वे स्नान करते हैं। स्नान के कारण खून आदि उनके पंखों, त्वचा और चोंच पर नहीं लगा रहता। गिद्ध अपने अनिवार्य स्नान के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों के पास ही निवास बनाते हैं।* मैने काशी में ही पंचगंगा घाट से थोड़ी दूरी पर इन गिद्धो के सामूहिक स्नान को भी देखा है।संपादकीय पढते हुए बहुत कुछ याद आ रहा है।रामायण में जटायु की सहायता सै ही सीता का पता लगा और रावण वध हुआ था।आपने इस प्रसंग के माध्यम से पौराणिकता से भी उनके महत्व को जोडा है।जमशेदपुर में रहते हुए टाटा स्टील के चेयरमैन साइरस मिस्त्री और जे जे इरानी के निधन पर भी उनके अंतिम संस्कार को लेकर लंबा विमर्श चला था अंतत: दाह-संस्कार ही किया गया ।यहां एक *फायर टेंपल* भी है जिसकी छत पर शवों को रख दिया जाता है और गिद्ध तथा अन्य मांसाहारी पक्षी आकर उन्हे खाते थे।लेकिन अब वै भूले से भी नहीं दिखते। आपकी चिंता महत्वपूर्ण और जायज है। सडकों पर आवारा घूमने वाले कुत्तो की संख्या इधर बढी है।नगर निगम उन्हे हटाने की बहुत कबहुत कोशिश करता है पर उनकी संख्या घटती नहीं।कुत्ते, चूहे बीमारियाँ फैलाते हैं पर किसी का ध्यान नहीं जाता।यह सजगता हमें अपनी सोच में लानी होगी।आपके संपादकीय ने हमारी आखें खोली हैं ।हृदय से अशेष धन्यवाद आभार भाई इस विचारणीय मुद्दे को उठाने और हमें अपना दृष्टिकोण बदलने की प्रेरणा के लिए।..सादर प्रणाम

    • प्रिय पद्मा, तुम्हारी टिप्पणी हमेशा हमें उत्साहित करती है कि हम हर बार कोई नई विषय-वस्तु पर कलम चला सकें। इस गहराई से परिपूर्ण टिप्पणी के लिये हार्दिक धन्यवाद।

  5. बहुत ही महत्वपूर्ण पर गहन जानकारी के लिए आपको बहुत-बहुत हार्दिक आभार गिद्धों की कमी के कारण ही कुत्तों की जनसंख्या में इतनी तेजी से बढ़ोतरी हुई है यह बात भी स्पष्ट हो गई और पारसी समुदाय की जनसंख्या में भी कमी आना थोड़ा अजीब सा है

  6. प्रकृति संरक्षण में गिद्ध की भूमिका
    एक नए विषय पर सम्पादकीय पढ़ने मिली ।
    पशु, पक्षी ,जीव जंतु ,पेड़ पौधे या इंसान
    किसी भी प्रजाति का विलुप्त होना प्रकृति में असंतुलन पैदा करता है ।
    इन खतरों को समझना सरकार और समाज के लिए अनिवार्य है ।
    Dr Prabha mishra

    • हार्दिक धन्यवाद प्रभा जी। आपने विषय की गंभीरता को समझा और अपना समर्थन दिया।

  7. एक गंभीर मुद्दे को इस बार के संपादकीय में उठाया गया है। गिद्धों का महत्व उनके द्वारा सदियों से कम से कम भारत वर्ष जैसे साधन विहीन और लापरवाह समाज का पालन पोषण से रेखांकित होता है।पर्यावरण और मानव जनित मांसाहार या प्राकृतिक कारणों से निकलते कूड़े का निस्तारण एक ऐसा विषय है जो अहम ही नहीं ,हमारे स्वास्थ्य की पक्की गारंटी हुआ करता था।अब यही लैंडफिल सियासती मुद्दा हो गया है और दिल्ली वासियों से अधिक इस से कोई और जनसमूह कुप्रभावित हुआ है यह जानना अभी शेष है ।
    यूं भी साहित्य और संस्कृति में गिद्ध का स्थान तो है यह हमारी भाषा के मुहावरों में भी अहम है और आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन भी करता है उदाहरण के तौर पर
    गिद्ध दृष्टि बकुल चेष्टा
    गिद्ध व्यवहार
    गिद्ध की भांति मंडराना
    गिद्ध की भांति झपटना
    सम्पादक महोदय ने गिद्धों की मृत्यु दर्द निवारक और पशुओं से जबरन दूध निकालने के इंजेक्शन से निसरत डाइक्लोफेनेक सोडियम को भी सटीकता से बताया है। इस से पहले भी हिन्दू और कुछ चुनिंदा अखबारों ने इस पर लिखा है पर यह सभी लेख आलेख अंग्रेजी अनुवाद की छाया से ग्रस्त और त्रस्त रहे हैं।पुरवाई का यह संपादकीय पूर्णतः समग्र,अद्यतन और हिंदी पाठकों की मानसिकता के साथ तादात्म्य बैठा कर चलता है
    उपयोगी रोचक और अद्यतन संपादकीय हेतु बधाई।

    • भाई सूर्यकांत जी आप विश्व के किसी भी कोने में हों… पुरवाई आप तक पहुंच ही जाती है। और संपादकीय पर आपकी टिप्पणी तो हमारा हौसला बढ़ाती ही है।

  8. बहुत ही जरूरी जानकारी प्राप्त हुई आपके लेख से। गिद्ध प्रकृति के संरक्षण के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उनकी संख्या में गिरावट चिंता का विषय है।
    पारसी समुदाय का योगदान अतुलनीय है। इस छोटे से समुदाय ने बहुत अधिक योगदान किया है।

  9. नए विषय और वैज्ञानिक विषय से परिचित हुई sir. कटु यथार्थ को दिखाया और बताया आपने . मुझे अपना बचपन याद आया जब स्कूल जाते हुए बड़े बड़े पीपल के पेड़ पर झुण्ड में उनकी उपस्थिति दिखती थी. मुझे बहुत भयानक लगते थे गिद्ध लेकिन उनकी मौजूदगी का लाभ मुझे पिताजी ने बताये थे. साधुवाद sir सुन्दर संपादकीय के लिए.

  10. आदरणीय सर, सादर प्रणाम।
    आपका यह संपादकीय हमारे समय की एक अत्यंत गंभीर और मर्मस्पर्शी सच्चाई को उजागर करता है। आपने केवल एक पक्षी के विलुप्त होने का शोक नहीं मनाया, बल्कि पारिस्थितिकी तंत्र और मानव संस्कृति के बीच के उस टूटते तार को दिखाया है जिसे हम अक्सर अनदेखा कर देते हैं। डिक्लोफेनिक जैसी एक छोटी सी दवा का पूरी प्रजाति को लील जाना इस बात का प्रमाण है कि मानवीय हस्तक्षेप प्रकृति के लिए कितना घातक हो सकता है।
    गिद्धों को ‘म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ नेचर’ कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं है, बल्कि उनकी उपयोगिता का सबसे सटीक वर्णन है। जिस कार्य को वे बिना किसी शोर-शराबे और खर्च के अंजाम देते थे, उनके अभाव में आज वही काम बीमारियों और आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी के रूप में हमारे सामने एक विकराल संकट बनकर खड़ा है। आपने जटायु के पौराणिक संदर्भ और पारसी समुदाय की ‘टॉवर ऑफ साइलेंस’ परंपरा का उल्लेख कर यह स्पष्ट कर दिया है कि गिद्धों का अस्तित्व केवल जीव विज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी अभिन्न हिस्सा है।
    पारसी समुदाय और गिद्धों की घटती संख्या के बीच जो तुलना आपने की है, वह सोचने पर मजबूर करती है कि कैसे एक प्रगतिशील समाज और प्रकृति के रक्षक साथ-साथ हाशिए पर जा रहे हैं। साइरस मिस्त्री के अंतिम संस्कार का उदाहरण इस संकट की गहराई को और अधिक स्पष्ट करता है। यह संपादकीय हमें आत्ममुग्धता से बाहर निकालकर यह सोचने पर विवश करता है कि यदि हमने आज भी अपनी जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति अपने दृष्टिकोण को नहीं बदला, तो आने वाली पीढ़ियां गिद्धों को भी डायनासोर की तरह केवल किताबों और फिल्मों में ही देख पाएंगी। यह महज एक संपादकीय नहीं, बल्कि एक चेतावनी है कि प्रकृति के साथ किया गया हर खिलवाड़ अंततः मानवता के विनाश का मार्ग प्रशस्त करता है। हमें वास्तव में ‘जियो पारसी’ और ‘गिद्ध संरक्षण’ जैसे अभियानों को एक जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।

    • भाई चंद्रशेखर जी,

      आपने संपादकीय को सांस्कृतिक विरासत के कोण से परखने के साथ-साथ वर्तमान स्थितियों को भी समझाया है। पाठकों को आपकी टिप्पणी संपादकीय समझने में सहायक सिद्ध होगी। हार्दिक धन्यवाद

  11. एक बार फिर से एक ज्वलंत एवं महत्वपूर्ण समस्या को आपने अपने सम्पादकीय के माध्यम से अवगत कराया है। वास्तव में यह विचारणीय मुद्दा है। गिद्धों की प्रजातियों का विलुप्त होना, कुत्तों, चूहों की संख्या का बढ़ना और पारसी समुदाय की जनसंख्या का कम होना चिंताजनक है। इस चेतावनी को हमें गंभीरता से लेना होगा।
    ज्ञानवर्धक सम्पादकीय के लिए साधुवाद।

  12. – गिद्ध, कुत्ता, चूहा और इंसान संपादकीय का विषय बनाया गया है। इनकी संख्या में अनियमित वृद्धि और कमी को साक्ष्यों के साथ पड़ताल की गई है।
    – गिद्ध जो प्रकृति के सफाई कर्मचारी थे वे मानव की नासमझी के शिकार हो गए और आज विलुप्ति की कगार पर हैं। इस विषय पर बात होनी चाहिए थी, जो हुई है। संपादकीय का विषय बनाना प्रकृति के नुकसान की भरपाई नहीं है। भरपाई हो भी नहीं सकती है पर मानव होने के नाते उस पर बात तो कर सकते हैं। इस ओर तवज्जो तो दी जा सकती है। क्या पता किसी को समझ में आ जाए और इनके बचाव और बढाव पर काम करने लगे।
    – गिद्धों की अचानक घटती संख्या ने प्रकृति का संतुलन बिगाड़ दिया है। मृत पशुओं की सफाई रुक गई है। खेतों में,सड़क किनारे मृत पड़े जानवरों की बदबू से निकलना दूभर हो गया है। इसके बदले में चूहा और कुत्तों में बेतहाशा वृद्धि से मानव को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
    – इस संपादकीय में एक तथ्य चौंकाता है। पारसी धर्म के लोगों में वृद्धि दर कम होती जा रही है। गिद्धों की वृद्धि दर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इस तरह के आंकड़े तो इनके प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संबंधों को स्थापित कर रहे है। हिन्दू धर्म में भी तो पितृपक्ष में हमारे पुरखों को प्रतीकात्मक रूप से कौआ के रूप में आना पड़ता है।
    – सर आपकी संपादकीय में विविधता होती हैं। प्रकृति, जीवन आदि के अंतर्गत जो भी भौतिक रूप से दृष्टिगोचर होता है वे सब यहां मुखरित हो जाते हैं।
    – इस बार का विषय भी बहुत महत्वपूर्ण है। गिद्धों की प्रजातियों का लगातार विलुप्त होते जाना हमारे लिए शर्म की बात तो है ही, घातक भी है।

    • भाई लखन लाल पाल जी आपको संपादकीय का विषय पसंद आया और गिद्धों की घटती संख्या से आप भी चिंतित हैं… हार्दिक धन्यवाद

  13. आदरणीय तेजेन्द्र जी!

    इस बार के संपादकीय का प्रथम आकर्षण तो शीर्षक रहा।शीर्षक देखकर माथे पर अजीबोगरीब भाव से बल पड़ गए,पर आगे जाकर विषय गंभीर हो गया।

    जहाँ एक ओर यह संपादकीय गिद्धों के होने की अनिवार्यता और गुणवत्ता की ओर तथ्य पूर्ण जानकारी देता है ,वहीं इनकी घटती संख्या के कारण पर अफसोस करते हुए उसके नुकसान की ओर भी संकेत दे रहा है ।
    कुत्तों और चूहों की बढ़ती संख्या और उसके दुष्परिणामों की
    और भी इशारा करता है।
    घटती संख्या के क्रम में ही पारसी समुदाय की जनसंख्या की कमी पर भी चिंता व्यक्त करता है।
    विषय की गंभीरता महसूस हुई।

    कई नई जानकारियों से समृद्ध हुए।

    गिद्धों की कुल 22 प्रजातियाँ, भारत में 9 प्रजातियाँ और मध्यप्रदेश में 7,वह भी नाम सहित! पढ़कर मध्यप्रदेश निवासी होने के कारण गर्व महसूस हुआ किन्तु,”हुआ करते थे” पढ़कर सारी खुशी धराशायी हो गई।
    आगे मामला अधिक गंभीर हो गया।
    चील और बाज से तो कुछ ज्यादा ही परिचित हैं पर हमने गिद्ध भी देखे हैं।
    पर्यावरण की दृष्टि से गिद्ध के जिस हित को आपने दर्शाया है,उससे तो हम अनभिज्ञ ही थे।
    *म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ़ नेचर* वाली बात काबिले गौर है। माँस भक्षी हैं यह तो जानते थे। लेकिन यह नहीं जानते थे कि प्रत्येक बार भोजन ग्रहण करने के पश्चात् वे स्नान करते थे।
    गिद्धों की मृत्यु और कमी का कारण जान कर दुख हुआ। इनकी प्रजनन क्षमता की जानकारी भी हमारे लिये नयी ही है।

    गिद्धों की कमी से आवारा कुत्तों की जो बात आपने की उससे तो वाकई त्रस्त हैं। शायद हर शहर आवारा कुत्तों से परेशान हैं।
    कुत्तों ने तो ग्रुपिंग बनाई हुई है! हर मोहल्ले की अलग-अलग टीम!क्या समझ है उनकी!!
    एक क्षेत्र का दूसरे क्षेत्र में चला जाए तो लड़ाई शुरू हो जाती है।
    जब एक बार अस्पतालों से नवजात शिशुओं को जब कुत्ते खींच कर ले जाने लगे तब यहाँ पर एक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था साउथ से टीम बुलवाई गई थी पूरा शहर ही परेशान था इसलिए खुशी हुई।पर दलीय विरोध के चक्कर में सारा पैसा पानी में बह गया और कुछ काम नहीं हुआ।
    उनकी बढ़ती आबादी ने आश्चर्यचकित किया! 70 लाख से 3 करोड़!!!!! 48000 मनुष्य मर जाएँ लेकिन कुत्तों की वृद्धि होते रहना चाहिये!!!!!!!!

    चूहों के बारे में तो क्या ही कहें!!!!!!!

    पारसी समुदाय के अंतिम संस्कार के तरीके के बारे में कुछ दिन पहले ही पढ़ा था हमें तो खैर वीभत्स ही लगा। भगवान का शुक्रिया है कि उन्हें दाह संस्कार पर विश्वास हुआ। कारण चाहे जो भी हो।
    पारसी समुदाय की घटती जनसंख्या भी चिंतनीय है।
    आपने बिल्कुल सही कहा कि भले ही दुनिया चाँद पर पहुँच रही है, मंगल पर पहुँचने के सपने देख रही है ,लेकिन पर्यावरण की चिंता किसी को भी नहीं। वास्तव में धरती का सत्यानाश करने के लिये इंसान ने कमर कस रखी है।
    चिंता यह भी छोटी नहीं।

    आपने रामायण में जटायु का जिक्र किया। जिसने माता सीता के लिए रावण से युद्ध किया और उन्हें बचाते हुए अपने प्राण त्याग दिये ।

    उन्हीं के बड़े भाई संपाती ने सीता की खोज में निकले हुए हनुमान और जामवंत इत्यादि को अपनी दूर दृष्टि का लाभ उठाते हुए माता सीता का पता बताया कि वो श्रीलंका में अशोक वाटिका में बैठी हुई हैं और जो यह 100 योजन समुद्र को लाँघकर वहाँ पर जा सकेगा। वही सीता की जानकारी ला सकेगा।
    अफसोस भी प्रकट किया कि मैं वृद्ध हो गया हूँ इसलिए मैं यह नहीं कर सकता।
    दोनों ही भाइयों ने राम की मदद में इस तरह से अपना सहयोग किया। भले ही जटायु को अपने प्राण त्यागने पड़े।
    गिद्ध को लेकर कुछ मुहावरे प्रचलित है।

    बहुत ऊपर से,बहुत दूर से भी बहुत दूर का देखने में उनकी दृष्टि सक्षम है, इसीलिए कहा जाता है गिद्ध दृष्टि। यह साहित्य में दूरदर्शिता के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
    आजकल शादियों में जो बुफे प्रचलन चला है,साधारण बोलचाल में गिद्ध भोजन ही कहा जाता है। परंपरागत तरीके से अलग लोग ऐसे टूटते हैं जैसे….. बस इसलिये।

    हमें सबसे ज्यादा प्रभावित इस बात ने किया कि *गिद्ध भोजन के पश्चात स्नान करते हैं।*

    पर्यावरण में संतुलन बनाने के लिए ईश्वरीय व्यवस्था संतुलित थी।
    और संतुलन जरूरी भी है।किसी प्रजाति का बहुत कम हो जाना या किसी का बहुत बढ़ जाना, असंतुलन के दुष्परिणामों से गुजरने की तरह है।

    निश्चित रूप से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। गिद्धों की संख्या को बढ़ाया जा सके इस क्षेत्र में प्रयास होना चाहिये।
    लेकिन कुत्तों की कमी हो सके इस क्षेत्र में जरूर बहुत अधिक प्रयास की अपेक्षा सरकार से है।

    बार बार एक नए संपादकीय का इंतजार पाठकों को इसीलिए रहता है,क्योंकि सब जानते हैं कि फिर किसी नई जानकारी से अवगत होने का लाभ मिलने वाला है।
    तथ्यगत जानकारी से पूर्ण संपादकीय की प्रस्तुति के लिए आपके परिश्रम को प्रणाम

    • आदरणीय नीलिमा जी, आपने ना केवल संपादकीय के तमाम पहलुओं पर कलम चलाई है, बल्कि अपने अनुभव साझा करते हुए नये आयाम जोड़े भी हैं। हार्दिक धन्यवाद

  14. नमस्कार जी इस अनूठी, महत्पूर्ण और आवश्यक जानकारी प्रस्तुत करने के लिए आपको नमन है l आप बिश्वस्तरीय समस्याओं पर जितना गौर करते हैं उतना ही स्थानीय समस्याओं पर भी l
    अब गिद्ध को ही ले लो, ये लेख पढ़ने से पहले किसी की भी नजर इस विषय पर नहीं गई l आपने ही बताया कि गिद्धों की संख्या विलुप्त होने के नजदीक है l यही पक्षी, मरे हुए जानवरों को खा कर सफाई के कार्य में हमारी मदद करता है l राम चरित मानस में भी जटायु नाम के गिद्ध ने ही भगवान राम को सीता माता का पता बताया था l हालाकि उसे अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा था l ये उसकी महानता थी l
    गिद्ध क्रम होते जा रहे हैं, इसके स्थान पर चूहे और कुत्ते बढ़ते जा रहे है l इनसे भी कई बीमारियाँ बढ़ रही हैं l प्लेग जैसी भयंकर बीमारी तो चूहों से ही आती है l

    पारसी समुदाय और गिद्धों एक अद्भुत संयोग है l ये ठीक है कि पारसी समाज में अंतिम क्रिया के रूप में, शव को गिद्धों को खाने के लिए दे दिया जाता है l परन्तु गिद्धों की कमी होने के कारण शव कई-कई दिनों तक पड़ा रहता है l

    ये पारसी समुदाय की महानता है कि उन्होंने इस समस्या को समझा और शव विसर्जन की प्रक्रिया के लिए इलेक्ट्रिक शव दाह की पद्धति को स्वीकार कर लिया l
    विचारणीय प्रश्न यह है कि किसी अन्य वर्ग के लोग क्या इतनी आसानी से मान जाते ?

    सम्पादक जी, आप की विहंगम दृष्टि गिद्धों पर गई और उन्हें “पुरवाई” जैसी प्रतिष्ठित पत्रिका में स्थान मिला l आपके संपादकीय द्वारा ही गिद्धों के बारे में विस्तृत जानकारी मिली और उनके विलुप्त होने से,क्या नुकशान होगा ये जानकारी भी पता चली l
    धन्यवाद जी, आपके श्रम साध्य कार्य को नमन है l

    • उषा जी आप तो मुंबई में रहती हैं। गिद्धों और पारसी समाज के रिश्ते से वाक़िफ़ ही हैं। आपकी टिप्पणी हमारे लिये ख़ास मायने रखती है। हार्दिक धन्यवाद।

  15. जितेन्द्र भाई: गिद्ध, कुत्ते और चूहों को लेकर आपका सम्पादकीय बहुत ही रोचक लगा। धर्ती पर बैलंस रखने के लिए प्रकृति ने बहुत ही सुन्दर साधन जुटाए हैं लेकिन हम ने बिना कुछ सोचे समझे अपने की पर्यावरण को इतना दूषित कर दिया है जिसका परिणाम अब सामने आगया है। मवेशियों की बीमारी ठीक करने के लिए हम ने ‘डिक्लोफेनिक सोडियम’ का इस्तेमाल तो ज़रूर किया लेकिन उसका गिद्धों की संख्या पर क्या असर होगा यह किसी ने सोचा तक नहीं। गिद्ध तो कम होते गए और कुत्ते और चूहे बढ़ने लगे जिस से एक और समस्या पैदा हो गई।
    भारत को पारसी समुदाय की बहुत बड़ी देन है। संख्या में इतने कम होते हुए भी भारत की प्रगति में उनका योगदान बहुत अधिक है। अर्बों की आबादी वाले देश में उनकी गिनती घटघट कर केवल हज़ारों में रह गई है। आपने बिल्कुल ठीक कहा है कि चाहे मनुष्य हो या पक्षी; उसके डायनासोर बनने से पहले एक मुहिम का चलाना बहुत ज़रूरी है कि वो एक यादगार बनकर न रह जाएँ।

    • विजय भाई, हमेशा की तरह आप हमारा उत्साह बढ़ाने वाली टिप्पणी करते हैं। हमारा प्रयास रहता है कि आप तक हर बार कोई नया विषय लाया जाए।

  16. अनेक ज्वलंत मुद्दों, सामाजिक विषयों, वैश्विक प्रश्नों से मुठभेड़ करते संपादकीय के बाद
    इस नवांक में पर्यावरण संरक्षण में सहायक गिद्धों पर बहुत ही महत्वपूर्ण और गहन शोधपूर्ण जानकारी।
    गिद्धों की कमी ने भारतीय पर्यावरण के खतरे को और बढ़ाया है।
    कई जानकारियाँ हमारे लिए नई हैं।
    पारसी समुदाय की जनसंख्या में कमी आना तकलीफदेह है।

  17. गिद्धों के संबंध में अति महत्वपूर्ण नई जानकारियाँ आपके संपादकीय के माध्यम से मिली। अंत में संदेश भी बहुत सुंदर है। एक मुहिम चलाना अति आवश्यक है।

  18. हर बार की तरह एक जरूरी मुद्दे पर आपने प्रकाश डाला। आपकी रिसर्च ने तो हमेशा प्रभावित किया। हम लोग चेतते ही तब हैं जब समस्या इरेवर्सिबल हो जाती हैं।
    जहाँ तक पारसियों की बात है तो उनकी संख्या सिर्फ इस वजह से घट रही क्योंकि वह एक rigid कौन रही है। आपस ही में विवाह करने की वजह से उनकी जीवनावधि बहुत कम होती है, क्योंकि उनके जीन्स स्ट्रांग नहीं होते । इस वजह से इस प्रजाति की संख्या घटती जा रही है। इन्हें चाहिए कि विवाह संबंधी नियम थोड़े रिलेक्स करें जिससे आनेवाली पीढ़ियाँ हृष्ट पुष्ट हों।
    बहरहाल संपादकीय के लिए पुन बधाई।

    • पारसी समाज के लिये आपकी राय महत्वपूर्ण है सरस जी। जब उन्होंने मरने के बाद वाल संस्कारों के लिये बदलाव स्वीकार कर लिये हैं तो जीने के लिये भी कर लेने चाहियें।

  19. पूरे विश्व तथा भारत में गिद्धों की विभिन्न प्रजातियों से परिचित करवाने के साथ यह बताना रोचक है कि आज उनकी संख्या में कमी का कारण मवेशियों को दिए जाने वाले ‘डिक्लोफेनिक सोडियम’ नामक इंजेक्शन हैं। जब गिद्ध इन मरे हुए जानवरों को खाते हैं तो इन इंजेक्शन का उन पर दुष्प्रभाव पड़ता है। गिद्धों की संख्या में कमी का कारण पशुओं को दिया जाने वाला यह दर्द निवारक इंजेक्शन है।
    कहते हैं कि प्रकृति अपनी सफाई स्वयं करती है। ज़ब गिद्धों की संख्या कम हो गई तो शहर से बाहर बने ‘पशु लैंडफिल’ में डाले गये जानवरों को खाने आये कुत्ते और चूहों की संख्या में वृद्धि हुई जिसके कारण रेबीज से मरने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़ गई।

    इसके साथ ही आपने पारसी समाज की शवों को ‘टावर ऑफ़ साइलेंस’ में टांगने की प्रथा की जगह अब दाह संस्कार को अपनाने को परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को बदलने का अनुपम उदाहरण है।

    आपका हर संपादकीय नवीन रोचक जानकारी से भरा पठनीय और गुणनीय होता है। ऐसा ही एक संपादकीय है गिद्ध, कुत्ता, चूहा और इंसान।

    साधुवाद आपको।

    • सुधा जी आपने तबीयत नासाज़ होते हुए भी संपादकीय को पढ़ा और अपनी सार्थक टिप्पणी भेजी। आपको हार्दिक धन्यवाद।

  20. बहुत महत्वपूर्ण संपादकीय
    बेहतर पर्यावरणीय व्यवस्था के लिए पृथ्वी पर रहने वाले सभी प्रजातियों का अपना महत्व है। आपने बहुत बढ़िया विस्तार से बताया है। आपका आभार

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest