पुस्तक – बड़े साहित्यकारों के साथ, लेखक-प्रकाश मनु , प्रकाशक-लिटिल बर्ड पब्लिकेशंस, नईदिल्ली,
मूल्य 499 रुपए मात्र, कुल पृष्ठ 271, समीक्षा-सूर्यकांत शर्मा
समीक्षित पुस्तक में सन 2000 से पहले के लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकारों के साथ बिताए गए, अनुपम पलों को सहेज कर और फिर उन्हें संस्मरणों में ढाल कर ,साहित्यिक थाती के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
यह संस्मरण!, संस्मरण तो हैं ही;साथ ही साथ यह उसके लेखक यानी प्रकाश मनु की जीवन यात्रा के विभिन्न सोपानों को भी संगसंग लेकर चलते हैं, अतः इन्हें आत्मकथा नुमा संस्मरण भी कह सकते हैं। कुल मिलाकर,ग्यारह साहित्यिक विभूतियों की संस्मरण दीपमाला का सा प्रभात, पाठक को पढ़ने को मिल सकता है। लेखक ने यह पुस्तक अपनी कथा गुरु देवेंद्र सत्यार्थी जी को समर्पित की और सही अर्थों में यह सर्वथा उचित भी है, क्योंकि देवेंद्र सत्यार्थी जी जैसा यायावर लोक गीत संग्राहक, शायद ही समूचे विश्व में मिले। पांच लाख गीतों को गाँव-गाँव समूचे देश और श्रीलंका तक जाकर खोजना! एक अद्वितीय अनुसंधान रहा। इस संस्मरण में देवेंद्र सत्यार्थी जी पूर्ण -रूपेण जीवन रूप के जीवंत रूप में विद्यमान हैं।
एक बानगी जो दिल को छू जाती है कि तमिलनाडु में जब वे श्रीलंका के लिए जाने को तैयार होते हैं। जिसकी व्यवस्था,वहीं के किसी विद्या प्रेमी परंतु धनाढ्य व्यक्ति ने की थी। यह भी एक सुखद संयोग रहा कि वहीं के सुप्रसिद्ध पत्र के संपादक उन दिनों 5000 रुपए बतौर पारिश्रमिक उन्हें यानी देवेंद्र सत्यार्थी जी को सादर उनके साहित्यिक सृजन के श्रम के रूप में देने आते हैं। सत्यार्थी जी का यह कहना कि उनकी यात्रा का इंतजाम तो हो चुका! यह पैसे अनुवादक को दे दिए जाएं। यही उन्हें एक महामानव के रूप में प्रतिष्ठित करता है। जीवन के प्रति सत्यार्थी जी का कथन,’ जीना कोई सजा तो है नहीं जो जीवन मिला है, उसे भरपूर जियें! और उनका कालजयी कथन जो आज के कहानीकारों के लिए नियम या प्रेरणादायक भरत वाक्य है,यथा “याद रखो मनु,जब तुम कोई कहानी लिखते हो तो वह कहानी भी तुम्हें लिखती है। इसलिए कोई अच्छी कहानी लिखकर तुम वही नहीं रह जाते, जो लिखने से पहले थे, बल्कि कहानी तुम्हें बदलती भी है। वह तुम्हें भीतर ही भीतर एक अच्छे संवेदनशील आदमी में बदल देती है…।”
लेखक ने प्रत्येक संस्मरण के आरम्भ वाक्य या प्रथम पृष्ठ में हो,उस साहित्यिक विभूति का अक्स सा, परंतु अर्थपूर्ण परिचय पाठकों को दे दिया है। रामविलास शर्मा जी के संस्मरण के पहले वाक्य में ही वे कहते हैं ‘रामविलास शर्मा हिंदी के बड़े आलोचक थे। संस्कृति चिंतक और सभ्यता विचारक भी. वे हिंदी के ऐसे गौरव शिखर थे, जिन पर पूरे हिंदी जगत को नाज़ था। पर साथ ही साथ उनके व्यक्तित्व में एक सम्मोहक खुलापन भी था। निर्मल सच्चाई की आप उनके चेहरे पर हमेशा झिलमिलाती थी। किसी भी बड़े और चर्चित साहित्यकार का साक्षात्कार कैसे!और किन तैयारियों के साथ लिया जाता है, इस प्रक्रिया की जानकारी इन ग्यारह संस्मरणों में पाठक और ख़ासकर युवा और शोधार्थियों को स्वतः ही मिल जाती है। इस संस्मरण विशेष में छायावाद मार्तंड सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जी भी नज़र आते हैं और राम विलास जी की जीवन और सृजन यात्रा भी।
आलोचना की बात हो और उसमें श्रद्धेय नामवर सिंह जी का नाम ना आए ऐसा कैसे हो सकता है? और यही है लेखक की समीक्षित पुस्तक का तीसरा बड़ा नाम! जिसे मैंने नामवर से बातें की हैं, के शीर्षक के अंतर्गत लिखा गया है। नामवर सिंह जी हमेशा बात विवाद-संवाद-शैली को लेकर आगे बढ़ते हैं और विचारों की लगाम को मानो खुला छोड़ देते हैं। यदि हम उन्हें पढ़ें तो अक्सर बहुत विरोधी लगने वाली चीज एक दूसरे से टकराती हैं और आगे चलकर कभी-कभी उन में ऐसा अकल्पनीय सत्य निकाल कर आता है जो स्तब्ध कर देने वाला भी होता है। यही बानगी है सत्य खोजी नामवर सिंह साहब के संस्मरण की।
साक्षात्कार किसी भी व्यक्तित्व और कृतित्व को समग्र रूप से खोजने का सर्वोत्तम तरीका है और पूरी पुस्तक में यह केंद्र में है, यानी सृजन कर्ता से संवाद और उसी में सृजन का सौंदर्य, उसकी स्वीकारोक्ति और ज्ञान विज्ञान का संचरण बस यही इस संस्मरण को लेकर कहा जा सकता है। संस्मरण को यदि स्वाभाविक कौतूहल और शरारत रूपी हास्य में बदल दिया जाए तो संस्मरण स्वतः ही अविस्मरणीय हो जाता है। त्रिलोचन उर्फ त्रिलोचन जी के भाई! इसकी की एक संजीव बानगी है। लेखक उनके मित्र हरिपाल त्यागी जी और त्रिलोचन जी की त्रयी ने इसे बड़े ही मनोरंजक ढंग से बुना है।
शतकवीर और गाँव की पृष्ठभूमि में रचे बसे रामदरश मिश्र जी के संस्मरण जी का शीर्षक वाक्य बनाया है मैंने यह घर धीरे-धीरे! सूत्र वाक्य की तरह से पाठकों को बताता है कि किस प्रकार एक ठेठ देहाती भाव में निममज़्जित साहित्यकार दिल्ली जैसे समंदर में अपनी सृजन की यात्रा को अपने अंदाज़ और अपनी गति से आगे बढ़ाता है और सम्पूर्ण जीवन और सृजन की सेंचुरी यानी शतक लगाकर यह संदेश भावी पीढ़ियों को देता है कि मनुष्य से बेहतर कुछ भी नहीं है। राम दरश मिश्र जी का यह अमर कथन, “इस दिल्ली में बहुत सारी छोटी-छोटी कस्बाई दिल्लियाँ हैं।” जो उनकी सादगी स्वाभिमान और एकाग्रता को परिभाषित करता है। दूसरे शब्दों में हम कह सकते हैं कि राम दरस मिश्र जी के बीज शब्द यथा गाँव, मिट्टी, पानी, परंपरा और अपने लोग उनके लंबे जीवन का बीजगणितीय सूत्र को प्रस्तुत करता है,यही संस्मरण।
वैद्यनाथ मिश्र यानी बाबा नागार्जुन!!! पर केंद्रित संस्मरण उनकी गँवई सादगी और अक्खड़पन को बहुत ही गहरे से उकेरता है। बाबा नागार्जुन की कविताओं को भी पाठक इस संस्मरण के प्रसाद के रूप में पढ़कर आनंदित हो सकता है।
शैलेश मटियानी पुरुषार्थ और भाग्य के बीच सृजनरत साहित्यकार का फ़िल्म सरीखा संस्मरण है, जो पाठकों को न केवल भीतर तक मर्माहत कर जाएगा वरन उन्हें झकझोर कर यह भी बताएगा कि जीवन कितना विसंगति पूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण हो फिर भी साहित्य साजन साहित्य सृजन पुरुषार्थ का दूसरा नाम है।
फ़िराक़ गोरखपुरी यानी रघुवीर सहाय,एक ऐसा नाम जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रत्यक्ष दर्शी रहा हो और फिर हिंदी अंग्रेजी और उर्दू साहित्य भारतीय संस्कृति का ध्वज वाहक भी रहा हो! यह एक लघु संस्मरण है।
विष्णु खरे का संस्मरण :एक दुरनिर्वार बेचैनी के कवि विष्णु खरे! लेखक के शोधार्थी जीवन से भी जुड़ा है.इसी कड़ी में डॉक्टर माहेश्वर: एक खरा और ज़िंदादिल लेखक से जुड़े संस्मरण इन साहित्यिक व्यक्तित्वों के जीवन,कार्यों को तो केंद्र में रखते ही है पर इसके साथ साथ लेखक के जीवन के परिवर्तनकारी सोपानों का ज़िक्र भी बड़ी ही कुशलता से बुना गया है।
पूरी पुस्तक सुंदर सहज सरल सार्थक और सारगर्भित है.कहीं कहीं प्रूफ रीडिंग की हल्की से किरकिरी है। एक और बात,जो युवाओं को और आकर्षित करती ,यदि इस सभी साहित्यिक विभूतियों के चित्र और सूक्ष्म परिचय दे दिया गया होता तो यह पुस्तक साहित्य के पुनीत गलियारों से निकल कर युवा भारत के प्रांगण में खड़ी हो जाती। कुल मिलाकर,कठोर श्रम के साथ सृजनात्मक और रचनात्मक अंदाज़ को समाहित कर एक उल्लेखनीय संस्मरण वीथी है, यह पुस्तक।

- सूर्यकांत शर्मा
पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रसारणकर्मी
मानसरोवर अपार्टमेंट
फ्लैट b1 प्लॉट नंबर 3
सेक्टर 5 द्वारका
नई दिल्ली 110075
मोबाइल 79 826 20596
