कहानी संग्रह- जूनिपर, लेखक- डॉ. हंसा दीप,समीक्षक-रामनगीना मौर्य, प्रकाशक- शिवना प्रकाशन, सिहोर-मध्य प्रदेश, मूल्य- ₹ 450/-
शिवना प्रकाशन, सिहोर- मध्य प्रदेश से प्रकाशित सुप्रसिद्ध साहित्यकार, संपादक, अनुवादक एवं यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो- कनाडा में लेक्चरार पद पर कार्यरत डॉ. हंसा दीप जी का पन्द्रह कहानियों का गुलदस्तानुमा नवीनतम कहानी संग्रह “जूनिपर” पढ़ने का सुअवसर प्राप्त हुआ।
संग्रह की इन कहानियों को पढ़ते साफ महसूस होता है कि लेखक द्वारा रोजमर्रा के दिनों में किसी समय विशेष में सामान्य से दृश्य, प्रसंग, विचार, घटना आदि को कलमबद्ध करते, कहानियों के माध्यम व्यक्त करते उन्हें विशिष्ट बना दिया गया है। सभी कहानियां बिना क्लिष्ट शब्दजाल के अपने आसपास के परिदृश्य को सहज रूप से बयां करते घटनाओं, लोगों की प्रवृत्तियों का सूक्ष्म मनोसंधान भी करती चलती हैं, बेशक लेखक का आत्मसंवाद भी. जिससे पाठक भी पढ़ते समय इन कहानियों के भाव और बोध को महसूस करते, खुद से सहजता से कनेक्ट कर पाता है। कहीं भी बनावटीपन महसूस नहीं होता। यही परिवेशपरक प्रस्तुतिकरण इन कहानियों को सार्थकता भी प्रदान करते हैं।
भयंकर बाइक दुर्घटना में जेस्टर अपनी एक टांग खो बैठता है। प्रोस्थैटिक पैर से उसे राहत तो मिली, लेकिन दुनिया के साथ कदम मिलाकर चलने में उसे दिक्कत होने लगी। ऐसे में एक साथी की तलाश के लिए उसने कुत्ता पालने का विचार किया। इसके लिए उसने कुत्ता शेल्टर-हॉउस में ढेरों कुत्ते देखे, परन्तु उसे एक तीन टांगों वाला कुत्ता जूनिपर ही पसन्द आया। कारण… खग ही जाने खग की भाषा। एक पैर खो देने की महत्ता के दष्टिगत जेस्टर ने जूनिपर की दिक्कतों को समझते, उसे ही गोद लेने का फैसला किया। निश्चय ही उसे अपने सरीखे उस जूनिपर के एक टांग न होने के दर्द का दिली अहसास होगा। मनुष्य अपनी संवेदना, सहानुभूति के लिए कब जानवर पर निर्भर हो जाता है, उसे पता तब चलता है, जब उस जानवर से आत्मीय सहचर, एक रिश्ता-सा कायम कर लेता है। कहानी “जूनिपर” पढ़ते हुए “चेखव” की कहानी ‘दुःख’ “द ग्रीफ” की याद आती है, जिसमें बेटे की मौत से दुखी एक कोचवान जब अपने बेटे की मौत का दुखड़ा, इन्सानों संग साझा करना चाहता है, लेकिन किसी ने भी उसके दुःख को सुनने, समझने पर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी, तो उसने इसे अपने घोड़े से ही साझा करना उचित समझा।
कहानी “खेल-खेल में” खेल के अद्भुत रोमांच का साक्षात अनुभव कराती है। खेल पर आधारित कोई कहानी किस कदर दिलचस्प हो सकती है कि पढ़ते समय अन्त जानने की व्यग्रता और बेचैनी में एक पाठक इस तरह अपने नाखून चबाने लगे, मानो वह स्टेडियम में या टी.वी. के सामने ही बैठा है, और उसके पसंदीदा खेल में दोनों टीमें एक-दूसरे पर बार-बार हावी होती जा रही हैं। फैसला कुछ भी हो सकता है। कांटे की टक्कर में कोई भी टीम जीत सकती है. कुछ ऐसा ही माहौल बन जाता है। सोचिए, कितना रोमांचक मैच होगा, जब पति-पत्नी अलग-अलग देश के हों, और मैच उन्हीं दोनों देश की टीम संग चल रहा हो। साथ में उनके बच्चे भी मैच देख रहे हों। घर में ही स्टेडियम का-सा पल-पल का उत्साह, तनाव, रोमांच पैदा हो जाता है। मगर कहानी का अन्त अत्यन्त गरिमापूर्ण तरीके होता है, यही कहानी की जान है। खेल भावना भी.
स्केटिंग प्रतियोगिता में शामिल होने की खुशी में नैश अपने मां-बाप को भी बुलाना चाहता था. लेकिन ऐन प्रतियोगिता से पहले विमान दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो जाने पर वह गहरे अवसाद में चला जाता है। परन्तु मौंके की नजाकत को भांपते, समझते उसकी दोस्त नाया ने उसे स्केटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया. शायद प्रतियोगिता में उसका प्रतिभाग करना ही मां-बाप के लिए सच्ची श्रद्धांजलि थी। फिर, उसके मां-बाप भी तो यही चाहते थे। इन्हीं भावनाओं को व्यक्त करती कहानी “शोक- उत्सव”, जो प्रेरणादायक संदेश देती है।
घर का कोई सदस्य, जिसके साथ जीवन के ढेरों सुख-दुख के पल बीते हों, जाने कितनी ही यादें जुड़ी हों, अचानक जब वही अपनी याददाश्त खो बैठे, तो घर के सदस्यों पर क्या गुजरती है, ऐसे सदस्य के प्रति घर के अन्य सदस्यों की क्या जिम्मेदारियां हो सकती हैं, उसके प्रति भावनात्मक रूप से कैसा लगाव-जुड़ाव हो, कहानी “झुरमुटी गलियारे” में इन्हीं मसलों को मार्मिकता पूर्वक प्रस्तुत किया गया है।
कम सुनने या एकदम ना सुन पाने की समस्या से जो इन्सान जूझता है, उसे घर-परिवार, रिश्तेदारों, कार्य-स्थल पर लोगों संग किस प्रकार एडजस्ट करना होता हैं, ऐसे में कभी-कभार वो अपनी झुंझलाहट, चिडचिड़ाहट से कैसे पार पाता है, खासकर तब, जब ये सुनने को मिले कि ‘ये जनाब अपने मतलब की बात तो सुन लेते हैं, लेकिन जैसे ही दूसरे के मतलब की बात हो…क्या-क्या… आँय- आंय’ करते, न सुनने का बहाना बनाने लगते हैं। पता नहीं इन्हें सच में कम सुनाई देता है या कामचोरी के वास्ते न सुनाई देने का बहाना बताते हैं’. इसी दर्द- व्यथा को कहानी “कान” में व्यक्त किया गया है। कहानी से ही यह वाक्य जेरेनजर है…’शरीर का कोई भी अंग अपनी ड्यूटी से पीछे हट जाए तो मानव-मस्तिष्क कितना अकेला पड़ जाता है! मजबूर और विवश!’ ऐसे लोग अपनी जिन्दगी को किस तरह सार्थक, जीवन्त, खुशनुमा बना पाते हैं, यही सकारात्मक सन्देश देती है यह कहानी।
आज का इन्सान किस कदर यंत्रवत होता जा रहा है कि शोक-सभा जहां संवेदना, सांत्वना, हमदर्दी के दो शब्द कहने होते हैं या कुछ नहीं तो मौन धारण ही किये रहना होता है, वहां माहौल के विपरीत प्रायः ऐसे मौकों पर भी कुछ लोगों की आपसी बातचीत में सामान्य दिनचर्या, आपसी राजनीति, मौसम, देश-दुनिया की लम्बतरानियां, शिकायतें, उलाहनें, यहां तक कि ऐसे मौकों पर कौन से ड्रेस पहनने चाहिए, आदि-आदि ही बतियाने के मुख्य विषय होते हैं। अपने में मशगूल ये लोग यह भूल जाते हैं कि वे वहां किस प्रयोजन से इकट्ठा हुए हैं. भागमभाग, आगे बढ़ने की अंधी दौड़ सी होड़ में लगे एक संवेदनहीन होते समाज का यथार्थगत चेहरा प्रस्तुत किया गया है कहानी “सफेद बत्तखें” में।
एक बिन मां की बेटी और पिता के बीच के मार्मिक, अतिभावुक रिश्ते को भरपूर जीवंतता से प्रस्तुत करती है कहानी “पाती”। कहानी में एक पिता अपनी बेटी के बारे में होने वाले दामाद को पत्र के माध्यम से बहुत कुछ बताना चाहते हैं। हालांकि यह पत्र उनकी बेटी के गुणों, आदतों आदि के बारे में ज्यादा है, लेकिन पिता द्वारा, होने वाले दामाद से इस नजरिए एक वायदा, आश्वासन भी मांगा गया है कि बेटी को सदा खुश रखना, क्योंकि तुम उसकी च्वॉयस हो, और मेरी बेटी की च्वॉयस कभी गलत नहीं हो सकती। हां! साथ में हर हाल में बेटी के संरक्षण का पक्का वादा भी है। यह कहानी निश्चय ही रूढ़ियों को तोड़ते हुए, नये जमाने के तेवर का प्रतिनिधित्व करती है, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।
यूं तो अध्यापन काल में एक अध्यापक का हजारों विद्यार्थियों से पाला पड़ता है। तमाम तरह के खट्टे- मीठे-कड़वे अनुभव होते हैं। वैसे देखा जाय तो अध्यापकगण भी हर हाल में अपने विद्यार्थियों का भला ही चाहते हैं। उन्हें उत्तरोत्तर तरक्की करते देखना चाहते हैं। परन्तु कभी-कभी किसी खास विद्यार्थी को लेकर कश्मकश-सी स्थिति भी आ सकती है। ऐसे समय में उन्हें कथा सम्राट प्रेमचन्द की कहानी ‘पंच परमेश्वर’ की स्थिति में आना ही पड़ता है, अर्थात् समस्त पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर केवल सच का साथ देना। यही सकारात्मक संदेश देती विद्यार्थी और अध्यापक के बीच के अदृश्य धागे की कहानी है ‘तागा’.
भगवान के जन्म-महोत्सव पर नये बने भव्य मन्दिर प्रांगण में एक अजनबी शख्स की प्रत्येक हरकतों पर नजर रखते, मन्दिर के प्रबन्धकों आदि द्वारा उस शख्स के बारे में तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन सच्चाई कितनी दिलचस्प हो सकती है, यह इस कहानी ‘भक्त’ को पढ़कर ही महसूस किया जा सकता है। कहानी में तमाम अटकलबाजियों, जिज्ञासाओं को लेकर दिलचस्प ताना-बाना बुना गया है।
कहा जाता है कि छोटे बच्चे भले ही बड़ों के बात-व्यवहार को पूरी तरह न समझ पायें, लेकिन नकल बहुत अच्छी तरह कर लेते हैं। कहानी ‘रुतबा’ में घरेलू एक्टिविटी के दिन कामकाजी दम्पति में से पिता को ऑफिस जाने और मां को ही ऑफिस से छुट्टी लेकर बच्चों के साथ सारा दिन बिताने की बाध्यता है, ऐसे में खेल-खेल में कुछ खिलौने टूट भी जाते हैं। एक बच्चा जो उम्र में बड़ा है, अपने से छोटे बच्चे का खिलौना लॉलीपाप के लालच में रिपेयर करने वास्ते तैयार होता है, तो जाहिर है उस बड़े बच्चे को अपने में खास तरह का रूतबा महसूस होगा ही। यह देखकर उस बच्चे में भी अपनी छोटी बहन पर रूतबा जमाने का खयाल जेहन में आता है। लेकिन, यह क्या छोटी बहन तो सोई हुई है। बेचारे की लॉलीपाप गई, और रूतबा दिखाने का मौंका भी नहीं मिला। प्रेरक संदेश देती यह कहानी लेखक के बाल कहानी संग्रह में भी होनी चाहिए।
हम कितना भी बनाव-श्रृंगार कर लें, आत्मीय संतुष्टि नहीं मिलती। लुभाती है मौलिकता ही। आत्मविश्वास भी इसी से मिलता-बढ़ता है। कहानी ‘जेवर’ में यही संन्देश देने का प्रयास है। अगर कारीगर अपने काम-काज में कुशल हो, तो कारीगर और ग्राहक के बीच समझ और विश्वास के लिए भाषा आड़े नहीं आ सकती. कहानी ‘घुंघराले बोल’ का यही सन्देश है।
एक बॉलीबाल खिलाड़ी जो अपनी तमाम काबिलियत के वाबजूद कभी भी मुख्य टीम में शामिल होकर, किसी भी टीम के विरूद्ध नहीं खेल सका. तमाम उम्र बेंच-स्ट्रैन्थ के रूप में बना रहा. ऐसे में जब वो अपनी पोती को भी बेंच पर ही बैठे-बैठे अपनी टीम को कभी चियर करते, तो कभी टीम के साथ हडल करते देखता है तो उसे अपने दिन याद आ जाते। लेकिन, अन्ततः उसकी पोती को मुख्य टीम में जगह मिलती है, जिससे उसे यह सुकून मिलता है कि मुख्य टीम में शामिल होकर खेलने का क्या सुख होता है, और टीम के लिए बेंच- स्ट्रैंथ बने रहने की कसक कैसी होती है। कहानी ‘बेंच’ में एक खिलाड़ी के खेल जीवन के उतार-चढ़ाव, ऐसी ही मनःस्थिति को बखूबी व्यक्त किया गया है। अमूमन ऐसा अनुभव अनेकों खिलाड़ियों को अपने खेल-जीवन में हुआ होगा. यह पक्ष इस कहानी को व्यावहारिक और सार्थक बनाता है।
कहानी ‘आग’ में कनाडा के जंगल की आग, रेत, समुद्री किनारों, मौसम, वहां के शहरी जीवन पर खास नजरिये से बात की गयी है. साथ ही एक तलाकशुदा दम्पति, खासतौर पति, जब उसका बच्चा कानूनी तौर पर उसके बजाय पत्नी के पास हो, की मनःस्थिति का गहन पड़ताल किया गया है। कहानी में जंगल की आग और पति के अन्दर बच्चे को लेकर चल रही तड़प भरी आग और धुएँ का बेहतरीन साम्य स्थपित किया गया है।
क्रिसमस पर सांताक्लॉज द्वारा बच्चों को उपहार मिलने की बातें हम सबने बचपन से ही सुनी है। बच्चों को क्रिसमस की सुबह सांताक्लॉज से उपहार मिलने की प्रतीक्षा भी रहती है। कहानी ‘पानी के रंग’ में कथानायिका को अपने बचपन के इस अनुभव की याद आती है। ऐसे में संजोग से क्रिसमस के मौंके पर जब उसे पहली तनख्वाह मिलती है, तो वह उसे एंजल-ट्री से टंगी कागज की पर्चियों पर लिखे पते पर रहने वाले बच्चों को उपहार देने का इरादा करती है। जिसे कार्यरूप में परिणत करने पर उसे कैसे-कैसे खट्टे-मीठे अनुभवों से दो-चार होना पड़ता है, उन्हीं अनुभवों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करती है यह कहानी। सुखद और प्रेरक संदेश देती यह कहानी बच्चों के लिए प्रस्तावित किसी कहानी संग्रह में भी शामिल की जा सकती है।
इन कहानियों की महत्ता, इनके बेहतरीन, चर्चित एवं बहुप्रशंसित होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संग्रह में शामिल सभी कहानियां किसी-न-किसी पत्रिका में पूर्व से प्रकाशित हैं। किताब हॉर्ड-बाउण्ड में सुन्दर कलेवर में प्रकाशित है। अगला संस्करण यदि पेपरबैक में आये तो अवश्य थोड़ी सस्ती हो सकती है। एक बेहतरीन, संग्रहणीय कहानी संग्रह को प्रस्तुत करने के लिए प्रकाशक, लेखक को बहुत-बहुत बधाई। हार्दिक शुभकामनाएं।

-रामनगीना मौर्य, लखनऊ. (मोबॉयल नम्बर- 9450648701)
