Sunday, September 20, 2026
होमशख़्सियत / व्यक्तित्वइंडिया नेट बुक्स के डॉक्टर संजीव कुमार बहुत याद आएंगे – विनम्र...

इंडिया नेट बुक्स के डॉक्टर संजीव कुमार बहुत याद आएंगे – विनम्र श्रद्धांजलि

दिल्ली के इंडिया हेबिटेट सेंटर के प्रेक्षागृह में, इंडिया नेटबुक्स के अधिष्ठाता स्वर्गीय डॉ संजीव कुमार की स्मृति में प्रार्थना सभा आयोजित की गई। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और बहुआयामी व्यक्तित्व और कृतित्व को वक्ताओं ने नम आँखों से याद किया।

रणविजय राव और लालित्य ललित के संयुक्त शोक सभा संचालन में डॉक्टर संजीव कुमार पर जाने माने साहित्यकारों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जिनमें बुद्धिनाथ मिश्र, ममता कालिया, लक्ष्मीशंकर वाजपेयी, फारूक आफरीदी, राजेश कुमार, राकेश पाण्डेय रहे प्रमुख रहे।

यह भी पाठकों, लेखकों, पुस्तक प्रेमियों को बता दें कि लालित्य ललित ने ही डॉक्टर संजीव कुमार को प्रकाशन जगत में प्रवेश करने से लेकर वर्तमान स्थिति तक सक्रिय सहयोग दिए रखा है।

कॉरपोरेट क्षेत्र में काफी लंबे समय से श्री आलोक अग्रवाल ने अपने लंबे शोक वक्तव्य में उनके विधि एवं कॉरपोरेट जीवन के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय और अनुकरणीय योगदान को रेखांकित किया।

शोक सभा में कुछ वक्ताओं यथा लक्ष्मी शंकर वाजपेई और राजेश कुमार जी ने डॉक्टर संजीव कुमार की कविताओं को उद्धृत किया। रणविजय राव और लालित्य ललित ने उनके साथ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक देश-विदेश यात्राओं को सार रूप में याद कर अपनी भावांजलि प्रस्तुत की।

बुद्धिनाथ मिश्र जी ने डॉक्टर संजीव कुमार के शोक लिखा अपना मार्मिक गीत भी प्रस्तुत किया। वहीं एक दो नाम ऐसे भी रहे, जिन्हें मंच से पुकारा गया, परंतु वे आवश्यक कार्य के कारण, बस स्थानीय मीडिया से अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट कर बाहर से ही चले गए।

सार रूप में, संजीव जी के साहित्यिक और मानवीय योगदान को याद किया गया।

परिवार जनों में से पुत्र और दोनों बेटियों ने महान पिता को याद कर प्रार्थना सभा में शामिल लोगों के प्रति आभार ज्ञापित किया। समूचे परिवार ने इंडिया नेटबुक्स के कार्यों और योजनाओं को विधिवत जारी रखने का वायदा उपस्थित समूह और मीडिया से किया।

डॉक्टर संजीव जी की जीवन संगिनी डॉ मनोरमा और उनकी बहन कामिनी भी उपस्थित रहीं। डॉक्टर कुमार की सृजित पुस्तक ॐ (ओम ) श्रीं ॐ जोकि भक्ति अध्यात्म और काव्य से समृद्ध एक काव्य संग्रह है, उसे सभी को उनकी याद में भेंट किया गया।ज्ञात रहे कि यह उनके जीवन के दौरान, उनके द्वारा लिखी गई,अब तक की प्रकाशित,यह अंतिम पुस्तक है।

प्रार्थना सभा में लेखक सम्पादक बलराम, प्रताप सहगल, शशि सहगल,संतोष खन्ना, डॉ गिरिराज शरण अग्रवाल, सूर्यकांत शर्मा, महेश भारद्वाज,अशोक गुप्ता, नीरज मित्तल, पूनम माटिया, आलोक शुक्ल, आशमा कौल, कल्पना मनोरमा, राजेश्वरी मंडोरा सहित इण्डिया नेट बुक परिवार और संजीव जी के परिजन, मित्र आदि उपस्थित थे।

 

सूर्यकांत शर्मा
द्वारका, नई दिल्ली
मोबाइल – +91 79826 20596

 

RELATED ARTICLES

1 टिप्पणी

  1. इंडिया नेटबुक्स अधिष्ठाता स्वर्गीय डॉ संजीव कुमार जी को
    दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर प्रेक्षाग्रह में प्रतिष्ठित साहित्यकारों स्वजनों द्वारा सादर श्रद्धांजलि प्रेषित की गई ,
    आदरणीय लालित्य ललित जी को विशेष साधुवाद के पात्र हैं उन्होंने संजीव कुमार जी की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए शुरू से लेकर अंत तक प्रेरित किया। डॉक्टर संजीव कुमार जी की लिखित अंतिम आध्यात्मिक पुस्तक का लेखन हम सभी को एक संदेश प्रवाहित करता है कि अंततोगत्वा हम सबको ईश्वर शरण में ही जाना है, निः संदेह इस पुस्तक में मेरे विचार से यही संदेश मिलता होगा कि हम सब कुछ ऐसे कार्य करें की लोग हमारे मृत्यु पर्यंत कार्यों को याद रख सके ,ताकि प्रभु के चरण रज में रह सके
    सादर श्रद्धांजलि मेरी ओर से
    आदरणीय प्रिय सूर्यकांत जी आप ऐसे पत्रकार हैं जो निष्काम भाव से मानव मात्र के गुणों के प्रति समर्पित भाव से, चाहे वह किसी भी फील्ड का क्यों ना हो, आप उस पर नोटिस करते हैं
    उसे प्रकाश में लाते हैं
    आपको साधुवाद ।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest