थैली
मैं सुबह अखबार पढ़ने में तल्लीन था और साथ ही साथ चाय की चुस्कियां ले रहा था तभी रसोई से श्रीमती जी की आवाज़ सुनाई दी “सुबह हुआ कि नहीं बस आप अखबार खोलकर बैठ जाते हैं. कुछ खबर भी है कि घर की रसोई के लिए कुछ सामान, सब्जी वैगरह भी लानी है” आवाज तो मैंने सुनी पर विशेष ध्यान नहीं दिया, यह तो रोज की बात थी. श्रीमती जी कहां मानने वाली थी, धमक कर मेरे पास आई और एक छोटी सी थैली मुझे पकड़ाते हुए बोली “अजी सुनते हो, बाजार नहीं जाना है क्या? कुछ सामान लाने को है”
मैं श्रीमती जी और उनके हाथ की थैली को घूरने लगा और कहा “तुम भी ना रोज रोज मुझे बाजार भेजती हो और यह छोटी सी थैली देकर. क्यों नहीं एक साथ सारे समान मंगवा लेती हो. यह थैली नहीं चलेगी, एक बड़ा सा थैला लेकर आओ, सारे सामान एक साथ लेता आता हूं”
“आपको कुछ पता भी है, बाजार में आग लगी हुई है और आप हैं कि बड़ा थैला लाने को कहते हो. अब यह हालत हो गई है कि यदि यह छोटी सी थैली ही भर जाए, कमबख्त मंहगाई से तो गनीमत समझो. बड़े आए बड़े थैले लेकर बाजार जाने वाले, घर कैसे चलाया जाता है, यह तो समझ है नहीं और बड़े तिसमार खां बनते फिरते हो” मैं उसे और उस छोटी सी थैली को घूरने लगा. मुझे लगने लगा कि श्रीमती जी ठीक फरमा रही है. मैं बाजार जाने के लिए कुर्सी से उठ गया.
इधर क्या देखता हूं कि वह छोटी सी थैली मुझे देख मंद मंद मुस्कुरा रही है, शायद मेरी नासमझी पर या फिर अपनी अहमियत पर.
…….
गहरी दोस्ती
आकाश बाईक चला रहा था और उसका दोस्त मनीष पीछे बैठा था. दोनों दोस्त आज किसी बड़ी कंपनी में जॉब मिलने की आशा में इंटरव्यू देने जा रहे थे. आकाश बहुत खुश था और अपनी नई बाईक में अपने दोस्त मनीष को साथ लेकर उड़े जा रहे थे और मनीष बहुत सहमा सहमा सा चुपचाप बैठे बैठे मन ही मन भगवान से प्रार्थना कर रहा था कि यह जॉब किसी भी प्रकार आकाश को मिल जाए क्योंकि वह मुझसे बहुत स्मार्ट और पढ़ाई में तेज रहा है. तभी आकाश बाईक चलाते हुए मस्ती से गा उठा “आने वाला पल जाने वाला है”
यह गाना सुनते ही मनीष कहने लगा “अरे यार, यह भी कोई वक्त है, गाने के लिए. इंटरव्यू कैसे देना है यह न सोच कर गाने के पीछे पड़ा है”
“अरे यार मनीष तुम नहीं समझोगे, यह जो पल है अभी के अभी, इसे पूरे से जी ले और वह जो पल आएगा, उसे भी जी लेगें और देखा जाएगा” आकाश चहक उठा.
तभी कंपनी का आलीशान दफ्तर आ गया. आकाश, पार्किंग में अपनी बाईक पार्क किया. मनीष दफ्तर को देख दंग रह गया, मन ही मन इसे देख खुश होने लगा. दोनों इंटरव्यू वाले कमरे की ओर बढ़ चले. वहां जाकर देखा कि अनेकों बेरोजगारों की लाईन लगी है उसी इंटरव्यू के लिए जिसे दोनों यहां देने आये हैं. इन दोनों ने रिसेप्शन पर जाकर अपनी बारी का नंबर ले आए और फिर प्रतीक्षा करने लगे अपनी बारी की. आकाश मंद मंद मुस्कुरा रहा था और मनीष नर्वस हो रहा था, इतनी लंबी लाईन देखकर.
खैर अपनी बारी आने पर दोनों ने इंटरव्यू दिया और दोनों ही पूछे गए सवालों का सही जवाब भी दिया. एच.आर. संतुष्ट दिखे. दोनों खुश थे, लेकिन पोस्ट एक ही था और इस भीड़ में किसी एक की ही तकदीर चमकने वाली थी. रिजल्ट के लिए इन्हें प्रतीक्षा करने को कहा गया. मनीष मन ही मन मान कर चल रहा था यह जॉब जरूर आकाश को मिलेगी, बहुत काबिल है वह. तभी स्टेनो दरवाजा खोलकर बाहर आई और सबको संबोधित करती हुई कही “आप सबमें आकाश कौन है, वे अंदर जाए” इतना कहकर वह फिर से अंदर चली गई. सबकी निगाह आकाश पर टिक गई. मैं बहुत खुश हुआ कि हो ना हो आकाश को ही यह ऑफर दी जा रही है तभी तो इतनों में से उसे ही दुबारा बुलाया गया है. आकाश कमरे में गया.
ज्यों ही आकाश कमरे में घुसा एच.आर. बड़ी प्रसन्नता से कहा “वेलडन बॉय, आप हमारे इस कंपनी के लिए चुन लिए गए हैं, कोंग्रेचुलेशन” उसी वक्त स्टेनो बाहर आई और सबों से कहा “आप सब अब जा सकते खेद है कि आपका सिलेक्शन न हो सका” कहने के साथ ही वो कमरे में आ गई. सभी निराश, मायूस होकर निकलने लगे. मनीष बैठा रहा और खुश होता रहा कि मैं जानता था यह जॉब मेरे प्रिय मित्र को ही मिलेगी.
इधर कमरे में आकाश इस ऑफर से खुश नहीं दिख रहा था. एच.आर. ने यह भांप लिया और कहा “मिस्टर आकाश, आपको तो खुश होना चाहिए, इतने भीड़ में भी आपको चुन लिया गया है, आपको कुछ कहना है क्या?”
“सर, हां बुरा न माने तो पूछ सकता हूं कि दूसरे नंबर पर आपकी पसंद पर कौन खरे उतरे?” एच.आर. ने कहा दूसरे नंबर पर कोई मिस्टर मनीष है, आप दोनों की काबलियत बिल्कुल समान है परन्तु हमारे पास एक ही पोस्ट है यदि दो पोस्ट होते तो दूसरा ऑफर उसे ही दिया जाता, लेकिन हमारी मजबूरी है एक ही पोस्ट है और यह आपको जाता है”
आकाश यह सुनकर खुश हो गया. वह सोचने लगा कि जॉब की ज्यादा जरूरत मेरे प्यारे दोस्त मनीष को है, उनके सर से पिता का साया कब का उठ चुका है, बूढ़ी बीमार मां है और ब्याहने लायक दो दो बहनें हैं, किसी प्रकार मनीष ट्यूशन से घर की गाड़ी खींच रहा है. मैं बेरोजगार जरूर हूं, पर लाचार नहीं. यह जॉब उसे मिलती तो मैं सबसे ज्यादा खुश होता. यह सब सोचते हुए उसने एच.आर. से कहा “सर मुझे यह जॉब मंजूर नहीं. यदि संभव हो तो यह जॉब मनीष को दे दी जाए. उसे इसकी सख्त जरूरत है” और मनीष का सारा हाल उन्हें बता दिया. एच.आर. सर यह सुनकर बहुत खुश हुआ, उसने कहा “मैंने अपनी जिंदगी में, ऐसे इंसान बहुत कम देखें हैं जो हाथ आए अवसर को खो दे, बहुत दयालु हैं आप, बधाई हो” एच.आर. स्टेनो से कहा “यदि मिस्टर मनीष नहीं गए हैं तो बुला लाओ”
आकाश में कहा “सर, सिलेक्शन में, सारे क्रेटरिया के अलावा, जरूरतमंद क्रेटरिया भी रखनी चाहिए” और हंस पड़ा.
स्टेनो के साथ आकाश भी बाहर आ गया. मनीष आगे बढ़ कर आकाश को गले लगाकर कहा “बधाई हो मेरे यार, जॉब मिलने की, मैं जानता था तुम्हें जरूर चुना जाएगा” तभी स्टेनो मनीष को भीतर जाने को कहा. आकाश ने मनीष को सिर्फ इतना कहा “मुझे नहीं, तुम्हें चुना गया है, बस एक नंबर से मैं पीछे रह गया, बधाई हो मेरे यार” कहते हुए उसे गले से लगा लिया.
लौटते हुए आकाश फिर से गाने लगा “आने वाला पल जाने वाला है” दोनों बहुत खुश नजर आ रहे थे.
- मोतीलाल दास
जन्म 8 दिसंबर 1962, रेल सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद स्वतंत्र लेखन कर रहे हैं। तीन काव्य संग्रह ‘आखिर क्या करता’, ‘देह पर दिन की भाषा’ और ‘समय के ढेर पर’ प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी एक कहानी पर ‘एक डर’ नामक लघुफिल्म भी निर्मित हुई है।
10ए, डोंगाकाटा, नंदपुर
मनोहरपुर – 833104 (झारखंड)
संपर्क 7978537176
