क्रिकेट के इतिहास में दर्ज पहला मैच 1646 में ब्रिटेन के केंट क्षेत्र में खेला गया था। पहला अंतरराष्ट्रीय मैच 1844 में कनाडा और अमेरिका के बीच खेला गया था और पहला टेस्ट मैच 15 मार्च 1877 को ऑस्ट्रेलिया के शहर मेलबर्न में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था।
भारत में क्रिकेट की शुरुआत 1721 में मानी जाती है। कलकत्ता क्रिकेट क्लब की स्थापना 1792 में हुई थी और उस समय के बंबई में पारसी समुदाय ने ओरिएंटल क्रिकेट क्लब की स्थापना 1848 में की थी।
यू.ए.ई. यानी संयुक्त अरब अमीरात ने अपना पहला क्रिकेट मैच 1976 में पाकिस्तान के विरुद्ध खेला। अब तक वह विश्व के लगभग हर देश के विरुद्ध क्रिकेट खेल चुका है।
‘पुरवाई’ के पाठक सोच रहे होंगे कि उनका संपादक यह सारी जानकारी उनके साथ क्यों साझा कर रहा है। बात कुछ ऐसी है कि 24 नवंबर 2026 को दोहा में एक ऐसी घटना घटित हुई, जो 1844 से आज तक कभी नहीं हुई थी। 27 मार्च 2011 को जन्मे वैभव सूर्यवंशी ने उस दिन दोहा में संयुक्त अरब अमीरात की ए-टीम के विरुद्ध खेलते हुए 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया। इस पारी में उस 15 साल 7 महीने के बच्चे ने 28 छक्के और सात चौके लगाए। यानी 196 रन केवल 35 गेंदों में छक्कों और चौकों की मदद से बना डाले।
पूरा वैश्विक क्रिकेट जगत इस कारनामे से हतप्रभ रह गया। ‘भूतो न भविष्यति’ ऐसी ही किसी उपलब्धि के लिए कहा जा सकता है। यहाँ तक कि अधिकांश पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों ने भी वैभव सूर्यवंशी की पारी की खुले दिल से सराहना की।
मगर पाकिस्तान के एक महान खिलाड़ी हुए हैं तनवीर अहमद। उन्होंने अपने पूरे जीवन में पाकिस्तान के लिए कुल जमा पाँच टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल मिलाकर 170 रन बनाए हैं। साथ ही, दो एकदिवसीय मैच भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 18 रन बनाए हैं। ये कारनामे उन्होंने 2010 और 2013 के बीच कर दिखाए थे। मगर यह खिलाड़ी टीवी डिबेट में कुछ ऐसा व्यवहार करता है, जैसे क्रिकेट के खेल की जानकारी उससे अधिक किसी को भी नहीं।
वह टीवी डिबेट में अपने आपको वसीम अकरम, शोएब अख्तर, मिस्बाह-उल-हक, मुहम्मद यूसुफ आदि से कहीं ऊँचे स्तर का क्रिकेटर साबित करने के चक्कर में रहता है। उसने टीवी डिबेट में एक अलग किस्म का राग अलापना शुरू कर दिया- “ओ जी, वैभव सूर्यवंशी 15 साल का हो ही नहीं सकता। जिस तरह वह छक्के पर छक्के मार रहा है, यह काम एक पंद्रह साल का लड़का कर ही नहीं सकता। यह कम से कम बीस या इक्कीस साल का होगा। इस लड़के का टेस्ट होना चाहिए कि उसकी सही उम्र क्या है।” तनवीर अहमद अपने बेवकूफी भरे बयानों से पहले भी अपने आपको हास्य का पात्र बना चुके हैं।
हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान पर आरोप लग रहे थे कि अंडर-19 टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने 21 से 25 साल तक के खिलाड़ी उतारे थे और उसी देश का एक बेवकूफ, चालाक पूर्व क्रिकेटर ऐसे बयान जारी कर रहा है।
गौतम गंभीर ने जैसे कसम खा रखी है कि वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की जर्सी नहीं पहनने देंगे। उन पर थोड़ी देर बाद बात करता हूँ। उससे पहले एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर की बात कर लेते हैं। स्मरण रहे कि संजय मांजरेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी विजय मांजरेकर के पुत्र हैं। वे भारत के लिए टेस्ट और वन डे क्रिकेट खेल चुके हैं।
संजय मांजरेकर ने भारत के लिए कुल 37 टेस्ट मैच खेले और उनमें 37.1 की औसत से 2,043 रन बनाए। वहीं, उन्होंने 74 एकदिवसीय मैचों में भी बल्ले के जौहर दिखाते हुए 33.2 की औसत से 1,994 रन बनाए। यानी उनकी उपलब्धियाँ कुछ ऐसी नहीं हैं कि इतिहास उन्हें याद रखे। उनके जैसे कई खिलाड़ी भारत के लिए खेले और समय आने पर रिटायर होकर क्रिकेट की कमेंट्री करने लगे। संजय मांजरेकर भी आजकल यही काम करते हैं।
हैरान करने वाली बात यह थी कि जब पूरा भारत वैभव सूर्यवंशी के दोहरे शतक की खुशियाँ मना रहा था, तब संजय मांजरेकर कह रहे थे कि- “व्हाइट-बॉल क्रिकेट हास्यास्पद स्तर पर पहुँच गया है।” जो उपलब्धि क्रिकेट के लगभग चार सौ साल के इतिहास में पहली बार किसी खिलाड़ी ने हासिल की है, उसकी तारीफ करने के बजाय संजय उसे हास्यास्पद बता रहे हैं। इससे हमारे दिमाग में यह सवाल उठना लाजिमी है कि संजय भाई, क्रिकेट का स्तर हास्यास्पद हो गया है या वैभव सूर्यवंशी की पारी को देखने का आपका नजरिया हास्यास्पद है!
संजय भाई, हम आपको बताना चाहेंगे कि वैभव सूर्यवंशी के लिए एकदिवसीय क्रिकेट के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया। नियम वही थे, जो इस टूर्नामेंट की अन्य टीमों के लिए लागू किए गए थे। यदि यही रन संजय मांजरेकर ने स्वयं बनाए होते, तो क्या वे कहते कि सफेद गेंद का क्रिकेट हास्यास्पद स्तर पर पहुँच गया है?
संजय को इस बात की तारीफ करनी चाहिए थी कि वैभव ने 250 रनों का लक्ष्य 14.2 ओवरों में हासिल करने में मुख्य भूमिका निभाई। वैभव ने अकेले 204 रन बनाए और बाकी के 50 रन चार बल्लेबाजों और मिस्टर एक्स्ट्रा ने मिलकर बनाए।
इस प्रक्रिया में वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए मैचों में सबसे तेज शतक (28 गेंदों में), सबसे तेज 150 रन (40 गेंदों में) और सबसे तेज दोहरा शतक (52 गेंदों में) बनाने के रिकॉर्ड अपने नाम कर डाले। ऐसा लगता नहीं कि इन रिकॉर्डों को आसानी से तोड़ा जा सकेगा।
कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि संयुक्त अरब अमीरात की टीम के विरुद्ध ऐसा रिकॉर्ड किस काम का! इसीलिए संपादकीय की शुरुआत में ही हमने साफ कर दिया था कि जिस टीम के विरुद्ध वैभव सूर्यवंशी ने इतना जबरदस्त कारनामा कर दिखाया, वैसा काम विश्व की किसी भी टीम का बड़ा से बड़ा खिलाड़ी भी नहीं कर पाया। इसीलिए यह जरूरी है कि वैभव की उपलब्धि को सही नजरिए से देखा जाए।
जब वैभव सिक्सर पर सिक्सर लगा रहा था, तो कहीं ऐसा महसूस हो रहा था कि गेंद हर बार गौतम गंभीर के गालों पर जाकर गिर रही है। गौतम गंभीर ने पूरा प्रयास किया कि वैभव सूर्यवंशी बेंच पर बैठा रहे और खिलाड़ियों के लिए मैदान में पानी और तौलिए लाता रहे। न्यूजीलैंड के विरुद्ध अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उसे बाद के दो मैच नहीं खेलने दिए गए। वैभव की यह पारी गंभीर के लिए एक गंभीर सवाल है कि भाई, तुम ऐसा क्यों कर रहे हो? वैभव जैसे खिलाड़ी रोज-रोज पैदा नहीं होते।
यह तो भगवान का लाख-लाख शुक्र है कि जब सचिन तेंदुलकर पाकिस्तान में अपना डेब्यू करने गए, तो उस समय टीम के कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत थे और मैनेजर चंदू बोर्डे थे। चंदू बोर्डे ही कोच का काम भी संभाल रहे थे। यदि कोई गंभीरनुमा शख्स टीम का मैनेजर होता, तो सचिन तेंदुलकर मैदान में पानी लाने तक ही सीमित रह जाते।

भारत के न्यूजीलैंड दौरे के दौरान मजबूत बेंच स्ट्रेंथ और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका न मिलने को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने 1 नवंबर 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ पाँचवें टी-20 मैच से पहले कहा कि उनका काम हर किसी को खुश करना नहीं, बल्कि सही फैसले लेना है। गौतम स्काई टीवी को एक साक्षात्कार दे रहे थे।
गौतम गंभीर को चाहिए कि वे अपने व्यवहार में संतुलन लाएँ और ऐसा आभास न कराएं कि उनकी वैभव सूर्यवंशी से कोई निजी दुश्मनी है। फिलहाल तो ऐसा अहसास हो रहा है कि उनका ईगो उनसे गलत निर्णय करवा रहा है। डर है कि कहीं उनके व्यवहार से वैभव सूर्यवंशी जैसे बेहतरीन बल्लेबाज का करियर चौपट न हो जाए और गंभीर हमेशा के लिए भारतीय क्रिकेट के विलेन न बन जाएँ!

वैभव सूर्यवंशी को गंभीरता से लेना होगा?!
संपादकीय का शीर्षक ही काफी है। भारतीय क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में क्या हो रहा है! कैसी फितरत के लोग अब ड्राइवर की सीट पर बैठकर के इसे चलाने की अपने अंदाज में कोशिश कर रहे हैं? जिसमें भारत के महानतम कोच और अपनी तुनकमिजाजी के लिए प्रसिद्ध श्रीमान गौतम गंभीर हैं , अजीब ओ ग़रीब मनःस्थिति वाले संजय और कोढ़ में खाज पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर तनवीर अहमद साहब भी हैं,लगता है ये हमारे शेखचिल्ली से काफी प्रभावित हैं।
पुरवाई का यह संपादकीय खेल के मैदान में चल रही उलटबांसियों और फितरतों को एक आईने में पेश कर रहे हैं,जो भारत के प्रशासकों और सियासतदां को भी पढ़ना और समझना उतना ही ज़रूरी है जितना कि दिल्ली की सालाना प्रदूषण का मुद्दा।
लिहाज़ा पुरवाई पत्रिका समूह को बधाई।
सूर्यकांत शर्मा
भाई सूर्यकांत जी आपने गौतम गंभीर, संजय मांजरेकर एवं तनवीर अहमद के लिये जो विशेषण इस्तेमाल किये हैं, अनायास ही मुस्कान चेहरे पर उतर आई। ख़ूबसूरत टिप्पणी के लिये हार्दिक धन्यवाद।
सब लिख दिया और सबको सब कह दिया…tanveer तो खैर बेवक़ूफ़ हो सकता है लेकिन संजय मांजरेकर की had है तो गौतम गंभीर को वाकई एक 15 साल के बच्चे के talent के साथ सही व्यवहार करने की ज़रूरत है..
इस समर्थन के लिये विशेष धन्यवाद आलोक भाई।
आदरणीय जी नमस्ते संपादकीय लिखने हैं तो डंके की चोट पर। बेहतरीन सच्चाई के साथ आप लिखते हैं। बहुत खूब।
बहुत धन्यवाद प्रकाश भाई।
तेजेन्द्र भाई: आपके इस सप्ताह के सम्पादकीय से एक बात तो बहुत स्पष्ट है कि अपने को तीसमारख़ाँ समझने वाले ‘सेर’ को जब ‘सवा सेर’ से सामना होता है तब उनका असली चरित्र सामने आता है। सवा सेर को देखकर उनकी ˆईर्ष्या, जलन, डाह’ इतनी बढ़ जाती है कि उनकी ज़ुबान से जो लफ़्ज़ निकलते हैं उसे सुनकर उनकी sportsman spirit क्या है उसका अन्दाज़ा हो जाता है। पन्द्रह साल के वैभव सूर्यवंशी की ज़ोरदार बल्लेबाज़ी की सराहना करने के बजाए उल्टे सीधे कमैण्ट करना इन धुरंधरों को शोभा नहीं देता। उनका ऐसा करना हालांकि human nature है फ़िर भी इन महान बल्लेबाज़ और कोचों को इस से ऊपर उठ कर बात करनी चाहिए। 2011 में जन्मे इस ख़िलाड़ी के लिए मैं प्रार्थना करता हूँ कि आगे चलकर यह अपना ही नहीं बल्कि देश का नाम भी ऊँचा करे।
विजय भाई आपने सही कहा है कि – पन्द्रह साल के वैभव सूर्यवंशी की ज़ोरदार बल्लेबाज़ी की सराहना करने के बजाए उल्टे सीधे कमैण्ट करना इन धुरंधरों को शोभा नहीं देता। – आपसे सहमत।
सारगर्भित संपादकीय। वैभव की अवहेलना कर गंभीर अपने वैभव का तो विनाश तो कर ही रहे हैं साथ ही खेल भावना और देशभक्ति के अभाव में अहं की तुष्टि के लिए शर्मनाक उदाहरण पेश कर रहे हैं।
आदरणीय अन्नदा जी, आपके समर्थन के लिये हार्दिक धन्यवाद।
यह प्रश्न क्रिकेट से आगे साहित्य, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और कला के क्षेत्र तक जाता है।
साहित्य में भी कई बार प्रतिभा से अधिक संपर्क, वरिष्ठता, गुटबाजी और व्यक्तिगत समीकरणों को महत्व मिलता है। नए रचनाकार को अवसर देने के बजाय उसकी परीक्षा ली जाती रहती है।
मुझे लगता है कि इस संपादकीय का सबसे व्यापक संदेश यही है:
प्रतिभा को प्रतिस्पर्धा से डर नहीं लगता, लेकिन प्रतिभा के सामने खड़े अहंकार से उसका रास्ता अवश्य कठिन हो जाता है।
एक बात और लेखक की भाषा कहीं-कहीं काफी आक्रामक और व्यक्तिपरक है। गंभीर संपादकीय लेखन में तथ्य, तर्क और आलोचना के साथ संयम भी जरूरी है। इस दृष्टि से लेख की मूल चिंता महत्वपूर्ण है, भले ही कुछ टिप्पणियों पर अलग मत हो सकता है।
विजय भाई, आपने तो संपादकीय के मुद्दे को और विस्तृत रूप में देखा है। आपने लिखा है कि – यह प्रश्न क्रिकेट से आगे साहित्य, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और कला के क्षेत्र तक जाता है। साहित्य में भी कई बार प्रतिभा से अधिक संपर्क, वरिष्ठता, गुटबाजी और व्यक्तिगत समीकरणों को महत्व मिलता है। नए रचनाकार को अवसर देने के बजाय उसकी परीक्षा ली जाती रहती है।
सच में मुद्दा गंभीर है।
“वैभव के चमत्कार को गंभीर(ता) से समझना होगा…” संपादकीय में नवोदित क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा तथा उस पर हो रही एक तरह की राजनीति पर बहुत बेबाकी से लिखा है। इस खिलाड़ी ने क्रिकेट जगत का ध्यान बलात् अपनी ओर खींचा है। खींचे भी क्यों नहीं! उसकी प्रतिभा कमाल की जो है।
24 नवंबर 2026 में संयुक्त अरब अमीरात की टीम के विरुद्ध खेली गई पारी ने इतिहास रच दिया। 52 गेंदों में 204 रन बनाना चमत्कार से कम नहीं है, बल्कि चमत्कार ही कहा जाएगा।
उसकी पारी देखकर बहुत आनंद आया । उसने हर भारतीय को गर्व से भर दिया था।
वैभव की इस पारी पर दिग्गजों के कमेंट भी आए हैं। पर नकारात्मक कमेंट पर सोशल मीडिया में सबसे ज्यादा चर्चा हुई । वह संजय मांजरेकर जी हों या पाकिस्तानी यूट्यूबर तनवीर अहमद हों। क्रिकेट प्रशंसकों को उनकी ये नकारात्मक टिप्पणियां अच्छी नहीं लगी।
गौतम गंभीर पर लोग ये आरोप लगा रहे हैं कि वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह देने के बाद भी बैंच पर बिठाया जाता है। वे क्यों ऐसा करते हैं! ये वही जानते होंगे।
गौतम गंभीर को ये मलाल तो है जो अक्सर उनके इंटरव्यू में झलका है कि क्रिकेट के एक खिलाड़ी को विशेष न मानकर हर खिलाड़ी को जो अच्छा खेलता है उसे श्रेय दिया जाना चाहिए। वे इस बात के भुक्तभोगी भी हैं। 2011 के एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप के फायनल में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के जल्दी आउट होने पर गंभीर ने 97 रनों की अजेय पारी खेली थी। लेकिन धोनी के द्वारा बनाए गए रनों के साथ जो विजयी छक्का लगा था, उसने मैच का सारा श्रेय ले लिया। गंभीर की ज्यादा चर्चा नहीं हुई। लगता है इसका मलाल उन्हें आज तक है। ऐसा उनके निर्णयों से आभासित हो जाता है।
वैभव सूर्यवंशी के आगे का कैरियर कैसा जाएगा, यह तो समय के गर्भ में है। वर्तमान स्थिति को देखकर तो यही कहा जाएगा कि यह लड़का यशभक्षी है। यह क्रिकेट जगत के खिलाड़ियों के लिए ही घातक नहीं है बल्कि भारतीय टीम और खिलाड़ियों के लिए भी घातक है। भले ही वह लगातार तीन मैचों में न चले लेकिन चौथे मैच में चलेगा तो ऐसे ही परिणाम देगा। और अपनी जय-जयकार करा लेगा।
जिस तरह से यह खेल रहा है , शायद ही इंडिया विश्वकप जैसा फायनल कभी जीत पाए। ऐसा ही रहा तो पूरी टीम इसी पर आश्रित होकर रह जाएगी। इसके आउट होते ही टीम बिखर जाएगी। मैं चाहता हूं कि ऐसा न हो, तो टीम के लिए अच्छा होगा।
सचिन तेंदुलकर के जमाने में ऐसा ही हुआ था।
सचिन तेंदुलकर के कैरियर के लगभग अंत में महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ी का उदय हुआ। जिसने उस आभा से निकलकर भारत को बैलेंस टीम बनाकर दी। इसके सुखद परिणाम भारतीय टीम आज तक अपने दर्शकों को दे रही है।
महेंद्र सिंह धोनी के साथी खिलाड़ियों में मैच जिताने की एक क्लास थी। विराट कोहली, युवराज सिंह, भुवनेश्वर कुमार, आदि खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट को विश्व की नंबर वन टीम बनाकर दी। बहुत से फंसे मैच ये खिलाड़ी निकालकर ले आए।
संपादक महोदय जी की प्रशंसा इस बात पर की जानी चाहिए कि आप हर विषय पर बारीक पकड़ रखते हैं। क्रिकेट जैसे विषय को साहित्यिक पत्रिकाएं कम उठाती हैं, पर आपने इसे भी संपादकीय का विषय बना दिया है। साथ ही इस संपादकीय के केंद्रीय विवाद पर श्लेष (गंभीर ता)) के माध्यम से हल्का व्यंग्य भी है और शब्दों का अर्थपूर्ण खेल भी।
भाई लखन लाल पाल जी आपने तो संपादकीय को निचोड़ कर उसका पूरा तत्व पाठकों के सामने प्रस्तुत कर दिया है। हमें पूरी उम्मीद है कि हमारे पाठक आपकी बात का पूर्ण रूप से समर्थन करेंगे।
आज का संपादकीय अपेक्षित हो ऐसा संपादक जी पर विश्वास था।। क्रिकेट की कई जानकारियांँ नए सिरे से मालूम हुईं। इस संपादकीय लाभ के लिए आपका तहे दिल से शुक्रिया संपादक जी! पर सच में! वैभव के बारे में पढ़कर दिल खुश हो गया। वर्तमान में वैभव के नाम से ही मैच देखने का मन बनता है। और टीम में उसे खेलता न देख कर गौतम गंभीर को कोच के पद से निरस्त करने का मन भी होता है।
कुछ लोगों की आदत होती है सिर्फ दोष देखने की
पाकिस्तान के तनवीर और संजय मांजरेकर जैसे लोग मोटी खाल के होते हैं, बेशर्म प्रकृति के जिन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे उपहास के पात्र बन रहे हैं। एक कहावत याद आ रही है ऐसे लोगों के लिए “कुत्ते भोंकें हजार ,हाथी चले बाजार।”
वाकई वह बहुत दिलचस्प मैच था।
और गौतम गंभीर के लिए तो आपने बिल्कुल सही कहा-
“जब वैभव सिक्सर पर सिक्सर लगा रहा था, तो कहीं ऐसा महसूस हो रहा था कि गेंद हर बार गौतम गंभीर के गालों पर जाकर गिर रही है।”
गंभीर पर इतना अधिक गुस्सा आ रहा था और शायद पब्लिक के हर सदस्य को आ रहा होगा। गौतम गंभीर को तो न जाने कितनी बद्दुआएँ लगी होंगी।
हंसना या मुस्कुराना तो उसने सीखा ही नहीं है।
बहरहाल आज के संपादकीय ने मन खुश कर दिया।
वाकई वैभव भारत का सूर्य है, हिंदुस्तान का वैभव है।
हम सब का गर्व है गौतम गंभीर को फक्र होना चाहिए कि उसके नेतृत्व में इतना अच्छा खेल हुआ।
बहुत शुक्रिया सर जी आपका! वैभव सूर्यवंशी को पढ़ना और ब्याज में इतनी सारी जानकारियां हासिल होना। हम तो बहुत धनवान हो गए। दिल से भी और आत्मा से भी।
पुरवाई का शुक्रिया तो बनता है।
आदरणीय नीलिमा जी, आपकी टिप्पणी बहुत दिन बाद देखने को मिली। आप संपादकीय से सहमति रखती हैं और वैभव सूर्यवंशी को लेकर आपके भी वैसे ही विचार हैं, यह जान कर अच्छा लगा। आपका हार्दिक धन्यवाद।