Sunday, November 29, 2026
होमग़ज़ल एवं गीतअन्नदा पाटनी की ग़ज़लें

अन्नदा पाटनी की ग़ज़लें

1.

बात छोटी सी दुखाती है बहुत
बींध कर दिल को चिढ़ाती है बहुत।

एक पल में तोड़ कर नाता चली
याद फिर भी आ सताती है बहुत।

रोज़ अपने रूप से परिचय करा
जीस्त रह रह कर डराती है बहुत।

है तुम्हें फुर्सत कहाँ जो सुन सको
मन की पीड़ा कुलबुलाती है बहुत।

श्रेष्ठ भावों को पिरोती ‘अन्नदा’
हर ग़ज़ल उसकी लुभाती है बहुत।

2.

कट रहा था यूँ मज़े में ये सफर बिन तेरे
फ़िक्र कोई भी न थी शाम-ओ-सहर बिन तेरे।

शौक से जा के भी लौटा हूँ उदासी लेकर
यूँ भले भीड़ थी सूना था शहर बिन तेरे।

फूल खिलते थे सड़क से तू गुजरती थी जब
अब तो वीरान लगे वो ही डगर बिन तेरे।

पूजता हूँ यूँ रिझाता हूँ झुकाता सर भी
फिर भी आसान नहीं करना गुज़र बिन तेरे।

रह गया ठूँठ सा पंछी का ठिकाना पल में
नीड़ अब कैसे बनाए ऐ शजर बिन तेरे।

3.

और कितना आज़माओगे मुझे
उम्र भर ही क्या सताओगे मुझे।

बह गए हैं आँख के आँसू सभी
और कितना तुम रुलाओगे मुझे।

रोज़ सुन कर पक गए हैं कान तक
और कितना अब पकाओगे मुझे।

वायदे कर के निभाते हो नहीं
और कितना तुम छकाओगे मुझे।

जानती हूँ मैं बहुत अहसान हैं
कब तलक तुम यूँ गिनाओगे मुझे।

4.

न जाने कितने शिकवे हैं गिले हैं
जो हाथों में लिए ख़ंजर खड़े हैं।

सलीका ख़ुद नहीं समझे तभी तो
सभी को ही ग़लत कहते चले हैं।

अगर खुल कर करोगे बात तो फिर
हमेशा सुल्ह के रस्ते खुले हैं ।

भले नाटक करें कितना दिखाएं
असल चेहरे भला कब तक छुपे हैं।

उठें तूफ़ान तो घबरा न बंदे
बचे हैं वो जो अंगद से डटे हैं।

5.

बोतल खुली सुरा की बौछार चल रही है
महफ़िल में शायरी भी भरमार चल रही है।

कैसा ये दौर आया, फुर्सत नहीं किसी को
देखें वतन की हालत बीमार चल रही है।

बच्चे दुखी हैं सारे माहौल देख घर का
माँ बाप में ठनी है तक़रार चल रही है।

ऐसा मिला है हमदम, हमराज़ हाथ थामे
ये जीस्त मुस्कुराती गुलज़ार चल रही है।

यूँ डूबने का खतरा, आया न उसके मन में
कश्ती भले पुरानी पतवार चल रही है।

अन्नदा पाटनी (मेरीलैण्ड, अमेरिका)
ईमेल- [email protected]
मोबाइल – +1 (470) 218-8162

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest